अमेरिकी वाणिज्य मंत्री का दावा, 'भारत हमसे माफ़ी मांगेगा'

उन्होंने कहा है कि भारत सरकार अगले एक-दो महीनों में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ व्यापार समझौते को लेकर बात कर रही होगी.

सारांश

  • अमेरिका के वाणिज्य मंत्री हावर्ड लटनिक ने कहा है कि भारत सरकार अगले एक-दो महीनों में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ व्यापार समझौते को लेकर बात कर रही होगी
  • अमेरिका में नौकरियां कम होने के संकेत मिल रहे हैं. अगस्त महीने में अमेरिका में महज़ 22,000 नई नौकरियां दी गईं, जो अनुमान से कम है
  • विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने शुक्रवार को कहा है कि व्यापार के मसले पर अमेरिका के साथ हमारी बातचीत जारी है
  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 13 सितंबर को मणिपुर के दौरे पर जाने वाले हैं. इस बीच मणिपुर कांग्रेस के अध्यक्ष कैशम मेघचंद्र ने पीएम के दौरे पर टिप्पणी की है
  • थाईलैंड की संसद ने वहां के दिग्गज कारोबारी अनुतिन चर्नविराकुल को नया प्रधानमंत्री घोषित किया है. अनुतिन दो सालों में थाईलैंड के तीसरे प्रधानमंत्री हैं

लाइव कवरेज

इफ़्तेख़ार अली और उपासना

  1. उमर खालिद की ज़मानत न मिलने को लेकर कपिल सिब्बल ने उठाए सवाल

    वरिष्ठ अधिवक्ता कपिल सिब्बल

    इमेज स्रोत, Getty Images

    दिल्ली दंगों के मामले में अभियुक्त उमर खालिद और अन्य लोगों को ज़मानत से इनकार किए जाने के बाद वरिष्ठ अधिवक्ता कपिल सिब्बल ने न्यायिक प्रक्रिया पर गंभीर सवाल उठाए हैं.

    कपिल सिब्बल ने कहा, "जो सुनवाई तुरंत होनी चाहिए थी, वह 407 दिन बाद हुई. आरोप यह है कि हमारे चीफ़ जस्टिस साहब ने कहा कि हम तो मुकदमों से वकील वापस ले लेते थे."

    "अब वक्त आ गया जुडिशियरी को ये दिखाने का आपका सूरत-ए-हाल क्या है? हम उन्हें आईना दिखाएंगे."

    सिब्बल ने कहा, "सुप्रीम कोर्ट ने कई बार कहा है कि किसी भी जमानत आवेदन पर जल्द से जल्द सुनवाई होनी चाहिए. हम देखना चाहते हैं कि सुप्रीम कोर्ट द्वारा तय किया गया यह मापदंड उमर खालिद और अन्य लोगों पर लागू हुआ या नहीं."

    कपिल सिब्बल ने ऐसे मामलों में दिए गए फैसलों की पूरी सूची पेश करते हुए कहा, "उमर खालिद उस वक्त भिवंडी, मुंबई में भाषण दे रहे थे, जब दिल्ली में दंगे हो रहे थे. यानी वे घटनास्थल पर मौजूद भी नहीं थे. इसके बावजूद उन्हें जमानत नहीं मिल रही, जबकि अन्य मामलों में इसी तरह के आरोपों में शामिल लोगों को समय पर जमानत दी गई है."

    उन्होंने कहा, "हमारे हिसाब से यह अनुच्छेद 21 का उल्लंघन है. यह अन्याय नहीं होना चाहिए. अगर कोई देश की अखंडता पर हमला करेगा, तो हम देश के साथ खड़े रहेंगे, उन लोगों के साथ नहीं. लेकिन बेगुनाहों के साथ हमें खड़ा होना पड़ेगा."

  2. अब इस लाइव ब्लॉग को विराम देने का वक़्त आ गया है. बीबीसी संवाददाता उपासना को दीजिए इजाज़त. कल एक नए लाइव ब्लॉग के साथ फिर हाज़िर होंगे. तब तक आप बीबीसी हिन्दी की वेबसाइट पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को उनके साथ दिए गए लिंक पर क्लिक कर पढ़ सकते हैं.

