अब इस लाइव ब्लॉग को विराम देने का वक़्त आ गया है.
बीबीसी संवाददाता दीपक मंडल को दीजिए इजाज़त. कल एक नए लाइव ब्लॉग के साथ फिर हाज़िर होंगे.
तब तक आप बीबीसी हिन्दी की वेबसाइट पर मौजूद ख़बरों को उनके साथ दिए गए लिंक पर क्लिक कर विस्तार से पढ़ सकते हैं.
You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.
टॉस जीतकर साउथ अफ़्रीका ने बल्लेबाज़ी चुनी और 20 ओवरों में टीम आठ विकेट के नुक़सान पर सिर्फ़ 134 रना बना सकी.
सुमंत सिंह और दीपक मंडल
अब इस लाइव ब्लॉग को विराम देने का वक़्त आ गया है.
बीबीसी संवाददाता दीपक मंडल को दीजिए इजाज़त. कल एक नए लाइव ब्लॉग के साथ फिर हाज़िर होंगे.
तब तक आप बीबीसी हिन्दी की वेबसाइट पर मौजूद ख़बरों को उनके साथ दिए गए लिंक पर क्लिक कर विस्तार से पढ़ सकते हैं.
नामीबिया ने साउथ अफ़्रीका को विंडहोक में खेले गए एक दिलचस्प टी20 मुक़ाबले में चार विकेट से हरा दिया है.
टॉस जीतकर साउथ अफ़्रीका ने बल्लेबाज़ी चुनी और 20 ओवरों में टीम आठ विकेट के नुक़सान पर सिर्फ़ 134 रन बना सकी. इसमें जेसन स्मिथ ने सबसे ज़्यादा 31 रनों का योगदान दिया.
लक्ष्य का पीछा करने उतरी नामीबिया की शुरुआत अच्छी नहीं रही और 66 रन पर चार बल्लेबाज़ पवेलियन लौट गए थे.
आख़िरी गेंद तक चले इस मैच में जीत नामीबिया (138/6) के हाथ लगी.
नामीबिया के रूबेन ट्रम्पेलमैन को उनके शानदार प्रदर्शन 11* रन और तीन विकेट के लिए प्लेयर ऑफ़ द मैच चुना गया.
उत्तर प्रदेश के रायबरेली में पिछले दिनों जिस दलित युवक हरिओम वाल्मीकि की पीट-पीटकर हत्या की गई उनकी पत्नी संगीता वाल्मीकि ने शनिवार को अपने पिता और बेटी के साथ सीएम योगी आदित्यनाथ से मुलाक़ात की.
मुख्यमंंत्री कार्यालय ने इसे शिष्टाचार भेंट बताते हुए सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म पर इसकी जानकारी दी है. इस दौरान ऊंचाहार विधानभा क्षेत्र के विधायक मनोज पांडे भी मौजूद थे.
इसके बाद संगीता वाल्मीकि ने कहा, "मुझे न्याय मिल रहा है. उन्होंने मुझे 6 लाख 90 हजार रुपये दिए हैं. साथ ही नौकरी और आवास देने का भी वादा किया है. मैं पूरी तरह संतुष्ट हूं. विधायक (मनोज पांडे) भी हमारी मदद के लिए जी-जान से लगे हुए हैं.’’
उत्तर प्रदेश के रायबरेली में दो अक्तूबर को एक दलित युवक हरिओम वाल्मीकि की पीट-पीट कर हत्या कर दी गई थी.
हरिओम वाल्मीकि रायबरेली के पड़ोसी ज़िले फतेहपुर के तुरवली का पुरवा के निवासी थे.
रायबरेली के पुलिस अधीक्षक यशवीर सिंह ने बताया था कि हादसे के दिन गांव वालों ने चोरी के शक में युवक से मारपीट की थी.
हरिओम के परिवार वालों का कहना था कि वो मानसिक रूप से बीमार थे और उनका इलाज चल रहा था.
जमीयत उलेमा ए हिंद के प्रमुख मौलाना अरशद मदनी ने तालिबान सरकार के विदेश मंत्री अमीर ख़ान मुत्तक़ी से मुलाक़ात का ब्योरा दिया है. मुत्तक़ी देवबंद आए थे. मुत्तक़ी की मुलाक़ात मौलाना मदनी के साथ भी हुई थी.
