You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

ग़ज़ा में युद्धविराम को लेकर चल रही बातचीत पर क़तर ने क्या कहा?

क़तर के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता माजिद अल-अंसारी ने कहा कि मिस्र में चल रही बातचीत का उद्देश्य ग़ज़ा शांति योजना को एक ‘व्यावहारिक समझौते’ में बदलना और ‘ठोस सहमतियों’ तक पहुंचना है.

सारांश

लाइव कवरेज

सुमंत सिंह और इफ़्तेख़ार अली

  1. भारत-पाकिस्तान का ज़िक्र कर ट्रंप बोले- 'अगर मेरे पास टैरिफ़ की ताक़त नहीं होती तो...'

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर दोहराया है कि उन्होंने टैरिफ़ और व्यापार की मदद से भारत और पाकिस्तान के बीच संघर्ष रुकवाया है.

    ट्रंप ने यह बात सोमवार को व्हाइट हाउट में पत्रकारों से बातचीत के दौरान कही. उनसे सवाल किया गया था कि 'क्या आप टैरिफ़ को लेकर अपना रुख़ बदलेंगे?'

    ट्रंप ने कहा, "अगर मेरे पास टैरिफ़ की ताक़त नहीं होती तो सात में से कम से कम चार युद्ध हो रहे होते. मैंने टैरिफ़ का इस्तेमाल युद्ध रोकने के लिए किया."

    अमेरिकी राष्ट्रपति ने भारत-पाकिस्तान के बीच हुए संघर्ष का भी ज़िक्र किया.

    उन्होंने कहा, "अगर भारत और पाकिस्तान को देखें तो वे इसके (युद्ध के) लिए तैयार थे. सात लड़ाकू विमान मार गिराए गए थे. वे इसके लिए तैयार थे और वे न्यूक्लियर पावर हैं."

    ट्रंप ने कहा, "मैंने उनसे जो भी कहा वह बहुत प्रभावी था और वे रुक गए. जो कुछ भी कहा वह टैरिफ़ और ट्रेड से जुड़ा था."

    राष्ट्रपति ट्रंप कई बार भारत और पाकिस्तान के बीच संघर्ष रुकवाने के दावे कर चुके हैं. हालांकि, उनके दावों को भारत ने खारिज किया है. भारत का कहना है कि भारत और पाकिस्तान का मामला द्विपक्षीय है.

    संबंधित कहानियां:

  2. रायबरेली में दलित युवक की हत्या पर राहुल गांधी ने क्या कहा?

    उत्तर प्रदेश के रायबरेली में एक शख़्स की पीट-पीटकर हत्या के मामले में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने संयुक्त बयान जारी किया है.

    राहुल गांधी ने कहा, "रायबरेली में दलित युवक हरिओम वाल्मीकि की निर्मम हत्या सिर्फ़ एक इंसान की नहीं- इंसानियत, संविधान और न्याय की हत्या है. आज भारत में दलित, आदिवासी, मुसलमान, पिछड़े और ग़रीब- हर उस व्यक्ति को निशाना बनाया जा रहा है, जिसकी आवाज़ कमजोर है, जिसकी हिस्सेदारी छीनी जा रही है, और जिसकी ज़िंदगी सस्ती समझी जाती है."

    उन्होंने कहा, "देश में नफ़रत, हिंसा और भीड़तंत्र को सत्ता का संरक्षण मिला हुआ है, जहां संविधान की जगह बुलडोज़र ने ले ली है, और इंसाफ़ की जगह डर ने.... भारत का भविष्य समानता और मानवता पर टिका है और यह देश चलेगा संविधान से, भीड़ की सनक से नहीं."

    अपने बयान को सोशल मीडिया पर साझा करते हुए मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि 'हरिओम वाल्मीकि की निर्मम और क्रूर हत्या की कांग्रेस पार्टी कड़ी निंदा करती है'.

    उन्होंने कहा, "रायबरेली में जो हुआ, वह इस देश के संविधान के प्रति घोर अपराध है. दलित समुदाय के प्रति अपराध है, और इस देश और समाज पर कलंक है."

    रायबरेली पुलिस ने रविवार को बताया था कि इस मामले में पांच अभियुक्तों को गिरफ़्तार कर लिया गया है.

    पुलिस ने कहा था, "थाना ऊंचाहार पुलिस टीम की तरफ़ से युवक को चोर समझकर तथा पीटकर उसकी हत्या करने वाले पांच अभियुक्तों को गिरफ़्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया... घटना में शामिल अन्य अभियुक्तों की तलाश जारी है."

