You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

दूसरे टी20 मैच में भारत ने श्रीलंका को 7 विकेट से हराकर सिरीज़ अपने नाम की

डकवर्थ लुईस नियम (डीएलएस) से भारत को जीत के लिए आठ आवरों में 78 रनों का लक्ष्य दिया गया जिसे भारत ने तीन विकेट के नुक़सान पर हासिल कर लिया.

सारांश

  • गोलान हाइट्स हमला: मृतकों को विदा देने पहुंचे हज़ारों लोग, अंतरराष्ट्रीय जगत ने संयम बरतने की अपील की
  • पेरिस ओलंपिक 2024: मनु भाकर ने शूटिंग में पदक जीतकर भारत का खाता खोला
  • कोचिंग सेंटर हादसा: डीसीपी सेंट्रल एम हर्षवर्धन ने कहा, छात्रों पर नहीं हुआ लाठीचार्ज
  • सीयूईटी-यूजी के नतीजे घोषित, नेशनल टेस्टिंग एजेंसी ने बताया कैसे देखें रिज़ल्ट
  • श्रीलंका बनी वुमेन एशिया कप की विजेता, भारत को आठ विकेट से हराया

लाइव कवरेज

दीपक मंडल

  1. गोलान पहाड़ियों पर हमले के जवाब में इसराइल की हिज़बुल्लाह पर कार्रवाई

    इसराइली एयर फोर्स ने कहा है उसने गोलान पहाड़ियों पर रॉकेट हमले के जवाब में लेबनान में हिज़बुल्लाह के ठिकानों पर हमला किया है.

    इसराइल के क़ब्ज़े वाली गोलान पहाड़ियों में फुटबॉल की एक पिच पर रॉकेट हमले में 12 बच्चे और किशोर मारे गए थे.

    इसराइल ने कहा है कि हमला हिज़बुल्लाह ने किया है, जबकि हिज़बुल्लाह ने इससे इनकार किया है.

    रविवार की सुबह इसराइली सेना ने कहा कि उसने लेबनान के काफी अंदर हिज़बुल्लाह के सात ठिकानों पर हमला किया है. अभी ये पता नहीं चल पाया है कि इस हमले में कितने लोग हताहत हुए हैं.

    सात अक्टूबर 2023 के बाद इसराइल की उत्तरी सीमा पर किया गया ये हमला मौतों के लिहाज़ से सबसे घातक था.

    हमले के तुरंत बाद इसराइली प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू ने कहा था कि हिज़बुल्लाह को इसकी भारी कीमत चुकानी होगी.

    इसके कुछ ही घंटे बाद इसराइल ने हिज़बुल्लाह के ठिकानों पर हमला बोल दिया.

  2. दिल्ली के राजेंद्र नगर में यूपीएससी कोचिंग सेंटर में जिन तीन छात्रों की हुई मौत वो कौन थे?

    दिल्ली के राजेंद्र नगर इलाक़े में एक यूपीएससी कोचिंग सेंटर के बेसमेंट में पानी भरने से तीन लोगों की मौत हुई है. दिल्ली पुलिस ने तीनों छात्रों की पहचान सार्वजनिक की है.

    सेंट्रल दिल्ली के डीसीपी एम हर्षवर्द्धन ने समाचार एजेंसी एएनआई से बताया है कि एक छात्रा यूपी के अंबेडकरनगर, दूसरी छात्रा तेलंगाना और एक छात्र केरल के एर्नाकुलम का रहने वाला था.

    उन्होंने बताया, “श्रेया यादव यूपी के अंबेडकरनगर की रहने वाली थीं. तान्या सोनी का स्थाई पता तेलंगाना का था तो वहीं नेविन डेल्विन केरल के एर्नाकुलम के रहने वाले थे. सभी दिवंगत लोगों के परिजनों को सूचित कर दिया गया है.”

    डीसीपी हर्षवर्द्धन ने बताया कि इस मामले में कोचिंग इंस्टीट्यूट और इमारत के मैनेजमेंट के ख़िलाफ़ एफ़आईआर दर्ज की गई है.