मदनी ने कहा, "मुत्त़की से मुलाक़ात के दौरान हमारी अफ़ग़ानिस्तान में महिलाओं की शिक्षा पर लगी पाबंदी के बारे में बात नहीं हुई. हमारी धार्मिक शिक्षा एक है. दुनिया के किसी भी जगह इसमें कोई अंतर नहीं है."
"हमारा कहना है कि जहां भी मदरसा है वहां एक तरह की शिक्षा दी जाती है. अफ़ग़ानिस्तान में महिलाओं के साथ जो हो रहा है वो ग़लत है. जहां तक कल की प्रेस कॉन्फ्रेंस की बात है तो ये संयोग है कि वहां कोई महिला पत्रकार नहीं थी. उन्होंने नहीं कहा था कि महिलाएं न आएं. महिलाओं को प्रेस कॉन्फ़्रेंस में न आने देने की बात प्रोपेगैंडा है.’’
तालिबान के विदेश मंत्री अमीर ख़ान मुत्तक़ी की नई दिल्ली में शुक्रवार को हुई प्रेस कॉन्फ़्रेंस को लेकर कई महिला पत्रकारों ने कहा है कि उन्हें वहाँ नहीं बुलाया गया.
महिला पत्रकारों ने इसका विरोध करते हुए कहा है कि यह पूरी तरह से अस्वीकार्य है.
मुत्तक़ी गुरुवार को भारत पहुंचे थे और शुक्रवार को भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर के साथ उनकी द्विपक्षीय बैठक हुई थी.
अमेरिका के मिसीसिपी राज्य में गोलीबारी की घटना में चार लोगों की मौत हुई है जबकि 12 लोग घायल हुए हैं. घायलों में चार लोगों की हालत गंभीर है.
अमेरिका में बीबीसी के पार्टनर सीबीएस से शहर के मेयर जॉन ली ने बताया कि राज्य की राजधानी जैकसन से 120 किलोमीटर उत्तर पूर्व के लेलैंड की मुख्य सड़क पर आधी रात को गोलीबारी हुई है.
उन्होंने बताया कि चार घायलों को एयरलिफ़्ट कर अस्पताल ले जाया गया है. अभी तक किसी संदिग्ध को हिरासत में नहीं लिया गया है.
शुक्रवार का दिन बीते शुक्रवार के मुक़ाबले लेलैंड काफ़ी व्यस्त था क्योंकि स्थानीय हाई स्कूल में एक फ़ुटबॉल का मैच खेला जा रहा था.
भारत में मनोनीत हुए अमेरिका के नए राजदूत सर्जियो गोर ने शनिवार को एक प्रेस ब्रीफ़िंग में बताया है कि उनकी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ असाधारण बातचीत हुई है.
उन्होंने बताया कि पीएम मोदी के साथ उन्होंने रक्षा, व्यापार और तकनीक समेत कई द्विपक्षीय मुद्दों पर बातचीत की.
“हमने दोनों राष्ट्रों के लिए महत्वपूर्ण खनिजों के महत्व पर भी चर्चा की है. अमेरिका भारत के साथ संबंध को महत्व देता है.”
सर्जियो गोर ने कहा कि राष्ट्रपति ट्रंप प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपना दोस्त मानते हैं और उनके दिल्ली पहुंचने से पहले दोनों नेताओं के बीच फ़ोन पर बातचीत हुई थी.
“भारत में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के राजदूत के रूप में सेवा करना मेरे लिए सम्मान की बात है. मैं इस बेहद महत्वपूर्ण संबंध की और दोनों देशों के बीच संबंधों को निरंतर विकसित और मज़बूत बनाने की उम्मीद करता हूं.”
वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी सर्जियो गोर के साथ मुलाक़ात की तस्वीर सोशल मीडिया वेबसाइट एक्स पर शेयर की है.
पीएम मोदी ने लिखा, “भारत में अमेरिका के मनोनीत राजदूत सर्जियो गोर का स्वागत करते हुए मुझे ख़ुशी हो रही है. मुझे विश्वास है कि उनका कार्यकाल भारत-अमेरिका व्यापक वैश्विक रणनीतिक साझेदारी को और मज़बूत करेगा.”
