You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

परिसीमन के मुद्दे पर स्टालिन के पत्र का सिद्धारमैया ने क्या जवाब दिया?

कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम के स्टालिन से पूरी तरह सहमति जताई है कि नई जनसंख्या मानकों के आधार पर संसदीय और विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों का परिसीमन (डिलिमिटेशन) एक महत्वपूर्ण मुद्दा है.

सारांश

लाइव कवरेज

चंदन कुमार जजवाड़े और इफ़्तेख़ार अली

  1. परिसीमन के मुद्दे पर स्टालिन के पत्र का सिद्धारमैया ने क्या जवाब दिया?, इमरान कुरैशी, बीबीसी हिन्दी के लिए

    कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम के स्टालिन से पूरी तरह सहमति जताई है कि नई जनसंख्या मानकों के आधार पर संसदीय और विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों का परिसीमन (डिलिमिटेशन) एक महत्वपूर्ण मुद्दा है.

    स्टालिन के पत्र का जवाब देते हुए सिद्धारमैया ने कहा कि 22 मार्च को चेन्नई में गैर-भाजपा शासित राज्यों की बैठक में कर्नाटक का प्रतिनिधित्व उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार करेंगे.

    उन्होंने कहा कि स्टालिन के पत्र में "राज्यों की स्वायत्तता के महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए गए हैं, जिनका हमारी राजनीति को नियंत्रित करने वाले सिद्धांतों पर गंभीर प्रभाव पड़ता है. इन मुद्दों पर एक जैसे विचारधारा वाले राज्यों को विस्तार से चर्चा करनी चाहिए."

    स्टालिन ने सिद्धारमैया से दक्षिण में तमिलनाडु, केरल, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और कर्नाटक , पूर्व में पश्चिम बंगाल और ओडिशा और उत्तर में पंजाब को जॉइंट एक्शन कमिटी (जेएसी) में शामिल होने की सहमति मांगी थी.

    स्टालिन ने यह भी कहा था, "यह पल नेतृत्व और सहयोग की मांग करता है, जहां राजनीतिक मतभेदों से ऊपर उठकर सामूहिक भलाई के लिए खड़ा होना चाहिए."

    स्टालिन और सिद्धारमैया दोनों ही राष्ट्रीय शिक्षा नीति का विरोध कर रहे हैं. उनका कहना है कि इसे केंद्र द्वारा "जबरन थोपा" जा रहा है.

  2. दिल्ली के होटल में ब्रिटिश महिला से बलात्कार के आरोप में दो गिरफ़्तार

    दिल्ली के महिपालपुर इलाके़ के एक होटल में एक ब्रिटिश महिला के साथ बलात्कार के आरोप में दो लोगों को गिरफ़्तार किया गया है.

    न्यूज़ एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़ गुरुवार को पुलिस अधिकारियों ने इसकी जानकारी दी है. बीबीसी संवाददाता दिलनवाज़ पाशा ने भी एक पुलिस अधिकारी से इस ख़बर की पुष्टि की है.

    पुलिस ने दोनों ही व्यक्तियों को गिरफ़्तार कर लिया है और मंगलवार की रात ब्रिटिश उच्चायोग को इस घटना की जानकारी दे दी है.

    पीटीआई के मुताबिक़ ब्रिटिश महिला एक महीने पहले भारत आईं थी और गोवा जाने से पहले कुछ समय के लिए वह महाराष्ट्र में रही थी.

    एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि कथित तौर पर मंगलवार को वह 24 साल के कैलाश से मिलने दिल्ली आईं थी, जिसने हाल ही में इंस्टाग्राम पर उनसे दोस्ती की थी.

  3. प्रोफ़ेसर अपूर्वानंद ने दिल्ली विश्वविद्यालय के कुलपति को लिखा खुला पत्र, लगाया नियमों की अनदेखी का आरोप

    दिल्ली विश्वविद्यालय के हिंदी विभाग के प्रोफ़ेसर अपूर्वानंद ने दिल्ली विश्वविद्यालय के कुलपति योगेश सिंह को खुला पत्र लिखा है.

    उनका यह खुला पत्र न्यूज़ चैनल द वायर पर प्रकाशित है.

    उन्होंने इस पत्र में हिंदी विभागाध्यक्ष (एचओडी) की नियुक्ति को लेकर निराशा जताई है, साथ ही उन्होंने इस फै़सले का विरोध करते हुए कहा कि जो कुछ किया गया, वह वरिष्ठता के नियमों को पूरी तरह से अनदेखा करके किया गया है.

