तेलंगानाः एसएलबीसी सुरंग में फंसे लोगों के बारे में सीएम रेड्डी ने क्या बताया?

तेलंगाना में 22 फ़रवरी को श्रीशैलम लेफ्ट बैंक कनाल की छत का एक हिस्सा गिर गया था. इस दुर्घटना में आठ लोग फंस गए थे. इन लोगों की लोकेशन को लेकर राज्य के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी का बयान आया है.

सारांश

  • आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफ़ी 2025 के तहत रविवार को दुबई में भारत और न्यूज़ीलैंड के बीच मैच खेला गया. इसमें भारत ने न्यूज़ीलैंड को 44 रनों से हरा दिया.
  • भारत के उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने हिंदी भाषा को लेकर चल रहे विवाद के बीच आईआईटी हैदराबाद में कहा कि हमें हर भाषा का पोषण करना है.
  • असम के मुख्यमंत्री सरमा ने हिंदू धर्म और औरंगजेब पर टिप्पणी की. टीएमसी नेता कुणाल घोण ने कहा कि सीएम सरमा बकवास कर रहे हैं.
  • मुंबई की विशेष अदालत ने एंटी करप्शन ब्यूरो को सेबी की पूर्व प्रमुख माधवी पुरी बुच के ख़िलाफ़ एफ़आईआर दर्ज़ करने का आदेश दिया है.

लाइव कवरेज

इफ़्तेख़ार अली और हिमांशु दुबे

  1. उत्तराखंड: चमोली डीएम ने बताया- 55 नहीं, 54 लोग ग्लेशियर के टूटने से फंसे थे

    उत्तराखंड में हिमस्खलन

    इमेज स्रोत, @DIPR_UK

    इमेज कैप्शन, बचाए गए लोगों में से चार की मौत हो चुकी है

    उत्तराखंड के चमोली में ग्लेशियर के टूटने के बाद बर्फ़ में फंसे 54 में से 50 लोगों को बाहर निकाल लिया गया है. यह जानकारी चमोली के ज़िला मजिस्ट्रेट संदीप तिवारी ने दी है.

    इन आंकड़ों से पहले बताया जा रहा था कि बर्फ़ में 55 लोग फंसे हैं. लेकिन एक कर्मचारी अनाधिकृत छुट्टी पर होने की बात सामने आने के बाद यह आंकड़ा 54 हो गया है.

    चमोली के ज़िला मजिस्ट्रेट संदीप तिवारी ने बताया कि 'कल डॉक्टरों ने 4 लोगों की मौत की पुष्टि की है. पहले कुल संख्या 55 थी, लेकिन अब हमें जानकारी मिली है कि एक कर्मचारी अनाधिकृत छुट्टी पर था और वह घर पर है.'

    डीएम ने कहा, "जिसके बाद कुल संख्या घटकर 54 हो गई है, जिनमें से 4 लोग अभी भी लापता हैं."

    इस पर राज्य आपदा प्रबंधन सचिव विनोद कुमार सुमन ने जानकारी देते हुए कहा, "बचाव अभियान में लगे सभी कर्मी लगन से काम कर रहे हैं. फंसे हुए 55 लोगों में से 51 का पता लगा लिया गया है, चार अभी भी लापता हैं. "

  2. हरियाणा में बस स्टैंड पर एक युवती का शव मिला, कांग्रेस ने बताया पार्टी कार्यकर्ता

    हरियाणा में सूटकेस में मिला महिला का शव

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, सांपला थाना प्रभारी बिजेंद्र सिंह ने बताया है कि शव की पहचान कर ली गई है

    हरियाणा के रोहतक में शनिवार की सुबह सांपला बस स्टैंड के पास एक युवती का शव मिला, जिसे लेकर कांग्रेस पार्टी ने दावा किया है कि वो उनकी कार्यकर्ता थीं.

    हालांकि पुलिस का कहना है कि उन्हें इस मामले में राजनीति नहीं दिख रही है.

    सांपला थाना प्रभारी बिजेंद्र सिंह ने न्यूज़ एजेंसी एएनआई से कहा, "हमें कल सुबह सूचना मिली कि बस स्टैंड के पास एक सूटकेस में एक लड़की का शव मिला है."

