तेजस विमान क्रैश में मारे गए विंग कमांडर नमांश स्याल का पार्थिव शरीर कब आएगा घर?
इमेज स्रोत, IAF_MCC
इमेज कैप्शन, कांगड़ा के डिप्टी कमिशनर ने बताया है कि भारतीय वायुसेना के विंग कमांडर नमांश स्याल का पार्थिव शरीर रविवार को उनके पुश्तैनी गांव पहुंचेगा
हिमाचल प्रदेश में कांगड़ा ज़िले के रहने वाले विंग कमांडर नमांश स्याल की शुक्रवार को दुबई एयर शो के दौरान तेजस प्लेन क्रैश में मौत हो गई थी.
कांगड़ा के डिप्टी कमिशनर हेमराज बैरवा ने बताया कि “दुबई एयर शो के दौरान तेजस एयरक्राफ़्ट क्रैश में मारे गए नमांश स्याल का पार्थिव शरीर कोयंबटूर लाया जा रहा है और कल (रविवार) दोपहर एक बजे तक उनका पार्थिव शरीर कांगड़ा एयरपोर्ट पहुंच जाएगा.”
उन्होंने आगे बताया कि “यहां उन्हें सैन्य सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी जाएगी. और फिर उनका पार्थिव शरीर उनके पुश्तैनी गांव पटियालकट भेजा जाएगा और वहां अंतिम संस्कार किया जाएगा.”
तेजस विमान क्रैश में विंग कमांडर नमांश स्याल की मौत पर भारतीय वायुसेना ने जारी किया बयान
इमेज स्रोत, IAF_MCC
इमेज कैप्शन, भारतीय वायुसेना ने कहा है कि वो नमांश स्याल के साहस और समर्पण को सलाम करती है
दुबई एयर शो में शुक्रवार को तेजस विमान क्रैश हो गया था, जिसमें विंग कमांडर नमांश स्याल की मौत हो गई थी.
भारतीय वायुसेना ने लिखा, “भारतीय वायु सेना विंग कमांडर नमांश स्याल की दुखद मृत्यु पर गहरा शोक जताती है. दुबई एयर शो में तेजस विमान क्रैश होने के चलते उनकी जान चली गई थी. वो एक डेडिकेटेड फ़ाइटर पायलट और शानदार प्रोफ़ेशनल थे, जिन्होंने पूरी ईमानदारी, कौशल और कर्तव्य भावना से देश की सेवा की."
भारतीय वायुसेना ने लिखा, "सर्विस के लिए उनका पूरा जीवन समर्पित रहा, इसी वजह से उनके शानदार व्यक्तित्व ने उन्हें बहुत सम्मान दिलाया. और उनके अंतिम विदाई समारोह में यूएई अधिकारियों, उनके साथियों, दोस्तों और भारतीय दूतावास के अधिकारियों ने हिस्सा लिया."
"इस गहरे दुख की घड़ी में भारतीय वायुसेना उनके परिवार के साथ खड़ी है और उनके साहस, समर्पण और सम्मान की विरासत को सलाम करती है. देश उनके योगदान को हमेशा सम्मान के साथ याद करेगा."
टीएमसी विधायक हुमायूं कबीर के बाबरी मस्जिद वाले बयान पर विवाद
इमेज स्रोत, Humayun Kabir
इमेज कैप्शन, टीएमसी विधायक हुमायूं कबीर ने मुर्शिदाबाद ज़िले में बाबरी मस्जिद बनाने की बात कही है
तृणमूल कांग्रेस के विधायक हुमायूं कबीर ने शुक्रवार को एएनआई से बात करते हुए कहा था कि वो 6 दिसंबर को पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद ज़िले में बाबरी मस्जिद की नींव रखने वाले हैं और इसे पूरा होने में तीन साल का वक़्त लगेगा.
उनके इस बयान के बाद विवाद शुरू हो गया है.
कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने कहा कि जो बंगाल में पहले कभी नहीं हुआ, वो अब होने लगा है.