आज़ाद समाज पार्टी (कांशीराम) के नेता चंद्रशेखर आज़ाद ने हरियाणा के दिवंगत आईपीएस अधिकारी वाई पूरन कुमार के परिवार वालों से मुलाक़ात की है.
आज़ाद समाज पार्टी (कांशीराम) के नेता चंद्रशेखर आज़ाद ने चंडीगढ़ में पूरन कुमार की पत्नी और परिजनों से मुलाक़ात के बाद कहा, "देश में ऐसी स्थिति है कि न तो राष्ट्रपति और न मुख्य न्यायाधीश और न एडीजीपी लेवल का अधिकारी सेफ़ है."
"पूरन कुमार का परिवार खुद मज़बूत है. वो ख़ुद आईपीएस अधिकारी थे. उनकी पत्नी क्लास वन आईएएस अफ़सर हैं. पत्नी के भाई एमएलए हैं. जब ऐसे परिवार को न्याय नहीं मिल पा रहा है तो फिर आम दलितों की क्या स्थिति होगी, आप समझ सकते हैं.’’
उन्होंने कहा, "दलित समाज की पंचायत बुलाई गई है. इसमें जो फ़ैसला होगा वो किया जाएगा. पूरन कुमार के परिवार को न्याय दिलाने के लिए चाहे आंदोलन करना होगा करेंगे. जेल भरना हो, भरेंगे.’’
वहीं दिल्ली के पूर्व मंत्री राजेंद्र पाल गौतम ने कहा है कि पूरन कुमार की मौत के ख़िलाफ़ उनके संगठन ने रविवार को देशव्यापी बंद का आह्वान किया है.
हरियाणा के आईपीएस अफ़सर वाई. पूरन कुमार के कथित आत्महत्या के मामले में एफ़आईआर दर्ज हो चुकी है लेकिन अभी तक जांच किसी नतीजे पर नहीं पहुंची है.
इस मामले में हरियाणा के डीजीपी शत्रुजीत सिंह कपूर और रोहतक के एसपी नरेंद्र बिजारनिया के ख़िलाफ़ भी मामला दर्ज किया गया है. साथ ही इस मामले की जांच के लिए एक छह सदस्यीय एसआईटी कमिटी का गठन कर दिया गया है.
पश्चिम बंगाल के पश्चिम बर्धमान ज़िले के दुर्गापुर में एक निजी मेडिकल कॉलेज की द्वितीय वर्ष की छात्रा के साथ गैंगरेप के आरोप पर ओडिशा के मुख्यमंत्री ने टिप्पणी की है.
छात्रा ओडिशा की रहने वाली हैं.
मुख्यमंत्री मोहन चंद्र माझी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "दुर्गापुर, पश्चिम बंगाल में एक ओडिया छात्रा के साथ हुए गैंगरेप की दुर्भाग्यपूर्ण घटना बेहद निंदनीय और पीड़ादायक है. इस ख़बर को सुनकर मैं गहरे सदमे में हूं.’’
उन्होंने लिखा, "इस संवेदनशील मामले में, मैं पश्चिम बंगाल की माननीय मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से आग्रह करता हूं कि दोषियों के ख़िलाफ़ क़ानून के मुताबिक़ कठोर और मिसाल दी जाने वाली कार्रवाई की जाए.’’
मुख्यमंत्री ने लिखा, "मैंने सीनियर अफ़सरों को निर्देश दिया है कि वे पश्चिम बंगाल सरकार से संपर्क करें और आवश्यक कदम उठाएं. ओडिशा सरकार की ओर से छात्रा के परिवार को हर संभव सहायता दी जाएगी.’’
छात्रा की मां ने उसके साथ गैंगरेप का दावा किया है. लेकिन एक पुलिस अधिकारी ने नाम नहीं छापने की शर्त पर कहा कि मेडिकल जांच की रिपोर्ट आने से पहले इस बारे में निश्चित रूप से कुछ नहीं कहा जा सकता.