  3. सीजेआई पर हमले के मामले में संजय राउत बोले- 'यह जूता हमारे संविधान पर फेंकने की कोशिश'

    भारत के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस बीआर गवई पर हमले के मामले में शिवसेना (उद्धव गुट) के नेता संजय राउत ने सत्तारूढ़ दलों पर निशाना साधा है.

    संजय राउत ने कहा, "ये जूता हमारे मुख्य न्यायाधीश भूषण गवई साहब के ऊपर बस नहीं फेंका है या फेंकने की कोशिश की है. ये जूता हमारे संविधान के ऊपर फेंकने की कोशिश की गई है."

    संजय राउत ने सत्तारूढ़ पार्टियों का नाम लिए बग़ैर उन पर निशाना साधा.

    उन्होंने कहा, "सत्ता में वही लोग हैं जो संविधान को मानने को तैयार नहीं है और ये उनके ही चेले-चपाटे हैं जो इस प्रकार से काम करते हैं."

    सुप्रीम कोर्ट में चीफ़ जस्टिस बीआर गवई पर सोमवार को हमले की कोशिश हुई. यह हमला एक मामले की सुनवाई के दौरान हुआ.

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत कई नेताओं ने इसकी निंदा की है.

  4. भारत ने संयुक्त राष्ट्र में जम्मू-कश्मीर का ज़िक्र कर पाकिस्तान पर साधा निशाना

    भारत ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में महिला, शांति और सुरक्षा के मुद्दे पर बहस के दौरान जम्मू-कश्मीर का ज़िक्र कर पाकिस्तान को लेकर बयान दिया है.

    संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी प्रतिनिधि पर्वतनेनी हरीश ने कहा, "हर साल हमें अपने देश के ख़िलाफ़ पाकिस्तान की ओर से भ्रामक निंदा सुनने को मिलती है, ख़ासकर जम्मू-कश्मीर के मामले में."

    उन्होंने कहा, "महिला, शांति और सुरक्षा के मामले में हमारा रिकॉर्ड बेदाग़ है. जो देश अपने ही लोगों पर बम गिराता है और जनसंहार करता है, वह दुनिया को गुमराह करने और बढ़ा-चढ़ाकर बताने की सिर्फ़ कोशिश ही कर सकता है."

    पर्वतनेनी हरीश ने आगे कहा, "यह वही देश है जिसने साल 1971 में ऑपरेशन सर्चलाइट चलाया था और अपनी ही सेना की ओर से चार लाख महिलाओं के बलात्कार और हत्या के सिलसिलेवार अभियान को मंज़ूरी दी थी. दुनिया पाकिस्तान के प्रोपेगेंडा को समझती है."

  5. ज़ेलेंस्की का दावा- रूसी ड्रोन्स में ब्रिटिश कंपनियों के पुर्जे मिले, ब्रिटेन ने दिया यह जवाब, डानी नेस्टा कुपेंबा, बीबीसी न्यूज़

    रूस ने बीते हफ़्ते रविवार को यूक्रेन में बड़े और घातक हमले किए. ये हमले मिसाइल और ड्रोन्स के ज़रिए हुए.

    यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने दावा किया है कि इन हमलों में इस्तेमाल हुईं रूसी मिसाइलें और ड्रोन्स में एक लाख से ज़्यादा विदेशी पुर्जे मिले हैं. इनमें ब्रिटेन में बने पुर्जे भी शामिल हैं.

    ज़ेलेंस्की ने कहा कि रूस के हथियारों में जर्मनी, जापान और अमेरिका जैसे सहयोगी देशों में बने पुर्जे भी मिले हैं. इसके साथ ही उन्होंने रूस पर और अधिक "प्रभावी" प्रतिबंध लगाने की मांग की है.

    यूक्रेनी राष्ट्रपति के दावों पर ब्रिटेन के व्यापार विभाग ने कहा कि उसने हाल ही में उन कंपनियों पर सख़्ती बढ़ाई है जिनके उत्पाद अब भी रूस की सैन्य सप्लाई चेन तक पहुंच रहे हैं.

    सरकारी प्रवक्ता ने कहा, "हम ब्रिटिश कंपनियों के उत्पादों को रूसी हथियारों में पाए जाने की रिपोर्ट्स को बेहद गंभीरता से ले रहे हैं."

    प्रवक्ता ने कहा कि सरकार ने रूस जाने वाले "हज़ारों उत्पादों के निर्यात पर प्रतिबंध लगा दिया है. इनमें यूक्रेन की ओर से हमारे ज़हन में लाए गए हर वे उत्पाद शामिल हैं, जिनका इस्तेमाल युद्ध में हो रहा है."