उन्होंने कहा, "पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ख़ुद को बीजेपी से ज़्यादा हिंदू-प्रेमी दिखाने के लिए टेम्पल पॉलिटिक्स खेल रही हैं. इसलिए उनके बाक़ी नेताओं को कुछ करना पड़ रहा है, और वो बाबरी मस्जिद बनाने की बात कर रहे हैं."
उन्होंने आगे कहा कि "मंदिर बने या मस्जिद, हमें कोई आपत्ति नहीं है. मगर चुनाव में समर्थन पाने के लिए मंदिर या मस्जिद की बात करना सही नहीं है."
विधायक कबीर के इस बयान पर पश्चिम बंगाल विधानसभा में विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि "टीएमसी के नेता सिर्फ़ बातें करते हैं. पहले उन्हें ऐसा करने दीजिए, फिर मैं इस पर बोलूंगा, शायद वो विभाजन की राजनीति के लिए ऐसा कर सकते हैं."
वहीं बीजेपी नेता शाहनवाज़ हुसैन ने कहा कि टीएमसी के पास कोई काम नहीं, इसलिए वो ध्रुवीकरण में लगी हुई है.
उन्होंने कहा कि "ममता बनर्जी अपने विधायक से बाबरी मस्जिद की नींव 6 दिसंबर को डलवा रही हैं और वो तनाव पैदा करना चाहती हैं, बाबर के नाम पर कुछ नहीं होना चाहिए, वो हमलावर था."
मदीना बस हादसे में मारे गए भारतीय लोगों के शवों को दफ़नाया गया
इमेज स्रोत, @IndianEmbRiyadh
इमेज कैप्शन, मारे गए लोगों को दफ़नाने की अंतिम यात्रा में आंध्र प्रदेश के राज्यपाल जस्टिस एस. अब्दुल नज़ीर भी शामिल हुए
सऊदी अरब के मदीना शहर के पास बस दुर्घटना में मारे गए भारतीय लोगों के शव शनिवार को दफ़ना दिए गए.
रियाद में मौजूद भारतीय दूतावास ने एक्स पर पोस्ट कर इसकी जानकारी दी है.
दूतावास ने लिखा, "आंध्र प्रदेश के माननीय राज्यपाल जस्टिस एस. अब्दुल नज़ीर ने मदीना में मस्जिद-ए-नबवी में जनाज़े की नमाज़ और क़ब्रिस्तान जन्नतुल बक़ी में दफ़नाने की प्रक्रिया में हिस्सा लिया."
राजदूत डॉ. सुहेल ख़ान और काउंसल जनरल फ़हद सूरी ने भी परिजनों के साथ जनाज़े में हिस्सा लिया.
दूतावास ने इस दर्दनाक हादसे पर एक बार फिर गहरी संवेदनाएं व्यक्त की हैं.
दरअसल 16 नवंबर को सऊदी अरब के मदीना शहर के पास बस हादसे में 45 भारतीयों की मौत हो गई थी. और इस बस में ज़्यादातर हैदराबाद के लोग सवार थे, जो सऊदी अरब उमरा (धार्मिक यात्रा) करने गए थे.
बिहार के मंत्री बने उपेंद्र कुशवाहा के बेटे दीपक प्रकाश ने पद संभालने के दौरान क्या बातें कहीं
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश ने शनिवार को पदभार संभाला
बिहार में नई सरकार के गठन के बाद राष्ट्रीय लोक मोर्चा के कोटे से पंचायती राज मंत्री बने दीपक प्रकाश ने शनिवार को पदभार संभाला. दीपक राज्यसभा सांसद और आरएलएम के संस्थापक उपेंद्र कुशवाहा के बेटे हैं.
पदभार संभालते हुए उन्होंने कहा, “चल रही योजनाओं, उनके लागू होने और आगे की नई योजनाओं पर प्रशासनिक अधिकारियों के साथ चर्चा हुई.”
