You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

डोनाल्ड ट्रंप ने कहा, सोमवार को पुतिन और ज़ेलेंस्की से करेंगे बात

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से बात करने के बाद वो यूक्रेन के राष्ट्रपति से बात करेंगे.

सारांश

लाइव कवरेज

इफ़्तेख़ार अली

  1. अब इस लाइव पेज को विराम देने का वक़्त आ गया है. बीबीसी संवाददाता सौरभ यादव को दीजिए इजाज़त.

    कल हम बीबीसी लाइव पेज के ज़रिए दिन भर की बड़ी ख़बरों को लेकर फिर हाज़िर होंगे.

    फ़िलहाल, हमारे होम पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

  2. डोनाल्ड ट्रंप ने कहा, सोमवार को पुतिन और ज़ेलेंस्की से करेंगे बात

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि वो सोमवार सवेरे 10 बजे रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से बात करेंगे.

    शनिवार शाम उन्होंने अपने सोशल मीडिया हैंडल ट्रूथ सोशल पर लिखा कि मैं सोमवार सवेरे 10 बजे रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से फ़ोन पर बात करूंगा. हमारी बातचीत का एजेंडा ख़ून-ख़राबा यानी मौतें रोकना और व्यापार होगा.

    उन्होंने लिखा कि इसके बाद मैं यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की और फिर नेटो गठबंधन के अन्य सदस्यों से बात करूंगा.

    उन्होंने आगे लिखा कि उम्मीद करता हूं कि ये एक प्रोडक्टिव दिन होगा, युद्धविराम हो सकेगा और ये हिंसक युद्ध, जिसे कभी होना ही नहीं चाहिए था, वो रुकेगा.

    शुक्रवार को इस्तांबुल में रूस और यूक्रेन के बीच शांति वार्ता हुई थी, जिसमें दोनों पक्षों में एक हज़ार युद्धबंदियों की अदला-बदली और युद्धविराम को लेकर अपना-अपना प्रस्ताव पेश करने की सहमति बनी थी.

    इस बैठक में न तो यूक्रेन के राष्ट्रपति ज़ेलेंस्की शामिल हुए और न ही रूस के राष्ट्रपति पुतिन.

    शांति वार्ता का नतीजा आने के बाद ट्रंप ने कहा था कि जितनी जल्दी हो सके वो रूसी राष्ट्रपति पुतिन से मुलाक़ात करना चाहते हैं.

  3. भारतीय क्रिकेट टीम के अगले टेस्ट कप्तान पर क्या बोले सौरव गांगुली

    रोहित शर्मा और विराट कोहली के टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने और टेस्ट टीम के अगले कप्तान पर भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली ने प्रतिक्रिया दी है.

    मीडिया ने जब उनसे पूछा कि अब विराट कोहली और रोहित शर्मा के लगभग एक साथ क्रिकेट से संन्यास लेने पर एक गैप बन गया है तो सौरव गांगुली ने कहा, "कोई अपनी मर्ज़ी से क्रिकेट छोड़ता है? ख़ासकर जब आपका करियर बेहतरीन रहा हो. विराट कोहली बेहतरीन रहे हैं और रोहित शर्मा भी."

    भारतीय टेस्ट टीम के अगले कप्तान के सवाल पर सौरव गांगुली ने कहा है, “सिलेक्टर्स इसे बेहतर समझेंगे, सभी के कई फायदे-कई नुक़सान हैं. लंबे वक्त की बात है. बुमराह की इंजरी है. कई बातें हैं जिसे देखकर ही सिलेक्टर फ़ैसला लेंगे.”

  4. शशि थरूर भारत सरकार के विदेश जाने वाले दल का हिस्सा बनाए जाने पर क्या बोले?

    भारत-पाकिस्तान संघर्ष खत्म होने के बाद भारत सरकार की ओर से सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल की घोषणा की गई है जिसका मकसद मित्र देशों को भारत की कार्रवाई और रुख़ के बारे में बताना है.