    उन्होंने बताया कि इस मामले में जांच जारी है और किसी भी दोषी को बख़्शा नहीं जाएगा.

  3. स्वाति मालीवाल पहुंचीं राजेंद्र नगर, दिल्ली सरकार और मेयर से किए सवाल

    दिल्ली के राजेंद्र नगर इलाक़े में एक यूपीएससी कोचिंग सेंटर में तीन छात्रों की मौत के बाद आम आदमी पार्टी की राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल ने घटनास्थल का दौरा किया है.

    घटनास्थल पर छात्र स्थानीय अव्यवस्था और जल निकासी को लेकर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं.

    इस दौरान स्वाति मालीवाल ने समाचार एजेंसी एएनआई से कहा है कि छात्र दुखी और ग़ुस्से में हैं क्योंकि अब तक न तो दिल्ली सरकार के किसी मंत्री, दिल्ली की मेयर या किसी अधिकारी ने घटनास्थल का दौरा नहीं किया है.

    उन्होंने कहा, “इन बच्चों को अपने हाल पर छोड़ा गया है. ये कोई आपदा नहीं बल्कि सीधे सीधे मर्डर है. सरकार के सभी नुमाइंदों पर एफ़आईआर दर्ज होनी चाहिए.”

    स्वाति मालीवाल ने कहा कि जितने बच्चे मरे हैं सरकार को उनके परिजनों को एक करोड़ रुपये की सहायता राशि देनी चाहिए.

    “मंत्री और मेयर को तुरंत घटनास्थल पर आना चाहिए और छात्रों से माफ़ी मांगनी चाहिए. मैं इस मुद्दे को संसद में उठाऊंगी.”

    वहीं घटनास्थल का दौरा करने पर छात्रों ने स्वाति मालीवाल का विरोध भी किया. प्रदर्शनकारी छात्रों का कहना था कि वो इस पर राजनीति नहीं करने देंगे.

  4. संतोष गंगवार बनाए गए राज्यपाल, नौ राज्यों को मिले नए राज्यपाल

    राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कई राज्यों के लिए नए राज्यपालों की नियुक्ति की है. समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़ कुछ राज्यों के राज्यपालों को दूसरे राज्यों में भी भेजा गया है.

    इन नई नियुक्तियों में के. कैलाशनाथन को पुद्दुचेरी का नया उप-राज्यपाल नियुक्त किया गया है.

    वहीं लक्ष्मण प्रसाद आचार्य को असम का राज्यपाल बनाया गया है. उन्हें मणिपुर के राज्यपाल का भी अतिरिक्त प्रभार दिया गया है.

    राष्ट्रपति ने असम के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया को पंजाब का राज्यपाल और चंडीगढ़ का प्रशासक नियुक्त किया है.

    जबकि झारखंड के राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन को महाराष्ट्र का नया राज्यपाल बनाया गया है.

    सीएच विजय शंकर मेघालय के राज्यपाल जबकि संतोष कुमार गंगवार झारखंड के राज्यपाल बनाए गए हैं.

    रमण डेका को छत्तीसगढ़ का और जिष्णु देव वर्मा को तेलंगाना का राज्यपाल बनाया गया है. ओम प्रकाश माथुर को सिक्किम का राज्यपाल नियुक्त किया गया है.

    हरिबाबू किशनराव बागड़े को राजस्थान के राज्यपाल की ज़िम्मेदारी दी गई है.

  5. गोलान पहाड़ियों पर रॉकेट हमले में 13 बच्चों की मौत, नेतन्याहू ने कहा- बदला लेंगे

    इसराइल के क़ब्ज़े वाली गोलान पहाड़ियों पर एक रॉकेट हमले में 12 बच्चों और एक किशोर की मौत हो गई है.

    एक फ़ुटबॉल पिच पर रॉकेट से किए गए इस हमले में दस से ज़्यादा लोग घायल भी हुए हैं.

