You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

कुवैत ने इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर हमलों और ईरान के आरोपों पर ये कहा

बीबीसी फ़ारसी सेवा के मुताबिक़, कुवैत के स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा है कि कुवैत इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर हुए ईरानी हमले में कर्मचारियों और यात्रियों समेत कम से कम 63 लोग घायल हुए हैं.

सारांश

लाइव कवरेज

रौनक भैड़ा, सुमंत सिंह

  1. कुवैत इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर ड्रोन और मिसाइल हमला, कई लोग घायल हुए

    कुवैत की सरकारी न्यूज़ एजेंसी ने बुधवार को बताया कि ईरान के ड्रोन और मिसाइल हमले से कुवैत इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर कई लोग घायल हुए हैं.

    इस हमले के बाद उड़ानों को रोक दिया गया और उन्हें दूसरे एयरपोर्ट पर भेजा गया.

    रिपोर्ट में कुवैत सिविल एविएशन अथॉरिटी के हवाले से कहा गया कि हमला इंटरनेशनल एयरपोर्ट की टी-1 बिल्डिंग पर किया गया और उड़ानों को दूसरे एयरपोर्ट पर डायवर्ट कर दिया गया.

    कुवैत की सरकारी न्यूज़ एजेंसी ने बताया कि नागरिकों को चेतावनी दी गई कि मिसाइल हमलों के ख़िलाफ़ की गई फ़ायरिंग से गिरने वाले मलबे से सावधान रहें.

  2. इसराइल की ख़ुफ़िया एजेंसी मोसाद को मिला नया चीफ़, पीएम नेतन्याहू ने दी जानकारी

    रोमन गोफ़मैन ने मंगलवार को इसराइल की ख़ुफ़िया एजेंसी मोसाद के नए चीफ़ के तौर पर ज़िम्मेदारी संभाली है.

    इसराइल के प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा कि रोमन गोफ़मैन को मोसाद का अगला डायरेक्टर नियुक्त करने पर गर्व महसूस कर रहा हूं.

    नेतन्याहू ने बाद में रोमन गोफ़मैन के बारे में एक और एक्स पोस्ट किया. इसमें उन्होंने बताया, "रोमन 14 साल की उम्र में अपने माता-पिता के साथ बेलारूस से इसराइल आए थे."

    उन्होंने लिखा, "रोमन ने अपनी राह ख़ुद बनाई और सभी मुश्किलों को पार किया. कई सालों की सैन्य सेवा के बाद मैंने उन्हें देश के सबसे अहम समय में अपना सैन्य सचिव चुना."

    नेतन्याहू ने लिखा, "आज वो आधिकारिक तौर पर मोसाद के प्रमुख बन गए हैं. मैं अपनी ओर से और पूरे इसराइल की जनता की ओर से उन्हें बधाई देता हूं."

    ग़ौरतलब है कि रोमन गोफ़मैन से पहले मोसाद के चीफ़ डेविड बार्निया थे. उन्होंने लगभग पांच साल तक यह पद संभाला और जून 2026 में अपना कार्यकाल पूरा किया.

  3. नॉर्वे चेस 2026: भारत के प्रज्ञानानंद ने दुनिया के नंबर वन खिलाड़ी मैग्नस कार्लसन को दूसरी बार हराया

    भारतीय ग्रैंडमास्टर आर प्रज्ञानानंद ने मंगलवार को दुनिया के नंबर वन चेस खिलाड़ी मैग्नस कार्लसन को उनके ही घर में फिर से हराया है.

    नॉर्वे चेस 2026 में क्लासिकल गेम में कार्लसन को हराने के बाद प्रज्ञानानंद ने इस बड़े टूर्नामेंट में अपनी दावेदारी मज़बूत कर दी है.

    न्यूज़ एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, राउंड-रॉबिन टूर्नामेंट में प्रज्ञानानंद अकेले ऐसे खिलाड़ी हैं, जिन्होंने इस साल क्लासिकल गेम में कार्लसन को दो बार हराया है.

    विश्व चैंपियन डी गुकेश की ख़िताब जीतने की उम्मीद पहले ही ख़त्म हो गई. 8वें राउंड में वो फ़्रांस के ग्रैंडमास्टर अलीरेज़ा फ़िरोज़जा से हार गए.

    इसके बाद वह आठ अंकों के साथ टेबल पॉइंट में सबसे नीचे पहुंच गए. 2024 में विश्व ख़िताब जीतने के बाद से उनका प्रदर्शन निराशाजनक ही रहा है.

  4. कर्नाटक: डीके शिवकुमार आज शाम 4 बजे लेंगे मुख्यमंत्री पद की शपथ

    कर्नाटक कांग्रेस के अध्यक्ष डीके शिवकुमार बुधवार शाम को मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे.

    न्यूज़ एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, लोक भवन के ग्लास हाउस में राज्यपाल थावरचंद गहलोत शाम 4 बजे पद और गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे. उनके साथ कुछ मंत्री भी शपथ लेंगे. यह कार्यक्रम लोक भवन में रखा गया है.

    न्यूज़ एजेंसी पीटीआई ने सूत्रों के हवाले से बताया है कि डीके शिवकुमार के साथ 12 से 14 मंत्री शपथ ले सकते हैं.

    मंगलवार को कांग्रेस के शीर्ष नेताओं ने पूर्व सीएम सिद्धारमैया और शिवकुमार के साथ बैठक की. इस बैठक में राज्य की नई कैबिनेट को अंतिम रूप देने पर चर्चा हुई.

    इसी बीच कांग्रेस ने पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैया को कांग्रेस वर्किंग कमेटी का सदस्य बनाया है.