    इससे पहले भी ज़ेलेंस्की दावा कर चुके हैं कि रूसी हथियारों में बड़ी मात्रा में यूरोपीय देशों और अमेरिका में बने पुर्जे मिले हैं. उन्होंने यह भी दावा किया था कि जंग में रूस भाड़े के सैनिकों का इस्तेमाल कर रहा है.

    संबंधित कहानियां:

  6. ममता बनर्जी ने बीजेपी नेताओं पर 'हमले' के मामले में पीएम मोदी पर लगाया यह आरोप

    पश्चिम बंगाल के बाढ़ प्रभावित इलाक़ों का दौरा करने गए बीजेपी नेताओं पर 'हमले' को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की टिप्पणी के बाद अब राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने प्रतिक्रिया दी है.

    ममता बनर्जी ने एक्स पर पोस्ट करते हुए पीएम मोदी पर निशाना साधा है.

    उन्होंने कहा, "यह बहुत ही दुर्भाग्य और चिंता की बात है कि भारत के प्रधानमंत्री बिना किसी जांच के एक प्राकृतिक आपदा पर राजनीति कर रहे हैं, वो भी जब उत्तर बंगाल के लोग भयानक बाढ़ और भूस्खलन से जूझ रहे हैं."

    मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बीजेपी नेताओं पर हमले के आरोपों पर भी जवाब दिया है. उन्होंने कहा, "जब पूरा स्थानीय प्रशासन और पुलिस राहत-बचाव कार्य में जुटे थे, उस वक्त बीजेपी के नेता एक बड़े काफिले और केंद्रीय सुरक्षा बलों की सिक्योरिटी के साथ प्रभावित इलाक़ों में जा रहे थे."

    ममता बनर्जी ने कहा, "बीजेपी के नेताओं ने स्थानीय पुलिस और प्रशासन को सूचना तक नहीं दी. फिर कैसे ऐसी घटनाओं के लिए स्थानीय पुलिस, राज्य सरकार और तृणमूल कांग्रेस पर आरोप लगाया जा सकता है?"

    पश्चिम बंगाल में बीजेपी के विधायक शंकर घोष ने सोमवार को आरोप लगाया था कि वह उत्तर बंगाल के नागराकाटा में बाढ़ प्रभावित लोगों की मदद के लिए पहुंचे थे. इसी दौरान उन पर और मालदा (उत्तर) के सांसद खगेन मुर्मू पर भीड़ ने हमला कर दिया.

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस हमले पर कहा था, "पश्चिम बंगाल में मौजूदा सांसद और विधायक समेत पार्टी के कार्यकर्ताओं पर जिस तरीके से हमले हुए हैं, वो बेहद भयावह हैं. ये टीएमसी की असंवेदनशीलता और राज्य में क़ानून व्यवस्था की दुर्दशा को दिखाता है."

  7. ट्रंप ने नए टैरिफ़ का किया एलान, किन देशों पर पड़ेगा असर?

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि एक नवंबर से अमेरिका आने वाले सभी मीडियम और बड़े ट्रकों पर 25 फ़ीसदी टैरिफ़ लगेगा.

    ट्रंप ने इसकी घोषणा सोमवार को ट्रुथ सोशल के ज़रिए की. ट्रंप ने अपनी पोस्ट में किसी भी देश का ज़िक्र नहीं किया, लेकिन उन्होंने कहा है कि यह टैरिफ़ 'अन्य देशों से अमेरिका आने वाले' ट्रकों पर लागू होगा.

    उन्होंने लिखा, "एक नवंबर 2025 से अन्य देशों से अमेरिका आने वाले सभी मीडियम और बड़े ट्रकों पर 25 फ़ीसदी टैरिफ़ लगाया जाएगा."

    अपने दूसरे कार्यकाल में राष्ट्रपति ट्रंप ने अमेरिका की व्यापार नीति में बदलाव किया है. उन्होंने अप्रैल महीने में सभी देशों पर 10 फ़ीसदी टैरिफ़, जबकि कुछ देशों पर इससे ज़्यादा टैरिफ़ लगाया था.

    वर्तमान में ट्रंप ने भारत पर कुल 50 फ़ीसदी टैरिफ़ लगा रखा है. पहले उन्होंने 25 फ़ीसदी टैरिफ़ की घोषणा की थी. लेकिन इसके कुछ दिनों बाद ट्रंप ने भारत पर रूस से तेल ख़रीद के लिए अतिरिक्त 25 फ़ीसदी टैरिफ़ की घोषणा की.

    संबंधित कहानियां:

  8. नमस्कार!

    बीबीसी हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता सुमंत सिंह अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    हमारे पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.