पुलिस अधिकारी ने बताया कि दोषियों का पता लगाने के लिए मौके़ पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं.
इससे पहले बीते साल कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में एक जूनियर डॉक्टर के साथ रेप के बाद उनकी हत्या का मामला काफ़ी दिनों तक गरमाया रहा था.
उसके बाद इसी साल जून में कोलकाता के एक लॉ कॉलेज में एक छात्रा के साथ रेप का मामला भी सामने आया था.
भारत और वेस्ट इंडीज़ के बीच टेस्ट सिरीज़ के दूसरे मैच में भारत ने दूसरे दिन 5 विकेट के नुक़सान पर 518 रन पर अपनी पारी घोषित कर दी है.
इसके बाद वेस्ट इंडीज़ ने 4 विकेट पर 140 रन बना लिए हैं.
रवींद्र जडेजा भारतीय गेंदबाज़ों में सबसे सफल रहे, जिन्होंने वेस्ट इंडीज़ के तीन विकेट झटके
कप्तान शुभमन गिल ने शतक जड़ा. गिल की बल्लेबाज़ी के दौरान यशस्वी जायसवाल के साथ एक ग़लतफ़हमी हुई, जिसके कारण जायसवाल 175 रन पर रन आउट हो गए और टेस्ट क्रिकेट में अपने तीसरे दोहरे शतक से चूक गए.
नीतीश रेड्डी ने 43 और ध्रुव जुरेल ने 44 रन की उपयोगी पारी खेली.
पश्चिम बंगाल के पश्चिम बर्धमान ज़िले के दुर्गापुर में एक निजी मेडिकल कॉलेज की द्वितीय वर्ष की छात्रा के साथ गैंगरेप के आरोप की पुलिस जांच कर रही है. छात्रा ओडिशा की रहने वाली हैं.
फ़िलहाल किसी की गिरफ़्तारी नहीं हो सकी है. छात्रा के एक साथी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है.
इस बीच पश्चिम बंगाल के स्वास्थ्य विभाग ने इस मामले पर कॉलेज से रिपोर्ट मांगी है.
आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नेरट के पुलिस उपायुक्त अभिषेक गुप्ता ने पत्रकारों को बताया, "मामले की जांच की जा रही है. दोषियों की शिनाख्त और तलाश की कोशिश हो रही है. यह मामला बेहद संवेदनशील होने के कारण पुलिस तमाम पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आगे बढ़ रही है."
फिलहाल मेडिकल कॉलेज की ओर से जांच की रिपोर्ट नहीं आई है.
पुलिस ने छात्रा के माता-पिता की ओर से दर्ज शिकायत के हवाले से बताया कि छात्रा शुक्रवार रात को करीब आठ बजे अपने एक परिचित के साथ कुछ खाने के लिए कॉलेज परिसर से बाहर निकली थीं, वहां कुछ युवकों ने छात्रा पर टिप्पणी की और उसके साथ खींचतान की.
पुलिस के मुताबिक़, इस घटना के बाद पुरुष साथी को धमकी देकर वहां से भगा दिया गया और नजदीक के जंगल में ले जाकर छात्रा के साथ कथित रूप से गैंगरेप किया गया. फिर वो छात्रा का मोबाइल और पैसे लेकर भाग गए.
छात्रा के माता-पिता ने घटना की सूचना मिलने के बाद शनिवार सुबह दुर्गापुर पहुंच कर पुलिस में शिकायत दर्ज की.
पुलिस के मुताबिक, छात्रा के साथी ने ही बाद में उसे अस्पताल में भर्ती कराया जहां उसका इलाज चल रहा है. पुलिस ने उनका बयान भी दर्ज किया है.
छात्रा के माता-पिता ने मौके पर पत्रकारों से बातचीत में कहा, "हमारी बेटी यहां सुरक्षित नहीं है. दोषियों को कड़ी सजा मिलनी चाहिए."
छात्रा की मां ने उसके साथ गैंगरेप का दावा किया है. लेकिन एक पुलिस अधिकारी ने नाम नहीं छापने की शर्त पर कहा कि मेडिकल जांच की रिपोर्ट आने से पहले इस बारे में निश्चित रूप से कुछ नहीं कहा जा सकता.
