पाकिस्तान की अखंडता के किसी भी उल्लंघन का जवाब दिया जाएगा: आसिम मुनीर

पाकिस्तान के सेना प्रमुख फ़ील्ड मार्शल आसिम मुनीर ने मंगलवार को चेतावनी दी कि देश की क्षेत्रीय अखंडता के किसी भी उल्लंघन का दृढ़ एवं निर्णायक जवाब दिया जाएगा.

सारांश

लाइव कवरेज

सुमंत सिंह और इफ़्तेख़ार अली

  1. अब इस लाइव पेज को विराम देने का वक़्त आ गया है. बीबीसी संवाददाता इफ़्तेख़ार अली को दीजिए इजाज़त.

    कल सुबह एक नए लाइव पेज के साथ हम फिर हाज़िर होंगे.

    बीबीसी हिन्दी की वेबसाइट पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

  2. पाकिस्तान की अखंडता के किसी भी उल्लंघन का जवाब दिया जाएगा: आसिम मुनीर

    आसिम मुनीर

    इमेज स्रोत, ISPR

    इमेज कैप्शन, आसिम मुनीर ने कहा है कि बलूचिस्तान के लोग देश की असली पूंजी हैं

    पाकिस्तान के सेना प्रमुख फ़ील्ड मार्शल आसिम मुनीर ने मंगलवार को चेतावनी दी कि देश की क्षेत्रीय अखंडता के किसी भी उल्लंघन का दृढ़ एवं निर्णायक जवाब दिया जाएगा.

    बीबीसी उर्दू के मुताबिक़, आसिम मुनीर ने कहा है कि पाकिस्तान क्षेत्रीय शांति और स्थिरता चाहता है, लेकिन उसकी क्षेत्रीय अखंडता के किसी भी उल्लंघन, चाहे वह प्रत्यक्ष हो या अप्रत्यक्ष, का अपने नागरिकों के जीवन और कल्याण की रक्षा के लिए कड़ा और निर्णायक जवाब दिया जाएगा.

    पाकिस्तानी सेना के जनसंपर्क विभाग (आईएसपीआर) के मुताबिक़, सेना प्रमुख फ़ील्ड मार्शल ने 17वीं राष्ट्रीय कार्यशाला बलूचिस्तान के प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा कि बलूचिस्तान पाकिस्तान का गौरव है.

    उन्होंने कहा, "बलूचिस्तान के लोग देश की असली पूंजी हैं."

    आसिम मुनीर ने भारत पर इस इलाक़े में चरमपंथी हिंसा भड़काने का आरोप लगाया है.

    उन्होंने कहा कि इन 'आतंकवादियों' का पीछा करने और प्रांत को इस संकट से मुक्त करने के लिए सभी ज़रूरी क़दम उठाए जा रहे हैं.

  3. ट्रंप ने क्यों कहा- ग़ज़ा में जाकर 'हमास को सीधा' कर देंगे

    राष्ट्रपति ट्रंप

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, राष्ट्रपति ट्रंप ने हमास को चेतावनी दी है

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि मध्य पूर्व और उसके आसपास के कई सहयोगी देशों ने उन्हें बताया है कि अगर हमास ने समझौते का उल्लंघन जारी रखा तो उनके कहने पर वे (मध्य पूर्व के देश) भारी सैन्य बल के साथ ग़ज़ा में जाकर 'हमास को सीधा' कर देंगे.

    ट्रंप ने कहा कि मध्य पूर्व के लिए ऐसा प्यार और उत्साह हज़ार साल में नहीं देखा गया, यह वाक़ई देखने लायक है.

    अमेरिकी राष्ट्रपति ने बताया कि उन्होंने उन देशों और इसराइल से कहा है, "अभी नहीं! क्योंकि अभी भी उम्मीद है कि हमास सही क़दम उठाएगा."

    ट्रंप ने चेतावनी दी, "अगर उन्होंने ऐसा नहीं किया, तो हमास का अंत तेज़, उग्र और निर्मम होगा."

    उन्होंने इस मसले पर मदद और समर्थन देने वाले देशों का धन्यवाद किया, खास तौर पर इंडोनेशिया और उसके नेतृत्व का आभार जताया.

  4. बिहार चुनाव: अशोक गहलोत बोले- 'महागठबंधन की कुछ सीटों पर फ़्रेंडली फ़ाइट'

    पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने 'महागठबंधन' में सीटों के बंटवारे पर प्रतिक्रिया दी है

    बिहार में 'महागठबंधन' के बीच सीटों के बंटवारे पर कांग्रेस नेता और राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का कहना है कि कुछ सीटों पर 'फ़्रेंडली फ़ाइट' हो सकती है.

    उनका कहना है कि बिहार इतना बड़ा प्रदेश है, थोड़ी बहुत तो दिक़्क़त होती ही है.

