You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

दिल्ली दंगों की साज़िश का मामला: उमर ख़ालिद के वकील ने एफ़आईआर को 'मज़ाक' बताया

दिल्ली की कड़कड़डूमा अदालत में गुरुवार को 2020 के दिल्ली दंगों से जुड़े एक मामले की सुनवाई हुई. इस दौरान उमर ख़ालिद के वकील त्रिदीप पाइस ने दलील दी कि उनके क्लाइंट के ख़िलाफ़ पेश किए गए सबूत गढ़े गए हैं.

सारांश

लाइव कवरेज

इफ़्तेख़ार अली, सुमंत सिंह

  1. अमेरिका में हुंडई प्लांट पर हुई छापेमारी के बाद दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति को इस बात की आशंका

    दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति ली जे म्युंग ने कहा है कि पिछले हफ़्ते अमेरिका के जॉर्जिया में हुंडई प्लांट पर हुई बड़े पैमाने की इमिग्रेशन रेड के बाद दक्षिण कोरियाई कंपनियां अमेरिका में निवेश करने को लेकर 'बहुत हिचकिचाएंगी'.

    पिछले हफ़्ते हुई छापेमारी में गिरफ़्तार किए गए 300 से ज़्यादा दक्षिण कोरियाई नागरिक शुक्रवार को अपने देश वापस लौटेंगे.

    अधिकारियों ने बताया कि 'अमेरिकी परिस्थितियों के कारण' उनकी वापसी में देरी हुई है.

    राष्ट्रपति ली ने कहा. "स्थिति बेहद उलझन भरी है."

    उन्होंने बताया कि कोरियाई कंपनियों के लिए विदेशो में फैक्ट्री स्थापित करने के लिए अपने कर्मचारियों को भेजना आम प्रथा है.

    उन्होंने कहा, "अगर अब यह अनुमति नहीं दी जाती, तो अमेरिका में मैन्युफैक्चरिंग यूनिट लगाना और मुश्किल हो जाएगा और कंपनियां सोचेंगी कि ऐसा करना वाकई फ़ायदेमंद है भी या नहीं."

    पिछले हफ्ते अमेरिकी अधिकारियों ने 475 लोगों को हिरासत में लिया था.

    इनमें से 300 से ज़्यादा दक्षिण कोरियाई नागरिक थे. अधिकारियों ने कहा कि ये लोग बैटरी प्लांट में अवैध रूप से काम कर रहे थे, जो अमेरिका के जॉर्जिया राज्य में सबसे बड़े विदेशी निवेश प्रोजेक्ट्स में से एक है.

  2. भारत और पाकिस्तान मैच से पहले संजय राउत ने उठाए ये सवाल

    एशिया कप 2025 में भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले मैच को लेकर शिवसेना (यूबीटी) सांसद संजय राउत ने कड़ा विरोध जताया है.

    गुरुवार को पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि पाकिस्तान के साथ क्रिकेट खेलना 'देशद्रोह' है.

    उन्होंने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा, "आपने कहा था कि 'पानी और ख़ून एक साथ नहीं बहेगा'. अगर यह संभव नहीं है, तो फिर ख़ून और क्रिकेट एक साथ कैसे चलेगा."

    मैच का विरोध करने के लिए उन्होंने एक अभियान शुरू करने की घोषणा भी की.

    राउत ने कहा कि उनकी पार्टी 'सिंदूर रक्षा अभियान' निकालेगी और इस दौरान महिलाएं सड़कों पर उतरकर विरोध करेंगी.

    एशिया कप में भारत अपना अगला मुक़ाबला पाकिस्तान के साथ खेलेगा. यह मैच 14 सितंबर को दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में होगा.

  3. चार्ली कर्क की मौत पर क्या बोलीं फर्स्ट लेडी मेलानिया ट्रंप?

    कंज़र्वेटिव एक्टिविस्ट चार्ली कर्क की मौत पर अमेरिका की फर्स्ट लेडी मेलानिया ट्रंप ने प्रतिक्रिया दी.

    चार्ली कर्क, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उनके परिवार के क़रीबी माने जाते थे.

    एक पोस्ट में मेलानिया ट्रंप ने कहा कि उनके (कर्क) 'बच्चे कहानियों के साथ बड़े होंगे, यादों के साथ नहीं, तस्वीरों के साथ हंसी के बजाय और उस जगह खामोशी होगी, जहां उनके पिता की आवाज़ गूंजती रहती".

