ईरान के मिसाइल हमले के दौरान इसराइल की मदद पर बाइडन और हैरिस ने ये कहा

इसराइल पर हुए ईरान के मिसाइल हमले पर अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन और उपराष्ट्रपति कमला हैरिस ने अपनी प्रतिक्रिया दी है. राष्ट्रपति बाइडन का कहना है कि अमेरिका ''पूरी तरह से इसराइल का समर्थन करता है.''

सारांश

  • ईरान की ओर से इसराइल में दागी गईं सैकड़ों मिसाइलें
  • ईरान बोला- हनिया और नसरल्लाह की मौत के जवाब में किए ये हमले
  • बाइडन ने अमेरिकी सेना को दिया इसराइल को ईरानी हमलों से बचाने का आदेश
  • ईरान के राष्ट्रपति पेज़ेश्कियान ने इसराइल के प्रधानमंत्री नेतन्याहू को दी चेतावनी
  • ईरान का कहना है कि ये हमलों का महज़ पहला चरण था, इसराइल ने कहा- मजबूती से देंगे जवाब

लाइव कवरेज

  1. भारत ने कानपुर में बांग्लादेश को दूसरे टेस्ट मैच में भी हराया

    यशस्वी जायसवाल

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, यशस्वी जायसवाल ने बनाए 51 रन

    भारत ने बांग्लादेश के ख़िलाफ़ कानपुर में दूसरा टेस्ट मैच भी सात विकेट से जीत लिया है. दो टेस्ट मैचों की सिरीज़ में भारत ने बांग्लादेश को 2-0 से हरा दिया.

    बांग्लादेश की दूसरी पारी 146 रनों पर सिमट गई थी और भारत को जीत के लिए महज़ 95 रनों का लक्ष्य मिला था.

    भारत की ओर से बल्लेबाजी करते हुए यशस्वी जायसवाल ने अर्धशतकीय पारी खेली और 51 रन बनाए.

    बारिश के कारण इस टेस्ट मैच में दो दिनों का खेल नहीं हो पाया था.

    बांग्लादेश ने पहले बल्लेबाजी करते हुए पहली पारी में 233 रन बनाए थे. जवाब में बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने 285 रन बनाकर पारी समाप्त कर दी थी.

    दूसरी पारी में बल्लेबाजी करने उतरी बांग्लादेश की टीम को भारतीय गेंदबाज़ों ने 146 रनों पर ऑल आउट कर दिया था.

    मैच के बाद भारतीय गेंदबाज़ जसप्रीत बुमराह ने कहा है कि दो दिन बर्बाद होने के बाद मैच जीतना अच्छा है. आज की जीत ख़ास है. ऐसे मौक़ों पर आप अपना अनुभव इस्तेमाल करते हैं.

    उन्होंने कहा है, "हमने भारत में काफ़ी क्रिकेट खेला है. हमें विकेट के बारे में पता है. आप विकल्पों की तलाश करते हैं और इसे टीम के सीनियर खिलाड़ियों से इस बारे में बात करते हैं."

    जसप्रीत बुमराह ने कहा है, "वर्ल्डकप के बाद हमें ब्रेक मिला और हम टेस्ट सिरीज़ के लिए तैयारी कर रहे थे. अभी हमें आस्ट्रेलिया के खिलाफ भी एक लंबी टेस्ट सिरीज खेलनी है और इसलिए हमें ब्रेक की ज़रूरत थी."

  2. थाईलैंड में हुई बस दुर्घटना में 20 से अधिक बच्चों के मारे जाने की आशंका

    बस के पास बचावकर्मी और फायर ब्रिगेड के कर्मी

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, बस के पास बचावकर्मी और फायर ब्रिगेड के कर्मी

    थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक में प्राइमरी स्कूल के बच्चों से भरी एक बस के दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद उसमें आग लग गई.

    16 बच्चों और तीन शिक्षकों की जान बचने की बात सामने आ रही है लेकिन 22 छात्रों और तीन शिक्षकों की अब भी जानकारी नहीं मिली है.