    पूर्व मुख्यमंत्री ने न्यूज़ एजेंसी एएनआई से बातचीत में कहा, "कुछ सीटों पर फ़्रेंडली फ़ाइट हो सकती है. प्रक्रिया आगे बढ़ रही है. जल्द ही प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे और स्थिति स्पष्ट कर दी जाएगी."

    अशोक गहलोत ने कहा, "एक-दो दिन में सभी भ्रम दूर हो जाएगा. महागठबंधन दमख़म से चुनाव में उतरेगा."

    महागठबंधन में राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी), कांग्रेस और सीपीआई जैसी पार्टियां मिलकर चुनाव लड़ने की बात कह रही हैं.

    हालांकि कुछ सीटों पर महागठबंधन के सहयोगी दलों के उम्मीदवार आपस में ही मुक़ाबले में उतर चुके हैं.

    बिहार में दो चरणों में मतदान होना है, पहला चरण 6 नवंबर और दूसरा चरण 11 नवंबर को होगा, जबकि 14 नवंबर को नतीजों का एलान किया जाएगा.

  5. भारत ने अफ़ग़ानिस्तान में दूतावास को लेकर उठाया अहम क़दम

    अमीर ख़ान मुत्तक़ी और एस जयशंकर

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, हाल ही में तालिबान सरकार के विदेश मंत्री अमीर ख़ान मुत्तक़ी भारत आए थे

    भारत ने काबुल में अपने 'टेक्निकल मिशन ऑफ़ इंडिया' का दर्जा तुरंत प्रभाव से 'भारत के दूतावास' में अपग्रेड कर दिया है.

    विदेश मंत्रालय ने मंगलवार को एक बयान जारी कर यह जानकारी दी.

    यह फ़ैसला ऐसे समय में आया है जब अफ़ग़ानिस्तान की तालिबान सरकार में विदेश मंत्री अमीर ख़ान मुत्तक़ी हाल ही में एक हफ़्ते के दौरे पर भारत आए थे.

    विदेश मंत्रालय ने अपने बयान में कहा, "हाल ही में अफ़ग़ान विदेश मंत्री की भारत यात्रा के दौरान लिए गए फ़ैसले के मुताबिक़, भारत सरकार ने काबुल में अपने टेक्निकल मिशन का दर्जा फिर से भारत के दूतावास के रूप में बहाल करने का निर्णय लिया है."

    मंत्रालय के मुताबिक़, यह क़दम भारत और अफ़ग़ानिस्तान के बीच बढ़ते राजनयिक संबंधों का हिस्सा है.

    बयान में कहा गया, "यह फ़ैसला भारत की इस प्रतिबद्धता को दर्शाता है कि वह अफ़ग़ान पक्ष के साथ आपसी हितों के सभी क्षेत्रों में अपने द्विपक्षीय संबंधों को और मज़बूत करेगा."

  6. अमेरिकी शतरंज ग्रैंडमास्टर डैनियल नारोदित्स्की का 29 वर्ष की आयु में निधन, प्रज्ञानानंद ने दी श्रद्धांजलि

    डैनियल नारोडिट्स्की

    इमेज स्रोत, Charlotte Chess Center

    इमेज कैप्शन, डैनियल नारोदित्स्की को उनके ऑनलाइन प्रशंसक 'डैन्या' के नाम से भी जानते थे

    अमेरिकी शतरंज ग्रैंडमास्टर और ऑनलाइन कमेंटेटर डैनियल नारोदित्स्की का 29 वर्ष की आयु में निधन हो गया है.

    उनके परिवार ने सोमवार को शार्लट चेस सेंटर के ज़रिए एक बयान में उनके 'अप्रत्याशित' निधन की जानकारी दी. बयान में मृत्यु कैसे हुई इसके बारे में कोई जानकारी नहीं दी गई है.

    बयान में कहा गया, "गहरे दुख के साथ हम डैनियल नारोदित्स्की के अप्रत्याशित निधन की ख़बर दे रहे हैं. डैनियल एक प्रतिभाशाली शतरंज खिलाड़ी, कमेंटेटर और शिक्षक थे, और शतरंज समुदाय के प्रिय सदस्य थे, जिन्हें दुनियाभर के प्रशंसकों और खिलाड़ियों का सम्मान हासिल किया था."

    अमेरिकी और अंतरराष्ट्रीय शतरंज महासंघों के साथ-साथ कई पेशेवर खिलाड़ियों ने डैनियल नारोदित्स्की को श्रद्धांजलि दी है.

    भारतीय शतरंज ग्रैंडमास्टर आर प्रज्ञानानंद ने उनके निधन पर सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर एक पोस्ट कर दुख जताया है.

    उन्होंने लिखा, "डैन्या के निधन की ख़बर सुनकर मुझे गहरा दुख हुआ. जब भी मैं चेस.कॉम पर लॉगिन करता था, उनका गेम खेलने का आमंत्रण दिखता था. अब यह विश्वास करना मुश्किल है कि वह फिर कभी नहीं दिखेगा."