  3. अमेरिकी वाणिज्य मंत्री का दावा, 'भारत हमसे माफ़ी मांगेगा'

    भारत अमेरिका ट्रेड डील

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, अमेरिका के वाणिज्य मंत्री हावर्ड लटनिक

    अमेरिका के वाणिज्य मंत्री हावर्ड लटनिक ने कहा है कि भारत सरकार अगले एक-दो महीनों में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ व्यापार समझौते को लेकर बात कर रही होगी.

    लटनिक ने शुक्रवार को ब्लूमबर्ग टीवी को दिए इंटरव्यू में ये बात कही.

    उनसे पूछा गया कि क्या आप अगले एक-दो महीने में इंडिया के साथ टैरिफ़ घटाने पर कोई डील पूरी होते देख रहे हैं?

    इसके जवाब में उन्होंने कहा, "दुनिया में सबसे बड़े क्लाइंट के साथ लड़ाई करना बहुत अच्छा लगता है. लेकिन अंत में आपकी ही कंपनियां कहेंगी, बहुत हो गया. अब ट्रंप के साथ डील कर लीजिए."

    लटनिक ने कहा, "इसलिए, हां मुझे लगता है, अगले एक या दो महीनों में भारत अमेरिका के साथ समझौते को तैयार होगा. वो(भारत) हमसे माफी मांग रहे होंगे और डोनाल्ड ट्रंप के साथ डील करने की कोशिश कर रहे होंगे."

    उन्होंने आगे कहा, "और ये डोनाल्ड ट्रंप पर निर्भर करेगा कि वो मोदी के साथ कैसा समझौता करना चाहते हैं. इसीलिए वो राष्ट्रपति हैं."

  4. दुनिया की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था अमेरिका पर कौन सा नया संकट?

    अमेरिका अर्थव्यवस्था

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, अगस्त में अमेरिका में महज़ 22,000 नई नौकरियां दी गईं, जो अनुमान से कम हैं

    अमेरिका में नौकरियां कम होने के संकेत मिल रहे हैं. अगस्त महीने में अमेरिका में महज़ 22,000 नई नौकरियां दी गईं, जो अनुमान से कम है.

    बेरोज़गारी की दर भी 4.2 फ़ीसदी से बढ़कर 4.3 फ़ीसदी पर आ गई. श्रम विभाग के आंकड़ों में ये जानकारी दी गई है.

    शुक्रवार को विभाग ने कहा कि उसके हालिया आंकड़े दिखाते हैं कि जून में असल में नौकरियां गई हैं. 2020 के बाद ऐसा पहली बार हुआ.

    पिछले महीने श्रम विभाग ने कहा था कि मई जून में भर्ती के आंकड़े उम्मीद से काफी कम रहे. इस बयान ने अमेरिकी अर्थव्यवस्था की सेहत को लेकर चिंता पैदा कर दी थी.

    इस बीच अगस्त में भर्ती के आंकड़ों में आई गिरावट ने इस चिंता को और बढ़ा दिया है.

    व्हाइट हाउस के इकॉनमिक एडवाइजर केविन हैसेट ने कहा कि अगस्त में रोज़गार के आंकड़े निराशाजनक रहे. हमें आने वाले महीनों में बेहतर आंकड़ों की उम्मीद है.

    इससे पहले जुलाई में रोज़गार के आंकड़े जारी होने के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक अगस्त को ब्यूरो ऑफ स्टैटेस्टिक्स की कमिश्नर एरिका मैकएन्टार्फर को बर्खास्त कर दिया था.

    उन्होंने आरोप लगाया था, ''एजेंसी ने मुझे और रिपब्लिकन पार्टी को ख़राब दिखाने के लिए रोज़गार के आंकड़ों को कमज़ोर दिखाकर पेश किया गया था.''

    अर्थशास्त्रियों ने ट्रंप के इस कदम की काफी आलोचना भी की थी.

