अमेरिका में शटडाउन का दूसरा दिन, ट्रंप ने डेमोक्रेटिक पार्टी पर साधा निशाना

राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि वो यह देख रहे हैं कि किन 'डेमोक्रेट एजेंसियों' को ख़त्म किया जा सकता है.

सारांश

लाइव कवरेज

आनंद मणि त्रिपाठी, चंदन कुमार जजवाड़े

  1. 'सोशलिस्ट संत' डॉ. जीजी पारिख का निधन

    डॉ. जीजी पारिख

    इमेज स्रोत, Kalpak Pathak./Hindustan Times via Getty Images

    इमेज कैप्शन, डॉ. जीजी पारिख (दांए)

    "सोशलिस्ट संत" के नाम से मशहूर डॉ. जीजी पारिख का गुरुवार सुबह लगभग 5:45 बजे निधन हो गया.

    तुषार गांधी और फ़िरोज़ मिथिबोरवाला ने जानकारी दी कि उन्होंने दिसंबर 2024 में 100 वर्ष की आयु पूरी की थी.

    दोनों ने एक विज्ञप्ति में लिखा, "आज हमने एक महान आत्मा को खो दिया. 'सोशलिस्ट संत' हमें महात्मा गांधी की जयंती के दिन छोड़कर चले गए, जिन्हें वे पूजते थे, जिनके मूल्यों को उन्होंने आत्मसात किया और जिनके अनुरूप जीने का प्रयास किया."

    "हमें यह दुखद समाचार संविधान सत्याग्रह पदयात्रा के दौरान मिला, जिसे हमने उनके आशीर्वाद से आयोजित किया था. उनके निधन ने हमें स्तब्ध कर दिया है. जीजी पारिख के जीवन से हमें हमेशा प्रेरणा, ज्ञान और विवेक मिला. अंतिम वर्षों में हम अक्सर उनका आशीर्वाद लेते और उनके चरण स्पर्श करते थे."

    "हम सब शोकाकुल हैं लेकिन डॉ. जीजी पारिख के साहस और संघर्ष के मार्ग से शक्ति पाते हैं. वे स्वतंत्रता सेनानियों की अंतिम पीढ़ी में से एक थे और उनकी विरासत उनके कामों, भाषणों, लेखन और उनकी आत्मा के ज़रिए जीवित रहेगी, जो कठिन समय में हमें मार्गदर्शन देती रहेगी."

  2. पर्यावरण कार्यकर्ता और प्राइमेटोलॉजिस्ट जेन गुडॉल का निधन

    डेम जेन गुडॉल

    इमेज स्रोत, Getty Images

    प्रसिद्ध प्राइमेटोलॉजिस्ट और पर्यावरण कार्यकर्ता डेम जेन गुडॉल का 91 साल की उम्र में निधन हो गया है.

    वो अमेरिका में चल रहे एक कार्यक्रम में भाषण के दौरान चल बसीं.

    उनकी मौत की खबर के बाद कई जानी-मानी हस्तियों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी.

    अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा ने कहा कि जेन गुडॉल ने विज्ञान में महिलाओं के लिए नए रास्ते खोले.

    वहीं हॉलीवुड एक्टर लियोनार्डो डिकैप्रियो ने उन्हें “पृथ्वी की सच्ची नायिका” बताया और कहा कि उनकी ज़िंदगी लोगों को करने, चाहने और उम्मीद रखने की प्रेरणा देती है.

    उनकी संस्था जेन गुडॉल इंस्टीट्यूट ने भी कहा कि उनके अनुसंधानों ने विज्ञान की दिशा बदल दी और वे जीवन भर प्रकृति और संरक्षण की समर्थक रहीं.

  3. भारत के ख़िलाफ़ वेस्टइंडीज ने टॉस जीतकर चुनी बल्लेबाज़ी

    भारत-वेस्टइंडीज

    इमेज स्रोत, R.SATISH BABU/AFP via Getty Images

    भारत-वेस्टइंडीज के बीच दो मैचों की टेस्ट सिरीज़ का पहला मुक़ाबला 2 अक्तूबर से अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में शुरू हो गया है.

    वेस्टइंडीज ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी करने का फ़ैसला किया है.