  7. दिल्ली के वायु प्रदूषण पर अमिताभ कांत ने कहा- सिर्फ़ कार्रवाई इस 'संकट' से बचा सकती है

    अमिताभ कांत (फ़ाइल फ़ोटो)

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, अमिताभ कांत का कहना है कि एयर क्वालिटी ठीक करने के लिए 2030 तक सभी परिवहन को इलेक्ट्रिक बनाना होगा

    नीति आयोग के पूर्व सीईओ अमिताभ कांत ने दिल्ली की 'बहुत ख़राब' हवा पर प्रतिक्रिया दी है. उनका कहना है कि दिल्ली की एयर क्वालिटी बुरी तरह प्रभावित है.

    साथ ही उन्होंने एयर क्वालिटी को ठीक करने के लिए कई उपाय बताए हैं. उनके मुताबिक़, केवल कठोर कार्रवाई इस 'संकट' से बचा सकती है.

    सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर उन्होंने लिखा, "38 मॉनिटरिंग स्टेशनों में से 36 'रेड ज़ोन' में हैं और कई मुख्य इलाक़ों में एक्यूआई 400 से ऊपर दर्ज किया गया है. माननीय सुप्रीम कोर्ट ने अपने फै़सले में ज़िंदगी और सांस लेने के अधिकार की तुलना में पटाख़ों को जलाने के अधिकार को प्राथमिकता दी."

    उन्होंने लिखा, "दिल्ली अभी भी दुनिया की सबसे प्रदूषित राजधानी में शामिल है. अगर लॉस एंजेलिस, बीजिंग और लंदन यह कर सकते हैं, तो दिल्ली क्यों नहीं? केवल कठोर और लगातार कार्रवाई ही दिल्ली को इस स्वास्थ्य और पर्यावरण संकट से बचा सकती है."

    अमिताभ कांत ने लिखा, "इसके लिए एक एकीकृत कार्य योजना ज़रूरी है, जिसमें फसल और बायोमास जलाने को रोकना, थर्मल पावर प्लांट और ईंट भट्टों को आधुनिक और साफ़ तकनीक से चलाना शामिल है."

    "2030 तक सभी परिवहन को इलेक्ट्रिक बनाना, निर्माण से उठने वाली धूल पर कड़ाई से नियंत्रण, पूरी तरह से कचरा अलग करना और प्रोसेस करना, और दिल्ली को हरे-भरे, पैदल चलने योग्य और सार्वजनिक परिवहन पर केंद्रित शहर के रूप में दोबारा डिज़ाइन करना शामिल है."

    दिवाली की अगली सुबह मंगलवार को दिल्ली-एनसीआर में हवा की क्वालिटी 'बहुत ख़राब' रही. मंगलवार सवेरे राजधानी के कई इलाक़ों में धुंध देखी गई.

  8. वनडे क्रिकेट के इतिहास में पहली बार हुआ ऐसा, वेस्ट इंडीज़ के नाम रिकॉर्ड दर्ज

    वेस्ट इंडीज़ क्रिकेट टीम

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, वेस्ट इंडीज़ की तरफ़ से तेज़ गेंदबाज़ों ने एक भी ओवर नहीं डाला

    बांग्लादेश और वेस्ट इंडीज़ के बीच ढाका में खेले जा रहे पुरुषों के वनडे मुक़ाबले में कुछ ऐसा हुआ जो वनडे क्रिकेट इतिहास में पहली बार हुआ है.

    वेस्ट इंडीज़ क्रिकेट टीम बांग्लादेश दौरे पर है. दोनों टीमों के बीच मंगलवार को वनडे मैच खेला जा रहा है, जिसमें बांग्लादेश ने पहले बल्लेबाज़ी की.

    इस मैच की सबसे दिलचस्प बात यह है कि वेस्ट इंडीज़ की तरफ़ से तेज़ गेंदबाज़ों ने एक भी ओवर नहीं डाला.

    यानी पूरे 50 ओवर स्पिनर गेंदबाज़ों ने डाले, जो अब एक नया रिकॉर्ड बन गया है.

    ईएसपीएन क्रिकइन्फो के मुताबिक़, इससे पहले का रिकॉर्ड 44 ओवर का था, जो श्रीलंका ने तीन अलग-अलग मौकों पर बनाया था, वेस्ट इंडीज़ के ख़िलाफ़ 1996 में, न्यूज़ीलैंड के ख़िलाफ 1998 में और ऑस्ट्रेलिया के ख़िलाफ़ 2004 में.

  9. दिल्ली की 'बहुत ख़राब' हवा को लेकर मंत्री सिरसा ने आम आदमी पार्टी पर लगाया आरोप

    मनजिंदर सिंह सिरसा

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, मनजिंदर सिंह सिरसा ने दिल्ली की 'बहुत ख़राब' हवा पर प्रतिक्रिया दी है

    दिल्ली सरकार में मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने आम आदमी पार्टी (आप) पर आरोप लगाया है कि वह पंजाब में किसानों को पराली जलाने पर मजबूर कर रहे हैं.

    मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने मंगलवार को प्रेस कॉन्फ़्रेंस में पराली जलाने के कुछ वीडियो भी दिखाए और दावा किया कि आम आदमी पार्टी यह करवा रही है.

    उन्होंने कहा, "मैं आपको दिखाना चाहता हूं कि कैसे आम आदमी पार्टी जानबूझकर पंजाब में किसानों को चेहरा ढककर पराली जलाने पर मजबूर कर रही है, ताकि इस पराली का असर दिल्ली पर हो."

    मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा कि "आप नेता अरविंद केजरीवाल ने दस साल मुख्यमंत्री रहते हुए पंजाब के किसानों को अपशब्द कहे. लेकिन अब सिर्फ़ सात महीनों में हमने एक ऐसी समस्या पर काम करना शुरू किया है जो पिछले 27 सालों से थी. अब इनके पेट में दर्द हो रहा है."

    दिवाली की अगली सुबह मंगलवार को दिल्ली-एनसीआर में हवा की क्वालिटी 'बहुत ख़राब' रही. मंगलवार सवेरे राजधानी के कई इलाक़ों में धुंध देखी गई.

    केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के मुताबिक़, कई जगहों पर हवा की गुणवत्ता का स्तर एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई) पर 300 से अधिक दर्ज किया गया. 300 से 400 के बीच के एक्यूआई को 'बहुत ख़राब' श्रेणी माना जाता है

    संबंधित कहानियां:

  10. प्रशांत किशोर ने बीजेपी पर लगाया जन सुराज उम्मीदवारों को डराने-धमकाने का आरोप

    प्रशांत किशोर

    इमेज स्रोत, Jan Suraaj/YT

    इमेज कैप्शन, जन सुराज ने बिहार की कुल 243 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने का एलान किया है

    जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) पर उनकी पार्टी के उम्मीदवारों को डराने-धमकाने का आरोप लगाया है.

    मंगलवार को की गई प्रेस कॉन्फ़्रेंस में प्रशांत किशोर ने दावा किया कि उनकी पार्टी के तीन उम्मीदवारों को नामांकन करने से रोका गया या नामांकन करने के बाद उनसे नामांकन वापस करवाया गया.

    जिन तीन स्थानों का उन्होंने ज़िक्र किया, उनमें गोपालगंज, ब्रह्मपुर और दानापुर विधानसभा शामिल हैं.

    प्रेस कॉन्फ़्रेंस में प्रशांत किशोर ने कहा, “पिछले चार-पांच दिनों में जन सुराज के तीन घोषित उम्मीदवार, जिन्होंने नामांकन किया या करने की कोशिश की, उन्हें नामांकन नहीं करने दिया गया, और जिन लोगों ने नामांकन किया, उनसे उसे वापस करवाया गया.”

    उन्होंने गृह मंत्री अमित शाह और केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान पर भी उम्मीदवारों को डराने-धमकाने का आरोप लगाया.

    बिहार में दो चरणों में मतदान होना है, पहला चरण 6 नवंबर और दूसरा चरण 11 नवंबर को होगा, जबकि 14 नवंबर को नतीजों का एलान किया जाएगा.

    नामांकन की अंतिम तारीख़ें पहले और दूसरे चरण के लिए 17 और 20 अक्तूबर, और नाम वापसी की तिथियां 20 और 23 अक्तूबर तय की गई हैं.

  11. पाकिस्तान के हमलों में मारे गए अफ़ग़ान क्रिकेटरों के परिवारों से मिले एसीबी चेयरमैन

    एसीबी चेयरमैन मीरवाइज अशरफ़

    इमेज स्रोत, Afghanistan Cricket Board/X

    इमेज कैप्शन, एसीबी चेयरमैन मीरवाइज़ अशरफ़ ने पक्तीका में पीड़ित परिवारों से मुलाक़ात की है

    अफ़ग़ानिस्तान क्रिकेट बोर्ड (एसीबी) के चेयरमैन मीरवाइज़ अशरफ़ समेत कई खिलाड़ियों ने अफ़ग़ानिस्तान के पक्तीका प्रांत में पाकिस्तान के हमलों में मारे गए लोगों के परिवारों से मुलाक़ात की है.

    एसीबी ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर एक बयान जारी कर यह जानकारी दी.

    बयान में कहा गया, “एसीबी के चेयरमैन मीरवाइज़ अशरफ़, राष्ट्रीय खिलाड़ी रहमत शाह, ज़हीर ख़ान, फ़रीद मलिक और शब्बीर नूरी सहित कई अधिकारियों ने हाल ही में पाकिस्तानी हवाई हमलों में मारे गए लोगों के परिवारों से मुलाक़ात करने के लिए पक्तीका प्रांत का दौरा किया.”