  5. पीएम मोदी का मणिपुर दौरा, कांग्रेस ने मक़सद पर उठाए सवाल

    पीएम मणिपुर दौरा

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, मणिपुर कांग्रेस के अध्यक्ष कैशम मेघचंद्र ने कहा, सैकड़ों लोग मारे गए, तब भी प्रधानमंत्री नहीं आए

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 13 सितंबर को मणिपुर के दौरे पर जाने वाले हैं. इस बीच मणिपुर कांग्रेस के अध्यक्ष कैशम मेघचंद्र ने पीएम के दौरे पर टिप्पणी की है.

    उन्होंने कहा, "मणिपुर में सभी तब़के के लोग पिछले 27 महीनों से प्रधानमंत्री के आने का इंतज़ार कर रहे हैं. मगर अब बहुत देर हो चुकी है.लोग पहले ही बहुत झेल चुके हैं. हज़ारों लोग अभी भी विस्थापितों की तरह राहत शिविरों में रह रहे हैं, दर्द और चुनौतियों का सामना कर रहे हैं."

    उन्होंने कहा, "सैकड़ों लोग मारे गए, तब भी प्रधानमंत्री नहीं आए. ये क़दम पहले क्यों नहीं लिया जा सकता था? अगर यही क़दम महीनों पहले उठाया गया होता तो आज स्थिति कुछ और होती. विस्थापित लोग अपने घर जा चुके होते. मुक्त आवाजाही हो रही होती."

    उन्होंने एक बार भी चिंता नहीं जाहिर की ना संसद में ना 'मन की बात' ना किसी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर.

    उन्होंने आगे कहा, "अब ये फ़ैसला राजनीतिक हथकंडे जैसा लग रहा है. चुनाव नजदीक आ रहे हैं. बिहार चुनाव बिल्कुल करीब है और मणिपुर में भी चुनाव होने वाले हैं. इन्हीं वजहों से वो(पीएम) मणिपुर आने की योजना बना रहे हैं."

  6. रूस-यूक्रेन युद्धविराम में सुरक्षा गारंटी का पेच- दिनभर- पूरा दिन, पूरी ख़बर मानसी दाश और संदीप राय से...

    छोड़िए YouTube पोस्ट
    Google YouTube सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में Google YouTube से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले Google YouTube cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है. YouTube सामग्री में विज्ञापन हो सकते हैं.

    पोस्ट YouTube समाप्त

  7. दिग्गज कारोबारी अनुतिन चर्नविराकुल बने थाईलैंड के नए प्रधानमंत्री

    थाईलैंड के नए प्रधानमंत्री

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, अनुतिन दो सालों में थाईलैंड के तीसरे प्रधानमंत्री हैं

    थाईलैंड की संसद ने वहां के दिग्गज कारोबारी अनुतिन चर्नविराकुल को नया प्रधानमंत्री घोषित किया है. अनुतिन दो सालों में थाईलैंड के तीसरे प्रधानमंत्री हैं.

    पिछले सप्ताह ही थाईलैंड की संवैधानिक अदालत ने प्रधानमंत्री पैतोंगटार्न शिनावात्रा को पद से हटा दिया था.

    शिनावात्रा की कंबोडिया के पूर्व प्रधानमंत्री हून सेन के साथ फ़ोन कॉल लीक होने के बाद विवाद खड़ा हो गया था, जिसके बाद जुलाई में उन्हें निलंबित कर दिया गया था.

    अनुतिन की पार्टी के पास संसद में 500 में से महज़ 69 सीटें ही हैं.

    मगर उन्होंने पीपल्स पार्टी के बाहरी समर्थन के बल पर पर्याप्त वोट जुटा लिए.

    बहुमत मिलने के बाद अनुतिन की पार्टी अंतरिम सरकार बनाएगी. उन्होंने चार महीनों में दोबारा चुनाव कराने का वादा किया है.

    अनुतिन पहले भी उप प्रधानमंत्री, इंटीरियर मिनिस्टर और हेल्थ मिनिस्टर रह चुके हैं.

  8. केरल कांग्रेस के 'बिहार-बीड़ी' वाले विवादित सोशल मीडिया पोस्ट पर तेजस्वी यादव ने क्या कहा?