    तस्वीरों से मालूम चल रहा है कि आग के कारण बस पूरी तरह से बर्बाद हो गई है.

    स्थानीय मीडिया के अनुसार जांचकर्ताओं का कहना है कि आग की गर्मी के कारण वे बस में घुस नहीं पा रहे हैं.

    बस उत्तरी प्रांत उथाई थानी से बच्चों और शिक्षकों को लेकर वापस आ रही थी.

    देश के परिवहन मंत्री ने कहा है, “वह यह देखेंगे क्या बस सीएनजी से चल रही थी या नहीं.”

    उन्होंने घटनास्थल पर पत्रकारों से कहा है, “यह बहुत ही दर्दनाक हादसा है.”

  3. जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव: 11 बजे तक हुआ 28.12 प्रतिशत मतदान

    जम्मू कश्मीर में जारी है तीसरे चरण का मतदान

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, जम्मू कश्मीर के बांदीपोर जिले में मतदान के लिए लाइन में खड़ी महिलाएं

    जम्मू-कश्मीर में एक दशक बाद हो रहे विधानसभा चुनाव के तीसरे और अंतिम चरण का मतदान मंगलवार की सुबह 7 बजे से शुरू हो गया है.

    90 सीटों वाली विधानसभा की 40 सीटों पर ये मतदान हो रहा है. इनमें से 24 सीटें जम्मू क्षेत्र में हैं जबकि बाक़ी 16 सीटें कश्मीर में हैं.

    जम्मू-कश्मीर में चल रहे तीसरे चरण के मतदान में सुबह 11 बजे तक 28 प्रतिशत से अधिक मतदान हुआ है. तीसरे चरण के तहत जम्मू-कश्मीर के सात जिलों में मतदान हो रहा है.

    • बांदीपोरा - 28.04%
    • बारामुला - 23.20%
    • जम्मू - 27.15%
    • कठुआ - 31.78%
    • कुपवाड़ा - 27.34%
    • सांबा - 31.50%
    • उधमपुर - 33.84%
  4. कानपुर टेस्ट जीतने के लिए भारत को चाहिए 95 रन

    बांग्लादेश ने दूसरी पारी में बनाए 146 रन

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, बांग्लादेश ने दूसरी पारी में बनाए 146 रन

    कानपुर टेस्ट जीतने के लिए भारत को चाहिए 95 रन.

    बांग्लादेश के ख़िलाफ़ दूसरा टेस्ट जीतने के लिए भारत को 95 रनों का लक्ष्य मिला है.

    कानपुर में चल रहे दूसरे टेस्ट मैच के पाँचवें दिन बांग्लादेश की टीम 146 रन बनाकर आउट हो गई.

    पहली पारी के आधार पर भारत ने 52 रनों की बढ़त हासिल की थी.

    इस तरह भारत को जीत के लिए 95 रनों की आवश्यकता है.

    बांग्लादेश की टीम ने दूसरी पारी में निराशाजनक प्रदर्शन किया. एक के बाद एक विकेट लगातार गिरते रहे.

    सलामी बल्लेबाज़ शदमान इस्लाम ने 50 रनों की पारी खेली, जबकि आख़िर में मुशफ़िकुर रहीम ने 37 रन बनाए.

    भारत की ओर से बुमराह, अश्विन और रवींद्र जडेजा ने तीन-तीन विकेट लिए. आकाशदीप को एक विकेट मिला.

    बांग्लादेश ने पहली पारी में 233 रन बनाए थे. जबकि भारत ने नौ विकेट पर 285 रन बनाकर पारी समाप्त घोषित कर दी थी.

    भारत ने पहले टेस्ट में बांग्लादेश को हराया था.