    बयान में आगे बताया गया है, “इस दौरान मीरवाइज़ अशरफ़ और उनके साथ मौजूद प्रतिनिधिमंडल ने परिवारों के प्रति गहरी संवेदना और एकजुटता जताई.”

    एसीबी की ओर से जारी बयान के मुताबिक़, मीरवाइज़ अशरफ़ ने कहा, “हमारे युवा खिलाड़ियों के सपने टूट गए. वे एक समृद्ध अफ़ग़ानिस्तान के लिए बड़े सपने और उम्मीदें लेकर चल रहे थे, लेकिन मानवता और शांति के दुश्मनों ने उन उम्मीदों को बेरहमी से दफ़न कर दिया."

    “एसीबी की ओर से मैं सभी पीड़ित परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं. हम इस कठिन घड़ी में उनके साथ हैं और इस त्रासदी से बेहद दुखी हैं.”

    अफ़ग़ानिस्तान क्रिकेट बोर्ड (एसीबी) ने बीते शनिवार को कहा था कि पक्तिका प्रांत में हुए पाकिस्तानी हमले में तीन खिलाड़ियों की मौत हुई है. एसीबी ने एक बयान जारी कर इस हमले की निंदा की थी.

    संबंधित कहानियां:

  12. आईपीएस वाई पूरन कुमार और एएसआई संदीप की मौत के बाद हरियाणा के नए डीजीपी क्या बोले?

    डीजीपी ओपी सिंह

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, ओपी सिंह ने हरियाणा के डीजीपी के तौर पर पदभार संभाला है

    हरियाणा के नए डीजीपी ओपी सिंह ने आईपीएस वाई पूरन कुमार और एएसआई संदीप की मौत के बाद पुलिस के मनोबल से जुड़े सवाल पर प्रतिक्रिया दी है.

    मीडिया से बातचीत के दौरान पुलिस के मनोबल को लेकर उनसे सवाल किया गया था.

    इस पर डीजीपी ओपी सिंह ने कहा, "आज के समय में दो दुनिया हैं, एक सोशल मीडिया और एक असली दुनिया. असली दुनिया में कोई दिक्कत नहीं है. जो कुछ भी हो रहा था सोशल मीडिया पर हो रहा था."

    उन्होंने कहा, "मुझे इस बात का बहुत दुख है कि हमारे दो साथी, जो 20-25 साल अभी देश की सेवा करते, वो नहीं रहे. हम पुलिस बल हैं, हमारी लड़ाई चलती रहती है. मनोबल कहां से टूटेगा? क्या हमारे पास यह विकल्प है कि मनोबल तोड़कर बैठ जाएं?"

    ओपी सिंह ने कहा, "कोई मनोबल नहीं टूटा है. कुछ नहीं हुआ है. एक सोशल मीडिया की दुनिया है. उनका एक व्यापार है. वे लोगों को डराते रहते हैं, जिससे कि आप देखते रहो. जितना आप देखते हो उतनी तवज्जो मिलती है."

    7 अक्तूबर को आईपीएस वाई पूरन कुमार का शव चंडीगढ़ सेक्टर 11 स्थित उनके आवास पर मिला था. कथित सुसाइड नोट के मुताबिक़, पूरन कुमार ने पेशेवर यात्रा, ट्रांसफ़र, करियर और जाति के बारे में बार-बार शिकायतें की थीं.

    आईपीएस वाई पूरन कुमार पर भ्रष्टाचार और जातिवाद का आरोप लगाकर एएसआई संदीप लाठर ने 14 अक्तूबर को कथित तौर पर आत्महत्या कर ली थी.

    (आत्महत्या एक गंभीर मनोवैज्ञानिक और सामाजिक समस्या है.अगर आप भी तनाव से गुज़र रहे हैं, तो भारत सरकार की स्पाउस हेल्पलाइन 1800 233 3330 पर मदद ले सकते हैं. आपको अपने दोस्तों और रिश्तेदारों से भी बात करनी चाहिए.)

    संबंधित कहानियां:

  13. नमस्कार!

    अब तक बीबीसी संवाददाता सुमंत सिंह आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे.

    अब से रात 10 बजे तक बीबीसी संवाददाता इफ़्तेख़ार अली आप तक अहम ख़बरें पहुंचाएंगे.

    बीबीसी हिन्दी के पन्ने पर लगी कुछ अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

  14. फ़्रांस के पूर्व राष्ट्रपति निकोला सारकोज़ी को मिली जेल की सज़ा, क्या है मामला

    निकोलस सारकोज़ी

    इमेज स्रोत, Reuters

    इमेज कैप्शन, सारकोज़ी इस मामले में अपनी बेगुनाही का दावा कर रहे हैं

    निकोला सारकोज़ी जेल जाने वाले फ़्रांस के पहले पूर्व राष्ट्रपति बन गए हैं. उन्हें लीबिया के पूर्व तानाशाह मुअम्मर ग़द्दाफ़ी से चुनाव अभियान के लिए अवैध फंडिंग लेने की साज़िश के आरोप में पांच साल की सज़ा सुनाई गई है.

