अब इस लाइव ब्लॉग को विराम देने का वक़्त आ गया है. बीबीसी संवाददाता उपासना को दीजिए इजाज़त. कल एक नए लाइव ब्लॉग के साथ फिर हाज़िर होंगे. तब तक आप बीबीसी हिन्दी की वेबसाइट पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को उनके साथ दिए गए लिंक पर क्लिक कर पढ़ सकते हैं.
मैक्रों ने कहा, 'यूक्रेन सीज़फ़ायर के बाद उसके 26 सहयोगी देश वहां सैनिकों की तैनाती करेंगे'
फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने रूस पर आरोप लगाया कि वह शांति प्रक्रिया में जानबूझकर देरी कर रहा है
सारांश
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सिंगापुर के प्रधानमंत्री लॉरेंस वॉन्ग से मुलाक़ात के दौरान कहा कि दोनों देशों के बीच साझेदारी बढ़ाने के लिए एक विस्तृत रोडमैप तैयार किया गया है
- मशहूर फ़ैशन डिज़ाइनर जियॉर्जियो अरमानी का 91 साल की उम्र में निधन
- टैरिफ़ पर निचली अदालत से झटका लगने के बाद ट्रंप ने किया सुप्रीम कोर्ट का रुख़
- उत्तर भारत में मौसमी आपदा पर सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र-राज्यों से मांगा जवाब
लाइव कवरेज
सुमंत सिंह, उपासना
मैक्रों ने कहा, 'यूक्रेन सीज़फ़ायर के बाद उसके 26 सहयोगी देश वहां सैनिकों की तैनाती करेंगे'

इमेज स्रोत, Getty Images
फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने कहा है कि यूक्रेन में सीज़फायर के बाद वहां सैनिकों की तैनाती के लिए 26 पश्चिमी देशों ने हामी भर दी है.
मैक्रों के मुताबिक़ इन देशों ने औपचारिक रूप से इस बात की प्रतिबद्धता जताई है कि युद्धविराम समझौते के अगले ही दिन वे 'ज़मीन, समुद्र या हवा' से यूक्रेन में सैनिकों की तैनाती करेंगे.
35 देशों की बैठक के बाद बोलते हुए मैक्रों ने रूस पर आरोप लगाया कि वह शांति प्रक्रिया में जानबूझकर देरी कर रहा है ताकि यूक्रेन के ज़्यादा से ज़्यादा हिस्से पर वो कब्ज़ा कर सके.
पिछले महीने अलास्का में रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की मुलाक़ात के बाद से ही यूक्रेन-रूस शिखर बैठक की उम्मीदें धुंधली हो गई हैं.
ट्रंप ने गुरुवार को पश्चिमी सहयोगियों से फ़ोन पर बात की और मैक्रों ने कहा कि आने वाले दिनों में उन्हें अमेरिका का समर्थन पक्का हो जाएगा.
हालांकि, यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने पत्रकारों को बताया कि अमेरिकी राष्ट्रपति ने उन यूरोपीय देशों की आलोचना भी की जो अब तक रूसी तेल ख़रीदते आ रहे हैं.
27 सदस्यीय यूरोपीय संघ ने 2027 के अंत तक रूसी गैस और तेल के आयात को पूरी तरह समाप्त करने का लक्ष्य तय किया है.
हंगरी और स्लोवाकिया, जिनके नेता रूस के क़रीबी माने जाते हैं, यूरोपीय संघ में रूसी तेल के सबसे बड़े आयातकों में शामिल हैं.
अब तक बहुत कम देशों ने खुले तौर पर यह वादा किया है कि समझौता होने पर वे यूक्रेन की ज़मीन पर सैनिक भेजेंगे, और अमेरिका पहले ही ऐसी संभावना से इनकार कर चुका है.
यूरोपीय राजनयिकों का कहना है कि इस समय सैनिक भेजने की बात करना शायद पुतिन की पश्चिम-विरोधी दलील को ही मज़बूत करेगा.
रूस ने साफ़ कर दिया है कि किसी भी पश्चिमी फ़ौज को यूक्रेन में तैनात नहीं किया जाना चाहिए और उसने इस पर ज़ोर दिया है कि रूस को भी 'गारंटर' देशों में से एक होना चाहिए – जिसे यूक्रेन और उसके सहयोगियों ने खारिज कर दिया है.
फ्रांस के राष्ट्रपति ने कहा कि उन्हें इसमें 'कोई शक नहीं' है कि अमेरिका यूक्रेन की सुरक्षा गारंटी का हिस्सा बनने को तैयार रहेगा.
ट्रंप ने हाल ही में संकेत दिया था कि अमेरिका का समर्थन 'शायद हवाई मदद के रूप में आ सकता है.'
पीएम मोदी के मणिपुर दौरे से पहले हुआ अहम समझौता

इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, कुकी समूहों और गृह मंत्रालय के बीच समझौतों के बाद मणिपुर में शाति बहाली की उम्मीद जगी है. (फाइल फोटो) कुकी-जो परिषद (केजेडसी) ने गुरुवार को राष्ट्रीय राजमार्ग- 2 को यात्रियों और जरूरी चीज़ों की स्वंतत्र आवाजाही के लिए खोलने का फ़ैसला किया है.
यह फ़ैसला नई दिल्ली में पिछले कुछ दिनों में गृह मंत्रालय के अधिकारियों और केजेडसी के प्रतिनिधिमंडल के बीच हुई कई बैठकों के बाद लिया गया.
केजेडसी ने भारत सरकार की तरफ से एनएच-2 पर शांति बनाए रखने के लिए तैनात सुरक्षा बलों के साथ सहयोग की प्रतिबद्धता जताई है.
यह ख़बर ऐसे समय में आई है जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 13 सितंबर को मणिपुर के दौरे पर जाने वाले हैं.
गुरुवार को गृह मंत्रालय ने मणिपुर सरकार, कुकी नेशनल ऑर्गनाइजेशन (केएनओ) और यूनाइटेड पीपुल्स फ्रंट (यूपीएफ) के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की थी.
बैठक में तीनों पक्षों ने सस्पेंशन ऑफ़ ऑपरेशन्स समझौते पर साइन किया. इसमें दोबारा बातचीत की नियम और शर्तें तय की गईं, जो समझौते पर साइन की तारीख़ से एक साल की अवधि के लिए प्रभावी होंगी.
पश्चिम बंगालः विधानसभा में हंगामे के बीच बीजेपी के पांच विधायक निलंबित

इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, चीफ व्हिप डॉ. शंकर घोष को जब मार्शल बाहर ले जा रहे थे उसी दौरान वो बेहोश हो गए (फाइल फोटो) पश्चिम बंगाल की विधानसभा में गुरुवार को जमकर हंगामा हुआ. हंगामे की वजह से कार्रवाई बाधित होने के कारण बीजेपी के 5 विधायकों को निलंबित कर दिया गया.
विधानसभा अध्यक्ष (स्पीकर) बिमान बनर्जी ने पांच बीजेपी विधायकों- चीफ व्हिप डॉ. शंकर घोष, अग्निमित्रा पाल, मिहिर गोस्वामी, अशोक डिंडा और बंकिम घोष को सदन की शेष कार्यवाही से निलंबित कर दिया.
निलंबन के बाद मार्शल जब शंकर घोष को बाहर ले जा रहे थे उसी वक्त वो बेहोश हो गए. उन्हें तुरंत एंबुलेंस से अस्पताल ले जाया गया.
दरअसल, बंगाली प्रवासियों पर कथित अत्याचार से संबंधित एक सरकारी प्रस्ताव को लेकर विधानसभा में चर्चा हो रही थी. इसी दौरान हंगामा हुआ.
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी प्रस्ताव पर बोलने वाली थीं, तभी बीजेपी विधायकों ने नारेबाजी शुरू कर दी.
तृणमूल कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी(बीजेपी) के विधायकों ने एक दूसरे के ख़िलाफ़ जमकर नारेबाज़ी की.
टीएमसी विधायक "वोट चोर बीजेपी" के नारे लगा रहे थे तो बीजेपी विधायक "चाकरी चोर टीएमसी" के नारे लगा रहे थे. दोनों ही पक्षों ने इसे पश्चिम बंगाल के लोकतंत्र के लिए काला दिन घोषित कर दिया.
स्टेडियम में जाकर आईपीएल मैच देखने वाले फ़ैंस को सरकार ने दिया झटका

इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, जीएसटी की नई दरों के बाद आईपीएल मैच सबसे महंगे टैक्स रेट के दायरे में आ गए हैं (फाइल फोटो) जीएसटी काउंसिल ने बुधवार की रात नई जीएसटी दरों का ऐलान कर दिया. इन बदलावों के बाद अब स्टेडियम जाकर आईपीएल मैच देखना महंगा हो जाएगा.
सरकार ने आईपीएल टिकटों पर टैक्स की दरें 28 प्रतिशत से बढ़ाकर 40 प्रतिशत कर दिया है. इसी के साथ आईपीएल भारत में सबसे महंगी टैक्स दर के दायरे में आ जाएगा.
कसीनो और रेस क्लब या कसीनो या रेस क्लब वाली जगहों को भी सरकार ने इसी रेंज में रखा है.
पहले 1000 रुपये की टिकट जो 1280 रुपये की पड़ती थी, वो नई दरों के बाद अब 1400 रुपये की पड़ेगी.
सरकार ने कहा है कि जीएसटी की नई दरें 22 सितंबर से लागू होंगी.
मशहूर फ़ैशन डिज़ाइनर जियॉर्जियो अरमानी का 91 साल की उम्र में निधन

इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, लंबे समय से बीमार चल रहे जियॉर्जियो अरमानी ने गुरुवार को आख़िरी सांस ली इटली के मशहूर फ़ैशन डिज़ाइनर और अरबपति जियॉर्जियो अरमानी का 91 साल की उम्र में निधन हो गया. उनकी कंपनी ने गुरुवार को इसकी जानकारी दी.
बयान में कहा गया, “बड़े दुखः के साथ बताना पड़ रहा है कि अरमानी ग्रुप के क्रिएटर, फाउंडर और उसे चलाने वाली शक्ति जियॉर्जियो अरमानी का निधन हो गया है.”
अरमानी पिछले कुछ समय से बीमार चल रहे थे. उन्होंने अपने घर पर, अपनों के बीच अंतिम सांस ली.
अरमानी का जन्म 11 जुलाई, 1934 को हुआ था. 91 साल की जिंदगी में अरमानी ने फ़ैशन की दुनिया में अरमानी ग्रुप को बड़ा नाम बनाया.
अरमानी “रे जियॉर्जियो” यानी किंग जियॉर्जियो के नाम से मशहूर थे. फ़ैशन में अपनी रचनात्मकता से उन्होंने लोगों के पहनावे के तौर-तरीके को ही बदल दिया.
आधुनिक इटेलियन स्टाइल का श्रेय भी अरमानी को दिया जाता है. उन्हें फ़ैशन की दुनिया का क्रांतिकारी भी कहा जाता है.
हमास सभी बंधक छोड़ने पर राज़ी, इसराइल को ऑफ़र क्यों नहीं स्वीकार?- दिनभर- पूरा दिन, पूरी ख़बर मोहम्मद शाहिद और सुमिरन प्रीत कौर से..
छोड़िए YouTube पोस्टGoogle YouTube सामग्री की इजाज़त?चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है. YouTube सामग्री में विज्ञापन हो सकते हैं.इस लेख में Google YouTube से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले Google YouTube cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.
पोस्ट YouTube समाप्त
जीएसटी में राहत के बाद पहली प्रतिक्रिया में क्या बोले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी?

इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, जीएसटी स्लैब को सरल करते हुए केवल दो मुख्य स्लैब- 5 प्रतिशत और 18 प्रतिशत लागू होंगे. 12 और 28 प्रतिशत के स्लैब को खत्म कर दिया गया है. गुड्स एंड सर्विसेज टैक्स (जीएसटी) में राहत पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पहली बार प्रतिक्रिया दी है.
उन्होंने कहा कि 'लाल क़िले से मैंने देशवासियों से कहा था कि दिवाली-छठपूजा से पहले खुशियों का डबल धमाका होगा. नवरात्रि के पहले दिन 22 सितंबर से नेक्स्ट जेनरेशन जीएसटी रिफॉर्म लागू हो जाएगा.'
पीएम मोदी बोले, "8 साल पहले जीएसटी लागू हुआ था तब कई दशकों का सपना पूरा हुआ था. ये आज़ाद भारत के सबसे बड़े आर्थिक सुधारों में से एक था."
"21वीं सदी में आगे बढ़ते भारत में जीएसटी में भी नेक्स्ट जेनरेशन रिफॉर्म की ज़रूरत थी, जिसे किया गया."
उन्होंने आगे कहा, "नवरात्रि से ही देश के करोड़ों परिवारों की ज़रूरतें और सस्ते में पूरी होनी शुरू हो जाएंगी. धनतेरस में और रौनक रहेगी, क्योंकि दर्जनों चीजों पर टैक्स अब बहुत कम हो गया है."
"गरीब, मिडिल क्लास, किसान, महिलाएं, स्टूडेंट, नौजवान सभी को जीएसटी में कटौती से भारी फायदा होने वाला है. महीने का खर्च कम हो जाएगा. जो लोग नौकरी शुरू करने जा रहे हैं उन्हें भी इसका फायदा महसूस होगा."
उन्होंने कहा, "ये बदलाव देश के लिए सपोर्ट और ग्रोथ की डबल डोज है. परिवारों की बचत भी होगी और देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती भी मिलेगी."
महबूबा मुफ़्ती का केंद्र सरकार पर हमला- 'मंदिरों को पिकनिक स्पॉट बना दिया'