    प्रतिनिधिमंडल में कांग्रेस नेता शशि थरूर का नाम शामिल होने के बाद हो रहे राजनीतिक विवाद पर शशि थरूर ने प्रतिक्रिया दी है.

    शशि थरूर ने कहा है, “पार्टी को अपनी राय रखने का पूरा हक है जैसा कि स्पष्ट है कि यह सरकार का डेलिगेशन है तो सरकार की अपनी राय थी कि उन्हें इसके लिए कौन सही लगता है.”

    उन्होंने कहा, “जब भी मेरे देश को जरूरत होगी है मैं उपलब्ध रहूंगा और मैं अपने देश के लिए हाजिर हूं. मेरे मुताबिक इसका पार्टी पॉलिटिक्स से कोई लेना-देना नहीं है."

    कांग्रेस की ओर से सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल के लिए जिन लोगों का नाम दिया गया उनमें शशि थरूर का नाम नहीं था.

    कांग्रेस नेता जयराम रमेश के मुताबिक़, शुक्रवार को दोपहर तक चार नाम दिए गए. जिनमें आनंद शर्मा, गौरव गोगोई, डॉ. सैयद नासिर हुसैन और राजा बरार के नाम थे.

  5. अमेरिका में तूफ़ान के कारण कम से कम 21 लोगों की मौत

    अमेरिका के दो राज्यों के कुछ हिस्सों में तूफ़ान के कारण कम से कम 21 लोगों की मौत हो गई है.

    अमेरिकी राज्य केंटकी के अधिकारियों ने बताया है कि वहां पर तूफ़ान के कारण 14 लोगों की मौत हुई है वहीं मिसौरी में सात लोगों की मौत हुई है, जिसमें सेंट लुई शहर के पांच लोग शामिल हैं.

    शनिवार सुबह केंटकी के दक्षिण पूर्व में स्थित लौरल काउंटी में यह तूफ़ान आया. अधिकारियों का कहना है कि मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है.

    मिसौरी के अधिकारियों का कहना है कि शुक्रवार को यहां आए तूफ़ान के कारण पांच हजार इमारतों को नुकसान पहुंचा है. घरों की छतें उड़ गई हैं और बिजली व्यवस्था बाधित हुई है.

    सेंट लुई में पावर कट के कारण लगभग एक लाख घर प्रभावित हुए हैं. अग्निशमन विभाग का कहना है कि जिन जगहों पर तूफान का ज्यादा असर हुआ है वहां घर-घर जाकर जायज़ा लिया जा रहा है.

  6. एक सप्ताह की रोक के बाद आज शुरू हो रहा आईपीएल, पहले मैच के टॉस में बारिश के कारण देरी

    भारत-पाकिस्तान संघर्ष के कारण एक सप्ताह तक रुके रहे इंडियन प्रीमियर लीग यानी आईपीएल का पहला मैच बारिश की वजह से खतरे में है.

    यह मैच बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में शनिवार यानी आज शाम तो साढ़े सात बजे से खेला जाना था. लेकिन बेंगलुरु में हो रही बारिश के कारण टॉस में देरी हो गई.

    आईपीएल का यह मैच रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) और कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के बीच खेला जाना है.

    अगर आईपीएल के प्वाइंट टेबल्स की बात करें तो गुजरात टाइटंस की टीम 16 अंक के साथ टॉप पर है. वहीं आरसीबी दूसरे स्थान पर है. आरसीबी के भी 16 अंक हैं.

  7. एस जयशंकर के जिस वीडियो पर आया पीआईबी का स्पष्टीकरण, अब राहुल गांधी ने उसपर सवाल उठाए

    लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भारतीय विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर के एक बयान को शेयर करते हुए पाकिस्तान पर भारतीय हमले को लेकर सवाल किए हैं.