    दूसरे विश्व युद्ध के बाद से अब तक फ़्रांस के किसी भी नेता को जेल नहीं हुई थी. आख़िरी बार 1945 में नाज़ी के सहयोगी नेता फ़िलिप पेतैं को देशद्रोह के मामले में जेल भेजा गया था.

    सारकोज़ी 2007 से 2012 तक फ़्रांस के राष्ट्रपति रहे हैं. उन्होंने ला सांते जेल में अपनी सज़ा के ख़िलाफ़ अपील की है.

    सारकोज़ी को इस जेल के आइसोलेशन विंग में रखा गया है. उनका सेल लगभग 9 वर्ग मीटर (95 वर्ग फ़ुट) का है.

    सारकोज़ी इस मामले में अपनी बेगुनाही का दावा कर रहे हैं. उनके बेटे लुई की ओर से अपील के बाद जेल के बाहर उनके समर्थन में लगभग सौ लोग जुटे.

  15. इंग्लैंड के ख़िलाफ़ टेस्ट मैच में चोटिल हुए ऋषभ पंत की हुई वापसी

    ऋषभ पंत

    इमेज स्रोत, Stu Forster/Getty

    इमेज कैप्शन, क्रिस वोक्स की एक यॉर्कर लेंग्थ गेंद को रिवर्स स्वीप करने के प्रयास में पंत चोटिल हुए थे

    इंग्लैंड के ख़िलाफ़ मैनचेस्टर टेस्ट में चोटिल होने के बाद क्रिकेटर ऋषभ पंत ने वापसी की है. उन्हें साउथ अफ़्रीका-ए के ख़िलाफ़ होने वाले मैचों के लिए इंडिया-ए का कप्तान बनाया गया है.

    नवंबर में इंडिया-ए और साउथ अफ़्रीका-ए के बीच दो, चार दिवसीय मैच होने हैं. इसके लिए मंगलवार को बीसीसीआई ने टीम की घोषणा की है.

    दोनों मैचों के लिए अलग-अलग टीम बनाई गई है. दोनों ही टीमों की कप्तानी ऋषभ पंत को दी गई है.

    इसी साल जुलाई महीने में भारतीय टीम इंग्लैंड दौरे पर गई थी, जहां चौथे टेस्ट मैच के दौरान ऋषभ पंत को चोट लगी थी.

    मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफ़र्ड में हुए इस मैच में क्रिस वोक्स की एक यॉर्कर लेंग्थ गेंद को रिवर्स स्वीप करने के प्रयास में पंत चोटिल हुए थे.

    उनके दाएं पैर की छोटी उंगली के पास कट लग गया था, जिससे ख़ून भी बहता दिखा था.

  16. पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ने कहा, अफ़ग़ान तालिबान के साथ हुआ समझौता गोपनीय रहेगा

    ख़्वाजा आसिफ़

    इमेज स्रोत, Asad Zaidi/Bloomberg via Getty

    इमेज कैप्शन, ख़्वाजा आसिफ़ ने बताया कि अफ़ग़ान तालिबान के साथ अगले दौर की बातचीत तुर्की में होगी (फ़ाइल फ़ोटो)

    पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख़्वाजा आसिफ़ ने कहा है कि दोहा में अफ़ग़ान तालिबान के साथ हुए पाकिस्तान के समझौते का ब्योरा गोपनीय रहेगा.

    बीबीसी उर्दू के मताबिक़, ख़्वाजा आसिफ़ ने एआरवाई न्यूज़ से पाकिस्तान और अफ़ग़ानिस्तान के बीच हुए समझौते के बारे में बातचीत की.

    उन्होंने कहा कि पाकिस्तान की बातचीत तहरीक़-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) से नहीं बल्कि अफ़ग़ान तालिबान से हो रही है, जो अफ़ग़ानिस्तान में सत्ता में है और दोहा में अफ़ग़ान तालिबान के साथ हुआ समझौता गोपनीय रहेगा.

    ख़्वाजा आसिफ़ ने कहा कि वह इसका ब्यौरा नहीं दे सकते और इसे गोपनीय रखा जाएगा. उन्होंने कहा कि समझौते में तीन बातें शामिल हैं- शरणार्थियों की वापसी, टीटीपी की सरपरस्ती और युद्धविराम.

    वहीं, जियो न्यूज़ से ख़्वाजा आसिफ़ ने कहा, "हमने टीटीपी से बात नहीं की, हमने अफ़ग़ान तालिबान से बात की है जो वहां शासन करते हैं और हमारे उनके साथ अनौपचारिक राजनयिक संबंध हैं."

    उन्होंने कहा कि हम निश्चित तौर पर टीटीपी के साथ बात नहीं करेंगे.