    उन्होंने कहा, "10 मार्च को शाम 6 बजे हमें बताया गया कि हमारे नए विभागाध्यक्ष ने कार्यभार संभाल लिया है, जो कि सही समय नहीं था."

    डॉक्टर सुधा सिंह ने विभागाध्यक्ष का पद संभाल लिया है.

    प्रोफ़ेसर अपूर्वानंद ने पत्र में लिखा, "विश्वविद्यालयों में वरिष्ठता का सिद्धांत एक परंपरा है जो वर्षों से अच्छे तरीके से काम कर रहा है. यह मनमाने निर्णयों को रोकता है और यह सुनिश्चित करता है कि अनुभव और पद के आधार पर सम्मान दिया जाए."

    साथ ही उन्होंने कहा कि मैं यह स्पष्ट कर देना चाहता हूं कि मुझे नियुक्त होने वाले व्यक्ति से कोई शिकायत नहीं है. वह पिछले 20 सालों से मेरी सहकर्मी रही हैं.

    दिल्ली विश्वविद्यालय की ओर से अभी तक इसे लेकर कोई भी टिप्पणी नहीं आई है.

  4. अमेरिका में सौतेली मां पर आरोप, 20 साल तक बेटे को बनाया बंदी

    अमेरिका के कनेक्टिकट में एक आदमी को कथित तौर पर 20 सालों तक उसकी सौतेली मां ने एक छोटे कमरे में बंद रखा था.

    अधिकारियों ने बताया कि जहां उस आदमी को रखा गया था, उस छोटे से कमरे में उन्होंने आग लगा दी.

    जब आग लगी तो अधिकारियों ने आग पर काबू पाया और वहां से 32 साल के एक दुर्बल व्यक्ति को बचाया. जब उन्हें बचाया गया तो उस समय कथित बंदी का वजन 30 किलोग्राम था.

    कनेक्टिकट के वॉटरबरी में पुलिस ने बताया कि व्यक्ति ने कबूल किया है कि उसने वर्षों तक "लंबे समय तक दुर्व्यवहार, भुखमरी और अमानवीय व्यवहार" सहने के बाद कमरे में आग लगाई थी.

    उनकी सौतेली मां पर उन्हें बंधक बनाकर रखने और भूखा रखने का आरोप है, साथ ही उन पर अपहरण और क्रूरता का आरोप भी लगाया गया है.

    हालांकि सौतेली मां ने उन पर लगे आरोपों से इनकार किया है.

    आग लगाने के कारण के बारे में उस कथित बंदी ने पुलिस को बताया कि वह अपनी आज़ादी चाहते थे.

  5. दिनभर- पूरा दिन, पूरी ख़बर: पुतिन कुर्स्क दौरे से क्या संदेश देना चाह रहे?

  6. ट्रंप की यूरोपीय संघ के देशों को 200 फ़ीसदी टैरिफ़ लगाने की धमकी

    अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने यूरोपीय संघ के देशों को धमकी दी है कि अगर वे अमेरिकी व्हिस्की पर लगने वाले 50 फ़ीसदी टैरिफ़ को नहीं हटाएंगे तो वह भी उनके देशों से आने वाली शराब पर 200 फ़ीसदी टैरिफ लगाएंगे.

    उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म ट्रुथ सोशल पर एक पोस्ट करते हुए कहा कि यह कदम अमेरिकी कंपनियों के लिए बहुत अच्छा होगा.

    ट्रंप ने पोस्ट में कहा, "अगर अमेरिकी व्हिस्की पर 50 फ़ीसदी टैरिफ़ को तुरंत नहीं हटाया गया, तो अमेरिकी टैरिफ़ फ्रांस और अन्य यूरोपीय संघ के प्रतिनिधित्व वाले देशों से आने वाली सभी वाइन, शैंपेन और मादक उत्पादों को निशाना बनाया जाएगा."

    उन्होंने कहा, "यह अमेरिका में वाइन और शैम्पेन व्यवसाय के लिए बहुत अच्छा होगा."

    ट्रंप पहले ही घोषणा कर चुके हैं कि वह कई देशों पर 2 अप्रैल से उतना ही टैरिफ़ लगाएंगे जितना उन देशों ने अमेरिकी सामानों पर लगाया है.

  7. यूक्रेन के साथ युद्धविराम के अमेरिकी प्रस्ताव को रूस के एक सहयोगी ने ठुकराया, कही ये बात

    रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के एक सहयोगी यूरी उशाकोव ने यूक्रेन के साथ 30 दिनों के तत्कालिक युद्धविराम प्रस्ताव को ख़ारिज कर दिया है.