    हालांकि, पीआईबी राहुल गांधी का बयान आने से पहले ही जयशंकर के वीडियो पर सफ़ाई दे चुकी है. पीआईबी ने कहा था कि केंद्रीय मंत्री एस जयशंकर के बयान को गलत संदर्भ में पेश किया जा रहा है.

    वहीं, राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा है, "हमारे हमला शुरू करने से पहले पाकिस्तान को जानकारी देना अपराध था."

    उन्होंने कहा है, "विदेश मंत्री इस बात को सार्वजनिक रूप से स्वीकार कर रहे हैं कि भारत सरकार ने ऐसा किया है."

    राहुल गांधी ने अपनी पोस्ट में सरकार से दो सवाल किए हैं.

    • इस बात की अनुमति किसने दी?
    • इसके कारण हमारी एयरफोर्स ने कितने एयरक्राफ्ट गंवाए?
  8. ग़ज़ा के मुद्दे पर यूएन चीफ़ ने अरब देशों के नेताओं से की ये अपील

    ग़ज़ा में युद्धविराम की कोशिशों को लेकर संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने अरब देशों के नेताओं से बगदाद में जुटने की अपील की है.

    एंटोनियो गुटेरेस की इस अपील का मकसद ग़ज़ा में पूर्ण और तत्काल युद्धविराम लागू करना है.

    यूएन के महासचिव गुटेरेस ने कहा है, "इसराइल के ज़मीनी अभियान को और बढ़ाने की योजना से वे काफ़ी चिंतित हैं."

    मिस्र के काहिरा में हुई पिछली बैठक में अरब देशों ने ग़ज़ा को फिर से बसाने की बात कही थी. इराक के प्रधानमंत्री मोहम्मद शिया अल-सुदानी ने कहा था, “ग़ज़ा और लेबनान के पुर्निर्माण के लिए उनका देश 4 करोड़ डॉलर देगा.”

    गुरुवार से लेकर अब तक इसराइल के हमले में 250 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है.

    यह हमले ऐसे समय में शुरू हुए हैं जब इसराइल पर अपने निकटतम सहयोगियों की ओर से भी ग़ज़ा पर दस सप्ताह से जारी नाकेबंदी हटाने और सहायता पहुंचने देने लिए दबाव पड़ रहा है. अमेरिका ने भी इस पर चिंता जताई है.

  9. इसराइल ने ग़ज़ा में शुरू किया नया ऑपरेशन

    इसराइली सेना ने ग़ज़ा में एक नया अभियान शुरू किया है. उसका कहना है कि ये अभियान हमास के खात्मे और उसकी कैद में बचे हुए बंधकों की रिहाई सुनिश्चित करने के लिए है.

    इसराइली डिफेंस फोर्सेस ने अपने हिब्रू एक्स अकाउंट पर लिखा है, “हमने ‘ऑपरेशन गीडिआंस चैरियट’ के लिए अपने सैनिकों को इकट्ठा लिया है. इस ऑपरेशन का उद्देश्य ग़ज़ा पट्टी पर स्थित मुख्य रणनीतिक इलाक़ों पर नियंत्रण पाना है.”

    इसराइल डिफेंस फोर्सेस ने अपने अंग्रेजी एक्स अकाउंट पर इस ऑपरेशन के नाम का इस्तेमाल नहीं किया है.

    इस पोस्ट में कहा गया है कि यह ऑपरेशन तब तक जारी रहेगा जब तक हमास खत्म न हो जाए और इसराइली बंधकों की रिहाई न हो जाए.

    इसराइली डिफेंस फोर्सेस ने पिछले 24 घंटे में ग़ज़ा पट्टी में 150 से अधिक जगहों को निशाना बनाया है.

  10. आम आदमी पार्टी की नेता हिमानी जैन ने बताया- 15 पार्षदों ने पार्टी छोड़ी और बनाया नया फ्रंट

    दिल्ली की आम आदमी पार्टी की नेता हिमानी जैन ने बताया है कि उनके समेत पार्टी के 15 पार्षदों ने नया फ़्रंट बनाने की घोषणा की है.