पुलिस अधिकारी ने बताया कि दोषियों का पता लगाने के लिए मौके पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं.
इससे पहले बीते साल कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में एक जूनियर डॉक्टर के साथ रेप के बाद उनकी हत्या का मामला काफ़ी दिनों तक गरमाया रहा था.
उसके बाद इसी साल जून में कोलकाता के एक लॉ कॉलेज में एक छात्रा के साथ रेप का मामला भी सामने आया था.
इसराइल और हमास के बीच शुक्रवार को स्थानीय समयानुसार 12 बजे युद्धविराम लागू होने के बाद हमास को बंधकों को रिहा करने के लिए 72 घंटे का समय दिया गया है.
हमास चाहता है कि इसराइल उन कुछ चर्चित फ़लस्तीनी क़ैदियों को रिहा करे जिनके नाम इसराइली न्याय मंत्रालय की ओर से कल जारी की गई लगभग 250 क़ैदियों की सूची में शामिल नहीं थे.
युद्धविराम के पहले चरण की शर्तों के तहत ग़ज़ा में बड़ी मात्रा में मानवीय सहायता पहुंचाया जाना चाहिए था. लेकिन यूनिसेफ़ ने आज सुबह कहा है कि ऐसा अब तक नहीं हुआ है. उनके सैकड़ों ट्रक अब भी यहां आने का इंतज़ार कर रहे हैं.
इस बीच, हजारों फ़लस्तीनी अपने घरों की ओर मुश्किल सफ़र कर रहे हैं. यहां कई घर या तो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हैं या अब उनका वजूद बिल्कुल नहीं बचा है.
इस बीच इसराइली सेना ने कहा है कि उसने दक्षिणी लेबनान में रात भर हवाई हमले किए हैं.
सेना का कहना है कि उसने "एक हिज़बुल्लाह आतंकवादी ढांचे" को निशाना बनाया. लेबनानी मीडिया के अनुसार, इन हमलों में एक व्यक्ति की मौत हो गई और सात अन्य घायल हुए.
समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव का फेसबुक अकाउंट सस्पेंड होने के बाद अब फिर बहाल हो गया है. शुक्रवार की शाम उनका अकाउंट सस्पेंड हो गया था.
अपने अकाउंट के एक्टिव होने के बाद अखिलेश यादव ने पत्रकारों से कहा, "यह पता चला कि मेरा अकाउंट कुछ आपत्तियों की वजह से सस्पेंड कर दिया गया है.''
उन्होंने कहा, ''मुझे आपत्ति का कारण बताया गया, ‘वयस्क यौन शोषण और हिंसा’ की वजह से ये सस्पेंड किया गया था. जब मुझे पूरी रिपोर्ट मिली तो उसमें एक पोस्ट बलिया की एक महिला से जुड़ी थी और कुछ पोस्ट एक पत्रकार की हत्या से संबंधित थीं. इसमें ग़लत क्या था?’’
अखिलेश यादव ने कहा, "हमने समझ लिया है कि जितना ज़्यादा हम ज़मीनी स्तर पर काम करेंगे, हमारी लड़ाई उतनी ही सफल होगी और इसलिए हम ज़मीन पर ही काम करते रहेंगे.’’
अखिलेश यादव ने अपना अकाउंट सस्पेंड करने पर नाराज़गी जताई थी. उन्होंने कहा था कि सरकार विपक्ष की आवाज़ दबाना चाहती है.
इसराइली सेना (आईडीएफ़) ने बताया है कि उसने दक्षिण लेबनान में हवाई हमले किए हैं.
सेना ने कहा, "आईडीएफ़ ने रात में दक्षिण लेबनान में हिज़्बुल्लाह के एक आतंकवादी ठिकाने पर हमला किया और उसे तबाह किया.इस ठिकाने में इंजीनियरिंग मशीनरी थीं, जिनका इस्तेमाल हिज़्बुल्लाह आतंकवादी ढांचे फिर से बनाने के लिए कर रहा था."
लेबनान के मीडिया ने स्वास्थ्य मंत्रालय के हवाले से बताया कि अल-मसेलेह इलाक़े पर इसराइली हमले में एक व्यक्ति की मौत हुई है और सात लोग घायल हैं.