    बुधवार को यूटा के एक कॉलेज में चार्ली कर्क की गोली मारकर हत्या कर दी गई.

    इसके बाद राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा था कि 'चार्ली ने लाखों लोगों को प्रेरित किया और आज रात जिन्हें भी वह जानते थे और जो उनसे प्यार करते थे, वे सभी सदमे और डर में हैं. चार्ली एक सच्चे देशभक्त थे, जिन्होंने अपनी ज़िंदगी खुली बहस और अपने देश अमेरिका के लिए समर्पित की'.

  4. रूसी सेना में शामिल होने वाले भारतीयों से विदेश मंत्रालय ने की ये अपील

    भारत सरकार ने भारतीय नागरिकों से रूसी सेना में शामिल होने के किसी भी ऑफ़र को स्वीकार नहीं करने की अपील की है.

    विदेश मंत्रालय की ओर से जारी बयान के मुताबिक़, इसमें कहा गया, "हाल ही में भारतीय नागरिकों के रूसी सेना में भर्ती होने की ख़बरें सामने आई हैं. पिछले एक साल में सरकार ने कई बार इस क़दम से जुड़े जोखिमों और ख़तरों को रेखांकित किया है और भारतीय नागरिकों को सतर्क किया है."

    बयान में प्रवक्ता रणधीर जायसवाल के हवाले से कहा गया, "हमने इस मामले को रूसी अधिकारियों के साथ दिल्ली और मॉस्को दोनों जगह उठाया है, यह आग्रह किया है कि इस प्रथा को बंद किया जाए और हमारे नागरिकों को मुक्त किया जाए."

    विदेश मंत्रालय ने ये भी बताया कि वह उन भारतीय नागरिकों के साथ संपर्क में हैं, जो लोग इससे प्रभावित हैं.

    बयान में भारतीय नागरिकों से अपील करते हुए कहा गया, "हम एक बार फिर सभी भारतीय नागरिकों से सख्त अनुरोध करते हैं कि रूसी सेना में शामिल होने के किसी भी प्रस्ताव से दूर रहें, क्योंकि यह बेहद ख़तरनाक क़दम है."

  5. बालेन शाह ने अब जेन-ज़ी और नेपाल के लोगों से क्या अपील की?

    काठमांडू के मेयर बालेन शाह ने जेन-ज़ी और नेपाल के लोगों से शांति बनाए रखने और जल्दबाज़ी नहीं करने की अपील की है.

    उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म फेसबुक पर लिखा, "आज देश ऐसे हालात से गुज़र रहा है जो इतिहास में पहले कभी नहीं हुए. आप अब सुनहरे भविष्य की ओर क़दम बढ़ा रहे हैं."

    बालेन शाह ने कहा, "घबराएं नहीं, कृपया धैर्य रखें. देश में अब अंतरिम सरकार बनने जा रही है, जो नए चुनाव कराएगी. इस अंतरिम सरकार का काम केवल चुनाव कराना और देश को नया जनादेश दिलाना है.

    उन्होंने लिखा, "आपकी ओर से अंतरिम सरकार का नेतृत्व करने के लिए पूर्व मुख्य न्यायाधीश सुशीला कार्की को समर्थन देना आपकी परिपक्वता, समझदारी और एकता को दिखाता है. मैं इसका दिल से सम्मान करता हूं."

    उन्होंने अपील करते हुए लोगों से कहा, "जो साथी अभी जल्दबाज़ी करना चाहते हैं, उनसे कहना चाहता हूं कि आपका जोश, सोच और ईमानदारी देश को हमेशा चाहिए, केवल अस्थायी रूप से नहीं. उसके लिए चुनाव होंगे. इसलिए कृपया जल्दी न करें."

    नेपाल का काठमांडू एयरपोर्ट बुधवार को फिर से तो खुल गया, लेकिन शहर में अभी भी कर्फ्यू है और नेपाल घूमने आए भारतीय पर्यटक वहां फंसे हुए हैं.

  6. इसराइल पर क़तर का कड़ा रुख़, प्रधानमंत्री ने कार्रवाई को बताया 'आतंक'

    इसराइल ने मंगलवार को क़तर की राजधानी दोहा में हमास के वरिष्ठ नेताओं को निशाना बनाया. इसके बाद क़तर के अधिकारियों ने कहा है कि वह अब भी दो लापता लोगों की तलाश और मानवीय अवशेषों की पहचान कर रहे हैं.