  5. सिद्धारमैया की पत्नी बीएम पार्वती ने बदले में मिली ज़मीन लौटाने की पेशकश की, इमरान कुरैशी, बेंगलुरु से, बीबीसी हिंदी के लिए

    सीएम सिद्धारमैया

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, कर्नाटक के सीएम सिद्धारमैया (फाइल फोटो)

    कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया की पत्नी बीएम पार्वती ने मैसूर अर्बन डेवलपमेंट अथॉरिटी (मूडा) को पत्र लिखकर कहा है कि उनकी 3.1 एकड़ जमीन के बदले जो उसने 14 भूखंड दिए थे, वो वापस ले ले.

    मैसूर डेवलपमेंट अथॉरिटी के अध्यक्ष को लिखे पत्र में बीएम पार्वती ने कहा है कि उनका रुख़ स्पष्ट था और उन्होंने यह निर्णय बिना अपने पति और बेटे से सलाह के लिया था. पावर्ती ने पत्र में कहा है कि उनके पति की प्रतिष्ठा और सम्मान किसी भी दौलत और जमीन से बढ़कर है.

    उनका यह पत्र सिद्धारमैया की क़ानूनी लड़ाई के बहुत ही नाजुक समय पर आया है. साइटों के आवंटन के मामले में कर्नाटक के राज्यपाल थावरचंद गहलोत ने जांच के आदेश दिए थे. सिद्धारमैया की जांच की मंज़ूरी को रद्द करने के लिए दायर की गई याचिका को कर्नाटक हाई कोर्ट ने रद्द कर दिया था.

    हाई कोर्ट का आदेश आने के कुछ वक़्त बाद ही चुन हुए जनप्रतिनिधियों के लिए बनी विशेष अदालत ने मैसूर लोकायुक्त पुलिस को जांच के आदेश दिए थे. शिकायतकर्ता श्रीमायी कृष्णा को मंगलवार सुबह कोर्ट के सामने पेश होने के लिए लोकायुक्त पुलिस ने समन भी जारी किया था.

    पावर्ती ने पत्र में कहा है, ''उनके पति ने अपने 40 साल लंबे राजनीतिक करियर में नैतिकता का पालन किया है. मुझे कभी भी घर, संपत्ति, सोना या दौलत का लालच नहीं रहा. मैं इस बात को लेकर हमेशा से सचेत थी कि मेरी वजह से उनके राजनीतिक करियर को नुकसान न पहुंचे.''

    उन्होंने ने कहा, “हालांकि मूडा की तरफ़ से जो आरोप लगाए गए हैं, मैं उनसे दुखी हूं. मुझे कभी नहीं लगा था कि इस वजह से मेरे पति को इन ग़लत आरोपों का समाना करना पड़ेगा."

  6. इसराइल ने बेरूत में किए ‘सटीक हमले’, एक दिन में 95 की मौत

    बीती रात दक्षिणी बेरूत से उठता धुआं

    इमेज स्रोत, Reuters

    इमेज कैप्शन, बीती रात दक्षिणी बेरूत से उठता धुआं

    इसराइली सेना ने पुष्टि की है कि उसने बीती रात में दाहियाह में हिज़्बुल्लाह के इन्फ़्रास्ट्रक्चर समेत हथियार बनाने वाली कई जगहों पर ‘सटीक हमले’ किए हैं.

    बेरूत के दक्षिणी उपनगर दाहियाह को हिज़्बुल्लाह का मज़बूत गढ़ माना जाता है.

    इसराइली सेना ने बताया है कि ‘आम लोगों को नुक़सान कम हो इस ख़तरे के मद्देनज़र हमले से पहले कई क़दम उठाए गए थे. इनमें इलाक़े में आम लोगों के लिए चेतावनी जारी करना शामिल है जिसमें सटीक हथियारों का इस्तेमाल किया गया और हवाई निगरानी की गई.’

    वहीं लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा है कि सोमवार को लेबनान में इसराइल के ताज़ा हवाई हमलों में तक़रीबन 95 लोगों की मौत हुई है और 172 लोग घायल हुए हैं.

    अधिकारियों के मुताबिक़ बीते दो सप्ताह में लेबनान में 1,000 से अधिक लोग मारे गए हैं जबकि लाखों लोग विस्थापित हुए हैं.