    उनका कहना है कि यूक्रेन के लिए यह एक अस्थायी राहत के अलावा कुछ नहीं है.

    उन्होंने प्रस्ताव को अस्वीकार करते हुए कहा, " यह यूक्रेनी सेना के लिए एक अस्थायी राहत और उसे फिर से संगठित होने का मौका देने के अलावा और कुछ नहीं होगा."

    उशाकोव ने ये भी कहा कि रूस यूक्रेन में एक लंबे समय तक चलने वाला शांति समझौता चाहता है, जिसमें मास्को के हितों और चिंताओं को ध्यान में रखा जाए."

    साथ ही उन्होंने जानकारी दी कि रूस और अमेरिका के बीच शांत तरीके़ से बातचीत हो रही है.

    इससे पहले, सऊदी अरब में बातचीत के बाद यूक्रेन 30 दिनों के तत्कालिक युद्धविराम के अमेरिकी प्रस्ताव पर राज़ी हो गया है और ट्रंप अब इसके लिए रूस को राज़ी करने की कोशिश में लगे हैं.

  8. होली और जुमे को लेकर महबूबा मुफ़्ती ने सीएम योगी आदित्यनाथ को कैसे घेरा?

    होली और जुमे को लेकर पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी की नेता) की नेता महबूबा मुफ़्ती ने भारतीय जनता पार्टी और यूपी सरकार पर निशाना साधा है.

    उन्होंने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर माहौल ख़राब करने का आरोप लगाया है.

    पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा, “जैसे हिंदू और मुसलमान पहले मिलकर होली और ईद मनाते थे. कहीं न कहीं खासकर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री ने काफ़ी ज़्यादा माहौल ख़राब कर रखा है.”

    उन्होंने कहा, “एक बार पाकिस्तान में जिया-उल-हक साहब ने भी इस तरह का मजहबी माहौल खड़ा किया, जिससे अभी तक पाकिस्तान उनसे संभल नहीं पाता. इसी तरह भारत में लोग हिंदू-मुस्लिम का ज़हर बो रहे हैं.”

    पीडीपी की नेता ने कहा, “मैं अल्लाह ताला से दुआ करुंगी कि इन्हें अकल आ जाए और ये हिंदू-मुस्लिम को आपस में नहीं लड़ाए. आप अपनी होली खेलिए, उन्हें अपनी नमाज़ पढ़ने दीजिए.”

  9. रोहित शर्मा को लेकर बोले एबी डिविलियर्स- उनके पास संन्यास लेने का…

    दक्षिण अफ़्रीका के पूर्व क्रिकेटर एबी डिविलियर्स ने भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान रोहित शर्मा को लेकर कहा है कि रोहित के पास संन्यास लेने के लिए कोई भी कारण नहीं है.

    डिविलियर्स का मानना ​​है कि भारतीय कप्तान अब तक के महान वनडे कप्तानों में से एक बन सकते हैं.

    चैंपियंस ट्रॉफी के बाद रोहित के वनडे से संन्यास लेने की अटकलें लगाई जा रही थीं, लेकिन खिताब जीतने के बाद उन्होंने इन अटकलों पर विराम लगा दिया था.

    डिविलियर्स ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा, "दूसरे कप्तानों की तुलना में रोहित का जीत प्रतिशत देखें, यह लगभग 74 फ़ीसदी है, जो कि अतीत के किसी भी दूसरे भारतीय कप्तान की तुलना में काफ़ी ज़्यादा है."

    उन्होंने कहा, "रोहित शर्मा के पास संन्यास लेने का कोई कारण नहीं है. किसी भी आलोचना को सहने का कोई कारण नहीं है. उनका रिकॉर्ड खुद ही सब कुछ बयां करता है."

    "अगर हम पावरप्ले में उनके स्ट्राइक रेट को देखें तो यह एक ओपनिंग बल्लेबाज़ के लिए काफी कम था, लेकिन 2022 के बाद से उनका स्ट्राइक रेट पहले पावरप्ले में 115 हो गया है."

    डिविलियर्स ने कहा कि एक भारतीय फैंस होने के नाते आपको उन पर गर्व होना चाहिए.

  10. होली और जुमे को लेकर अबू आजमी की अपील-  ऐसा काम मत कीजिए जिससे लड़ाई बढ़े

    समाजवादी पार्टी के विधायक अबू आजमी ने होली और जुमे को लेकर लोगों से अपील करते हुए कहा कि त्योहार को राजनीति में लाने की ज़रूरत नहीं है.