उन्होंने बताया कि उन्होंने नए दिशा-निर्देश भी जारी किए हैं.
उन्होंने आगे कहा, “कई जगहों पर पंचायत राज भवन के निर्माण में काम की क्वालिटी को लेकर सवाल उठे हैं. इसलिए काम की गुणवत्ता की निगरानी के लिए पंचायत स्तर पर अलग-अलग दलों के प्रतिनिधियों की एक कमेटी बनाई जाएगी और ये कमेटी लोकतंत्र को मज़बूत करने में इन प्रतिनिधियों की भागीदारी भी सुनिश्चित करेगी.”
जी-20 शिखर सम्मेलन में पीएम मोदी बोले, ग्लोबल साउथ का भी किया ज़िक्र
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि ग्लोबल गवर्नेंस स्ट्रक्चर में ग्लोबल साउथ की आवाज़ और मज़बूत की जानी चाहिए
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी-20 शिखर सम्मेलन के लिए दक्षिण अफ़्रीका के जोहानसबर्ग में हैं. उन्होंने शनिवार को जी-20 लीडर्स के पहले सेशन में नेताओं को संबोधित किया.
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जयसवाल ने एक्स पर पोस्ट कर बताया कि प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में “इंटीग्रल ह्यूमनिज़्म” यानी समग्र मानववाद के विचार का ज़िक्र किया, जो भारत की सभ्यता की सोच पर आधारित है.
उन्होंने कहा कि इस विचार का मक़सद तरक़्क़ी और धरती दोनों के बीच संतुलन बनाना है. उन्होंने यह भी बताया कि नई दिल्ली शिखर सम्मेलन में लिए गए कई ऐतिहासिक फ़ैसलों पर आगे काम किया गया है.
प्रधानमंत्री ने दक्षिण अफ़्रीका की अध्यक्षता में किए गए काम, जैसे स्किल्ड माइग्रेशन, टूरिज़्म, फ़ूड सिक्योरिटी, एआई, डिजिटल इकॉनमी, इनोवेशन और महिलाओं को मज़बूत बनाने के क्षेत्र में हुए काम की तारीफ़ की.
उन्होंने कहा कि ग्लोबल गवर्नेंस स्ट्रक्चर में ग्लोबल साउथ की आवाज़ और मज़बूत की जानी चाहिए.
पश्चिम बंगाल: महिला बीएलओ ने की आत्महत्या, परिजनों ने लगाया एसआईआर के दबाव का आरोप, प्रभाकर मणि तिवारी, कोलकाता से बीबीसी हिंदी के लिए
इमेज स्रोत, @mamataoffcial
इमेज कैप्शन, मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने रिंकू तरफ़दार की मौत के बाद एसआईआर प्रक्रिया को बंद करने की मांग की है
पश्चिम बंगाल में स्पेशल इंटेसिव रिविज़न यानी एसआईआर का काम जारी है. राज्य के नदिया ज़िले में एक महिला बूथ लेवल ऑफ़िसर (बीएलओ) ने आत्महत्या कर ली है.
महिला का नाम रिंकू तरफ़दार है. उनके परिजनों का दावा है कि एसआईआर के काम के भारी दबाव की वजह से ही उन्होंने आत्महत्या की है.
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि शव के पास एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसमें रिंकू ने अपनी मौत के लिए चुनाव आयोग को ज़िम्मेदार ठहराया है.
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने एक्स पर अपनी एक पोस्ट में इस घटना पर दुख जताते हुए सवाल किया है कि "आख़िर एसआईआर और कितने लोगों की जान लेगा?"
पुलिस के मुताबिक़, रिंकू ने अपने सुसाइड नोट में लिखा है कि उन्होंने 95 फीसदी ऑफ़लाइन काम पूरा कर लिया है, लेकिन ऑनलाइन प्रक्रिया के बारे में उन्हें कोई जानकारी नहीं है. सुपरवाइज़र को बताने से भी कोई फ़ायदा नहीं हुआ.