  7. बॉलीवुड अभिनेता गोविंदा के पैर में अपने ही रिवॉल्वर से लगी गोली

    गोविंदा

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, गोविंदा (फ़ाइल फ़ोटो)

    बॉलीवुड अभिनेता और शिव सेना (शिंदे गुट) नेता गोविंदा को मंगलवार को ग़लती से अपने ही रिवॉल्वर से पैर में गोली लग गई. उन्हें तत्काल अस्पताल में ले जाया गया है.

    कहा जा रहा है कि गोविंदा मुंबई में अपने घर पर रिवॉल्वर साफ़ कर रहे थे, तभी गोली पैर में लग गई.

    मुंबई की बीबीसी की सहयोगी पत्रकार मधु पाल के मुताबिक़ उनकी पत्नी सुनीता घर पर नहीं थीं. वह जयपुर में थीं लेकिन ख़बर सुनते ही वहाँ से रवाना हो गई हैं.

    गोविंदा के मैनेजर ने समाचार एजेंसी एएनआई से कहा, ''वह अपने लाइसेंसी रिवॉल्वर को कवर में रख रहे थे, उसी दौरान पैर पर गिर गया और गोली लग गई. डॉक्टरों ने पैर से गोली निकाल दी है और अब वह पूरी तरह से ठीक हैं लेकिन अभी अस्पताल में ही हैं.''

  8. लेबनान में इसराइली हमले पर अमेरिकी रक्षा मंत्री ने क्या कहा?

    अमेरिका के रक्षा मंत्री लॉयड ऑस्टिन (फ़ाइल फ़ोटो)

    इमेज स्रोत, PA Media

    इमेज कैप्शन, अमेरिका के रक्षा मंत्री लॉयड ऑस्टिन (फ़ाइल फ़ोटो)

    अमेरिका के रक्षा मंत्री लॉयड जे ऑस्टिन ने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट करके बताया है कि उन्होंने इसराइल के रक्षा मंत्री से लेबनान में उसके ऑपरेशन को लेकर बात की है.

    ऑस्टिन ने लिखा है, “मैंने इसराइल के रक्षा मंत्री योआव गैलेंट से सुरक्षा घटनाक्रमों और इसराइल के अभियानों को लेकर चर्चा की है. मैं ये साफ़ कर देना चाहता हूं कि इसराइल के आत्मरक्षा के अधिकार का अमेरिका समर्थन करता है."

    "हम सीमा से लगे बुनियादी ढांचों को नष्ट करने पर सहमत हैं ताकि ये सुनिश्चित किया जा सके लेबनानी हिज़्बुल्लाह इसराइल के उत्तरी समुदायों पर 7 अक्तूबर जैसा हमला न कर सके.”

    “मैंने इस बात को फिर से साफ़ किया है कि सीमा के दोनों और रहने वाले नागरिक सुरक्षित रूप से अपने घर वापस लौटने के लिए एक कूटनीतिक समाधान की ज़रूरत है."

    "और यह साफ़ है कि अमेरिका ईरान और ईरान समर्थिक आतंकी संगठनों के ख़तरों से अपने अमेरिकी कर्मियों, भागीदारों और सहयोगियों की रक्षा करने के लिए बेहतर स्थिति में है. और किसी को भी तनाव का फ़ायदा उठाने और संघर्ष को बढ़ाने से रोकने को लेकर दृढ़ संकल्प है.”

    इसके अलावा अमेरिकी विदेश मंत्री ने ये भी दोहराया कि अगर ईरान इसराइल के ख़िलाफ़ सीधे सैन्य हमला करने का फ़ैसला करता है तो इसके ईरान के लिए गंभीर परिणाम होंगे.

  9. लेबनान में एक ज़मीनी हमला इसराइल के लिए है कितना बड़ा ख़तरा?, लूसी विलियम्सन, उत्तरी इसराइल से रिपोर्टिंग

    इसराइली टैंक

    इमेज स्रोत, EPA

    इमेज कैप्शन, लेबनान से लगी सीमा पर इकट्ठा इसराइली टैंक

    उत्तरी इसराइल में अभी कुछ हेलीकॉप्टर गश्त कर रहे हैं. इसके अलावा कुछ ही दूरी पर गोलीबारी की आवाज़ें सुनी जा सकती हैं.