    अबू आजमी ने सभी लोगों से मिलकर अपने-अपने त्योहार मनाने की अपील की है.

    उन्होंने कहा, “कल जिनका होली का त्योहार है उन भाइयों से निवेदन करूंगा कि जानबूझकर किसी पर रंग मत डालिए. नमाज़ घर में पढ़ी जा सकती है, लेकिन जुमे की नमाज़ मस्जिद में पढ़ना ज़रूरी है.”

    सपा विधायक ने कहा, “मैंने मुस्लिमों से भी कहा है कि अगर रंग पड़ भी जाता है तो कोई झगड़ा लड़ाई मत कीजिए.”

    “हम अपने हिंदू भाइयों से निवेदन करेंगे कि कोई ऐसा काम मत कीजिए जिससे लड़ाई झगड़ा बढ़े.”

    इससे पहले, होली और रमज़ान को लेकर संभल में हुई शांति समिति की बैठक के बाद सीओ अनुज चौधरी ने कहा था, "होली का रंग लग जाने से जिसका धर्म भ्रष्ट हो रहा है, वो उस दिन घर से ना निकले."

  11. परिसीमन के मुद्दे पर तमिलनाडु के मुख्यमंत्री का प्रतिनिधिमंडल पहुंचा तेलंगाना, सीएम रेवंत रेड्डी ने ये कहा

    तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम के स्टालिन का एक प्रतिनिधिमंडल तेलंगाना पहुंचा है. ये लोग परिसीमन के मुद्दे पर बुलाई गई मीटिंग के लिए तेलंगाना के सीएम रेवंत रेड्डी को आमंत्रित करने पहुंचे.

    तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने प्रतिनिधिमंडल से मिलने के बाद पत्रकारों से बातचीत में कहा, "बीजेपी-एनडीए के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार दक्षिण भारत के राज्यों के साथ साज़िश कर रही है. यह परिसीमन नहीं है, बल्कि दक्षिणी राज्यों को सीमित करना है. हम इसे किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं करेंगे."

    उन्होंने कहा, "बीजेपी दक्षिण भारत के लोगों के साथ अपना स्कोर सेट करने के लिए यह सब कर रही है क्योंकि यहां लोग कभी भी बीजेपी को आगे नहीं बढ़ने देते. बीजेपी बदले की कार्रवाई कर रही है. मैं इस मुद्दे पर तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन के साथ खड़ा हूं."

    रेवंत रेड्डी ने बताया है, "सीएम स्टालिन की बुलाई बैठक में शामिल होने के लिए मुझे अपनी पार्टी के शीर्ष नेतृत्व से अनुमति लेनी है. पर सैद्धांतिक तौर पर मैं स्टालिन की मांग से सहमत हूं."

    स्टालिन समेत दक्षिण भारत के कुछ राज्यों का कहना है कि अगर आबादी के आधार पर लोकसभा सीटों का परिसीमन किया जाता है तो इससे दक्षिण भारत के राज्यों को नुक़सान होगा.

    इन राज्यों का कहना है कि ज़रूरत के हिसाब से दक्षिण भारत के राज्यों ने आबादी को नियंत्रित करने के उपाय किए, लेकिन इससे उनका राजनीतिक नुक़सान हो सकता है. हालांकि केंद्र सरकार ने पहले भी ऐसे आरोपों को ग़लत बताया है.

  12. पुतिन का कुर्स्क दौरा, यूक्रेन के कब्ज़े से अपनी ज़मीन वापस लेने के बारे में ये कहा

    रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कुर्स्क क्षेत्र का दौरा किया है. रूस-यूक्रेन युद्ध शुरू होने के बाद इलाक़े का उनका यह पहला दौरा है.

    रूस के चीफ़ ऑफ़ जनरल स्टाफ़ ने कहा है कि इलाक़े की 1100 वर्ग किलोमीटर ज़मीन को यूक्रेन के कब्ज़े से छुड़ा लिया गया है.

    रूसी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक़ पुतिन ने अपने दौरे में अपनी सेना से कुर्स्क क्षेत्र को 'पूरी तरह आज़ाद' कराने को कहा है.

    रूस के कुर्स्क इलाक़े में अगस्त 2024 में यूक्रेन ने घुसपैठ की थी और काफ़ी बड़े क्षेत्र पर कब्ज़ा कर लिया था. उसके बाद रूस ने यहां से हज़ारों लोगों को निकाल लिया था.

    यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने कहा था कि कुर्स्क की लड़ाई ने एक बफ़र ज़ोन बना दिया है और इसने पूर्वी यूक्रेन में रूसी सेना की तैनाती को रोक दिया है.