    हिमानी जैन ने समाचार एजेंसी एएनआई को इसकी जानकारी दी और कहा कि अभी 15 पार्षद उनके साथ हैं, लेकिन आने वाले दिनों में ये संख्या बढ़ सकती है.

    हिमानी ने कहा, "हम लोगों ने आम आदमी पार्टी से इस्तीफ़ा दे दिया है और इंद्रप्रस्थ विकास पार्टी नाम की एक नई पार्टी, एक नया दल बनाया है."

    वहीं विकास नगर से निगम पार्षद अशोक पांडे ने समाचार एजेंसी पीटीआई को बताया कि उन्होंने भी पार्टी से इस्तीफ़ा देकर नई पार्टी ज्वाइन की है.

    उन्होंने कहा, "अनाधिकृत कॉलोनियों में कूड़ा उठाने से लेकर लाइट लगाने तक और सीवर साफ करने से लेकर नाली की सफाई तक के लिए, हम लोग काम कर सकें इसके लिए कोई भी सिस्टम नहीं है."

    "हमने कई बार आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को चिट्ठियां लिखीं लेकिन फंड ही नहीं है इसलिए हमने पार्टी छोड़ दी है. अभी और लोग हमारे साथ आएंगे और फिर मिलकर ज़रूरत पड़ेगी तो राज्यपाल तक जाएंगे."

    नई पार्टी के गठन के बारे में जानकारी देते हुए हिमानी जैन ने बताया, "पिछले ढाई सालों में निगम में जो काम होने चाहिए थे वो नहीं हो पा रहे थे. हम सत्ता में थे फिर भी काम नहीं हो रहा था क्योंकि अगर लड़ाई झगड़े में ही दिमाग रहेगा तो दिल्ली की जनता के लिए हम कैसे काम करेंगे."

    उन्होंने कहा, "इसलिए हमने एक नई पार्टी बनाई है, जिसकी विचारधारा है कि हमें दिल्ली की जनता के लिए काम करना है. जो पार्टी दिल्ली के हित में काम करेगी, हम उसका समर्थन करेंगे."

  11. भारत और पाकिस्तान के संघर्ष में तुर्की के रुख़ पर बोले असदुद्दीन ओवैसी

    भारत के साथ संघर्ष में पाकिस्तान के समर्थन में खुलकर बोलने वाले तुर्की के बारे में एआईएमआईएम के मुखिया और सांसद असदुद्दीन औवेसी ने प्रतिक्रिया दी है.

    मीडिया से बात करते हुए ओवैसी ने कहा, “पाकिस्तान का समर्थन करने के अपने फैसले के बारे में तुर्की को दोबारा सोचना चाहिए.”

    उन्होंने कहा है, “हमें तुर्की को लगातार यह याद दिलाना चाहिए भारत में 20 करोड़ मुस्लिम रहते हैं. पाकिस्तान जो ये बार-बार कहता है कि वह एक मुस्लिम देश है तो पाकिस्तान से ज्यादा मुस्लिम भारत में रहते हैं. पाकिस्तान का इस्लाम से कोई लेना-देना नहीं है.”

    असदुद्दीन ओवैसी ने कहा, “मेरे ख्याल से भारत सरकार इस मुद्दे को देख रही होगी.”

    भारत-पाकिस्तान के बीच संघर्ष के दौरान से ही तुर्की के रुख़ पर भारत के अंदर तीखी प्रतिक्रिया देखी जा रही है.

    पहले जवाहरलाल नेहरू यूनिवर्सिटी ने तुर्की की इनोनू यूनिवर्सिटी के साथ समझौते को निलंबित कर दिया था. बाद में जामिया मिल्लिया इस्लामिया यूनिवर्सिटी ने तुर्की सरकार से मान्यता प्राप्त शैक्षणिक संस्थानों के साथ समझौते को निलंबित कर दिया.

