इसराइली सेना ने कहा- मध्य ग़ज़ा से चार इसराइली बंधकों को छुड़ाया गया
इसराइली सेना ने कहा है कि सात अक्टूबर को हमास के द्वारा बंधक बनाए गए चार इसराइली नागरिकों को छुड़ा लिया गया है.
इसराइली सेना का कहना है कि जिन चार बंधकों को बचाया गया है उनमें 25 वर्षीय नोआ अर्गामानी, 21 वर्षीय अल्मोग मीर जान, 27 वर्षीय आंद्रेई कोज़लोव और 40 वर्षीय श्लोमी ज़िव शामिल हैं.
इसराइल डिफेंस फोर्स ने कहा कि चार बंधकों को मध्य ग़ज़ा की दो अलग अलग जगहों से इसराइल सुरक्षा एजेंसी और इसराइल पुलिस के संयुक्त अभियान के जरिए बचाया गया है.
बचाए गए इसराइली नागरिकों को हेल्थ चेकअप के लिए शेबा मेडिकल सेंटर में भेजा गया है.
ग़ज़ा संचालित स्वास्थ्य मंत्रालय का कहना है कि इसराइल के इस अभियान में दर्जनों लोग मारे गए हैं जिनमें बच्चे भी शामिल हैं.
सात अक्टूबर को हमास के लड़ाकों ने इसराइल की सीमा में घुसकर हमला किया था. इसराइली सेना के मुताबिक़ इस हमले में 1200 लोग मारे गए और 251 लोगों को बंधक बनाया गया.
इसराइली सेना के मुताबिक़, फ़लस्तीन में अभी भी 116 लोगों को बंधक बनाकर रखा गया और 41 बंधकों की मौत हो चुकी है.
वहीं हमास संचालित स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक़ सात अक्टूबर के बाद से ग़ज़ा में इसराइल के हमलों से 36,470 फ़लस्तीनियों की मौत हो चुकी है.