7 अक्तूबर 2023 को इसराइल पर हमास के हमले के एक दिन बाद हिज़्बुल्लाह ने इसराइल पर रॉकेट से हमले शुरू किए थे. उस वक्त हिज़्बुल्लाह ने कहा था कि वह ग़ज़ा पट्टी में फ़लस्तीनियों के प्रति एकजुटता दिखाने के लिए यह कर रहा है.
इसके बाद इसराइल ने लेबनान में हिज़्बुल्लाह के ठिकानों पर कई हवाई हमले किए. साथ ही ज़मीनी कार्रवाई भी की. नवंबर 2024 में दोनों के बीच युद्धविराम हुआ था.
संबंधित कहानियां:
नमस्कार!
अब तक बीबीसी संवाददाता सुमंत सिंह आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे. अब से रात 10 बजे तक बीबीसी संवाददाता दीपक मंडल आप तक अहम ख़बरें पहुंचाएंगे.
बीबीसी हिन्दी के पन्ने पर लगी कुछ अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.
भोजपुरी स्टार पवन सिंह ने कहा है कि वह बिहार विधानसभा का चुनाव नहीं लड़ेंगे. पवन सिंह ने यह भी कहा कि चुनाव लड़ने के लिए वह बीजेपी में शामिल नहीं हुए हैं.
पवन सिंह ने एक्स पर लिखा, "मैं पवन सिंह अपने भोजपुरिया समाज से बताना चाहता हूं कि मैंने बिहार विधानसभा चुनाव लड़ने के लिए पार्टी ज्वाइन नहीं की थी और ना ही मुझे विधानसभा चुनाव लड़ना है."
उन्होंने कहा, "मैं पार्टी का सच्चा सिपाही हूं और रहूंगा."
बीते महीने पवन सिंह ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा और राष्ट्रीय लोक मोर्चा प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा से मुलाकात की थी.
उनकी मुलाक़ात पर केंद्रीय मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के अध्यक्ष चिराग पासवान ने कहा था कि पवन सिंह के बीजेपी में आने से एनडीए को फ़ायदा होगा.
वहीं बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े ने कहा था, "पवन सिंह जी बिहार विधानसभा चुनाव में एक बीजेपी कार्यकर्ता के रूप में सक्रियता से एनडीए की जीत के लिए काम करेंगे."
बीजेपी ने साल 2024 के लोकसभा चुनाव में पश्चिम बंगाल के आसनसोल सीट से पवन सिंह को टिकट दिया था, लेकिन उन्होंने यहां की उम्मीदवारी छोड़कर बिहार की काराकाट लोकसभा सीट से निर्दलीय चुनाव लड़ने का फ़ैसला किया था.
बिहार में एनडीए के दलों के बीच सीटों की साझेदारी में काराकाट लोकसभा सीट राष्ट्रीय लोक मोर्चा के उपेंद्र कुशवाहा के हिस्से में आई थी.
संबंधित कहानियां:
भारत और वेस्ट इंडीज़ के बीच दिल्ली में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मैच में यशस्वी जायसवाल के बाद अब कप्तान शुभमन गिल ने भी शतक लगाया है.
इसी के साथ भारत ने अपनी पहली पारी घोषित कर दी है. भारतीय टीम ने पांच विकेट खोकर 518 रन बनाए हैं.
यशस्वी जायसवाल ने 175, कप्तान गिल ने 129, नीतीश कुमार रेड्डी ने 43 और ध्रुव जुरेल ने 44 रन बनाए.
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी करने उतरी भारतीय टीम ने पहले दिन दो विकेट के नुक़सान पर 318 रन बनाए थे. भारत ने पहले दिन साई सुदर्शन (87) और केएल राहुल (38) के विकेट गंवाए थे.
वेस्ट इंडीज़ की ओर से जोमेल वारिकल ने तीन, जबकि कप्तान रोस्टन चेस ने एक विकेट लिए. इनके अलावा कोई भी गेंदबाज़ विकेट हासिल नहीं कर सका है.