  12. अभी तक बीबीसी संवाददाता इफ़्तेख़ार अली आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे.

    अब से रात 10 बजे तक बीबीसी संवाददाता सौरभ यादव आप तक अहम ख़बरें पहुंचाएंगे.

    बीबीसी हिंदी के पन्ने पर लगी कुछ अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

  13. केदारनाथ में हेली एंबुलेंस दुर्घटनाग्रस्त, आपात लैंडिंग के दौरान पीछे का हिस्सा टूटा, आसिफ़ अली, बीबीसी हिंदी के लिए

    केदारनाथ में एक मरीज़ को रेस्क्यू करने पहुंचा संजीवनी हेली एंबुलेंस आपात लैंडिंग के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गया.

    शनिवार को ये हेलीकॉप्टर केदारनाथ हेलीपैड पर उतरने की कोशिश कर रहा था, लेकिन इसी दौरान उसका पिछला हिस्सा अचानक टूट गया.

    हादसे के वक्त हेली एम्बुलेंस में एम्स ऋषिकेश से आईं एक डॉक्टर समेत दो लोगों की मेडिकल टीम सवार थी. अब तक मिली जानकारी के अनुसार पायलट और मेडिकल टीम सुरक्षित हैं.

    जिला पर्यटन विकास अधिकारी और नोडल हेली सेवा अधिकारी राहुल चौबे के अनुसार, "केदारनाथ धाम में दर्शन को पहुंची एक महिला श्रद्धालु को सांस लेने में समस्या होने लगी. तबियत ज्यादा बिगड़ती देख राज्य सरकार की हेली एंबुलेंस सेवा संजीवनी की मदद ली गई."

    "हेलीकॉप्टर के ज़रिए एम्स से एक मेडिकल टीम केदारनाथ पहुंच रही थी, जिसमें एक डॉक्टर और एक नर्सिंग स्टाफ़ था."

    हादसे के कारणों के बारे में राहुल चौबे ने बताया, "केदारनाथ के मुख्य हेलीपैड पर लैंडिंग से पहले ही हेलीकॉप्टर में कुछ तकनीकी ख़राबी आ गई. समय रहते हुए पायलट ने स्थिति भांप ली और हेलीपैड से ठीक पहले एक समतल स्थान पर लैंडिंग करना उचित समझा. लेकिन लैंडिंग के दौरान हेली एम्बुलेंस का टेल रोटर टूट गया."

    उन्होंने बताया, "पायलट की सूझबूझ से सफल आपात लैंडिंग हो सकी और हेलीकॉप्टर में सवार सभी लोग सुरक्षित हैं. हालांकि हेली का टेल रोटर टूट गया है."

    राहुल चौबे ने कहा है कि इस मामले की तकनीकी जांच डीजीसीए द्वारा की जाएगी जिसके बाद ही सही जानकारी मिल सकेगी.

  14. सीज़फ़ायर के बाद जम्मू-कश्मीर के ताज़ा हालात पर सीएम ने क्या कहा?

    जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्लाह ने भारत और पाकिस्तान के बीच सीज़फ़ायर के बाद जम्मू-कश्मीर के ताज़ा स्थिति के बारे में जानकारी दी है.

    पहलगाम में हुए हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव इतना बढ़ा कि ये सैन्य संघर्ष में बदल गया.

    दोनों देशों के बीच सात मई से शुरू हुआ सैन्य संघर्ष 10 मई की शाम को संघर्ष विराम पर सहमति के एलान के साथ थमा.

    सीएम उमर अब्दुल्लाह ने शनिवार को पत्रकारों से बात करते हुए कहा, "ना बॉर्डर पर और न ही एलओसी पर कहीं से भी सीज़फ़ायर उल्लंघन की कोई ख़बर नहीं है. फिलहाल पहले हुए नुक़सान का आकलन किया जा रहा है."