इमेज स्रोत, Getty Images
पीपल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) चीफ महबूबा मुफ्ती ने जम्मू-कश्मीर में मौसमी आपदा पर प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने विकास के नाम पर पेड़ों की कटाई रोकने की अपील की है.
उन्होंने कहा, "हमारी सरकार ने ज़मीन, जंगल और नदियां मामूली दाम पर ठेकेदारों को सौंप दी. जैसे चाहे वैसे इस्तेमाल करने दिया."
"इन्हें समझ नहीं आता कि भगवान ने अपने रहने के लिए ऊंचे पहाड़ों और जंगलों के एकांत को क्यों चुना था. ये मंदिर हैं, जहां इंसान 3-4 महीने तैयारी करके जाता है. इन्हें पिकनिक स्पॉट बना दिया गया है."
उन्होंने कहा "चारधाम के लिए उत्तराखंड के आसपास इतनी सड़कें बनाई गईं कि आज इनमें से दो धाम बंद हैं."
"अमृतसर-कटरा छह लेन हाईवे बनाया जा रहा है. इसमें भी पेड़ कटने हैं. कटरा में लोगों की रोजीरोटी छीनकर रोपवे बनाया जा रहा है. उसके लिए भी बहुत सारे पेड़ काटे जाएंगे."
उन्होंने आगे कहा,"जब तक हम लोग, यहां के नागरिक नहीं जागेंगे और इन्हें नहीं रोकेंगे, ये नहीं रुकेंगे. सुप्रीम कोर्ट और हरित न्यायाधिकरण भी इन्हें रोक पाने में असफल रहा है."
पाकिस्तान के पीएम शहबाज़ शरीफ ने चीन के पीएम से की मुलाक़ात, क्या हुई बात?

इमेज स्रोत, x/cmshehbaz
इमेज कैप्शन, पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ शंघाई सहयोग संगठन(एससीओ) के शिखर सम्मेलन के लिए चीन पहुंचे थे पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ ने गुरुवार को चीन के प्रधानमंत्री ली कियांग से मुलाक़ात की.
उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इसकी जानकारी दी.
लिखा, "प्रधानमंत्री ली कियांग के साथ आज बेहद सफल मुलाक़ात की. हमने पाकिस्तान-चीन रणनीतिक सहयोग और साझेदारी को और मजबूत करने के संकल्प को दोहराया."
उन्होंने लिखा, "सीपीईसी अब अगले चरण में पहुंच रहा है. सीपीईसी के सफल कार्यान्वयन के ज़रिए पाकिस्तान के सामाजिक और आर्थिक विकास को समर्थन देने के लिए चीन के नेताओं और वहां के लोगों का शुक्रिया अदा किया."
दरअसल, चीन पाकिस्तान में एक आर्थिक गलियारा तैयार कर रहा है, जिसे चाइना-पाकिस्तान इकोनॉमिक कॉरिडोर (सीपीईसी) कहा जाता है.
पाकिस्तानी पीएम ने लिखा, "राष्ट्रपति शी जिनपिंग की लीडरशिप से प्रोत्साहित होकर हम एक मजबूत पाकिस्तान-चीन समुदाय बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं."
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ शंघाई सहयोग संगठन(एससीओ) के शिखर सम्मेलन के लिए चीन पहुंचे थे.
सम्मेलन के इतर उन्होंने चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के अलावा तुर्की और ताजिकिस्तान के शीर्ष नेताओं साथ बैठक की है.
उत्तर भारत में मौसमी आपदा पर सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र-राज्यों से मांगा जवाब

इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, भारी बारिश के बाद श्रीनगर में झेलम नदी में पानी का स्तर लगातार बढ़ता जा रहा है उत्तर भारत के राज्यों में भारी बारिश और भूस्खलन की घटनाओं पर सुप्रीम कोर्ट ने गुरुवार को केंद्र और हिमाचल प्रदेश, जम्मू और कश्मीर, उत्तराखंड और पंजाब को नोटिस जारी किया है.
मामले की सुनवाई कर रहे चीफ़ जस्टिस बी आर गवई और जस्टिस के विनोद चंद्रन ने केंद्रीय पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय, नेशनल हाईवे अथॉरिटीज ऑफ इंडिया (एनएचएआई) को भी नोटिस भेजा है.
पर्यावरणविद् अनामिका राणा ने हिमालयन राज्यों में खासकर जम्मू और कश्मीर, हिमाचल और उत्तराखंड में जारी अभूतपूर्व मौसम संबंधी आपदाओं पर सुप्रीम कोर्ट में याचिका दी थी.
याचिका में कहा गया है कि इन क्षेत्रों में पेड़ों की अवैध कटाई मौजूदा आपदाओं के लिए ज़िम्मेदार है.
उनके वकील आकाश वशिष्ठ ने पीटीआई को बताया, "कोर्ट ने इस मामले को बेहद गंभीरता से लिया है. कोर्ट ने नोटिस जारी कर दो सप्ताह के अंदर जवाब दाखिल करने को कहा है."
नाइजीरिया में नाव पलटने से 32 लोगों की मौत, बसील्लिओह रुकांगा/चुक्वुनाएमे ओबिएजेसी, बीबीसी संवाददाता