    हाल के दिनों में ऐसी रिपोर्ट्स समाने आई है कि रूस कुर्स्क इलाक़े में अपनी ज़मीन को वापस हासिल कर रहा है.

    इस बीच ट्रंप के विशेष दूत युद्ध विराम पर बात करने के लिए थोड़ी ही देर में मॉस्को पहुंचने वाले हैं. हालांकि पुतिन की तरफ से अब तक अमेरिकी प्रस्ताव पर कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है.

    इससे पहले सऊदी अरब में बातचीत के बाद यूक्रेन 30 दिनों के तत्कालिक युद्धविराम के अमेरिकी प्रस्ताव पर राज़ी हो गया है और ट्रंप अब इसके लिए रूस को राज़ी करने की कोशिश में लगे हैं.

  13. अब दोपहर के दो बज चुके हैं. बीबीसी संवाददाता चंदन कुमार जजवाड़े को दीजिए इजाज़त. अब से रात दस बजे तक बीबीसी संवाददाता इफ़्तेख़ार अली आप तक अहम ख़बरें पहुंचाएंगे.

    फ़िलहाल, हमारे होम पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को आप नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करके पढ़ सकते हैं.

  14. दिल्ली में होली और दिवाली पर कब मिलेगा मुफ़्त सिलेंडर, बीजेपी ने बताया

    बीजेपी ने दिल्ली विधानसभा चुनाव में राज्य के ग़रीब परिवारों को होली और दिवाली पर एक-एक मुफ़्त सिलेंडर देने का वादा किया था.

    होली का त्योहार आते ही आम आदमी पार्टी अब इस मुद्दे पर बीजेपी को घेर रही है. आप कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को भी इस मुद्दे पर बीजेपी की दिल्ली सरकार के ख़िलाफ़ प्रदर्शन किया है.

    आप विधायक कुलदीप कुमार ने कहा, "मोदी जी, जेपी नड्डा जी और बीजेपी ने दिल्लीवालों को होली पर मुफ्त सिलेंडर देने की गारंटी दी थी. अब होली आ गई है और दिल्ली वाले मुफ्त सिलेंडर का इंतज़ार कर रहे हैं. मोदी जी ने पहले महिलाओं को 2500 देने का जुमला दिया और अब इनका फ़्री सिलेंडर का वादा भी जुमला साबित होने वाला है."

    बीजेपी ने आप के इन आरोपों का जवाब दिया है और दिल्ली बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा, "आतिशी और आप झूठ, अहंकार और टकराव की राजनीति करते हैं, इसीलिए दिल्ली की जनता ने इन्हें बाहर का रास्ता दिखा दिया है."

    "अब इन्हें सिलेंडर की चिंता हो रही है. मैं इन्हें बताना चाहता हूं कि बीजेपी ने संकल्प पत्र में जो लिखा था वो हमारी प्रतिबद्धता है और हम उसे पूरा करेंगे. लेकिन हर काम को नियमानुसार करने के लिए कुछ प्रशासनिक अनुमति की जरूरत होती है. बजट का प्रावधान करना पड़ता है. वो सिर्फ टकराव की राजनीति करना चाहते हैं."

  15. तृणमूल कांग्रेस के मुस्लिम विधायकों ने बीजेपी नेता शुभेंदु अधिकारी से की माफ़ी की मांग, सलमान रावी, बीबीसी संवाददाता, कोलकाता

    पश्चिम बंगाल की विधानसभा में तृणमूल कांग्रेस के मुस्लिम विधायकों ने नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी को 'माफ़ी मांगने के लिए' 72 घंटों का समय दिया है.

    अधिकारी, विधानसभा परिसर के अंदर अपने दल यानी बीजेपी के विधायकों के साथ प्रदर्शन कर रहे थे. इस दौरान संवाददाताओं से बात करते हुए उन्होंने कहा था "अगर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनती है तो सभी मुस्लिम विधायकों को सदन से बाहर उठाकर फ़ेंक दिया जाएगा."

    पश्चिम बंगाल विधानसभा का सत्र चल रहा है और प्रदेश में अगले साल विधानसभा के चुनाव होने वाले हैं.

    विधानसभा सत्र के दौरान सदन के अंदर राज्य के प्रमुख विपक्षी दल बीजेपी ने कई मुद्दों के लेकर सदन में हंगामा किया, जिसके बाद शुभेंदु अधिकारी सहित बीजेपी के चार विधायकों को निलंबित कर दिया गया था.

    मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भी अधिकारी के बयान की आलोचना की और कहा, "मैं हिन्दू हूँ और इसके लिए मुझे भाजपा से प्रमाण पत्र लेने की ज़रुरत नहीं है. मुझे हिन्दू धर्म की रक्षा करने का अधिकार है. लेकिन वह आपके तरीक़े से नहीं होगा."

    पश्चिम बंगाल विधानसभा में मुस्लिम विधायकों की संख्या 44 है. वहीं सदन के बाहर मौजूद पत्रकारों से बात करते हुए तृणमूल कांग्रेस के विधायक हुमायूं कबीर ने शुभेंदु अधिकारी से अपने बयान पर माफ़ी मांगने की मांग की है.

    उन्होंने कहा है कि मुस्लिम विधायक अधिकारी को इसके लिए ''72 घंटों का समय दे रहे हैं. ''

    बुधवार को सदन में चर्चा के दौरान ममता बनर्जी ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा, "आपके आयातित हिन्दू धर्म को हमारे प्राचीन वेदों और संतों का समर्थन नहीं है. आप नागरिक के तौर पर मुस्लिमों के अधिकार को कैसे नकार सकते हैं ? ये फर्जीवाड़ा नहीं है तो फिर और क्या है?"

  16. एलन मस्क की कंपनी स्टारलिंक के एयरटेल और जियो से क़रार पर कांग्रेस ने उठाए सवाल

    एलन मस्क की सैटेलाइट के ज़रिए इंटरनेट मुहैया करवाने वाली कंपनी स्टारलिंक के साथ दो भारतीय कंपनियों के करार पर कांग्रेस ने सवाल उठाए हैं.

    कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा है, "मात्र बारह घंटों के भीतर एयरटेल और जियो ने स्टारलिंक के साथ साझेदारी की घोषणा कर दी है, ऐसा लगता है कि भारत में स्टारलिंक के प्रवेश पर उनकी सभी आपत्तियाँ दूर हो गई हैं, जिसके बारे में वे काफ़ी समय से आवाज़ उठा रहे थे."

    "यह पूरी तरह से स्पष्ट है कि इन साझेदारियों को किसी और ने नहीं बल्कि खुद प्रधानमंत्री ने स्टारलिंक के मालिक एलन मस्क के माध्यम से राष्ट्रपति ट्रंप के साथ अच्छे संबंध हासिल के लिए तैयार किया है."

    जयराम रमेश ने लिखा है, "लेकिन कई सवाल बने हुए हैं. शायद इसका सबसे महत्वपूर्ण सवाल राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ा हुआ है. राष्ट्रीय सुरक्षा की ज़रूरत होने पर कनेक्टिविटी को जारी रखना या बंद करने का अधिकार किसके पास होगा? क्या यह स्टारलिंक होगा या इसके भारतीय साझेदार होंगे?"

    जयराम रमेश ने पूछा है, "क्या भारत में अन्य उपग्रह-आधारित इंटरनेट सेवाओं को भी अनुमति दी जाएगी और अगर दी जाएगी तो किस आधार पर? ज़ाहिर है, भारत में टेस्ला के निर्माण का बहुत बड़ा सवाल बना हुआ है. क्या अब इसके लिए कोई प्रतिबद्धता दी गई है, क्योंकि स्टारलिंक को भारत में आने की सुविधा मिल गई है?"

    मंगलवार को एयरटेल और बुधवार को जियो ने अमेरिकी अरबपति कारोबारी एलन मस्क की कंपनी स्पेसएक्स के साथ स्टारलिंक हाई स्पीड इंटरनेट के लिए समझौता किया है.

    स्टारलिंक एक सैटेलाइट ब्रॉडबैंड इंटरनेट सेवा है जो सैटेलाइट कवरेज के अंदर कहीं भी इंटरनेट की सुविधा प्रदान कर सकती है.

    इस ख़ासियत की वजह से दूरदराज या ग्रामीण इलाक़ों में इंटरनेट पहुंच के लिए ये एक बेहतर विकल्प है, जहां पारंपरिक तौर पर इंटरनेट सेवा उपलब्ध नहीं हो पाती है.

  17. बिहार : अररिया में स्थानीय लोगों के साथ धक्का मुक्की में एएसआई की मौत, अभियुक्त को पकड़ने गई थी पुलिस, सीटू तिवारी, बीबीसी संवाददाता, पटना

    बिहार के अररिया में बुधवार को एक अभियुक्त को पकड़ने गई पुलिस के साथ स्थानीय लोगों की धक्का-मुक्की हो गई, जिसमें एक असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर की गिरने से मौत हो गई. असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर का नाम राजीव रंजन मल्ल है.