    बिहार बीड़ी ट्वीट

    इमेज स्रोत, Getty Images

    कांग्रेस की केरल इकाई ने बिहार और बीड़ी की तुलना करते हुए एक ट्वीट किया था, जिस पर विवाद के बाद उन्होंने वो ट्वीट हटा लिया था.

    राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता तेजस्वी यादव ने भी इस पर प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने कहा, ये एक गलत ट्वीट था. हम इसका समर्थन नहीं करते हैं.

    दरअसल, कांग्रेस की केरल इकाई ने गुरुवार की रात बीड़ी और तम्बाकू पर जीएसटी दरों की तुलना करते हुए एक ट्वीट किया था.

    आलोचना के बाद केरल कांग्रेस के हैंडल से इस ट्वीट को डिलीट कर दिया गया और कहा गया कि उनका एक्स हैंडल हैक हो गया था.

    एक दूसरे पोस्ट में लिखा गया, “प्रधानमंत्री मोदी के चुनावी हथकंडों और जीएसटी दरों पर हमारे हमले को तोड़ मरोड़कर पेश किया जा रहा है. अगर आपको ठेस पहुंची हो तो हम क्षमा चाहते हैं.”

    मगर भारतीय जनता पार्टी समेत एनडीए की पार्टियां इस ट्वीट के लिए कांग्रेस पर लगातार हमले कर रही हैं.

    भाजपा के वरिष्ठ नेता रविशंकर प्रसाद, पीयूष गोयल, बिहार के उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय समेत कई और नेता इस ट्वीट के लिए कांग्रेस की आलोचना कर चुके हैं.

    जीएसटी की नई दरों में सिगार और सिगरेट पर जीएसटी 28 प्रतिशत से बढ़ाकर 40 प्रतिशत कर दिया गया है.

    जबकि, बीड़ी पर जीएसटी 28 प्रतिशत से घटाकर 18 प्रतिशत कर दिया है.

  9. विदेशी क्राइम गैंग को खत्म करने के लिए दूसरे देशों की भी मदद लेगा अमेरिका

    अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को  रूबियो

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो

    अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने कहा है कि विदेशी अपराध समूहों को ख़त्म करने के लिए अगर ज़रूरत पड़ी तो अमेरिका दूसरे देशों की भी मदद लेगा.

    इक्वाडोर दौरे पर गए रूबियो ने कहा, अब वो(दूसरे देश) इन्हें(अपराध समूहों) को ढूंढने में और उन्हें ख़त्म करने में मदद करेंगे.

    उन्होंने ये भी कहा कि अमेरिका इक्वाडोर के दो सबसे बड़े अपराध गिरोह लॉस लोबोस और लॉस कोनेरोस को विदेशी आतंकी संस्थान घोषित करेगा.

    रूबियो की यह टिप्पणी ऐसे समय में आई है जब अमेरिका ने हाल ही में कैरेबियन सागर में वेनेजुएला के समूह त्रेन दे अरागुआ को टारगेट करते हुए एक नाव पर हमला किया था.

    व्हाइट हाउस ने कहा कि इस हमले में 11 ड्रग तस्कर मारे गए. हालांकि अमेरिका ने मारे जाने वाले लोगों की पहचान जाहिर नहीं की है.

    मार्को रूबियो ने कहा कि राष्ट्रपति इन समूहों के खिलाफ लड़ाई शुरू करना चाहते हैं क्योंकि 30 सालों से ये हमारे साथ लड़ते आए हैं और किसी ने कोई जवाब नहीं दिया है.

  10. भारत ने अमेरिका के साथ ट्रेड डील पर क्या संकेत दिया?

    विदेश मंत्रालय प्रवक्ता

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने प्रेस ब्रीफिंग के दौरान अमेरिका, यूक्रेन के मुद्दे पर टिप्पणी की

    विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने शुक्रवार को कहा है कि व्यापार के मसले पर अमेरिका के साथ हमारी बातचीत जारी है.