इमेज स्रोत, Reuters
इमेज कैप्शन, बताया जा रहा है कि नाव पर 100 से ज्यादा लोग सवार थे, जो उसकी क्षमता से अधिक है (फाइल फोटो) नाइजीरिया के उत्तर में बसे नाइजर राज्य में बुधवार को नाव पलटने से कम से कम 32 लोगों की मौत हो गई.
नाव पर क्षमता से ज्यादा लोग सवार थे. 100 से ज्यादा यात्रियों से भरी इस नाव पर सवार लोगों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल थे.
अधिकारियों ने बताया कि नाइजर नदी में एक पेड़ डूबा हुआ था. उससे टकराने की वहज से नाव पलट गई.
राज्य में नेशनल इमरजेंसी मैनेजमेंट एजेंसी के प्रवक्ता अब्दुल्लाही बाबा अरा ने बीबीसी को बताया कि 50 से ज्यादा लोगों को निकाल लिया गया है. 8 अभी भी लापता हैं. उनके लिए तलाश अभियान जारी है.
एक स्थानीय अधिकारी ने न्यूज एजेंसी रॉयटर्स को बताया कि मरने वालों का आंकड़ा 60 तक पहुंच सकता है.
टैरिफ़ पर निचली अदालत से झटका लगने के बाद ट्रंप ने किया सुप्रीम कोर्ट का रुख़

इमेज स्रोत, Getty Images
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने टैरिफ़ पर निचली अदालत के फ़ैसले के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट का रुख़ किया है.
निचली अदालत ने उनके टैरिफ़ वाले कई फ़ैसलों को ग़ैरक़ानूनी बताया था, ट्रंप ने इसी के ख़िलाफ अपील की है.
बुधवार की रात ट्रंप प्रशासन की तरफ से दाखिल याचिका में जजों से तुरंत दखल देने की अपील की गई है.
प्रशासन ने मांग की है कि जज आदेश दें कि राष्ट्रपति के पास दूसरे देशों पर ऐसे आयात शुल्क लगाने की ताकत है.
पिछले सप्ताह अमेरिका की निचली अदालत ने अपने आदेश में कहा था कि ट्रंप ने जिस इमरजेंसी इकॉनॉमिक पावर्स एक्ट के तहत टैरिफ़ लगाए हैं वो राष्ट्रपति के अधिकार क्षेत्र में नहीं आते.
आदेश में ये भी कहा गया है कि शुल्क लगाने का अधिकार पूरी तरह संसद का है.
ट्रंप के टैरिफ़ वाले फैसले को छोटे कारोबारियों ने कोर्ट में चुनौती दी है. उनके वकीलों ने भरोसा जताया है कि वो केस जीतेंगे.
अगर सुप्रीम कोर्ट निचली अदालत के फैसले की समीक्षा से इनकार करता है तो यह फैसला 14 अक्तूबर से प्रभावी हो जाएगा.
ऐसा होने पर ट्रंप के आर्थिक और विदेश नीति के एजेंडे को भारी झटका लगेगा. उन्हें टैरिफ़ के नाम पर मिले अरबों डॉलर वापस लौटाने पड़ेंगे.
राजस्थानः किसान की हत्या के बाद जैसलमेर में तनाव, चार सौ पुलिसकर्मी तैनात, मोहर सिंह मीणा, बीबीसी संवाददाता

इमेज स्रोत, Bharat Jangid/BBC
इमेज कैप्शन, जैसलमेर में एक किसान की हत्या के बाद ग्रामीणों ने कई दुकानों में आगजनी की, जिसको देखते हुए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किए गए हैं राजस्थान में जैसलमेर ज़िले के फतेहगढ़ तहसील के डांगरी गांव में दो सितंबर की रात एक किसान की हत्या के बाद से तनाव के हालात हैं.
माहौल को देखते हुए डांगरी गांव में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किए गए हैं.
परिजनों का कहना है कि मृतक किसान खेत सिंह ने अभियुक्तों को हिरण का शिकार करने से रोका था, जिसके बाद उन्होंने खेत सिंह पर हमला कर उनकी हत्या कर दी.
घटना के विरोध में परिजनों समेत सैकड़ों की संख्या में लोग धरने पर बैठे हुए हैं. आक्रोशित ग्रामीणों ने बीती रात कई दुकानों में आगजनी की थी. एहतियातन बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है.
पचास साल के मृतक किसान खेत सिंह का शव पोस्टमॉर्टम के बाद से बाड़मेर अस्पताल की मोर्चरी में रखा है.