महिला के पति असीम तरफ़दार ने पत्रकारों से कहा कि रिंकू ने ऑफ़लाइन फ़ॉर्म बांटने और वापस लेने का काम पूरा कर लिया था, लेकिन उन्हें इन्हें डिजिटल रूप से अपलोड करने के बारे में कोई जानकारी नहीं थी. उन्होंने आरोप लगाया, “यह आत्महत्या नहीं बल्कि आयोग की ओर से की गई हत्या है.”
इससे कुछ दिन पहले बर्दवान ज़िले के मेमारी में भी काम के कथित दबाव की वजह से नमिता हांसदा नाम की एक बीएलओ की ब्रेन स्ट्रोक से मौत हो गई थी.
इसी तरह बुधवार को जलपाईगुड़ी ज़िले के चाय बागान इलाक़े से शांति मुनि ओरांव नाम की एक बीएलओ का शव बरामद किया गया था. इस मामले में भी काम के दबाव का आरोप लगा था.
हुगली ज़िले में एक महिला बीएलओ काम के कथित दबाव की वजह से ब्रेन स्ट्रोक की शिकार होकर कलकत्ता मेडिकल कॉलेज अस्पताल में गंभीर हालत में भर्ती हैं.
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी इसी सप्ताह चुनाव आयोग को पत्र लिखकर एसआईआर को अव्यावहारिक बताते हुए इसे बंद करने की अपील कर चुकी हैं.
महत्वपूर्ण सूचना:
मानसिक समस्याओं का इलाज दवा और थेरेपी से संभव है. इसके लिए आपको मनोचिकित्सक से मदद लेनी चाहिए, आप इन हेल्पलाइन से भी संपर्क कर सकते हैं-
समाजिक न्याय एवं आधिकारिता मंत्रालय की हेल्पलाइन- 1800-599-0019 (13 भाषाओं में उपलब्ध)
इंस्टीट्यूट ऑफ़ ह्यमून बिहेवियर एंड एलाइड साइंसेज-9868396824, 9868396841, 011-22574820
हितगुज हेल्पलाइन, मुंबई- 022- 24131212
नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ़ मेंटल हेल्थ एंड न्यूरोसाइंस-080 - 26995000
दक्षिण अफ़्रीका ने पहले दिन बनाए 247 रन, भारतीय गेंदबाज़ों ने झटके 6 विकेट
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, ट्रिस्टन स्टब्स ने सबसे अधिक 49 रन बनाए
गुवाहाटी
में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मैच का पहला दिन ख़त्म होने तक दक्षिण अफ़्रीका ने पहली पारी में
भारत के ख़िलाफ़ 6 विकेट खोकर 247 रन बना लिए.
दक्षिण
अफ़्रीका के कप्तान टेम्बा बावूमा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी का फ़ैसला किया
था. इस दौरान सबसे अधिक 49 रन ट्रिस्टन स्टब्स ने बनाए. वहीं कप्तान बावूमा ने 41,
एडन मार्करम ने 38 और रेयान रिकल्टन ने 35 रन की पारी खेली.
भारत
की ओर से सबसे अधिक 3 विकेट स्पिनर कुलदीप यादव ने लिए. वहीं जसप्रीत बुमराह,
मोहम्मद सिराज और रविंद्र जडेजा ने एक-एक विकेट लिया.
कप्तान
शुभमन गिल के घायल होने की वजह से इस मैच में विकेटकीपर बल्लेबाज़ ऋषभ पंत कप्तानी
कर रहे हैं. दो टेस्ट मैच की सिरीज़ में दक्षिण अफ़्रीका 1-0 से आगे है.
शेख़ हसीना को मौत की सज़ा दिए जाने पर पाकिस्तान का आया बयान, बीबीसी उर्दू
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, पाकिस्तान ने कहा है कि बांग्लादेश का अपना संविधान और क़ानून है
पाकिस्तान ने कहा है कि बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख़ हसीना को मौत की सज़ा दिया जाना और प्रत्यर्पण उनके देश का आंतरिक मामला है.