    राजीव रंजन मल्ल अररिया के फुलकाहा थाना में एएसआई के पद पर थे. फुलकाहा थाने को बुधवार रात लक्ष्मीपुर नाम के गांव में एक अभियुक्त के होने की सूचना मिली थी. जिसके बाद फुलकाहा थाने की पूरी टीम ने देर रात गांव में छापेमारी की.

    इस दौरान ग्रामीणों ने उनके साथ धक्का मुक्की की, जिसमें वो गंभीर रूप से घायल हो गए.

    अररिया के एसपी अंजनी कुमार ने बीबीसी से इस घटना की पुष्टि की है.

    उन्होंने बताया, "फुलकाहा थाना के एएसआई राजीव रंजन मल्ल नारकोटिक्स और आर्म्स एक्ट के तहत एक अभियुक्त को पकड़ने गए थे. उनके साथ फुलकाहा थाने की पूरी टीम थी. अभियुक्त को पकड़ने के बाद ग्रामीणों ने एएसआई के साथ धक्का-मुक्की कर उनको छुड़ाने की कोशिश की."

    अंजनी कुमार ने बताया, "इस बीच राजीव रंजन गिर गए, उन्हें इलाज के लिए अस्पताल लाया गया, जहां उनकी मृत्यु हो गई. शव का पोस्टमार्टम किया जा रहा है. जिसके बाद की मौत की वजह का पता चल पाएगा.”

    उन्होंने बताया कि धक्का-मुक्की के दौरान अभियुक्त भागने में सफल रहा.

  18. होली के दिन छत्तीसगढ़ में नमाज़ का समय बदलने का आदेश, सियासत हुई तेज़, आलोक पुतुल रायपुर से बीबीसी हिंदी के लिए

    छत्तीसगढ़ वक़्फ़ बोर्ड ने होली के दिन मस्जिदों में होने वाली दोपहर की नमाज़ का वक़्त बदलने का आदेश जारी किया है.

    इस आदेश में ज़ुहर की नमाज़ दोपहर 1 से 2 बजे के बजाय 2 से 3 बजे के बीच अदा करने के लिए कहा गया है.

    इधर वक़्फ़ बोर्ड के इस आदेश को लेकर कांग्रेस पार्टी ने कहा है कि यह मुस्लिम समाज पर थोपा गया फ़ैसला है. अगर ऐसा कोई फ़ैसला लेना भी था तो पहले समाज की बैठक बुला कर इस बारे में बातचीत करनी चाहिए थी.

    छत्तीसगढ़ वक़्फ़ बोर्ड के चेयरमैन सलीम राज ने कहा, "एक तरफ़ होली का पवित्र त्योहार है, दूसरी तरफ़ रमज़ान का पाक महीना चल रहा है और फिर जुमे की नमाज़ का दिन है. ऐसे में कोई टकराव न हो, इसलिए हमने यह आदेश जारी किया है."

    उन्होंने कहा, "आम तौर पर होली का त्योहार दोपहर एक बजे तक मनाया जाता है. ऐसे में कोई अप्रिय स्थिति न पैदा हो, माहौल ख़राब न हो, दंगा न भड़क जाए, इसलिए हमने नमाज़ का समय बदलने का आदेश जारी किया है."

    सलीम राज ने कहा, "अगर इस आदेश का पालन नहीं किया जाएगा तो संबंधित मस्जिद के मुतवल्ली के ख़िलाफ़ दंगा भड़काने और अशांति फैलाने की कार्रवाई की जाएगी."

    छत्तीसगढ़ में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने के बाद वक़्फ़ बोर्ड के अध्यक्ष बनाए गए सलीम राज ने, पिछले साल नवंबर में मस्जिदों में होने वाली तकरीर को लेकर भी एक आदेश जारी किया था.

    इस आदेश में कहा गया था कि जुमे की नमाज़ के बाद होने वाली तकरीर के दौरान जो भी बयान दिए जाने हैं, पहले वक़्फ़ बोर्ड से उसकी मंजूरी ली जाए.

    अब उनके ताज़ा आदेश को लेकर कांग्रेस पार्टी ने कहा है कि सलीम राज संविधान के दायरे से बाहर जा कर काम कर रहे हैं.

    कांग्रेस पार्टी के प्रवक्ता सुशील आनंद शुक्ला ने बीबीसी से कहा, "ऐसा कई बार हुआ है, जब रमजान के महीने में होली का त्योहार पड़ा है. भाजपा के सलीम राज जैसे लोगों को छोड़ दिया जाए, तो हर हिंदु और मुसलमान एक दूसरे के त्योहार का सम्मान करते रहे हैं. कोई अप्रिय स्थिति कभी नहीं बनी. भाजपा के साथ संकट ये है कि ये पहले खुद विद्वेष की स्थितियां बनाती है और फिर उस पर राजनीति करती है."