    उन्होंने आगे कहा, “हम क्वाड को चार सदस्य देशों के बीच साझा हित और कई अन्य मुद्दों पर चर्चा के लिए महत्वपूर्ण फोरम की तरह देखते हैं.”

    “सदस्य देशों के बीच रणनीतिक चर्चाओं के बाद नेताओं की समिट तय की गई है.”

    यूक्रेन के मसले पर उन्होंने कहा, “ हम यूक्रेन में शांति बहाली के लिए हुए हालिया प्रयासों का स्वागत करते हैं.”

    “हम उम्मीद करते हैं कि सभी पार्टियां सकारात्मक रूप से आगे बढ़ेंगी. भारत संघर्ष को जल्दी खत्म करने और शांति बहाली का समर्थन करता है”

  11. हॉकी एशिया कप 2025 में भारतीय महिला टीम का शानदार आगाज़, थाईलैंड की टीम को हराया

    हॉकी एशिया कप

    इमेज स्रोत, X@TheHockeyIndia

    इमेज कैप्शन, महिला हॉकी एशिया कप 2025 की शुरुआत चीन में शुक्रवार को हुई

    भारतीय महिला हॉकी टीम ने एशिया कप 2025 में अपने पहले मैच में थाईलैंड को 11-0 से हरा दिया है.

    टीम की ओर से उदिता दुहान और ब्यूटी डुंग डुंग ने दो-दो गोल दागे.

    उदिता ने 30वें और 52वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदला. डुंग डुंग ने 45वें और 54वें मिनट में गोल किए.

    इनके अलावा मुमताज़ ख़ान (7वें मिनट), संगीता कुमारी (10वें), नवनीत कौर (16वें), लालरेम्सियामी (18वें), थौदाम सुमन देवी (49वें), शर्मिला देवी (57वें) और रुताजा पिसल (60वें) ने भी गोल कर टीम की जीत पक्की की.

    भारतीय महिला हॉकी टीम का दूसरा मैच शनिवार को भारतीय समयानुसार शाम 4.30 बजे जापान की टीम के साथ होगा.

  12. भारतीय सेना ने लद्दाख में बर्फ के बीच फंसे दो दक्षिण कोरियाई नागरिकों को रेस्क्यू किया

    भारतीय सेना रेस्क्यू

    इमेज स्रोत, ANI

    भारतीय सेना ने गुरुवार को लद्दाख में ख़तरे वाली जगह पर फंसे दक्षिण कोरिया के दो पर्वतारोहियों को रेस्क्यू किया. हालांकि, रेस्क्यू के बाद इनमें से एक की मौत हो गई.

    भारतीय आर्मी के एविएशन विंग फायर और फरी कॉर्प्स ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर इसकी जानकारी दी.

    इसमें लिखा है, "4 सितंबर को पर्वतारोहण अभियान पर गए दक्षिण कोरिया के दो लोग बर्फ से ढके कोंगमरु ला पास पर गंभीर रूप से बीमार पड़ गए."

    "फायर एंड फरी कॉर्प्स के आर्मी एविएशन हेलीकॉप्टर्स ने रात में 17,000 फीट की ऊंचाई पर कैजुअल्टी इवैकुएशन को अंजाम दिया. ताकि, उन्हें समय से लेह में अस्पताल पहुंचाया जा सके."

    पोस्ट में लिखा गया, "फायर एंड फरी कॉर्प्स दुर्भाग्यवश जान गंवाने वाले मृत पर्वतारोही के परिवार के प्रति हार्दिक संवेदना व्यक्त करता है."

    कैजुएल्टी इवैकुएशन(CASEVAC) मिशन में आर्मी ख़तरे वाली जगह से गंभीर रूप से बीमार या जख़्मी लोगों को रेस्क्यू करके उन्हें इलाज के लिए फौरन मेडिकल फैसिलिटी पहुंचाती है.

    ये रेस्क्यू ज़मीन और हवा दोनों जगहों पर किए या जा सकते हैं.