    इसराइल की मीडिया ने रिपोर्ट दी है कि इसराइली सेना के अंदर इस बात की चिंता है कि यह हमला सफल नहीं हुआ, जो काफ़ी विवाद का मुद्दा बन चुका है.

    क़तर के गृह मंत्रालय ने हमास के पांच निचले स्तर के सदस्यों में से तीन की पहचान कर ली है. हमास ने कहा है कि इनकी मौत एक क़तरी सुरक्षा अधिकारी के साथ हुई.

    साथ ही हमास का दावा है कि उसके वार्ता दल की हत्या की कोशिश नाकाम रही.

    सीएनएन को दिए एक इंटरव्यू में क़तर के प्रधानमंत्री ने हमास के मुख्य वार्ताकार खलील अल-हैय्या के हालात पर कोई बात नहीं की.

    शेख मोहम्मद बिन अब्दुल रहमान अल थानी ने बुधवार शाम कहा, "अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है."

    उन्होंने कहा कि इसराइल की कार्रवाई "आतंक" के बराबर है और उन्हें उम्मीद है कि क़तर के क्षेत्रीय साथी मिलकर 'सामूहिक जवाब' देंगे.

  7. चार्ली कर्क की मौत के बाद गुस्से में ट्रंप, वीडियो संदेश में कही ये बात

    कंज़र्वेटिव एक्टिविस्ट चार्ली कर्क की मौत पर अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक वीडियो संदेश जारी कर इसे अमेरिका के लिए बुरा समय बताया है.

    सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म ट्रुथ सोशल पर पोस्ट किए वीडियो में ट्रंप ने कहा कि वह 'चार्ली कर्क की जघन्य हत्या से दुख और गुस्से से भरे हुए हैं'.

    अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा, "चार्ली ने लाखों लोगों को प्रेरित किया और आज रात जिन्हें भी वह जानते थे और जो उनसे प्यार करते थे, वे सभी सदमे और डर में हैं. चार्ली एक सच्चे देशभक्त थे, जिन्होंने अपनी ज़िंदगी खुली बहस और अपने देश अमेरिका के लिए समर्पित की."

    उन्होंने कहा, "वह सच और आज़ादी के प्रतीक थे. युवाओं के बीच इतनी इज़्ज़त किसी को नहीं मिली जितनी चार्ली को मिली."

    ट्रंप ने कहा, "हमें इस बात से सुकून मिलता है कि अब वह भगवान के साथ स्वर्ग में शांति से हैं."

    साथ ही ट्रंप ने 'राजनीतिक हिंसा' पर नकेल कसने की भी बात कही है.

    उन्होंने कहा कि उनकी सरकार 'इस घटना और दूसरी राजनीतिक हिंसा में शामिल हर व्यक्ति को ढूंढ निकालेगी'.

  8. ट्रंप के क़रीबी साथी कंज़र्वेटिव एक्टिविस्ट चार्ली कर्क की गोली लगने से मौत

    यूटा में एक कार्यक्रम के दौरान कंज़र्वेटिव एक्टिविस्ट चार्ली कर्क की गोली लगने से मौत हो गई.

    कर्क, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के क़रीबी साथी माने जाते थे. वह अमेरिका भर के अलग-अलग कैंपस में बहस कार्यक्रम करने के लिए जाने जाते थे.

    ट्रंप ने लिखा है. "महान और दिग्गज चार्ली कर्क अब नहीं रहे. अमेरिका के युवाओं को कोई उतना नहीं समझता था और उनसे उतना प्यार नहीं करता था जितना चार्ली करते थे."

    एफ़बीआई डायरेक्टर काश पटेल ने कहा है कि एक संदिग्ध को हिरासत में लेने के बाद अब छोड़ दिया गया है.

    अधिकारियों का मानना है कि गोली छत से चलाई गई थी. बीबीसी वेरिफाई ने गोलीबारी के बाद ऑनलाइन पोस्ट किए गए एक वीडियो की जांच की है.

    एक अन्य वीडियो में दिखता है कि कर्क से सामूहिक शूटिंग के बारे में सवाल किया जा रहा था और तभी गोली चली.

    18 साल की उम्र में कर्क ने कंज़र्वेटिव ग्रुप टर्निंग प्वाइंट यूएसए की स्थापना की थी.

  9. नमस्कार!

    बीबीसी हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता इफ़्तेख़ार अली अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    हमारे होम पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.