दो मैचों की टेस्ट सिरीज़ में भारत 1-0 से आगे है. पहले टेस्ट मैच में भारत ने वेस्ट इंडीज़ को पारी और 140 रन से हराया था.
तालिबान के विदेश मंत्री अमीर ख़ान मुत्तक़ी की नई दिल्ली में हुई प्रेस कॉन्फ़्रेंस में 'महिला पत्रकारों के नहीं होने' पर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा है.
राहुल गांधी ने एक्स पर पोस्ट किया, "मिस्टर मोदी, जब आप सार्वजनिक मंचों से महिला पत्रकारों को बाहर रखने की अनुमति देते हैं, तो आप भारत की हर महिला को यह बता रहे हैं कि आप उनके लिए खड़े होने में बहुत कमज़ोर हैं."
उन्होंने कहा, "हमारे देश में हर क्षेत्र में महिलाओं को समान भागीदारी का अधिकार है. इस तरह के भेदभाव के सामने आपकी चुप्पी नारी शक्ति पर आपके नारों के खोखलेपन को उजागर करती है."
इससे पहले प्रियंका गांधी समेत कई कांग्रेस नेताओं ने भी महिला पत्रकारों को अमीर ख़ान मुत्तक़ी की प्रेस कॉन्फ्रेंस से बाहर रखने पर सवाल उठाए.
प्रियंका गांधी ने भारत की महिलाओं को देश का 'गौरव और बैकबोन' बताते हुए सवाल किया, "भारत की कुछ सबसे सक्षम महिलाओं का अपमान हमारे देश में कैसे होने दिया गया?"
वहीं पूर्व केंद्रीय गृह मंत्री पी चिदंबरम ने कहा कि महिला पत्रकारों को शामिल नहीं करने पर 'पुरुष पत्रकारों को प्रेस कॉन्फ़्रेंस से बाहर चले जाना चाहिए था'.
तालिबान के विदेश मंत्री अमीर ख़ान मुत्तक़ी भारत दौरे पर हैं. शुक्रवार को भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर के साथ उनकी द्विपक्षीय बैठक हुई है.
अमीर ख़ान मुत्तक़ी की नई दिल्ली में हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस को लेकर कई महिला पत्रकारों ने कहा है कि उन्हें वहाँ नहीं बुलाया गया. महिला पत्रकारों ने सोशल मीडिया के ज़रिए इसका विरोध किया.
संबंधित कहानियां:
बिहार विधानसभा चुनाव में सत्ताधारी एनडीए (राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन) में सीट शेयरिंग को लेकर शनिवार को दिल्ली में बैठक होनी है.
केंद्रीय सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम मंत्री और हिन्दुस्तानी अवाम मोर्चा (सेक्युलर) के प्रमुख जीतन राम मांझी ने कहा है कि उनकी पार्टी को जितनी सीटें दी जाएंगी, उन्हें वह स्वीकार करेंगे.
पत्रकारों से बातचीत में एनडीए की बैठक को लेकर मांझी ने कहा, "दिल्ली में फ़ैसला होना है. हम एनडीए के पार्टनर हैं. हमारे सभी लोग दिल्ली गए हुए हैं, हम भी जा रहे हैं."
जीतन राम मांझी से पूछा गया कि 'जेपी नड्डा ने कहा है कि सीट लगभग फ़ाइनल हो चुकी हैं'. इस पर उन्होंने कहा, "वे अध्यक्ष हैं, उनकी बात को माननी पडे़गी. उन्होंने कहा है तो फ़ाइनल हो गया होगा. मुझे पता नहीं है."
सीटों की संख्या के बारे में पूछे जाने पर जीतन राम मांझी ने कहा, "हम अनुशासित लोग हैं, अनुशासन में रहेंगे. जो सीटें हमें मिलेंगी, हम उस पर रहेंगे."
बीते दिनों जीतन राम मांझी ने 20 सीटों की मांग की थी और कहा था कि अगर 20 सीटें नहीं मिलीं तो उनकी पार्टी 100 सीटों पर चुनाव लड़ेगी.