इमेज स्रोत, भरत जांगिड़, बीबीसी
इमेज कैप्शन, मृतक किसान का शव बाड़मेर अस्पताल की मोर्चरी में रखा हुआ है जैसलमेर के पुलिस अधीक्षक (एसपी) अभिषेक शिवहरी ने बीबीसी को फ़ोन पर बताया, "शव पोस्टमॉर्टम के बाद बाड़मेर अस्पताल की मोर्चरी में रखा हुआ है. इस मामले में हमने कार्रवाई करते हुए तीन अभियुक्तों को हिरासत में लिया है."
परिजनों के आरोप पर फतेहगढ़ के डिप्टी एसपी रूप सिंह ने बीबीसी को बताया, "परिजनों का यही कहना है. लेकिन, इस मामले में हम जांच करने के बाद ही कुछ कह पाएंगे.”
उन्होंने बताया, "धरना दे रहे ग्रामीणों ने अपनी मांगें फिलहाल तक हमें नहीं बताई हैं. हम परिजनों को समझाने के प्रयास कर रहे हैं."

इमेज स्रोत, भरत जांगिड़, बीबीसी
इमेज कैप्शन, डांगरी गांव में घटना के विरोध में ग्रामीण धरने पर बैठे हैं. पुलिस परिजनों से समझाइश को कोशिश कर रही है डिप्टी एसपी आगे बताते हैं कि, "हमने गांव और आसपास के इलाक़े में चार सौ पुलिसकर्मियों की तैनाती की है. बीते दिन पंचर लगाने वाली कुछ दुकानों में आग लगाई गई थी. लेकिन अभी शांति है."
इस मामले पर पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भी सोशल मीडिया एक्स पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि राजस्थान में जंगलराज अपने चरम पर है.
उन्होंने लिखा, "जैसलमेर में एक व्यक्ति की महज़ इसलिए हत्या हो जाना क्योंकि उसने कुछ लोगों को शिकार करने से रोका था."
"ये बता रहा है कि अब आम आदमी किस कदर असुरक्षित है और गुंडाराज कितना हावी हो चुका है. हालातों से बेखबर प्रदेश के मुख्यमंत्री भ्रम जी रहे हैं."
जोधपुर से लोकसभा सांसद और केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने भी इस घटना की आलोचना की. उन्होंने कहा, "ऐसी घटनाओं का लोकतांत्रिक समाज में कोई स्थान नहीं है. प्रशासन दोषियों के खिलाफ़ कड़ी कार्रवाई करेगा."
"दोषियों को किसी भी परिस्थिति में बख्शा नहीं जाएगा. पीड़ित परिवार को न्याय दिलाया जाएगा."
अमित मिश्रा ने क्रिकेट से लिया संन्यास, बोले- 'अब क्रिकेट को वापस लौटाने का समय'

इमेज स्रोत, X/@MishiAmit
इमेज कैप्शन, अमित मिश्रा ने भारत के लिए 22 टेस्ट, 36 वनडे और 10 टी20 मैच खेले हैं भारतीय क्रिकेटर अमित मिश्रा ने क्रिकेट से संन्यास ले लिया है. इसकी जानकारी उन्होंने सोशल मीडिया के ज़रिए दी.
अमित मिश्रा ने एक्स पर लिखा, "आज, 25 साल बाद मैं क्रिकेट से संन्यास लेने की घोषणा करता हूं. यह खेल मेरा पहला प्यार रहा है, मेरा शिक्षक और मेरी सबसे बड़ी ख़ुशी का स्रोत रहा है. यह सफ़र अनगिनत भावनाओं से भरा रहा."
उन्होंने कहा, "मैं बीसीसीआई, हरियाणा क्रिकेट एसोसिएशन, अपने कोचों, सहयोगी स्टाफ़, साथियों और सबसे अहम फ़ैंस का शुक्रगुजार हूं, जिनके भरोसे और समर्थन ने हर कदम पर मुझे मज़बूती दी."
अमित मिश्रा ने कहा कि क्रिकेट ने उन्हें बहुत कुछ दिया है, अब क्रिकेट को लौटाने का समय है.
अमित मिश्रा ने भारत के लिए 22 टेस्ट मैच खेले हैं. इनमें उन्होंने 76 विकेट झटके हैं. उन्होंने 36 वनडे इंटरनेशनल मैचों में 64 विकेट लिए हैं, जबकि 10 टी20 मैचों में 16 विकेट हासिल किए हैं.
उन्होंने 162 आईपीएल मैच खेले हैं, जिसमें 174 विकेट अपने नाम किए हैं.
नमस्कार!
अब तक बीबीसी संवाददाता सुमंत सिंह आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे. अब से रात 10 बजे तक बीबीसी संवाददाता उपासना आप तक अहम ख़बरें पहुंचाएंगी.
बीबीसी हिन्दी के पन्ने पर लगी कुछ अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.
पीएम मोदी और सिंगापुर के प्रधानमंत्री के बीच द्विपक्षीय बैठक, इन मुद्दों पर बनी सहमति

इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, पीएम मोदी ने कहा कि दक्षिण-पूर्व एशिया में सिंगापुर भारत का सबसे बड़ा ट्रेड पार्टनर है प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और सिंगापुर के प्रधानमंत्री लॉरेंस वॉन्ग के बीच द्विपक्षीय बैठक हुई. इस दौरान पीएम मोदी ने कहा कि दोनों देशों के बीच साझेदारी बढ़ाने के लिए एक विस्तृत रोडमैप तैयार किया गया है.
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, "आज दक्षिण-पूर्व एशिया क्षेत्र में सिंगापुर हमारा सबसे बड़ा ट्रेड पार्टनर है. सिंगापुर से भारत में बड़े स्तर पर निवेश हुआ है. हमारे रक्षा संबंध निरंतर मज़बूत हुए हैं."
उन्होंने कहा, "आज हमने अपनी पार्टनरशिप के भविष्य के लिए एक विस्तृत रोडमैप तैयार किया है. हमारा सहयोग केवल पारंपरिक क्षेत्रों तक सीमित नहीं रहेगा. बदलते समय के अनुरूप एडवांस मैनुफैक्चरिंग, ग्रीन शिपिंग, स्किलिंग, सिविल न्यूक्लियर और अर्बन वॉटर मैनेजमेंट जैसे क्षेत्र भी हमारे सहयोग के केंद्र बिंदु बनेंगे."
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत और सिंगापुर ने फ़ैसला किया है कि आपसी व्यापार में तेज़ी लाने के लिए द्विपक्षीय कॉम्प्रिहेंसिव इकोनॉमिक कोऑपरेशन समझौता और आशियान के हमारे मुक्त व्यापार समझौते का समयबद्ध तरीक़े से रिव्यू किया जाएगा.
सिंगापुर के प्रधानमंत्री लॉरेंस वॉन्ग तीन दिवसीय भारत दौरे पर हैं. भारत में आज उनके दौरे का आख़िरी दिन है. इससे पहले वॉन्ग और भारतीय विदेश मंत्री एस जयशंकर की भी मुलाक़ात हुई.
उत्तर भारतीय राज्यों में बाढ़ पर मायावती ने सरकारों से ये कहा

इमेज स्रोत, Ajay Aggarwal/ Hindustan Times via Getty
इमेज कैप्शन, मायावती ने कहा कि सभी ज़रूरी बुनियादी सुविधाओं पर ध्यान देना होगा (फ़ाइल फ़ोटो) उत्तर भारतीय राज्यों में भारी बारिश के बाद आई बाढ़ पर बहुजन समाज पार्टी की अध्यक्ष मायावती ने सरकारों से बाढ़ प्रभावित लोगों की हर तरह से मदद करने की अपील की है.
मायावती ने एक्स पर लिखा, "देश के विभिन्न राज्यों ख़ासकर पंजाब, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, दिल्ली, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, असम आदि में भारी बरसात और भूस्खलन की घटनाएं हुई हैं. इसके कारण ग्रामीण क्षेत्रों में बाढ़ से व्यापक जान-माल और पशुधन का नुक़सान हो रहा है."
उन्होंने कहा, "गुरुग्राम और नोएडा जैसे शहरी इलाक़ों में भी भारी जलभराव की समस्याओं से करोड़ों परिवारों को ज़बरदस्त कठिनाइयों और आर्थिक तंगी का सामना करना पड़ रहा है. ऐसे में मानवता के नाते लोगों का पीड़ितों की मदद के लिए बड़े पैमाने पर आगे आने की ख़बरें और तस्वीरें काफी राहत देने वाली हैं."
मायावती ने सरकारों से अपील की, "ऐसे बुरे हालात में केंद्र और राज्य सरकारों को जनता के प्रति अपनी ज़िम्मेदारी निभाते हुए सभी पीड़ित परिवारों को हर प्रकार की मदद करनी चाहिए."
उन्होंने कहा कि सरकारों को आगे के लिए सभी ज़रूरी बुनियादी सुविधाओं पर ध्यान देना होगा, जिससे कि जन समस्याएं हर साल जटिल ना हों.
जीएसटी में बदलाव को लेकर कांग्रेस के दावों का सरकार ने दिया ये जवाब

इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी का कहना है कि मोदी सरकार ने सभी राज्यों का भरोसा जीतकर जीएसटी लागू किया है जीएसटी काउंसिल की बैठक में नई जीएसटी दरों पर बनी सहमति के बाद राजनीतिक दलों के बीच इसका श्रेय लेने की होड़ मच गई है.
कांग्रेस ने कहा है कि वह 2017 से ही जीएसटी में सुधार की मांग कर रही है. वहीं सत्तापक्ष का कहना है कि मोदी सरकार ने सभी राज्यों का भरोसा जीतकर जीएसटी लागू किया है.
केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने कहा, "प्रधानमंत्री मोदी के आने के पहले से जीएसटी लागू करने की प्रक्रिया चल रही थी. लेकिन कहीं न कहीं सभी राज्यों का उस समय की केंद्र सरकार पर भरोसा न होने की वजह से बात नहीं बन पा रही थी."
उन्होंने कहा, "मोदी जी के आने के बाद सभी राज्यों का भरोसा हमने जीता और जीएसटी लागू किया. और आठ साल तक सकुशलतापूर्वक चलाने का भी काम किया."
केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री ने कहा, "प्रधानमंत्री जी ने न्यू जेनरेशन रिफॉर्म्स की बात की है. इस पर हम साल भर से काम कर रहे थे. इसके बाद ये बात सामने आई कि जीएसटी को आसान बनाया जाए."
इससे पहले कांग्रेस नेता और पूर्व वित्त मंत्री पी चिदंबरम ने कहा, "हम पिछले 8 साल से जीएसटी की संरचना और दरों के ख़िलाफ़ लगातार आवाज़ उठा रहे थे, लेकिन हमारी अपीलों को अनसुना कर दिया गया."
वहीं जयराम रमेश ने कहा, "कांग्रेस लंबे समय से जीएसटी 2.0 की वकालत करती रही है."
सिंगापुर के प्रधानमंत्री लॉरेंस वॉन्ग से मिले विदेश मंत्री एस जयशंकर, क्या बोले

इमेज स्रोत, X/@DrSJaishankar
इमेज कैप्शन, सिंगापुर के प्रधानमंत्री लॉरेंस वॉन्ग ने कहा है कि नई दिल्ली की यात्रा की शुरुआत प्रोडक्टिव रही है सिंगापुर के प्रधानमंत्री लॉरेंस वॉन्ग भारत दौरे पर हैं. गुरुवार को भारतीय विदेश मंत्री एस जयशंकर से उनकी मुलाक़ात हुई.
इस मुलाक़ात की तस्वीरें एक्स पर पोस्ट करते हुए विदेश मंत्री एस जयशंकर ने लिखा, "आज सुबह दिल्ली में सिंगापुर के प्रधानमंत्री से मिलकर ख़ुशी हुई. भारत-सिंगापुर संबंधों को मज़बूत बनाने के लिए उनके निरंतर प्रोत्साहन की सराहना करता हूं."
उन्होंने कहा, "मुझे भरोसा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से आज उनकी होने वाली बातचीत दोनों देशों के बीच संबंधों के लिए एक रोडमैप तैयार करेगी."
इससे पहले सिंगापुर के प्रधानमंत्री वॉन्ग ने भी एक्स पर पोस्ट कर उनके दौरे की जानकारी दी.
उन्होंने लिखा, "नई दिल्ली की यात्रा की शुरुआत अच्छी रही. बीती शाम मैं प्रवासी सिंगापुरियों और सिंगापुर के मित्रों के साथ एक विशेष कार्यक्रम में शामिल हुआ. इसमें शामिल होने के लिए भारत के अलग-अलग हिस्सों से लोग आए थे."
वॉन्ग ने कहा, "सिंगापुर के सेमीकंडक्टर उद्योग के कई कारोबारी भी हमारे साथ शामिल हुए. ये सभी सेमिकॉन इंडिया कार्यक्रम के लिए नई दिल्ली में मौजूद हैं."
सिंगापुर के प्रधानमंत्री लॉरेंस वॉन्ग तीन दिवसीय भारत दौरे पर हैं. भारत में आज उनके दौरे का आख़िरी दिन है.