  13. पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन की कौन सी सर्जरी हुई?, जॉर्ज राइट, बीबीसी न्यूज़

    जो बाइडन

    इमेज स्रोत, Getty Images

    अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति जो बाइडन की हाल ही में सर्जरी हुई. वो स्किन कैंसर से पीड़ित हैं. यह जानकारी उनकी प्रवक्ता ने दी है.

    प्रवक्ता ने बीबीसी के साझेदार सीबीएस न्यूज़ को बताया कि बाइडन की मोह्स सर्जरी (स्किन कैंसर से जुड़ी सर्जरी) हुई है, हालांकि विस्तार से जानकारी नहीं दी गई.

    इस प्रक्रिया में त्वचा की परतें तब तक हटाई जाती हैं जब तक कैंसर के कोई निशान न मिलें.

    हाल ही में 82 वर्ष के बाइडन के सिर के दाईं ओर घाव देखा गया था.

    साल 2023 में बाइडन की स्वास्थ्य जांच के दौरान उनके सीने से कैंसरग्रस्त त्वचा हटाई गई थी.

    मई में उन्हें प्रोस्टेट कैंसर होने का पता चला है, जो उनकी हड्डियों तक फैल गया था.

  14. नमस्कार!

    अब तक बीबीसी संवाददाता इफ़्तेख़ार अली आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे.

    अब से रात 10 बजे तक बीबीसी संवाददाता उपासना आप तक अहम ख़बरें पहुंचाएंगी.

    बीबीसी हिन्दी के पन्ने पर लगी कुछ अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

  15. कांग्रेस को बिहार और उसके लोगों का अपमान करने में मज़ा आता है: बीजेपी

    बिहार के उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, बिहार के उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी

    बिहार के उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां के अपमान के बाद अब बिहार का अपमान हो रहा है, जो कांग्रेस पार्टी के असली चरित्र को दर्शाता है.

    सम्राट चौधरी ने एक्स पर लिखा, "पहले हमारे माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी की पूज्य माता जी का अपमान और अब पूरे बिहार का अपमान. यही कांग्रेस का असली चरित्र है , जो बार-बार देश के सामने उजागर हो रहा है."

    यह प्रतिक्रिया कांग्रेस पार्टी की केरल इकाई की ओर से एक एक्स पोस्ट साझा करने के बाद आई है. इसमें लिखा था, "बीड़ी और बिहार की शुरुआत B से होती है."

    हालाँकि, आलोचना के बाद इस पोस्ट को हटा दिया गया.

    बीजेपी नेता और केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय ने शुक्रवार को कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी को बिहार और उसके लोगों का अपमान करने में 'मज़ा' मिलता है.

    नित्यानंद राय ने समाचार एजेंसी एएनआई से कहा, "देश भर के कांग्रेस नेता और बिहार में राजद के सभी नेता बिहार का अपमान करने में मज़ा लेते हैं."

    उन्होंने कहा, "वे बिहार और बिहार के गौरव को अपमानित करने में गर्व महसूस करते हैं. बिहार के लोग ऐसे सभी लोगों को सबक सिखाएंगे जिन्होंने बिहार और उनके स्वाभिमान को चोट पहुंचाई है."

  16. जापान को लेकर अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने उठाया यह क़दम

    जापान ने अपने बाज़ार को धीरे-धीरे अमेरिकी सामानों के लिए खोलने पर सहमति जताई है

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, जापान ने अपने बाज़ार को धीरे-धीरे अमेरिकी सामानों के लिए खोलने पर सहमति जताई है

    अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने गुरुवार को एक कार्यकारी आदेश पर हस्ताक्षर किए, जिसके तहत जापानी कारों पर लगने वाला टैरिफ़ 27.5 फ़ीसदी से घटाकर 15 फ़ीसदी कर दिया गया है.

    इस फ़ैसले से टोयोटा, होंडा और निसान जैसी कंपनियों को बड़ी राहत मिलेगी.

    यह आदेश जुलाई में घोषित उस समझौते को औपचारिक रूप देता है, जिसके तहत अमेरिका को होने वाले लगभग सभी जापानी निर्यात, जिनमें गाड़ियां और दवाइयां शामिल हैं, पर 15 फ़ीसदी टैरिफ़ लगाए जाने की बात कही गई थी.