    पुलिस ने बताया कि लड़की की पहचान कर ली गई है और मामला दर्ज कर लिया गया है, हमारी चार टीमें इस पर काम कर रही हैं, हम जल्द ही इस केस को सुलझा लेंगे.

    उन्होंने कहा, "इसमें हमें कहीं राजनीति नहीं दिखती है, बाकी हम हमारा काम कर रहे हैं."

    इस मामले पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं और सूटकेस में मिले शव को कांग्रेस पार्टी का कार्यकर्ता बताया है.

    उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, "रोहतक में कांग्रेस की सक्रिय कार्यकर्ता हिमानी नरवाल की हत्या का समाचार बहुत ही दुखद और चौंकाने वाला है."

    "एक लड़की की इस तरह हत्या होना और उसका सूटकेस में शव मिलना, बेहद दुखदाई और आघात पहुंचाने वाला है. यह अपने आप में प्रदेश की कानून व्यवस्था पर बदनुमा धब्बा है."

    हुड्डा ने इसकी उच्च स्तरीय निष्पक्ष जांच करने और पीड़िता के परिवार को जल्द से जल्द न्याय दिलाने की मांग की है.

  3. उत्तराखंड: चमोली में हिमस्खलन में फंसे लोगों को बचाने का अभियान तीसरे दिन भी जारी

    उत्तराखंड हिमस्खलन

    इमेज स्रोत, @pushkardhami

    इमेज कैप्शन, उत्तराखंड में बद्रीनाथ के पास ग्लेशियर टूटने की वजह से 55 लोग फंस गए थे.

    उत्तराखंड के चमोली ज़िले में ग्लेशियर के टूटने के बाद बर्फ़ में 55 लोग फंस गए थे. 50 लोगों को बाहर निकाले जाने के बाद बचाव अभियान तीसरे दिन भी जारी है

    सेना के प्रवक्ता ने बताया था कि बचाए गए लोगों में से चार की मौत हो गई है.

    बाकी लोगों को बचाने के लिए सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है, जिसका नेतृत्व सेना की आईबीईएक्स ब्रिगेड कर रही है.

    अभी भी पांच लापता लोगों को ढूंढने के लिए सेना अभियान चला रही है. बचावकार्य के लिए चलाए जा रहे अभियान की निगरानी के लिए वरिष्ठ सेना अधिकारी दुर्घटना स्थल पर पहुंच चुके हैं.

    न्यूज़ एजेंसी एएनआई के मुताबिक़ बाकी मजदूरों को ढूंढने के लिए थर्मल इमेज कैमरा का इस्तेमाल किया जा रहा है.

  4. ट्रंप के इस आदेश से और बढ़ सकती हैं कनाडा के लिए मुश्किलें?

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, पिछले महीने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कनाडा, मेक्सिको और चीन से आयात होने वाले सामान पर टैरिफ़ लगाने की घोषणा की थी

    अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने टैरिफ़ को लेकर एक और आदेश जारी किया है.

    उन्होंने एक नई जांच का आदेश दिया है जिससे इमारती लकड़ी और फर्नीचर जैसे लकड़ी के उत्पादों पर अधिक टैरिफ़ लगाया जा सकता है.

    व्हाइट हाउस का कहना है कि कनाडा, जर्मनी और ब्राज़ील इमारती लकड़ी उत्पादन पर सब्सिडी देते हैं, जिससे संयुक्त राज्य अमेरिका को नुकसान हो रहा है.

    नए टैरिफ़ कनाडाई नरम लकड़ी पर पहले से लगे शुल्क और अगले सप्ताह से सभी कनाडाई आयातों पर लगने वाले 25 प्रतिशत टैरिफ़ के अलावा होंगे.

    दरअसल, ट्रंप ने फरवरी में कनाडा, मेक्सिको और चीन से आयात होने वाले सामान पर टैरिफ़ लगाने की घोषणा की थी.

    राष्ट्रपति बनने के बाद से ही ट्रंप कनाडा को अमेरिका का 51वां राज्य बनाने की मांग कर रहे हैं, जिसे कनाडा नकारता रहा है.