शुक्रवार को एक प्रेस कॉन्फ़्रेंस के दौरान पाकिस्तान के विदेश कार्यालय के प्रवक्ता ताहिर अंद्राबी ने कहा, "यह बांग्लादेश का आंतरिक मामला है. बांग्लादेश का अपना संविधान और क़ानून है."
उन्होंने यह भी कहा कि बांग्लादेश के लोगों में अपनी लोकतांत्रिक और संवैधानिक प्रक्रियाओं के अनुसार अपनी समस्याओं को हल करने की पूरी क्षमता है.
इस हफ़्ते, बांग्लादेश के इंटरनेशनल क्राइम ट्राइब्यूनल ने पूर्व प्रधानमंत्री शेख़ हसीना को "मानवता के ख़िलाफ़" और निहत्थे प्रदर्शनकारियों पर गोलीबारी के लिए मौत की सज़ा सुनाई थी.
शेख़ हसीना इस समय में भारत हैं. बांग्लादेश में जुलाई 2024 में सरकारी नौकरियों में आरक्षण को लेकर शुरू हुआ एक छात्र विरोध प्रदर्शन शेख़ हसीना के इस्तीफ़े की देशव्यापी मांग में बदल गया था. इसके बाद वो भारत चली आई थीं.
एशेज़ सिरीज़ का पहला टेस्ट मैच दो दिन में ख़त्म, ऑस्ट्रेलिया ने इंग्लैंड को 8 विकेट से हराया
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, ट्रेविस हेड ने दूसरी पारी में 123 रन बनाए
ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच खेले गए एशेज़ सिरीज़ का पहला टेस्ट मैच शनिवार को ऑस्ट्रेलिया ने 8 विकेट से जीत लिया. ऑस्ट्रेलिया ने दो दिन में ही पहला टेस्ट अपने नाम कर लिया.
ऑस्ट्रेलिया के पर्थ में खेले गए पहले टेस्ट मैच में इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी की, लेकिन इंग्लैंड की टीम 172 रन पर ही सिमट गई. इसके जवाब में ऑस्ट्रेलिया की टीम 132 रन पर ऑल आउट हो गई.
इंग्लैंड ने दूसरी पारी में 164 रन बनाए और ऑस्ट्रेलिया के सामने 205 रनों का लक्ष्य रखा, जिसे ऑस्ट्रेलिया ने 2 विकेट के नुक़सान पर हासिल कर लिया.
दूसरी इनिंग में ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज़ ट्रेविस हेड ने तूफ़ानी पारी खेलते हुए 83 गेंदों में 123 रन बनाए.
वहीं इस मैच में 10 विकेट लेने वाले ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाज़ मिचेल स्टार्क को प्लेयर ऑफ़ द मैच चुना गया.
दिल्ली के वायु प्रदूषण को रोकने के लिए बीजेपी सरकार क्या कर रही है पर्यावरण मंत्री ने बताया
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा है कि दिल्ली में साफ़-सफ़ाई का काम एमआरएस यानी रोड स्विपिंग मशीन से रात में हो रहा है
दिल्ली में हवा की क्वालिटी बहुत ख़राब है. शनिवार को एक्यूआई 400 के पार पहुंच गया.
दिल्ली सरकार के पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने बताया कि दिल्ली सरकार प्रदूषण को कंट्रोल करने के लिए साफ़–सफ़ाई का काम एमआरएस यानी रोड स्विपिंग मशीन से रात में करवा रही है.
उन्होंने न्यूज़ एजेंसी एएनआई से बात करते हुए बताया कि दिल्ली में जितना कंस्ट्रक्शन हो रहा है, उसे ग्रैप-3 में मॉनिटर किया जा रहा है. और अब तक 1200 से ज़्यादा साइट्स के इंस्पेक्शन्स हो चुके हैं, 200 से ज़्यादा कंस्ट्रक्शन साइट्स को नोटिस दिया जा चुका है, साथ ही 50 कंस्ट्रक्शन साइट्स को पूरी तरह बंद किया गया है.
उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार लगातार गाड़ियों और उनसे होने वाले प्रदूषण की मॉनिटरिंग कर रही है, दिल्ली बॉर्डर पर चौकसी बढ़ा दी गई है ताकि ज़्यादा प्रदूषण वाली गाड़ियां दिल्ली में दाख़िल न हों.
अभी तक बीबीसी संवाददाता दीपक मंडल आप तक इस लाइव ब्लॉग के ज़रिये ख़बरें पहुंचा रहे थे. अब बीबीसी संवाददाता अरशद मिसाल रात दस बजे तक आप तक ख़बरें पहुचाएंगें.
आप बीबीसी हिन्दी की वेबसाइट पर मौजूद अहम ख़बरों को उनके साथ दिए लिंक्स पर क्लिक कर विस्तार से पढ़ सकते हैं.
नाइजीरिया में बंदूकधारियों ने 200 से अधिक स्टूडेंट्स का किया अपहरण
इमेज कैप्शन, नाइजीरिया के इस स्कूल से बंदूकधारियों ने 200 से अधिक स्टूडेेंट्स का अपहरण कर लिया
शुक्रवार को मध्य नाइजीरिया में बंदूकधारियों ने एक कैथलिक स्कूल से 200 से अधिक स्टूडेंट्स का अपहरण कर लिया.
इस सप्ताह स्टूडेंट्स के सामूहिक अपहरण का ये दूसरा बड़ा मामला है.
ताज़ा हमले का निशाना नाइजर स्टेट के पापिरी में स्थित सेंट मैरी स्कूल था, जहां सुरक्षा ख़तरे बढ़ने की वजह से प्रशासन ने पहले ही कई बोर्डिंग स्कूल बंद करा दिए गए थे.
नाइजीरिया के क्रिश्चियन एसोसिएशन ने बताया कि शुक्रवार को तड़के किए गए इस हमले में 215 स्टूडेंट्स 12 स्टाफ सदस्यों को अगवा कर लिया गया.
पिछले कुछ दिनों में ऐसे स्कूलों पर नाइजीरिया के हथियारबंद समूहों के एक के बाद एक कई हमले हो चुके हैं.
सोमवार को भी नाइजर स्टेट के एक बोर्डिंग स्कूल से 20 से ज़्यादा स्कूली लड़कियों का अपहरण कर लिया गया था.
रूस-यूक्रेन युद्ध रुकवाने के लिए 'अमेरिकी प्लान' पर बात करेंगे यूक्रेन के सहयोगी देश
इमेज स्रोत, Reuters
रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध रुकवाने के लिए सामने आए अमेरिकी पीस प्लान पर यूक्रेन के सहयोगी देश बातचीत करेंगे.
दक्षिण अफ़्रीका में होने वाले जी 20 शिखर सम्मेलन में अमेरिका के पीस प्लान पर इनके बीच बात होगी.
ब्रिटेन के प्रधानमंत्री किएर स्टार्मर ने कहा कि यूक्रेन के सहयोगी देश अमेरिका की युद्ध समाप्त करने की कोशिश को और मजबूत बनाएंगे.
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर ज़ेलेंस्की ने कहा है कि अमेरिका की जिस योजना को मानने का दबाव डाला जा रहा है, उसकी वजह से यूक्रेन को इतिहास के सबसे कठिन पल से गुजरना पड़ रहा है.
शुक्रवार को ज़ेलेंस्की ने किएर स्टार्मर के अलावा फ़्रांस और जर्मनी के नेताओं से फोन पर बातचीत की.
मीडिया में लीक हुए इस पीस प्लान में यूक्रेन के लिए वही शर्तें रखी गई हैं, जिनसे वो इनकार कर चुका है.