    यह समझौता कई हफ़्तों तक चली बातचीत के बाद हुआ था.

    व्हाइट हाउस के मुताबिक़, जापान ने भी अमेरिका में 550 अरब डॉलर निवेश करने और अपने बाज़ार को धीरे-धीरे अमेरिकी सामानों के लिए खोलने पर सहमति जताई है.

  17. इसराइल का दावा, ग़ज़ा के 40 फ़ीसदी इलाक़े पर उसका क़ब्ज़ा, कहा- हमास का पीछा करते रहेंगे

    ग़ज़ा

    इमेज स्रोत, Fadel A. A. Almaghari/Anadolu via Getty Images

    इमेज कैप्शन, हमास की ओर से संचालित स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक़, ग़ज़ा में इसराइल के हमलों में 64 हज़ार से ज़्यादा लोग मारे गए हैं.

    इसराइली सेना ने गुरुवार को घोषणा की कि उसने ग़ज़ा शहर के 40 फ़ीसदी हिस्से पर कब्ज़ा कर लिया है.

    उसका कहना है कि अब वह इस पर पूरा नियंत्रण पाने के लिए एक बड़े अभियान की तैयारी कर रही है.

    बीबीसी के मुताबिक़, इसराइली सेना के प्रवक्ता एवी देवरिन ने एक प्रेस कॉन्फ़्रेंस में कहा, "आज, ग़ज़ा शहर के 40 प्रतिशत हिस्से पर हमारा नियंत्रण है और अब हम हमास के बुनियादी ढांचे को नष्ट करने के लिए एक बड़ा और शक्तिशाली अभियान शुरू करने जा रहे हैं."

    उन्होंने कहा, "हम आने वाले दिनों में ग़ज़ा शहर और उसके आसपास चल रहे अभियान को और तेज़ करने की तैयारी कर रहे हैं."

    इसराइली सेना के प्रवक्ता ने कहा, "हम हर जगह हमास का पीछा करते रहेंगे और यह मिशन तब तक ख़त्म नहीं होगा जब तक बाक़ी इसराइली बंधक वापस नहीं आ जाते."

    हाल के दिनों में इसराइल ने ग़ज़ा शहर के आसपास अपने हमले तेज़ कर दिए हैं.

    इससे पहले हमास ने सभी बंधकों को छोड़ने का प्रस्ताव दिया था, लेकिन इसराइल ने उसे ठुकरा दिया था.

    इसराइली प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू के कार्यालय ने कहा, "यह हमास की ओर से फैलाई जा रही झूठी कहानी है, जिसमें कुछ भी नया नहीं है."

  18. रूस ने यूक्रेन के लिए पश्चिमी सुरक्षा गारंटी को ख़ारिज किया, पॉल किर्बी, यूरोप डिजिटल एडिटर

    इमैनुएल मैक्रों और ज़ेलेंस्की

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, इमैनुएल मैक्रों ने कहा है कि यूक्रेन में सीज़फ़ायर के बाद वहां सैनिकों की तैनाती के लिए 26 पश्चिमी देश राज़ी हो गए हैं

    रूसी सरकारी मीडिया के मुताबिक़, रूस ने साफ़ कर दिया है कि यूक्रेन में सुरक्षा की गारंटी देने के लिए विदेशी सैनिकों की तैनाती की कोई स्थिति स्वीकार नहीं की जाएगी.

    यह बयान ऐसे समय आया है जब फ़्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने कहा था कि 26 पश्चिमी देशों ने औपचारिक रूप से यह वादा किया है कि युद्धविराम होने के अगले दिन वे ज़मीन, समुद्र या हवा किसी भी रास्ते से सैनिक भेज सकते हैं.

    'कोलिशन ऑफ़ विलिंग' नामक 35 देशों के शिखर सम्मेलन के बाद मैक्रों ने कहा कि आने वाले दिनों में अमेरिकी समर्थन को अंतिम रूप दे दिया जाएगा.