  5. रमज़ान को लेकर इसराइल ने ग़ज़ा में युद्धविराम के लिए किया ये फै़सला

    इसराइल के प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, शनिवार को इसराइल और हमास के बीच ग़ज़ा युद्धविराम समझौते का पहला चरण ख़त्म हो गया है.

    इसराइल के प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू ने ग़ज़ा में युद्धविराम समझौते पर अस्थायी विस्तार को मंज़ूरी दी है.

    इस प्रस्ताव को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के मध्य पूर्व दूत, स्टीव विटकोफ़ ने रखा था.

    इसराइल के प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू ने कहा है कि सरकार ने रमज़ान और यहूदी पासओवर को देखते हुए ग़ज़ा युद्धविराम को अगले छह हफ्तों के लिए अस्थायी रूप से बढ़ाने की मंज़ूरी दी है.

    यह घोषणा शनिवार आधी रात को युद्धविराम के पहले चरण के ख़त्म होने के तुरंत बाद की गई.

    स्टीव विटकोफ़ के इस नए प्रस्तावों के तहत, अगर इसराइल को लगता है कि दूसरे चरण पर बातचीत विफल हो गई है, तो वह 42 दिनों के बाद फिर से लड़ाई शुरू कर सकता है.

    जहां इसराइल ज़्यादा बंधकों की तत्काल रिहाई चाहता है. वहीं हमास दूसरे चरण को आगे बढ़ाना चाहता है.

    इस बीच अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने शनिवार को कहा कि उन्होंने इसराइल को लगभग 4 बिलियन डॉलर की सैन्य सहायता की आपूर्ति को तेज़ी से पहुंचाने के लिए एक समझौता किया है.

  6. डोनाल्ड ट्रंप से तीखी बहस के बाद ज़ेलेंस्की पहुंचे ब्रिटेन, कही ये बात

    रूस-यूक्रेन युद्ध

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, राष्ट्रपति ज़ेलेंस्की ने ब्रिटेन के प्रधानमंत्री किएर स्टार्मर से मुलाक़ात की है.

    रूस-यूक्रेन युद्ध को लेकर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से तीखी बहस के बाद यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की को ब्रिटेन का साथ मिला है.

    ब्रिटेन के प्रधानमंत्री किएर स्टार्मर ने यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की से इंग्लैंड के 10 डाउनिंग स्ट्रीट में मुलाकात के दौरान कहा कि उन्हें "यूनाइटेड किंगडम से पूरा समर्थन" है.

    ब्रिटेन पहुंचने के बाद ज़ेलेंस्की ने किएर स्टार्मर से कहा कि वह ख़ुश हैं कि उनके देश को "ऐसे दोस्त" मिले हैं. साथ ही ज़ेलेंस्की ने इस युद्ध में साथ खड़े होने के लिए यूनाइटेड किंगडम का धन्यवाद किया है.

    इससे पहले ज़ेलेंस्की ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ व्हाइट हाउस में मुलाकात की थी, जो दोनों नेताओं के बीच हो रही बातचीत तीखी बहस में बदल गई थी.

    ज़ेलेंस्की और किएर स्टार्मर ने यूक्रेनी सैन्य आपूर्ति के लिए 2.26 बिलियन पाउंड के क़र्ज़ पर भी हस्ताक्षर किए, जिसे रूसी संपत्तियों से प्राप्त मुनाफे का इस्तेमाल करके चुकाया जाएगा, जो वर्तमान में ज़ब्त हैं.

    किएर स्टार्मर रविवार को रूस-यूक्रेन युद्ध को समाप्त करने के प्रयासों के साथ-साथ व्यापक यूरोपीय सुरक्षा पर चर्चा के लिए यूरोपीय नेताओं के एक शिखर सम्मेलन की मेज़बानी करेंगे.

    वहीं ज़ेलेंस्की यूनाइटेड किंगडम के किंग चार्ल्स तृतीय से भी मिलेंगे.

  7. नमस्ते!

    बीबीसी हिंदी के लाइव पेज में आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता इफ़्तेख़ार अली अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं.

    फ़िलहाल, हमारे होम पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को आप नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करके पढ़ सकते हैं.