28 बिंदुओं वाले इस प्लान में यूक्रेन के पूर्वी दोनेत्स्क क्षेत्र से पीछे हटने, अपने सैनिक कम करने और और नेटो में कभी शामिल न होने की गारंटी देने जैसी शर्तें शामिल हैं.
रूस ने यूक्रेन पर 2022 में पूरी तरह से आक्रमण कर दिया था. फ़िलहाल यूक्रेन की 20 फ़ीसदी इलाके कब्जा कर रखा है.
ममदानी से मुलाक़ात में ट्रंप ने किया भारत और पाकिस्तान का ज़िक्र
इमेज स्रोत, Getty Images
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने व्हाइट हाउस में न्यूयॉर्क सिटी के नव निर्वाचित मेयर ज़ोहरान ममदानी से मुलाक़ात के दौरान ये दावा फिर दोहराया कि उन्होंने भारत और पाकिस्तान के बीच सैन्य संघर्ष ख़त्म कराने में अहम भूमिका निभाई.
ममदानी शुक्रवार को अपनी पहली व्हाइट हाउस मीटिंग के लिए वॉशिंगटन डीसी पहुंचे थे.
ट्रंप ने इस मुलाक़ात को ‘बेहतरीन’ करार दिया है.
वहीं इस दौरान उन्होंने एक बार फिर दावा किया कि उन्होंने टैरिफ़ की चेतावनी देकर भारत और पाकिस्तान के बीच हुए सैन्य संघर्ष को रुकवाया था.
कश्मीर के पहलगाम में 22 अप्रैल को पर्यटकों पर चरमपंथी हमलों के बाद छह-सात मई की रात पाकिस्तान और पाकिस्तान प्रशासित कश्मीर में चरमपंथी कैंपों को भारतीय सेना ने निशाना बनाया था.
इस अभियान को 'ऑपरेशन सिंदूर' नाम दिया गया था. इसके बाद भारत और पाकिस्तान के बीच सैन्य संघर्ष हुआ.
10 मई को संघर्ष विराम पर सहमति की घोषणा के बाद संघर्ष रुका.
ट्रंप इससे पहले भी कई बार इस तरह का दावा कर चुके हैं. हालांकि भारत ने कहा है कि दुनिया के किसी भी नेता ने भारत को ऑपरेशन रोकने के लिए नहीं कहा.
एशेज सिरीज़: इंग्लैंड ने ऑस्ट्रेलिया पर इतने रनों की बढ़त बनाई
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, इंग्लैंड के बल्लेबाज ओली पोप लंच के बाद मैदान से बाहर जाते हुए
ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड की बेच खेली पर्थ में चल रहे एशेज सिरीज़ के पहले मैच की दूसरी पारी में इंग्लैंड के बेन डकेट और ओली पोप खेल रहे हैं.
दूसरी पारी में इंग्लैंड एक विकेट के नुक़सान पर लंच के समय 99 रनों की बढ़त हासिल कर चुका है.
शनिवार को इंग्लैंड ने ऑस्ट्रेलिया को उनकी पहली पारी में 132 रनों पर समेट दिया था, जिससे मेज़बान टीम दूसरे दिन 40 रनों से पीछे रह गई थी.
ऑस्ट्रेलिया ने 123-9 से अपनी पारी फिर शुरू की थी. पहले दिन 19 विकेट गिरे थे और इंग्लैंड 172 पर ऑल-आउट हुआ था.
ब्रायडन कार्स ने नैथन लायन का चार रन पर आउट किया. उनका कैच बेन डकेट ने पकड़ा.
बेन स्टोक्स इंग्लैंड के सबसे सफल गेंदबाज़ रहे. उन्हें 23 रन देकर पांच विकेट लिए.
अखिलेश यादव ने कहा- एसआईआर से विरोध नहीं लेकिन यूपी में इसका समय ठीक नहींं
इमेज स्रोत, Getty Images
समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश में चल रहे मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी एसआईआर अभियान पर सवाल उठाए हैं.