    बतौर टेस्ट कप्तान शुभमन गिल पहली बार भारत में मैच खेल रहे हैं.

    इस मुकाबले के लिए भारतीय टीम की प्लेइंग-11 में कुलदीप यादव को शामिल किया गया है. वह इंग्लैंड दौरे पर पांचों मैचों में प्लेइंग-11 से बाहर रहे थे.

    इस बार प्रसिद्ध कृष्णा, देवदत्त पडिक्कल, एन. जगदीशन और अक्षर पटेल को प्लेइंग-11 में जगह नहीं मिली है.

    वेस्टइंडीज की प्लेइंग-11 की बात करें तो टीम में पूर्व क्रिकेटर शिवनारायण चंद्रपॉल के बेटे तेजनारायण को शामिल किया गया है.

  4. शास्त्रीय गायक छन्नूलाल मिश्र का निधन, पीएम मोदी ने जताया शोक

    पद्म भूषण छन्नूलाल मिश्र

    मशहूर शास्त्रीय गायक पद्मविभूषण छन्नूलाल मिश्र का गुरुवार को निधन हो गया. वे 89 वर्ष के थे.

    उनकी बेटी नर्मदा मिश्र ने समाचार एजेंसी पीटीआई को बताया कि गुरुवार सुबह करीब 4 बजे मिर्ज़ापुर स्थित घर पर उन्होंने अंतिम सांस ली.

    परिवार के अनुसार, पंडित मिश्र का अंतिम संस्कार वाराणसी में शाम 5 बजे किया जाएगा.

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने श्रद्धांजलि देते हुए एक्स पर लिखा है, "सुप्रसिद्ध शास्त्रीय गायक पंडित छन्नूलाल मिश्र जी के निधन से अत्यंत दुख हुआ है. वे जीवनपर्यंत भारतीय कला और संस्कृति की समृद्धि के लिए समर्पित रहे."

    "उन्होंने शास्त्रीय संगीत को जन-जन तक पहुंचाने के साथ ही भारतीय परंपरा को विश्व पटल पर प्रतिष्ठित करने में भी अपना अमूल्य योगदान दिया. यह मेरा सौभाग्य है कि मुझे सदैव उनका स्नेह और आशीर्वाद प्राप्त होता रहा."

    उन्होंने यह भी लिखा, "साल 2014 में वे वाराणसी सीट से मेरे प्रस्तावक भी रहे थे. शोक की इस घड़ी में मैं उनके परिजनों और प्रशंसकों के प्रति अपनी गहरी संवेदना प्रकट करता हूं. ओम शांति!"

  5. एलन मस्क की नेटवर्थ 500 अरब डॉलर पार, बने दुनिया के पहले शख़्स

    एलन मस्क

    इमेज स्रोत, Getty Images

    टेस्ला के मालिक एलन मस्क की नेटवर्थ 500 अरब डॉलर के पार हो गई है.

    फ़ोर्ब्स इंडेक्स के मुताबिक़, बुधवार को उनकी नेटवर्थ कुछ समय के लिए 500.1 अरब डॉलर रही, फिर घटकर 499 अरब से ऊपर रही. टेस्ला, एक्सएआई और स्पेसएक्स के शेयरों की बढ़ती कीमतों ने उन्हें यह मुकाम दिलाया.

    ओरेकल के लैरी एलिसन 350.7 अरब डॉलर के साथ दूसरे नंबर पर हैं.

    मस्क की दौलत टेस्ला में उनकी 12 प्रतिशत हिस्सेदारी से आती है. टेस्ला के शेयर बुधवार को 3.3 प्रतिशत बढ़े. इस साल अब तक ये 14 प्रतिशत चढ़ चुके हैं.

    मस्क ने पिछले महीने करीब 1 अरब डॉलर के टेस्ला के शेयर ख़रीदे थे. विश्लेषक इसे कंपनी पर उनके भरोसे का संकेत मानते हैं.

    इसके बावजूद, टेस्ला के सामने चुनौतियां कम नहीं हैं. वैश्विक इलेक्ट्रिक वाहन बाज़ार में प्रतिस्पर्धा तेज़ हो रही है और चीन की बीवाईडी जैसी कंपनियां टेस्ला को कड़ी टक्कर दे रही हैं.