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हाल ही में संकेत दिया था कि अमेरिका का समर्थन 'शायद हवाई मदद' के रूप में आ सकता है.

    वहीं, यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने कहा कि उन्होंने ट्रंप से 'यूक्रेन के आसमान की अधिकतम सुरक्षा' पर बात की है.

  19. नेपाल में बिना रजिस्ट्रेशन वाले सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म को बंद करने का फै़सला लागू

    सांकेतिक तस्वीर

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, सांकेतिक तस्वीर

    नेपाल ने गुरुवार को बिना रजिस्ट्रेशन वाले सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म को बंद करने वाला फ़ैसला लागू कर दिया है.

    बीबीसी नेपाली के मुताबिक़, कुछ यूज़र्स ने बताया कि फ़ेसबुक, मैसेंजर, व्हाट्सऐप और यूट्यूब सहित कई ऐप्स रात से नहीं चल रहे, जबकि कुछ यूज़र्स ने कहा कि शुक्रवार सुबह तक उन्हें कोई समस्या नहीं हुई.

    न्यूज़ एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, इसके पीछे वजह यह बताई गई कि इन कंपनियों ने संचार और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय में तय समय-सीमा के भीतर रजिस्ट्रेशन नहीं कराया.

    हालांकि, नेपाल सरकार का यह फ़ैसला लागू होने के बाद सोशल मीडिया कंपनियों की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है.

    मंत्रालय की ओर से जारी नोटिस के मुताबिक़, सोशल मीडिया कंपनियों को 28 अगस्त से सात दिनों यानी बुधवार तक का समय दिया गया था.

    लेकिन बुधवार रात तक समय-सीमा ख़त्म हो जाने के बावजूद बड़ी सोशल मीडिया कंपनियों, जैसे मेटा (फ़ेसबुक, इंस्टाग्राम, व्हाट्सऐप), यूट्यूब, एक्स, रेडिट और लिंक्डइन ने आवेदन जमा नहीं किया.

    बीबीसी नेपाली के मुताबिक़, कुछ लोगों ने सरकार की आलोचना करते हुए कहा है कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का दमन किया गया है.

    जबकि कुछ लोगों ने सरकार के फ़ैसले का बचाव करते हुए कहा है कि सोशल मीडिया संचालित करने वाली कंपनियों को भी नेपाल के क़ानूनों का पालन करना चाहिए.

  20. 'पंजाब ज़ख़्मी है, हारा नहीं', बाढ़ पीड़ितों को दिलजीत दोसांझ का संदेश

    सिंगर दिलजीत दोसांझ

    इमेज स्रोत, diljitdosanjh/Instagram

    इमेज कैप्शन, पंजाब में बाढ़ के कारण कई गांव डूब गए हैं

    सिंगर और एक्टर दिलजीत दोसांझ ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया, जिसमें वह बाढ़ के कारण बने पंजाब के हालात पर भावुक नज़र आ रहे हैं.

    दरअसल, लगातार हो रही बारिश और बाढ़ की वजह से पंजाब के कई इलाक़े जलमग्न हैं. इस दौरान कई लोगों की जान भी गई है.

    इसी पर दिलजीत दोसांझ ने वीडियो में कहा, "आज की बात मैं हिन्दी में करूंगा, ताकि बात सब तक पहुंच जाए."

    उन्होंने कहा, "बाढ़ की वजह से पंजाब के हालात बहुत ख़राब हैं. लोगों के घर बह चुके हैं, फ़सलें तबाह हो चुकी हैं. पशु मर चुके हैं. ज़िंदगियां बर्बाद हो गई हैं. पंजाब ज़ख़्मी है, पर हारा नहीं है."

    दिलजीत दोसांझ ने कहा कि बाढ़ से जितने भी प्रभावित परिवार हैं, वह उनके साथ खड़े हैं.

    उन्होंने कहा, "ऐसा नहीं है कि राशन या पानी देकर यह समस्या ख़त्म हो जाएगी. जब तक उनकी ज़िंदगियां दोबारा शुरू नहीं हो जातीं, हम सब उनके साथ हैं."