    गौरतलब है कि 64 वर्षीय शिवकुमार को 30 मई को कर्नाटक कांग्रेस विधायक दल का नेता चुना गया था.

  5. ईरान के सुप्रीम लीडर मोजतबा ख़ामेनेई के ज़िंदा होने को लेकर क्या बोले अमेरिकी विदेश मंत्री

    अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने कहा है कि ईरान के सुप्रीम लीडर मोजतबा ख़ामेनेई न सिर्फ़ ज़िंदा हैं, बल्कि अब पहले से ज़्यादा एक्टिव हैं.

    मार्को रुबियो ने मंगलवार को सीनेट की विदेशी मामलों की समिति को बताया, "मुझे लगता है कि कुछ संकेत हैं कि वो (मोजतबा ख़ामेनेई) किसी स्तर पर बड़ी भूमिका निभा रहे हैं."

    ईरानी टीवी के मुताबिक़, मोजतबा ख़ामेनेई को लंबे समय से जनता के बीच नहीं देखा गया है. वो अमेरिका और इसराइल के पहले हमले में घायल हुए थे. उसी हमले में उनके पिता अली ख़ामेनेई की मौत हो गई थी.

    हालांकि, राष्ट्रपति मसूद पेज़ेश्कियान ने मई की शुरुआत में दावा किया था कि उन्होंने मोजतबा ख़ामेनेई से मुलाक़ात की है.

    दोनों की मुलाक़ात का कोई फ़ोटो या वीडियो जारी नहीं हुआ था. लेकिन पेज़ेश्कियान का कहना था कि दोनों के बीच ढाई घंटे तक बातचीत हुई.

  6. एनटीए ने बताया, तकनीकी ख़राबी से प्रभावित सीयूईटी यूजी परीक्षा 6 और 7 जून को होगी

    नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) ने सीयूईटी (यूजी) 2026 के उन अभ्यर्थियों के लिए परीक्षा 6-7 जून को कराने की जानकारी दी है, जिनकी परीक्षा तकनीकी समस्या के कारण प्रभावित हुई थी.

    एनटीए ने एक्स हैंडल पर तारीख़ों की घोषणा करते हुए बताया कि आधिकारिक पोर्टल से अपडेटेड एडमिट कार्ड डाउनलोड किए जा सकते हैं.

    दरअसल, 30 मई को शिफ्ट-1 की परीक्षा के दौरान देश के कई केंद्रों में तकनीकी गड़बड़ी के कारण पेपर समय पर शुरू नहीं हो सका था.

    इस कारण 3,765 अभ्यर्थियों की परीक्षा छूट गई थी. अब एनटीए इन 3,765 छात्रों को दोबारा परीक्षा देने का एक मौक़ा दे रहा है.

  7. सीबीएसई के नए चेयरपर्सन का एलान, राहुल सिंह के तबादले के बाद इन्हें मिली कमान

    केंद्र सरकार ने आईएएस ऑफिसर लोखंडे प्रशांत सीताराम को केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) का नया चेयरपर्सन नियुक्त किया है. वरुण भारद्वाज को सचिव बनाया गया है.

    यह फ़ैसला उस समय आया जब ऑन-स्क्रीन मार्किंग (ओएसएम) सिस्टम को लेकर विवाद के बीच पुराने पदाधिकारियों को हटा दिया गया.

    मंगलवार को ही सीबीएसई के चेयरपर्सन राहुल सिंह और सचिव हिमांशु गुप्ता का ट्रांसफ़र कर दिया गया था.

    न्यूज़ एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, नए चेयरपर्सन लोखंडे प्रशांत सीताराम 2001 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) अधिकारी हैं. वह एजीएमयूटी (अरुणाचल प्रदेश, गोवा, मिज़ोरम और केंद्र शासित प्रदेश) कैडर से आते हैं, फ़िलहाल गृह मंत्रालय में अतिरिक्त सचिव हैं.

    वहीं, वरुण भारद्वाज साल 2008 बैच के भारतीय सूचना सेवा (आईआईएस) अधिकारी हैं. भारद्वाज वर्तमान में शिक्षा मंत्रालय में निदेशक के रूप में कार्यरत हैं.

  8. अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत को लेकर ये बोले डोनाल्ड ट्रंप

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने उन ख़बरों को झूठ बताया है, जिनमें यह दावा किया गया था कि ईरान और अमेरिका के बीच बातचीत बंद हो गई है.

    राष्ट्रपति ट्रंप ने मंगलवार देर रात को कहा कि ईरान और अमेरिका के बीच लगातार बातचीत हो रही है. हालांकि, उन्होंने कहा कि ये बातचीत कहां जाएगी, यह कोई नहीं जानता.

    ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर एक पोस्ट में लिखा, "ऐसी ख़बरें झूठी हैं, जिनमें कहा जा रहा है कि ईरान और अमेरिका ने कुछ दिन पहले बात करना बंद कर दिया. हमारे बीच बातचीत लगातार चल रही है- चार दिन पहले, तीन दिन पहले, दो दिन पहले, एक दिन पहले और आज भी."

    उन्होंने लिखा, "यह बातचीत कहां जाएगी, कोई नहीं जानता. लेकिन मैंने ईरान से कहा, 'अब समय आ गया है कि किसी भी तरह से एक समझौता करना होगा. तुम जो कर रहे हो, वो 47 साल से चल रहा है और अब इसे जारी नहीं रखा जा सकता'."

    गौरतलब है कि इससे पहले ईरान की ओर से यह कहा गया था कि लेबनान में जारी हमलों के कारण उन्होंने बातचीत रोक दी. हालांकि, ट्रंप की सलाह के बाद इसराइल ने लेबनान पर हमले रोकने की बात कह दी थी.

  9. नमस्कार!

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता रौनक भैड़ा अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.