    इसराइल ने पुष्टि की है कि वो लेबनान में ज़मीनी हमला शुरू करने जा रहा है जो कि ‘जो कि स्थानीय, सीमित और लक्षित’ होगा. इसके बाद से ही रात में कई बड़े धमाकों की आवाज़ें सुनी गई हैं.

    ये अभी तक साफ़ नहीं है कि ये कितने बड़े पैमाने पर है या किस तरह की छापेमारी जारी है. लेकिन यहां कई दिनों से सैन्य जमावड़ा शुरू हो चुका था, सीमा से कुछ ही दूरी पर दो दर्जन टैंकों को देखा गया था.

    इसराइल ने बीते कुछ हफ़्तों में हिज़्बुल्लाह को भारी झटके दिए हैं लेकिन इस तरह का ज़मीनी हमला एक अलग तरह की जंग है. इसमें इसराइली सुरक्षाबलों को ख़तरे के साथ-साथ लेबनान के ख़ुद के लिए और स्थानीय स्थिरता को ख़तरा है.

  10. जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव में आज अंतिम चरण का मतदान, 40 सीटों पर वोटिंग

    महिला मतदान के बाद

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, जम्मू-कश्मीर में पहले चरण में 61.13 फ़ीसदी मतदान हुआ था

    जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव के तीसरे और अंतिम चरण का मतदान मंगलवार की सुबह 7 बजे से शुरू हो गया है.

    90 सीटों वाली विधानसभा की 40 सीटों पर ये मतदान हो रहा है. इनमें से 24 सीटें जम्मू क्षेत्र में हैं जबकि बाक़ी बची 16 कश्मीर में हैं.

    ये मतदान जम्मू क्षेत्र के जम्मू, सांबा, कठुआ और उधमपुर ज़िले में हो रहे हैं जबकि कश्मीर घाटी के बारामूला और कुपवाड़ा ज़िलों में मतदान जारी है.

    पहले चरण का मतदान 18 सितंबर को हुआ था जिसमें 24 सीटों पर वोट डाले गए थे. इस दौरान चुनाव आयोग ने बताया था कि इस दौरान 61.13 फ़ीसदी वोट पड़े थे.

    वहीं 25 सितंबर को हुए दूसरे चरण के मतदान में 56 फ़ीसदी मतदान हुआ था.

  11. सोनम वांगचुक को दिल्ली बॉर्डर पर रोके जाने की ख़बर, राहुल गांधी ने की निंदा

    सोनम वांगचुक ने रोके जाने का वीडियो एक्स पर पोस्ट किया है

    इमेज स्रोत, @Wangchuk66

    इमेज कैप्शन, सोनम वांगचुक ने रोके जाने का वीडियो एक्स पर पोस्ट किया है

    लद्दाख क्षेत्र के लिए संवैधानिक सुरक्षा के प्रावधानों की मांग को लेकर दिल्ली आ रहे पर्यावरण कार्यकर्ता सोनम वांगचुक और उनके समर्थकों को सोमवार रात दिल्ली-हरियाणा के सिंघु बॉर्डर पर रोका गया है.

    सोनम वांगचुक ने सोशल मीडिया पर लिखा है कि उन्हें हिरासत में लिया जा रहा है. वहीं कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने दिल्ली पुलिस के इस क़दम की निंदा की है. उन्होंने कहा है कि यह अस्वीकार्य है.

    इसी बीच दिल्ली पुलिस ने नई दिल्ली, उत्तरी और केंद्रीय दिल्ली के सभी थानों और दिल्ली की सीमा से लगे क्षेत्रों में अगले 6 दिनों के लिए भारतीय न्याय संहिता की धारा 163 लागू कर दी है.

    इसके तहत पांच या उससे अधिक लोगों के एक जगह पर इकट्ठा होने, प्रदर्शन करने आदि पर पाबंदी होगी.