    उनका कहना है कि सलीम राज धर्म गुरु नहीं हैं, उन्हें इस तरह का फ़ैसला नहीं थोपना चाहिए, वक़्फ़ बोर्ड का यह काम भी नहीं है.

    उन्होंने कहा, "साप्ताहिक नमाज़ का एक समय तय है. लेकिन अगर ऐसा कोई फ़ैसला करना भी था तो पहले समाज के लोगों के साथ चर्चा करनी थी. लेकिन सिर्फ़ दलीय चाटुकारिता में यह निर्णय थोपा जा रहा है."

  19. अंतरिक्ष यात्री सुनीता विलियम्स और बैरी बुच विल्मोर की वापसी का मिशन टला, जानिए वजह

    अंतरिक्ष यात्री सुनीता विलियम्स और बैरी बुच विल्मोर की अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन से वापसी टल गई है. इनकी वापसी का मिशन नासा और स्पेसएक्स मिलकर चला रहे हैं.

    इन अंतरिक्ष यात्रियों की वापसी के लिए फ़ाल्कन-9 को अमेरिका के फ़्लोरिडा से लॉन्च किया जाना था, लेकिन इसमें कुछ हाइड्रोलिक समस्या पैदा हो गई है, जिसकी वजह से बुधवार को इसकी लॉनंचिंग टालनी पड़ी है.

    स्पेसएक्स ने अभी यह नहीं बताया है कि इसके मशीन में पैदा हुई समस्या कब तक ठीक कर ली जाएगी.

    इसे चार नए अंतरिक्ष यात्रियों के साथ अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन जाना है और वहां से सुनीता विलियम्स और बैरी बुच विल्मोर को वापस लाना है.

    दोनों यात्रियों ने 5 जून 2024 को इस परीक्षण मिशन के लिए स्टारलाइनर अंतरिक्षयान से उड़ान भरी थी. उन्हें आठ दिन के बाद वापस लौटना था.

    स्टारलाइनर अंतरिक्षयान जब आईएसएस के क़रीब पहुंचा तो उसमें समस्याएं पैदा हो गईं. दिक्कतों में यान को दिशा देने वाले पांच थ्रस्टर्स का बंद होना बताया गया है.

    61 साल के विल्मोर और 58 साल की सुनीता को बोइंग स्टारलाइनर अंतरिक्ष यान ने अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन तक पहुँचाया था. यह अपनी तरह की पहली उड़ान थी जिसमें लोग सवार थे.

    अंतरिक्ष यात्री सुनीता विलियम्स और बैरी बुच विल्मोर की वापसी 19 और 20 मार्च को होने की संभावना थी, लेकिन मिशन को आगे बढ़ाने के बाद यह तारीख़ भी बदल सकती है.

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अं​तरिक्ष यात्रियों को वापस लाने की ज़िम्मेदारी एलन मस्क को सौंपी है.

  20. रूस-यूक्रेन युद्धविराम के लिए रूस के साथ अमेरिका कैसे करेगा बातचीत, ट्रंप ने ये बताया

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बताया है कि यूक्रेन में युद्धविराम पर बातचीत करने अमेरिका का एक दल रूस रवाना हुआ है. हालांकि उन्होंने यह नहीं बताया है कि इस टीम में कौन से लोग शामिल हैं.

    यह ख़बर ऐसे वक़्त में सामने आई है जब सउदी अरब में अमेरिकी अधिकारियों से बातचीत के बाद यूक्रेन 30 दिनों के तत्कालिक युद्धविराम के अमेरिकी प्रस्ताव पर राज़ी हो गया है.

    यूक्रेन की इस रज़ामंदी के बाद अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने कहा था कि 'गेंद अब रूस के पाले में' है.

    सऊदी अरब के जेद्दा में बैठक के बाद यूक्रेन के राष्ट्रपति ज़ेलेंस्की ने कहा था कि अब यह अमेरिका पर निर्भर है कि वो रूस को इस मुद्दे पर कैसे तैयार करे.

    इस बीच रूसी राष्ट्रपति कार्यालय ने कहा है कि वो इस युद्धविराम प्रस्ताव का अध्ययन कर रहा है और उसने यह भी बताया है कि ट्रंप और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच फ़ोन पर बातचीत भी हो सकती है.