    उन्होंने कहा, "डैमेज असेसमेंट रिपोर्ट आने के बाद हम मुआवज़ा पैकेज तैयार कर लेंगे. जो हम खुद से कर सकेंगे और बाक़ी केंद्र सरकार की मदद की ज़रूरत होगी, तो हम उनसे मांग लेंगे."

  15. कांग्रेस ने डेलिगेशन के लिए नहीं दिया था शशि थरूर का नाम, जयराम रमेश ने और क्या बताया?

    भारत की तरफ़ से सात सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल समूह कई देशों का दौरा करेंगे. इनमें से एक प्रतिनिधिमंडल में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शशि थरूर का भी नाम शामिल है.

    शशि थरूर के नाम की घोषणा के कुछ ही देर बाद कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने एक्स पर एक पोस्ट किया है.

    उनके पोस्ट के मुताबिक़, कांग्रेस की ओर से प्रतिनिधिमंडल समूह के लिए दिए गए नामों में शशि थरूर का नाम नहीं था.

    जयराम रमेश ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, "कल सुबह संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी से बात की और पाकिस्तान से आतंकवाद पर भारत का रुख़ स्पष्ट करने के लिए विदेश भेजे जाने वाले प्रतिनिधिमंडल के लिए 4 सांसदों के नाम देने को कहा."

    जयराम रमेश के मुताबिक़, शुक्रवार को दोपहर तक चार नाम दिए गए. जिनमें आनंद शर्मा, गौरव गोगोई, डॉ. सैयद नसीर हुसैन और राजा बरार के नाम थे.

    लेकिन जब पीआईबी की ओर से प्रमुख साझेदार देशों का दौरा करने वाले लोगों की सूची सामने आई तो इन चारों में से किसी का भी नाम उस लिस्ट में शामिल नहीं था.

    पीआईबी की ओर से जारी लिस्ट के मुताबिक़, सात प्रतिनिधिमंडलों का नेतृत्व अलग-अलग सांसद करेंगे. इनमें कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शशि थरूर, भारतीय जनता पार्टी से लोकसभा सांसद रविशंकर प्रसाद, जनता दल यूनाइटेड के संजय कुमार झा, बीजेपी सांसद बैजयंत पांडा, डीएमके पार्टी से कनिमोझी करुणानिधि, एनसीपी की सुप्रिया सुले और शिवसेना के श्रीकांत शिंदे शामिल हैं.

    शशि थरूर ने अपना नाम लिस्ट में होने पर एक्स पर लिखा, "हाल की घटना पर अपने देश का नज़रिया रखने के लिए भारत सरकार के निमंत्रण से सम्मानित महसूस कर रहा हूं."

    उन्होंने कहा, "जब बात राष्ट्रीय हित की हो और मेरी सेवाओं की ज़रूरत हो, तो मैं कभी पीछे नहीं हटूंगा."

    भारत की तरफ़ से सात प्रतिनिधिमंडल समूह प्रमुख साझेदार देशों का दौरा करने वाला है.

    पीआईबी की ओर से एक प्रेस रिलीज़ जारी कर इसकी जानकारी दी गई है, जिसमें बताया गया है कि 'ऑपरेशन सिंदूर' और सीमापार आतंकवाद के ख़िलाफ़ भारत की निरंतर लड़ाई के संदर्भ में ये दल दौरा करेगा.

  16. यूक्रेन में पैसेंजर बस पर रूस का ड्रोन हमला, 9 लोगों की मौत

    उत्तर-पूर्वी यूक्रेन में एक पैसेंजर बस पर रूसी ड्रोन हमले में 9 लोग मारे गए हैं. यह जानकारी वहां के स्थानीय अधिकारियों ने दी है.

    सुमी क्षेत्रीय सैन्य प्रशासन ने बताया कि शनिवार सुबह बिलोपिलिया शहर पर हुए हमले में अन्य 4 लोग घायल हो गए हैं.

