You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

मैक्रों ने कहा, 'यूक्रेन सीज़फ़ायर के बाद उसके 26 सहयोगी देश वहां सैनिकों की तैनाती करेंगे'

फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने रूस पर आरोप लगाया कि वह शांति प्रक्रिया में जानबूझकर देरी कर रहा है

सारांश

लाइव कवरेज

सुमंत सिंह, उपासना

  1. रूसी राष्ट्रपति पुतिन बोले- 'अमेरिका भारत से ऐसे बात नहीं कर सकता'

    रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने भारत और चीन को लेकर अमेरिका के रवैये पर टिप्पणी की है. उन्होंने कहा है कि अमेरिका इस तरीक़े से भारत और चीन के साथ बर्ताव नहीं कर सकता.

    बुधवार को चीन में पत्रकारों से बातचीत में भारत और चीन पर अमेरिकी दबाव को लेकर पुतिन ने कहा, "आपके पास भारत जैसे देश हैं, जिसकी आबादी क़रीब 1.5 अरब है. चीन एक ताक़तवर अर्थव्यवस्था वाला देश है. लेकिन इन देशों के अपने घरेलू राजनीतिक मैकेनिज़्म हैं."

    उन्होंने कहा, "आपको यह सोचना होगा कि उन बड़े देशों का नेतृत्व कैसा है. इन देशों का इतिहास भी ऐसा रहा है, जिनमें उन्होंने कठिन समय देखे हैं. लंबे समय तक उपनिवेशवाद का सामना करना पड़ा. आपको समझना होगा कि अगर उनमें से किसी ने कमज़ोरी दिखाई तो उनका राजनीतिक करियर ख़त्म हो जाएगा."

    पुतिन ने कहा, "कॉलोनियल युग अब ख़त्म हो चुका है. आपको यह समझना होगा कि आप इन देशों से इस तरीक़े से बात नहीं कर सकते हैं."

    पुतिन ने यह भी कहा कि अंत में चीज़ें ठीक हो जाएंगी. सब कुछ अपनी जगह पर आ जाएगा और दोबारा राजनीतिक बयानबाजी नहीं होगी.

    हाल ही में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत पर 50 फ़ीसदी टैरिफ़ लगाया है. इसके पीछे उनकी दलील है कि भारत पर दबाव बनाकर रूस को यूक्रेन में युद्धविराम के लिए राज़ी किया जा सकता है.

    ट्रंप का कहना है कि भारत रूस से बड़ी मात्रा में तेल ख़रीदता है और इसके ज़रिए वह यूक्रेन जंग के लिए रूस की वित्तीय मदद कर रहा है.

  2. नए जीएसटी रिफॉर्म्स पर जयराम रमेश बोले- 'जीएसटी 2.0 का इंतज़ार अभी भी है'

    कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने नए जीएसटी रिफ़ॉर्म्स को 'जीएसटी 1.5' बताया है और कहा है कि 'असली जीएसटी 2.0 का इंतज़ार अभी भी किया जा रहा है'.

    उन्होंने जीएसटी काउंसिल की बैठक से पहले ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा नए सुधारों के ऐलान पर भी सवाल उठाया है.

    जयराम रमेश ने एक्स पर लिखा, "कांग्रेस लंबे समय से जीएसटी 2.0 की वकालत करती रही है... वित्त मंत्री ने कल शाम जीएसटी परिषद की बैठक के बाद बड़े ऐलान किए. हालांकि, जीएसटी परिषद की बैठक से पहले ही प्रधानमंत्री ने 15 अगस्त के अपने भाषण में इसकी घोषणा कर दी थी. क्या जीएसटी परिषद अब केवल एक औपचारिकता बनकर रह गई है?"

    उन्होंने कहा, "जीएसटी 1.0 की डिज़ाइन ही त्रुटिपूर्ण थी, और कांग्रेस ने जुलाई 2017 में ही इस पर ध्यान दिला दिया था."