  6. ग़ज़ा जा रही नौकाओं को इसराइली नौसेना ने रोका, ग्रेटा थनबर्ग सहित कई हिरासत में

    एक वीडियो के दृश्य में दो लोग

    इमेज स्रोत, Israeli foreign ministry

    इमेज कैप्शन, इसराइली विदेश मंत्रालय ने स्वीडिश कार्यकर्ता ग्रेटा थनबर्ग को एक नाव से हिरासत में लिए जाने का फ़ुटेज जारी किया है.

    इसराइली नौसेना ने ग़ज़ा के लिए सहायता सामग्री लेकर जा रही नौकाओं को रोककर उनमें सवार पर्यावरण कार्यकर्ता ग्रेटा थनबर्ग सहित अन्य कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया.

    इसराइल के विदेश मंत्रालय ने बताया कि इन नौकाओं को "सुरक्षित रूप से रोका गया" और इनमें सवार लोगों को इसराइल के एक बंदरगाह पर ले जाया जा रहा है.

    इसराइल का कहना है कि नौकाओं को अपना रास्ता बदलने के लिए कहा गया था, क्योंकि वे 'युद्ध क्षेत्र के पास' जा रहे थे.

    वहीं, ग्लोबल सुमुद फ्लोटिला (जीएसएफ़) ने इस कार्रवाई को "ग़ैरक़ानूनी" करार देते हुए कहा कि यह "रक्षा नहीं, बल्कि हताशा" को दर्शाता है.

    जीएसएफ़ ने आरोप लगाया है कि ग़ज़ा की ओर जा रही उनकी एक नाव को इसराइली नौसेना ने जानबूझकर टक्कर मारी और कुछ नौकाओं पर पानी की बौछार की गई.

    संगठन का कहना है कि यह दिखाता है कि ग़ज़ा की नाकेबंदी बनाए रखने के लिए इसराइल "किसी भी हद तक जा सकता है".

    इसराइल ने आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि फ़्लोटिला को पहले ही चेतावनी दी गई थी कि वह "क़ानूनी नौसैनिक नाकेबंदी" का उल्लंघन कर रहा है.

    हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं है कि नौकाएं वास्तव में प्रतिबंधित क्षेत्र में दाख़िल हुई थीं या नहीं.

  7. तालिबान ब्लैकआउट के बाद इंटरनेट सेवाएं बहाल, अफ़ग़ान नागरिकों ने मनाई खुशी

    फ़ोन देखते हुए एक अफ़ग़ान व्यक्ति

    इमेज स्रोत, EPA

    इमेज कैप्शन, अफ़ग़ानिस्तान के शहर स्पिन बोलदक में इंटरनेट लौटने के बाद बुधवार को अपना फ़ोन देखते हुए एक अफ़ग़ान व्यक्ति

    तालिबान सरकार ने दो दिन बाद अफ़ग़ानिस्तान में इंटरनेट और फ़ोन सेवाएं बहाल कर दी हैं. इसके बाद कई इलाकों में लोग सड़कों पर जश्न मनाते दिखाई दिए.

    स्थानीय पत्रकारों के अनुसार, सेवाएं धीरे-धीरे बहाल हो रही हैं. इंटरनेट मॉनिटरिंग ग्रुप नेटब्लॉक्स ने कहा कि अभी केवल "आंशिक बहाली" हुई है.

    बीबीसी को तालिबान सरकार के एक सूत्र ने बताया कि इंटरनेट प्रधानमंत्री के आदेश पर वापस चालू किया गया है. इंटरनेट सेवाओं की 48 घंटे की बंदी से कारोबार, उड़ानें और आपातकालीन सेवाएं ठप हो गईं थीं.

    इसके साथ ही, तालिबान सरकार के इस फ़ैसले से महिलाओं और लड़कियों के और अधिक अलग-थलग पड़ने का डर भी पैदा हो गया था.

    साल 2021 में सत्ता में लौटी तालिबान सरकार ने महिलाओं और लड़कियों के लिए कई कड़े नियम बनाए हैं.

  8. नमस्कार!

    बीबीसी हिंदी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता आनंद मणि त्रिपाठी अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें. हमारे होम पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.