    इसराइली सेना ने बताया कि रॉकेट हिज़बुल्लाह ने दागा है. लेकिन हिज़बुल्लाह ने इसराइली सेना के इस दावे का खंडन किया है.

    इसराइली सेना का कहना है कि रॉकेट मजदल शम्स के द्रुज़ शहर पर दागा गया है.

    इसराइली प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू ने इस हमले की निंदा करते हुए कहा है कि हमलावर को इसकी भारी क़ीमत चुकानी होगी.

    इस हमले के बाद इसराइल और हिज़बुल्लाह में सीधी जंग छिड़ सकती है. पिछले साल अक्टूबर में इसराइल-ग़ज़ा युद्ध छिड़ने के बाद इसराइली सेना और हिज़बुल्लाह के बीच लगातार गोलीबारी हो रही है.

  6. पेरिस ओलंपिक: हॉकी में भारत का जीत के साथ आग़ाज़, न्यूज़ीलैंड को 3-2 से हराया

    पेरिस ओलंपिक में भारतीय हॉकी टीम ने जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत की है. शनिवार को हुए ग्रुप-बी के एक मैच में भारत ने न्यूज़ीलैंड को तीन के मुक़ाबले दो गोल से हरा दिया.

    भारत की ओर से मनदीप सिंह (24वें मिनट), विवेक सागर प्रसाद (34वें मिनट) और कप्तान हरमनप्रीत सिंह (59वें मिनट) ने गोल किया. जबकि न्यूज़ीलैंड की ओर से सैम लेन (8वें मिनट) और सिमोन चाइल्ड (53वें मिनट) ने गोल कियाा.

    भारत ने आक्रामक खेल के साथ शुरुआत की. कप्तान हरमनप्रीत और अभिषेक ने लगातार न्यूज़ीलैंड के डिफेंस पर दबाव बनाए रखा.

    खेल के शुरुआती दौर में न्यूज़ीलैंड को भारतीय पाले में घुसने के लिए कड़ी मेहनत करनी पड़ी. टीम शुरुआत में डिफेंस खेल रही थी. हालांकि न्यूज़ीलैंड की टीम बाद में हमलावर तेवरों के साथ खेली.

    मैच में न्यूज़ीलैंड को भारत के ख़िलाफ़ कई पेनल्टी कॉर्नर मिले. लेकिन गोलकीपर पीआर श्रीजेश ने शानदार बचाव किया.

  7. दिल्ली के एक कोचिंग इंस्टीट्यूट के बेसमेंट में पानी भरा, तीन छात्रों की मौत

    दिल्ली में एक कोचिंग इंस्टीट्यूट के बेसमेंट में पानी भरने से तीन लोगों की मौत हो गई है.

    मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक़, पाए गए शवों में दो महिला छात्रों और एक पुरुष छात्र का है.

    ये हादसा शनिवार को दिल्ली के राजेंद्र नगर इलाक़े के एक यूपीएससी कोचिंग सेंटर में हुआ.

    सेंट्रल दिल्ली के डीसीपी एम. हर्षवर्द्धन ने बताया है कि मरने वाले सभी लोगों के शव बरामद कर लिए गए हैं. इस संबंध में क़ानूनी प्रक्रियाएं पूरी की जा रही हैं.

    उन्होंने बताया कि बेसमेंट से पंप के ज़रिये लगातार पानी निकाला जा रहा है. अब ये काम जल्द ही पूरा होने वाला है.

    बेसमेंट में फंसे 13-14 स्टूडेंट्स को निकाल लिया गया है. इनमें से तीन को अस्पताल भेजा गया है.

    बताया जा रहा है कि तीनों स्टूडेंट्स इस कोचिंग में यूपीएससी की सिविल सर्विसेज़ परीक्षा की तैयारी कर रहे थे.

  8. नमस्कार!

    बीबीसी हिंदी के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है.

    27 जुलाई की ख़बरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.