    ख़्वाजा आसिफ़ ने कहा कि क़तर में पाकिस्तान और अफ़ग़ान तालिबान के बीच हुए समझौते के तहत बनी सहमति को लागू करने के लिए अगले दौर की बातचीत तुर्की में होगी.

    बीते दिनों पाकिस्तानी सेना और अफ़ग़ान तालिबान के सैनिकों के बीच हुईं कई झड़पों के बाद युद्धविराम की सहमति बनी थी. इसके लिए क़तर की राजधानी दोहा में तुर्की और क़तर की मध्यस्थता में बातचीत हुई थी.

    संबंधित कहानियां:

  17. ब्रेकिंग न्यूज़, सनेई तकाइची जापान की पहली महिला प्रधानमंत्री चुनी गईं

    सनेई तकाइची

    इमेज स्रोत, Reuters

    इमेज कैप्शन, 64 साल की तकाइची एक दक्षिणपंथी नेता हैं

    सनेई तकाइची जापान की पहली महिला प्रधानमंत्री चुनी गई हैं. जापानी संसद के दोनों सदनों में हुई वोटिंग में उन्हें बहुमत मिला है.

    64 साल की तकाइची एक दक्षिणपंथी नेता हैं. उन्हें जापान की 'आयरन लेडी' कहा जाता है. जापान का प्रधानमंत्री बनने के लिए यह तकाइची का तीसरा प्रयास है.

    तकाइची सत्तारूढ़ लिबरल डेमोक्रेटिक पार्टी (एलडीपी) की सदस्य हैं. एलडीपी ने पिछले पांच सालों में चौथी बार नया प्रधानमंत्री चुना है. हाल के सालों में यह पार्टी कई घोटालों के आरोपों से घिरी रही है.

    सनेई तकाइची एलडीपी के कट्टरपंथी धड़े से जुड़ी हैं और जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंज़ो आबे की क़रीबी मानी जाती हैं. इससे पहले वह सरकार में मंत्री रह चुकी हैं. वो एक टीवी होस्ट भी रही हैं और हेवी मेटल ड्रमर भी हैं.

    अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने तकाइची की तारीफ़ करते हुए कहा था कि वह "बहुत सम्मानित और बुद्धिमान नेता" हैं.

    प्रधानमंत्री बनने के बाद तकाइची के सामने कई चुनौतियां होंगी, जिनमें से प्रमुख हैं- सुस्त पड़ी अर्थव्यवस्था को तेज़ी देना, अमेरिका-जापान संबंधों में चल रही खटास को संभालना और बंटी हुई सत्तारूढ़ पार्टी को एकजुट करना.

  18. ट्रंप बोले- 'समझौता नहीं होने पर चीन को 155 फ़ीसदी टैरिफ़ चुकाना होगा'

    डोनाल्ड ट्रंप

    इमेज स्रोत, ANDREW CABALLERO-REYNOLDS/AFP via Getty

    इमेज कैप्शन, ट्रंप ने कहा कि बहुत सारे देशों ने अमेरिका का फ़ायदा उठाया है

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि अगर अमेरिका और चीन के बीच व्यापार समझौता नहीं होता है तो नवंबर महीने की पहली तारीख़ से चीन को 155 फ़ीसदी टैरिफ़ चुकाना पड़ सकता है.

    सोमवार को व्हाइट हाउस में पत्रकारों से बातचीत में ट्रंप ने यह बात कही.

    ट्रंप ने कहा, "मुझे लगता है कि चीन हमारे लिए बहुत ही सम्मानित रहा है. वे टैरिफ़ के तौर पर हमें भारी-भरकम पैसे दे रहे हैं. वे 55 फ़ीसदी टैरिफ़ दे रहे हैं, जो कि बहुत ज़्यादा है."

    उन्होंने कहा, "बहुत सारे देशों ने अमेरिका का फ़ायदा उठाया, लेकिन अब वे ऐसा नहीं कर पा रहे हैं. चीन 55 फ़ीसदी टैरिफ़ चुका रहा है और अगर हमारे बीच समझौता नहीं होता है तो एक नवंबर से टैरिफ़ 155 फ़ीसदी हो सकता है."

    ट्रंप ने कहा कि वह चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग से मुलाक़ात करने वाले हैं. उन्होंने बताया कि यह मुलाक़ात आने वाले कुछ हफ़्तों में दक्षिण कोरिया में होगी.

    अमेरिकी राष्ट्रपति ने उम्मीद जताई कि वे दोनों अमेरिका और चीन के हित में कोई समाधान निकाल लेंगे.

    संबंधित कहानियां:

  19. अमेज़न ने कहा- इंटरनेट सेवा में आई समस्या को 'सुलझाया गया', सैकड़ों ऐप्स हुए थे प्रभावित, लिव मैकमोहन और लिली जमाली

    अमेज़न

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, अमेज़न ने कहा कि कुछ सर्विसेस में अब भी दिक्कतें हैं

    अमेज़न वेब सर्विसेज़ (एडब्ल्यूएस) में आई दिक्कत के कारण सोमवार को स्नैपचैट, रेडिट और रोबोलॉक्स जैसी दुनिया की कई बड़ी वेबसाइट अस्थायी रूप से ऑफ़लाइन रहीं.