उन्होंने कहा था, "हमें 20 सीट चाहिए. हम चाहते हैं हिन्दुस्तानी अवाम मोर्चा हर हालत में मान्यता प्राप्त पार्टी बन जाए. मान्यता प्राप्त करने के लिए हमें विधानसभा में आठ सीटें चाहिए. कुल मतदान का छह प्रतिशत वोट चाहिए. अगर हमें 20 सीटें नहीं मिलीं, तो हम 100 सीटों पर लड़ेंगे. हर जगह हमारे 10-15 हज़ार वोट हैं."
वर्तमान में बिहार में हिन्दुस्तानी अवाम मोर्चा के चार विधायक हैं.
बिहार में नवंबर महीने में चुनाव हैं. पहले चरण का मतदान छह नवंबर, जबकि दूसरे चरण का मतदान 11 नवंबर को होगा. चुनाव के नतीजे 14 नवंबर को आएंगे.
संबंधित कहानियां:
अमेरिका में चल रहे सरकारी शटडाउन के बीच ट्रंप प्रशासन ने डेमोक्रेट्स पर दबाव बनाने के लिए संघीय सरकार के हज़ारों कर्मचारियों की छंटनी शुरू कर दी है.
व्हाइट हाउस के प्रबंधन कार्यालय के निदेशक रसेल वॉट ने एक्स पर एक पोस्ट के ज़रिए घोषणा की, "आरआईएफ़ शुरू हो गए हैं."
आरआईएफ़ यानी 'कार्यबल में कटौती'.
रसेल वॉट के कार्यालय के एक प्रवक्ता ने पुष्टि की कि छंटनी शुरू हो चुकी है, जो कि "काफ़ी बड़ी" है.
शुक्रवार को बाद में पता चला कि प्रशासन ने सात एजेंसियों में चार हज़ार से अधिक कर्मचारियों को हटाना शुरू कर दिया है.
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप कई बार कह चुके हैं कि वे शटडाउन का इस्तेमाल संघीय कार्यबल को घटाने के अपने पुराने लक्ष्य को पूरा करने के लिए करना चाहते हैं.
अमेरिकी क़ानून के मुताबिक़, संघीय सरकार को अपने कर्मचारियों को नौकरी से निकालने से कम से कम 30 दिन पहले नोटिस देना होगा.
अमेरिका में सीनेट में सरकार के ख़र्चों को लेकर सहमति नहीं बन पाई थी और इससे जुड़ा बिल पास नहीं हो पाया. इसके बाद अमेरिका में शटडाउन की स्थिति बन गई.
डेमोक्रेट और रिपब्लिकन दोनों ही एक-दूसरे को शटडाउन के लिए ज़िम्मेदार ठहरा रहे हैं.
शटडाउन की स्थिति में हज़ारों सरकारी कर्मचारियों को बिना वेतन छुट्टी पर भेजा जाता है.
संबंधित कहानी: शटडाउन के बाद अमेरिका में क्या हो रहा है?
तालिबान के विदेश मंत्री अमीर ख़ान मुत्तक़ी की नई दिल्ली में हुई प्रेस कॉन्फ़्रेंस में 'महिला पत्रकारों के नहीं होने' पर कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने सवाल उठाया है.
उन्होंने एक्स पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को टैग कर इस मामले में उनकी 'स्थिति स्पष्ट करने' की मांग की.
प्रियंका गांधी ने कहा, "अगर महिलाओं के अधिकारों को लेकर आपकी सोच, एक चुनाव से दूसरे चुनाव तक दिखावा मात्र नहीं है, तो फिर भारत की कुछ सबसे सक्षम महिलाओं का अपमान हमारे देश में कैसे होने दिया गया?"
प्रियंका गांधी ने कहा कि हमारे देश की महिलाएं भारत का 'गौरव और बैकबोन' हैं.
अमीर ख़ान मुत्तक़ी की नई दिल्ली में हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस को लेकर कई महिला पत्रकारों ने कहा है कि उन्हें वहाँ नहीं बुलाया गया.
महिला पत्रकारों ने इसका विरोध करते हुए कहा है कि यह पूरी तरह से अस्वीकार्य है.
मुत्तक़ी गुरुवार को भारत पहुँचे हैं और शुक्रवार को भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर के साथ उनकी द्विपक्षीय बैठक हुई है.