पाकिस्तान की अखंडता के किसी भी उल्लंघन का जवाब दिया जाएगा: आसिम मुनीर

पाकिस्तान के सेना प्रमुख फ़ील्ड मार्शल आसिम मुनीर ने मंगलवार को चेतावनी दी कि देश की क्षेत्रीय अखंडता के किसी भी उल्लंघन का दृढ़ एवं निर्णायक जवाब दिया जाएगा.

सारांश

लाइव कवरेज

सुमंत सिंह और इफ़्तेख़ार अली

  1. व्हाइट हाउस में बॉलरूम का निर्माण कार्य शुरू, इतनी लागत लगेगी

    व्हाइट हाउस

    इमेज स्रोत, BBC/Bernd Debusmann Jr

    इमेज कैप्शन, बॉलरूम के लिए व्हाइट हाउस के पूर्वी हिस्से को तोड़ा जा रहा है

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के नए बॉलरूम के निर्माण की शुरुआत हो चुकी है. इसके लिए व्हाइट हाउस के पूर्वी हिस्से में तोड़फोड़ हो रही है.

    सोमवार को पूर्वी हिस्से के एक ढंके हुए गेट और खिड़कियों के बड़े हिस्से को गिराया गया. ट्रंप ने कहा है कि इस हिस्से को "पूरी तरह से आधुनिक" बनाया जा रहा है.

    अमेरिकी राष्ट्रपति ने इससे पहले कहा था कि व्हाइट हाउस में बनाया जा रहा 25 करोड़ डॉलर का बॉलरूम मौजूदा इमारत के "नज़दीक" होगा.

    उन्होंने जुलाई में कहा था, "यह मौजूदा इमारत के नज़दीक होगा, लेकिन उससे सटा हुआ नहीं होगा. यह मौजूदा इमारत का पूरा सम्मान करेगा."

    ट्रंप ने सोमवार को ट्रुथ सोशल पर एक पोस्ट में निर्माण की जानकारी देते हुए कहा कि बॉलरूम का निर्माण शुरू हो चुका है.

    उन्होंने लिखा, "150 साल से ज़्यादा समय से हर राष्ट्रपति ने व्हाइट हाउस में एक बॉलरूम होने का सपना देखा है, जिससे कि बड़ी पार्टियों और राजकीय यात्राओं, आदि के मौक़े पर मेहमानों का स्वागत किया जा सके."

  2. डोनाल्ड ट्रंप ने क्यों कहा 'नहीं तो हमास को ख़त्म' कर दिया जाएगा

    डोनाल्ड ट्रंप

    इमेज स्रोत, Alex Wong/Getty

    इमेज कैप्शन, ट्रंप ने कहा है कि हमास को अब किसी का भी समर्थन हासिल नहीं है

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हमास को 'बहुत हिंसक' समूह बताया है. उन्होंने कहा कि अगर वे 'अच्छे नहीं बनते हैं तो उन्हें ख़त्म कर दिया जाएगा'.

    व्हाइट हाउस में ट्रंप पत्रकारों से बात कर रहे थे, तभी उन्होंने यह बयान दिया. इस दौरान ट्रंप के साथ ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी एल्बनीज़ भी मौजूद थे.

    ट्रंप ने कहा, "हमास बहुत हिंसक रहा है. लेकिन, उनके पास अब ईरान का समर्थन नहीं है. उनके पास अब सचमुच किसी का भी समर्थन नहीं है."

    उन्होंने आगे कहा, "उन्हें अच्छा बनना होगा और अगर वे ऐसा नहीं करते हैं तो उन्हें ख़त्म कर दिया जाएगा."

    इसराइल और हमास के बीच हाल ही में युद्धविराम की घोषणा हुई है. हालांकि, बीते हफ़्ते हमास और इसराइल ने एक-दूसरे पर युद्धविराम के उल्लंघन का आरोप लगाया.

    संबंधित कहानियां:

  3. दिवाली के अगले दिन दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषण से हालात ख़राब

    दिल्ली में प्रदूषण

    इमेज स्रोत, Yogendra Kumar/Hindustan Times via Getty

    इमेज कैप्शन, दिल्ली में मंगलवार सुबह हवा की क्वालिटी 'बहुत ख़राब' श्रेणी में रही (फ़ाइल फ़ोटो)

    दिवाली की अगली सुबह दिल्ली-एनसीआर में हवा प्रदूषित रही. मंगलवार सवेरे राजधानी के कई इलाक़ों में धुंध देखी गई. केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार यहां की हवा की क्वालिटी 'बहुत ख़राब' श्रेणी में है.

    दिवाली पर दिल्ली में देर रात तक पटाखे फोड़ने की आवाज़ें सुनाई दीं.

    सुप्रीम कोर्ट ने पटाखों को लेकर समय निर्धारित किया था. लाइव लॉ के मुताबिक़, सुप्रीम कोर्ट ने दिवाली के एक दिन पहले और दिवाली के दिन सुबह सात बजे से आठ बजे तक और रात में आठ बजे से 10 बजे तक ग्रीन पटाखे फोड़ने की इजाज़त दी थी.

    मंगलवार सुबह छह बजे, आनंद विहार में हवा की क्वालिटी (एक्यूआई) 348 दर्ज की गई.

    केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के मुताबिक़, 300 से 400 के बीच के एक्यूआई को 'बहुत ख़राब' श्रेणी माना जाता है.

    वहीं, आईटीओ में एक्यूआई 345, बुराड़ी क्रॉसिंग में 393, चांदनी चौक में 347 और लोधी रोड में 334 रहा.

    दिल्ली से सटे नोएडा और गुरुग्राम में भी हवा की क्वालिटी 'बहुत ख़राब' श्रेणी में रही.

    नोएडा सेक्टर 62 में मंगलवार सुबह एक्यूआई 307 दर्ज किया गया. वहीं गुरुग्राम के सेक्टर 51 में एक्यूआई 346 दर्ज किया गया.

  4. नमस्कार!

    बीबीसी हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता सुमंत सिंह अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    हमारे पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.