उन्होंने कहा, ''उत्तर प्रदेश में वोटर लिस्ट अच्छी बने ये सभी चाहते हैं लेकिन बीजेपी यहां एसआईआर के नाम पर खेल करना चाहती है. ये खेल हमें बिहार में को देखने को मिला. वहां आरजेडी उन सीटों पर भी हार गई जहां वो मजबूत स्थिति में थी.''
उन्होंने कहा, ''बिहार में एसआईआर में सबसे ज्यादा वोट कटे थे. वहां आरजेडी हार गई. इसलिए एसआईआर में समय मिलना चाहिए. चुनाव आयोग बीजेपी से मिला हुआ है. यूपी में शादियों का सीजन चल रहा और राज्य में एसआईआर की प्रक्रिया चल रही है.''
उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी का एसआईआर से विरोध नहीं है. लेकिन जिस तरह और जिस समय ये प्रक्रिया चल रही है उससे सवाल खड़ा होता है.
भारतीय चुनाव आयोग ने पिछले महीने के अंत में 12 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में मतदाता सूची (इलेक्टोरल रोल) के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी एसआईआर के दूसरे चरण की घोषणा की थी.
ऋषभ पंत की कप्तानी में दक्षिण अफ़्रीका से दूसरा टेस्ट मैच शुरू
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, शुभमन गिल की चोट की वजह से ऋषभ पंत दूसरे टेस्ट मैच की कप्तानी कर रहे हैं
भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच गुवाहाटी में दूसरे टेस्ट की शुरुआत हो चुकी है.
टीम इंडिया फिलहाल दो मैचों की इस टेस्ट सीरीज में 0-1 से पीछे है.
दक्षिण अफ्रीका के कप्तान बावुमा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फ़ैसला किया है.
कोलकाता में खेले गए सिरीज़ के पहले टेस्ट मैच में भारत को लो स्कोरिंग की वजह से 30 रन के करीबी अंतर से हारना पड़ा था. भारत की टीम अपनी चौथी पारी में 124 रन का लक्ष्य का पीछा नहीं कर पाई थी और हार गई थी. भारतीय टीम सिर्फ़ 93 रन बना पाई थी.
इस मैच के समय में भी बदलाव किया गया है. इस मैच में टी टाइम लंच से पहले होगा.
भारत: केएल राहुल, यशस्वी जयसवाल, साई सुदर्शन, ध्रुव जुरेल, ऋषभ पंत (विकेटकीपर/कप्तान), रवींद्र जडेजा, नीतीश कुमार रेड्डी, वॉशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज.
पाकिस्तान: फ़ैसलाबाद की एक फ़ैक्ट्री में विस्फोट में मरने वालों की संख्या 20 हुई
इमेज स्रोत, Getty Images
पाकिस्तान में पंजाब प्रांत के फ़ैसलाबाद शहर में एक कारखाने में हुए विस्फोट में मरने वालों की संख्या बढ़कर 20 हो गई है. ये जानकारी बचाव अभियान में जुटे अधिकारियों ने दी है.
इमरजेंसी सर्विस के प्रवक्ता फ़ारूक़ अहमद ने कहा है कि शुरुआती जांच से पता चलता है कि ये विस्फोट गैस रिसने के कारण हुआ.
उन्होंने बताया कि इलाके़ में मलिकपुर स्थित एक कारखाने में बॉयलर फट गया था, जिससे कई इमाारतों और आसपास के घरों की छतें गिर गईं. उन्होंने बताया कि कई लोगों को बचा लिया गया लेकिन गंभीर चोटों की वजह से अस्पताल में उनकी मौत हो गई.
ये फैक्ट्री मलिकपुर के शहाब टाउन में है. इसके पास एक स्टेडियम भी है. बचाव अधिकारियों के मुताबिक़, इस दुर्घटना में नौ घरों को नुक़सान पहुंचा है.