    जयराम रमेश ने कहा, "असली जीएसटी 2.0 का इंतज़ार अभी भी किया जा रहा है. क्या यह नया जीएसटी 1.5 (अगर इसे ऐसा कहा जा सके) निजी निवेश, विशेषकर विनिर्माण क्षेत्र को प्रोत्साहित करेगा? यह देखना बाकी है."

    बुधवार को जीएसटी काउंसिल की बैठक के बाद वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बताया कि दो दरों वाली जीएसटी व्यवस्था पर सहमति बनी है. उन्होंने बताया कि 12 फ़ीसदी और 28 फ़ीसदी दरों के स्लैब को ख़त्म कर दिया गया है और दो नई दरों 5 फ़ीसदी और 18 फ़ीसदी को लेकर आम सहमति बनी है.

  3. दिल्ली: यमुना का जलस्तर 207 मीटर के ऊपर, देखिए बाढ़ की तस्वीरें

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, गुरुवार सुबह 7 बजे दिल्ली के पुराने रेलवे पुल पर यमुना नदी का जलस्तर 207.48 मीटर दर्ज किया गया है.

    एजेंसी ने आधिकारिक आंकड़ों के हवाले से बताया कि सुबह 6 बजे से 7 बजे के बीच जलस्तर 207.48 मीटर पर स्थिर रहा.

    सुबह 5 बजे जलस्तर 207.47 मीटर दर्ज किया गया था, जबकि सुबह 6 बजे यह 207.48 मीटर पर पहुंचा. अधिकारियों के मुताबिक़, रात 2 बजे से सुबह 5 बजे तक जलस्तर 207.47 मीटर पर स्थिर रहा.

    यमुना नदी का पानी आसपास के इलाक़ों में लगातार घुस रहा है, जिससे लोगों को काफ़ी समस्याएं आ रही हैं.

    राहत-बचाव के लिए राजधानी में एनडीआरएफ़ की टीमें तैनात की गई हैं. इसके अलावा राहत शिविर लगाए गए हैं, जहां रेस्क्यू किए गए लोगों को रखा जा रहा है.

    दिल्ली में बाढ़ की कुछ तस्वीरें:

  4. चिदंबरम ने कहा 'बहुत देर से हुए' जीएसटी में सुधार, उठाए कई सवाल

    पूर्व वित्त मंत्री पी चिदंबरम ने नए जीएसटी रिफ़ॉर्म्स पर जीएसटी काउंसिल की सहमति के बाद केंद्र सरकार पर निशाना साधा है. उन्होंने कहा कि सरकार ने जीएसटी की संरचना में बदलाव करने में बहुत देर की.

    चिदंबरम ने एक्स पर लिखा, "जीएसटी सुधार और वस्तुओं और सेवाओं की दरों में कटौती स्वागत योग्य है, लेकिन यह 8 साल बाद हुआ, जो कि बहुत लेट है.

    उन्होंने कहा, "जीएसटी की मौजूदा संरचना और अब तक लागू दरों को शुरू से ही लागू नहीं किया जाना चाहिए था. हम पिछले 8 साल से जीएसटी की संरचना और दरों के ख़िलाफ़ लगातार आवाज़ उठा रहे थे, लेकिन हमारी अपीलों को अनसुना कर दिया गया."

    चिदंबरम ने सवाल उठाया कि केंद्र सरकार ने जीएसटी की संरचना में बदलाव किस वजह से किया.

    उन्होंने कहा, "यह देखना दिलचस्प होगा कि सरकार को बदलाव करने के लिए किस चीज़ ने प्रेरित किया. धीमी आर्थिक वृद्धि? बढ़ता हुआ घरेलू कर्ज़? घटती घरेलू बचत? बिहार में चुनाव? ट्रंप और उनके टैरिफ़? या इन सबका मेल?"

    वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बुधवार को बताया कि जीएसटी काउंसिल की बैठक में दो दरों वाली जीएसटी व्यवस्था पर सहमति बनी है. उन्होंने बताया कि 12 फ़ीसदी और 28 फ़ीसदी दरों के स्लैब को ख़त्म कर दिया गया है और दो नई दरों 5 फ़ीसदी और 18 फ़ीसदी को लेकर आम सहमति बनी है.

  5. प्रधानमंत्री मोदी दो दरों वाली जीएसटी व्यवस्था पर सहमति बनने पर क्या बोले

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जीएसटी काउंसिल की बैठक में दो दरों वाली जीएसटी (गुड्स और सर्विसेज़ टैक्स) व्यवस्था पर सहमति बनने पर कहा कि इससे आम आदमी, किसान, एमएसएमई, मध्यम वर्ग, महिलाएं और नौजवानों को फ़ायदा मिलेगा.

    पीएम मोदी ने एक्स पर पोस्ट किया, "जीएसटी रिफ़ॉर्म्स का उद्देश्य आम आदमी के जीवन को आसान बनाना और अर्थव्यवस्था को मज़बूत करना है. जीएसटी काउंसिल ने जीएसटी दरों में कटौती और सुधारों से जुड़े प्रस्तावों पर सहमति जताई है, जिससे आम आदमी, किसान, एमएसएमई, मध्यम वर्ग, महिलाएं और नौजवानों को फ़ायदा मिलेगा."

    प्रधानमंत्री ने कहा, "ये व्यापक सुधार हमारे नागरिकों के जीवन को बेहतर बनाएंगे और सभी को व्यापार करने में आसानी होगी, ख़ासकर छोटे व्यापारियों और कारोबारों को."

    वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बुधवार की रात जीएसटी को लेकर कई बड़ी घोषणाएं कीं. उन्होंने बताया कि जीएसटी काउंसिल की बैठक में दो दरों वाली जीएसटी व्यवस्था पर सहमति बनी है.

    वित्त मंत्री ने बताया कि 12 फ़ीसदी और 28 फ़ीसदी दरों के स्लैब को ख़त्म कर दिया गया है. दो नई दरों 5 फ़ीसदी और 18 फ़ीसदी को लेकर आम सहमति बनी है.

  6. पुर्तगाल: लिस्बन में पटरी से उतरी ट्रेन, कम से कम 15 लोगों की मौत

    पुर्तगाल की राजधानी लिस्बन की मशहूर ग्लोरिया फ्युनिक्युलर ट्रेन का एक डिब्बा पटरी से उतर जाने से कम से कम 15 लोगों की मौत हो गई और 18 लोग घायल हुए हैं. यह जानकारी पुर्तगाल की इमरजेंसी सर्विसेज़ ने दी है.

    यह हादसा बुधवार शाम क़रीब छह बजे (स्थानीय समयानुसार) हुआ. पुर्तगाल की इमरजेंसी मेडिकल सर्विस अथॉरिटी ने बताया कि घायलों में से पांच की हालत गंभीर है और बाकी 13 लोगों को मामूली चोटें आई हैं. इनमें एक बच्चा भी शामिल है.

    पहले बताया गया था कि कई लोग घटना स्थल पर फंसे हुए थे. लेकिन अधिकारियों ने बताया कि अब सभी को बाहर निकाल लिया गया है.

    पुर्तगाल के राष्ट्रपति मर्सेलो रेबेलो डी सूज़ा ने हादसे के पीड़ित परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की है. लिस्बन के मेयर कार्लोस मोएदस ने कहा कि यह राजधानी के लिए "एक दुखद पल" है.

    इमरजेंसी सर्विसेज़ ने कहा कि मारे गए लोगों में विदेशी भी शामिल हैं, हालांकि वे किस देश के नागरिक हैं अभी इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है.

  7. नमस्कार!

    बीबीसी हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता सुमंत सिंह अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    हमारे होम पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.