    यह कथित हमला तब हुआ है जब रूस और यूक्रेन ने साल 2022 के बाद पहली बार कुछ घंटे पहले ही शांति के लिए सीधे बातचीत की थी.

    सुमी क्षेत्रीय सैन्य प्रशासन ने टेलीग्राम पर एक पोस्ट में कहा, "बिलोपिलिया के नज़दीक एक दुश्मन ड्रोन के एक पैसेंजर बस पर हमला किए जाने के कारण नौ लोग मारे गए और चार घायल हो गए हैं."

    हालांकि अभी तक रूसी सेना ने इस हमले को लेकर कोई टिप्पणी नहीं की है.

    तुर्की के इस्तांबुल में शुक्रवार को रूस और यूक्रेन के बीच हुई बातचीत इस नतीजे पर नहीं पहुंच पाई कि इस युद्ध को कैसे ख़त्म किया जाए.

    हालांकि, इस बात पर सहमति बनी कि आने वाले दिनों में दोनों पक्ष एक-दूसरे को एक हज़ार युद्धबंदी लौटा देगा.

    यूक्रेन में रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने साल 2022 के फ़रवरी में पूरे पैमाने पर आक्रमण शुरू किया था.

  17. भारत का संदेश लेकर विदेश जाने वाले दल की घोषणा, शशि थरूर को मिली ज़िम्मेदारी

    भारत की तरफ़ से सात प्रतिनिधिमंडल प्रमुख साझेदार देशों का दौरा करने वाले हैं.

    पीआईबी की ओर से एक प्रेस रिलीज़ जारी कर इसकी जानकारी दी गई है, जिसमें बताया गया है कि 'ऑपरेशन सिंदूर' और 'सीमापार आतंकवाद के ख़िलाफ़ भारत की निरंतर लड़ाई के संदर्भ' में ये दल दौरा करेंगे.

    पीआईबी के मुताबिक़, सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल भारत की 'राष्ट्रीय एकजुटता और आतंकवाद के ख़िलाफ़' अपने रुख़ को अंतरराष्ट्रीय मंचों पर सामने रखेगा.

    पीआईबी के मुताबिक़, इस सात प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व अलग-अलग सांसद करेंगे.

    इन सांसदों के नाम हैं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शशि थरूर, भारतीय जनता पार्टी से लोकसभा सांसद रविशंकर प्रसाद, जनता दल यूनाइटेड के संजय कुमार झा, बीजेपी सांसद बैजयंत पांडा, डीएमके पार्टी से कनिमोझी करुणानिधि, एनसीपी की सुप्रिया सुले और शिवसेना के श्रीकांत एकनाथ शिंदे.

  18. कथित बांग्लादेशी मूल के 90 लोगों को हिरासत में लिया गया: एसएसपी मथुरा

    उत्तर प्रदेश के मथुरा में कथित बांग्लादेशी मूल के 90 लोगों को हिरासत में लिया गया है. मथुरा के एसएसपी श्लोक कुमार ने ये जानकारी दी है.

    एसएसपी ने न्यूज़ एजेंसी एएनआई से बात करते हुए कहा, "थाना नौहझील द्वारा खाजपुर गांव में भट्ठों पर चेकिंग के क्रम में लगभग 90 लोगों की जानकारी हुई कि ये बांग्लादेशी मूल के हैं. सभी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है."

    उन्होंने बताया कि हिरासत में लिए लोगों में 35 पुरुष, 27 महिलाएं और 28 बच्चे हैं.

    एसएसपी मथुरा ने कहा, "पूछताछ में इन्होंने इस बात को क़ुबूल किया है कि ये बांग्लादेशी मूल के हैं और ये 3-4 महीने पहले मथुरा पहुंचे. इससे पहले ये पास के प्रदेश में रह रहे थे."

    उन्होंने कहा, "विस्तृत पूछताछ की जा रही है. अन्य एजेंसियों को भी इस बारे में सूचना दे दी गई है. वे भी इनसे पूछताछ कर रही हैं."