    राहुल गांधी और सोनम वांगचुक क्या बोले

    राहुल गांधी

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, राहुल गांधी ने सोनम वांगचुक और उनके साथियों को रोके जाने को अस्वीकार्य बताया है.

    लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट में लिखा है, “सोनम वांगचुक जी और सैकड़ों लद्दाख़ी लोगों को पर्यावरण और संवैधानिक अधिकारों को लेकर शांतिपूर्ण मार्च के लिए हिरासत में लेना अस्वीकार्य है.”

    “लद्दाख़ के भविष्य के लिए आवाज़ उठाने वाले बुज़ुर्ग नागरिकों को दिल्ली की सीमा पर हिरासत में क्यों लिया जा रहा है. मोदी जी किसानों की तरह यह ‘चक्रव्यूह’ भी टूटेगा और आपका अहंकार भी टूटेगा. आपको लद्दाख़ की आवाज़ सुननी होगी.”

    वहीं, पर्यावरण कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने भी एक्स पर पोस्ट किया है.

    उन्होंने लिखा है, “मुझे दिल्ली की सीमा पर 150 पदयात्रियों समेत सैकड़ों पुलिस बलों के ज़रिए हिरासत में लिया जा रहा है. अधिकतर महिला-पुरुष 80 वर्ष से अधिक उम्र के हैं जिनमें से कई तो पूर्व सैन्य कर्मी हैं, हमारी किस्मत का कुछ पता नहीं है. दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र में हम बापू की समाधि तक बेहद शांतिपूर्ण पदयात्रा कर रहे थे.”

  12. नमस्कार!

    बीबीसी हिंदी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. हम आप सभी तक आज की बड़ी ख़बरें लेकर आएंगे.

    आप बीबीसी हिंदी के पेज पर मौजूद बड़ी ख़बरों को इस लिंक पर क्लिक करके पढ़ सकते हैं.

    कल के लाइव ब्लॉग की ख़बरें आप इस लिंक पर क्लिक करके पढ़े सकते हैं.

    नीचे कुछ ख़ास ख़बरें हैं जिन्हें आपको पढ़ना चाहिए-

    - इसराइली सेना ने बीते कई दिनों में ऐसे संकेत दिए हैं कि वो लेबनान पर ज़मीन के रास्ते आक्रमण कर सकता है. अगर इसराइल लेबनान में ज़मीनी जंग छेड़ता है तो उसके क्या परिणाम हो सकते हैं. पढ़ने के लिए क्लिक करें.

    - हिज़्बुल्लाह नेता हसन नसरल्लाह की मौत की ख़बर का असर भारत में भी देखा गया है. पहले कश्मीर घाटी में लोगों के विरोध प्रदर्शन की ख़बर आई. फिर भारत में शिया समुदाय का केंद्र कहे जाने वाले लखनऊ में भी हुए प्रदर्शन में कई हज़ार लोग शामिल हुए. पूरी रिपोर्ट पढ़ने के लिए क्लिक करें.

    - सीडीएससीओ यानी सेंट्रल ड्रग स्टैंडर्ड कंट्रोल ऑर्गेनाइज़ेशन ने दवाओं पर एक मासिक रिपोर्ट जारी की है. इसमें 48 दवाएं शामिल हैं. इस सूची में पेरासिटामोल, पेन-डी, और ग्लेसिमेट एसआर 500 जैसी दवाएं भी हैं, जो सामान्य तौर पर इस्तेमाल की जाती हैं. ये दवाएं आवश्यक गुणवत्ता पैमाने पर खरी नहीं उतरी हैं. पढ़ने के लिए क्लिक करें.

    - आंध्र प्रदेश के तिरुपति मंदिर में प्रसाद के लड्डू में कथित तौर पर 'जानवरों की चर्बी' होने के मामले में 30 सितंबर को सुप्रीम कोर्ट ने सुनवाई की. रिपोर्ट पढ़ने के लिए क्लिक करें.