दक्षिण अफ्रीका के ख़िलाफ़ पहले वनडे
में भारतीय टीम की ओर से विराट कोहली की शतकीय पारी ने पाकिस्तानी क्रिकेटरों को उनका मुरीद बना लिया.
इस मैच में विराट कोहली ने 120
गेंदों में 135 रन बनाए, जिसमें 11 चौके और सात छक्के शामिल थे.
इसके साथ ही रोहित शर्मा ने भी हाफ सेंचुरी लगाई.
विराट कोहली ने अपने वनडे करियर का 52वां शतक लगाया है. किसी एक फॉर्मेट में सबसे ज्यादा शतक लगाने के मामले में अब वो सचिन तेंदुलकर से आगे चले गए हैं.
सचिन के नाम टेस्ट क्रिकेट में 51 शतक का रिकॉर्ड है.
विराट के शानदार प्रदर्शन की चर्चा भारत में तो हो ही रही है. इसके साथ ही पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर्स ने भी उनकी तारीफ़ की है.
'द गेम प्लान' नाम के यूट्यूब चैनल पर पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर कामरान अकमल ने कहा, “विराट कोहली का किसी भी प्लेयर के सामने कोई मुकाबला ही नहीं है. अल्लाह ने उन्हें जिस तरह का दिल दिया है, जैसी फिटनेस दी है. वो बहुत ही ज्यादा मानसिक रूप से बहुत मज़बूत हैं. दो-दो महीने बाद वनडे क्रिकेट होती है और वो आकर ऐसे शतक मारकर चले जाते हैं."
इसी शो में शामिल हुए एक और पूर्व पाकिस्तानी क्रिकेटर बासित अली ने विराट पर कहा, “वो मैदान पर मौजूद दोनों ही टीमों के सभी खिलाड़ियों में सबसे फिट प्लेयर हैं. वो तीन-तीन रन भागने की कोशिश भी कर रहे थे. उन्हें इस तरह से टेस्ट क्रिकेट नहीं छोड़नी चाहिए थी.”
पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर सलमान बट ने अपने यूट्यूब चैनल पर विराट कोहली और रोहित शर्मा के 2027 के वनडे वर्ल्ड कप खेलने की संभावनाओं पर बात की.
उन्होंने कहा, “अगर आपके विराट और रोहित से ज्यादा बेहतर कोई विकल्प है तो उन्हें ले आएं. जो भी जिस टीम का बड़ा प्लेयर होता है, उसका असर सामने वाली टीम पर भी पड़ता है."
अफ़रीदी से आगे निकले रोहित
भारत के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा पाकिस्तान के शाहिद अफ़रीदी को पछाड़कर दुनिया में सबसे ज्यादा छक्के जड़ने वाले बल्लेबाज बन गए हैं.
रोहित ने रांची में मार्का जोनसेन की फेंकी गेंद को लांग-लेग के ऊपर से छक्का जड़ा, तो इसी के साथ ही भारतीय पूर्व कप्तान 54 साल के वनडे इतिहास में सबसे ज्यादा छक्के जड़ने वाले बल्लेबाज बन गए.
रोहित 277 वनडे में 352 छक्के जड़ चुके हैं. जबकि पाकिस्तान के पूर्व कप्तान शाहिद अफ़रीदी ने 398 वनडे मुक़ाबलों में 351 छक्के लगाए हैं.
वेस्ट इंडीज़ के क्रिस गेल के नाम वनडे में 331 सिक्सर हैं, जबकि श्रीलंका के सनथ जयसूर्या के नाम 445 वनडे मुक़ाबलों में 270 छक्के लगाने का रिकॉर्ड दर्ज है.