  19. नीरज चोपड़ा ने 90.23 मीटर का थ्रो करने के बाद ऐसा क्यों कहा?

    दोहा डायमंड लीग 2025 में 90 मीटर की दूरी पार करने के बाद लगातार दो बार ओलंपिक मेडल विजेता नीरज चोपड़ा ने कहा है कि भारतीयों का बोझ दूर हो गया.

    नीरज चोपड़ा ने रेवस्पोर्ट्ज़ ग्लोबल से बात करते हुए यह बात कही है.

    शुक्रवार को नीरज ने दोहा डायमंड लीग में 90.23 मीटर का थ्रो किया है.

    उन्होंने मैच के बाद कहा कि "मैं खुश हूं. 90 मीटर काफ़ी लोगों का सवाल था. कई बोलते भी थे कि नहीं हो पाएगा. मेरा तो नहीं लेकिन कहीं न कहीं भारतीयों का बोझ दूर हो गया है."

    नीरज ने कहा, "मुझे यही लगता है कि मैं और अच्छा थ्रो कर सकता हूं और इस साल करूंगा भी. जैसे मैंने लगातार 88-89 का थ्रो किया था, अब कोशिश करेंगे कि 90 या 90 से ज़्यादा के थ्रो लगाएं."

    इस सिरीज़ में नीरज दूसरे स्थान पर रहे. जर्मनी के जूलियन वेबर ने 91.06 मीटर का थ्रो कर पहले स्थान पर क़ब्ज़ा कर लिया.

    नीरज चोपड़ा ने जुलियन के बारे में बात करते हुए कहा, "मैं जुलियन के लिए भी बेहद खुश हूं, उसने भी बहुत अच्छा थ्रो किया है."

    पीएम मोदी ने भी नीरज चोपड़ा को बधाई दी है.

    उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, "नीरज चोपड़ा को दोहा डायमंड लीग 2025 में 90 मीटर की दूरी पार करने और अपने करियर का सर्वश्रेष्ठ थ्रो करने के लिए हार्दिक बधाई."

    पीएम मोदी ने लिखा, "यह उपलब्धि उनकी मेहनत, अनुशासन और जुनून का नतीजा है."

  20. इसराइली हमलों में मरने वालों की संख्या 250 से ज़्यादा हुई, ग़ज़ा के लोगों से ये कहा गया

    इसराइली सेना ने कहा है कि उसने ग़ज़ा में नियंत्रण पाने के उद्देश्य से एक नया आक्रमण शुरू किया है. सेना ने कहा कि व्यापक हमले किए गए हैं और सैनिकों की तैनाती भी की जा रही है.

    ग़ज़ा के स्वास्थ्य अधिकारियों का कहना है कि गुरुवार सुबह से इसराइली हमलों में 250 से ज़्यादा लोग मारे गए हैं.

    इसराइल ने उत्तरी ग़ज़ा में पर्चे गिराए हैं, जिनमें फ़लस्तीनियों से इलाके़ को छोड़ने की अपील की गई है.

    यह क़दम ऐसे समय पर उठाया गया है जब आशंका जताई जा रही है कि इसराइल हमास के ख़िलाफ़ अपनी सैन्य कार्रवाई को और तेज़ करने की तैयारी कर रहा है.

    पिछले कुछ दिनों में इसराइली सेना ने अपने हमलों को और तेज़ कर दिया है. हमास का कहना है कि सिर्फ़ शुक्रवार को ही 100 से ज़्यादा लोगों की मौत हुई है.

    हालांकि इसराइल का कहना है कि उसने दर्जनों 'आतंकवादी ठिकानों' को निशाना बनाया है.

    संयुक्त राष्ट्र के मानवाधिकार प्रमुख वोल्कर टुर्क ने ग़ज़ा पर इसराइल के बढ़ते हमलों की कड़ी निंदा की है.