    इंटरनेट पर नज़र रखने वाले डाउनडिटेक्टर के अनुसार, इस क्लाउड कम्प्यूटिंग कंपनी में आई दिक्कत का असर एक हज़ार से अधिक वेबसाइट्स और ऐप्स पर पड़ा. इनमें लॉयड्स और हैलिफ़ेक्स जैसे बैंक भी शामिल हैं.

    बाद में अमेज़न ने कहा कि उसने समस्या सुलझा ली है लेकिन कुछ सर्विसेस में दिक्कतें अभी भी हैं.

    जानकारों का कहना है कि ये उदाहरण है कि कैसे किसी एक प्रोवाइडर पर निर्भर रहना किसी कंपनी के लिए परेशानी का सबब बन सकता है.

    सरे यूनिवर्सिटी में प्रोफ़ेसर ऐलन वुडवर्ड कहते हैं कि "ये दिखाता है कि हमारा बुनियादी ढांचा किस तरह एक-दूसरे से जुड़ा हुआ है. छोटी-सी भी ग़लती, जो अक्सर इंसानी होती है बड़े पैमाने पर असर डाल सकती है."

    अमेज़न ने क्या बताया?

    अमेज़न ने अब तक न तो ये बताया है कि सोमवार को आई दिक्कत का कारण क्या था और न ही इसे लेकर कोई आधिकारिक बयान दिया है.

    अपने सर्विस अपडेट पन्ने में कंपनी ने कहा है कि "ऐसा लगता है कि ये डीएनएस से जुड़ी गड़बड़ी थी." कंपनी ने कहा "यूएस-ईस्ट-1 रीजन" की कुछ सेवाओं में "रिक्वेस्ट पर बड़ी संख्या में एरर" देखा जा रहा है.

    डीएनएस का मतलब दरअसल डोमेन नेम सिस्टम होता है, ये एक तरह से इंटरनेट का फ़ोनबुक होता है.

    ये वेबसाइट के नामों, जैसे- बीबीसी डॉट कॉम को नंबरों में बदल देता है ताकि कंम्प्यूटर सिस्टम इसे पढ़ सके.

  20. ट्रंप-पुतिन की बैठक में शामिल होने को तैयार हैं ज़ेलेंस्की

    वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की

    इमेज स्रोत, TOM BRENNER/AFP via Getty

    यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने कहा है कि हंगरी में प्रस्तावित ट्रंप और पुतिन की बैठक में अगर उन्हें बुलाया गया तो वह शामिल होने के लिए तैयार हैं.

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने बीते हफ़्ते गुरुवार को फ़ोन पर बातचीत की थी. इसके बाद घोषणा हुई कि दोनों नेता यूक्रेन युद्ध के मुद्दे पर जल्द ही हंगरी की राजधानी बुडापेस्ट में मिलने वाले हैं.

    सोमवार को ज़ेलेंस्की ने पत्रकारों से बातचीत में कहा, "अगर इस बैठक में मुझे बुलाया गया और हम तीनों मिल सकें, या फिर जैसा कहा जा रहा है तीसरे पक्ष की मदद से हम दोनों में बात हो सकी, तो भी किसी न किसी रूप में हम सहमत होंगे."

    इस बीच कई मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि शुक्रवार को व्हाइट हाउस में ट्रंप और ज़ेलेंस्की की बैठक में 'बहस' हुई. इसमें अमेरिकी पक्ष ने ज़ेलेंस्की से कहा कि वह रूस की शर्तें मानें और युद्ध ख़त्म करें.

    इस मुलाक़ात के बाद अपनी पहली प्रेस ब्रीफ़िंग में ज़ेलेंस्की ने सतर्कता बरती, लेकिन उनके बयान से यह साफ़ हुआ कि दोनों पक्षों के बीच कई मुद्दों पर गहरे मतभेद हैं.

    ज़ेलेंस्की ने कहा कि उन्होंने ट्रंप से साफ़ कहा है कि उनका मक़सद "न्यायपूर्ण शांति है, न कि तत्काल शांति".

    इससे पहले ज़ेलेंस्की ने ट्रंप-पुतिन मुलाक़ात के लिए हंगरी को चुने जाने की आलोचना की थी. ज़ेलेंस्की ने कहा था कि हंगरी के प्रधानमंत्री विक्टर ऑर्बन को यूक्रेन और यूरोपीय संघ के कई नेता रूस का सहयोगी मानते हैं.

    उन्होंने कहा, "वह यूक्रेन के लोगों के लिए कुछ भी सकारात्मक नहीं कर सकते या संतुलित योगदान नहीं दे सकते."