You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

ओलंपिक 2024: ओपनिंग सेरेमनी में पीवी सिंधु ने भारतीय दल का नेतृत्व किया, पहली बार नदी में हुआ कार्यक्रम

नाव पर सवार सिंधु ने हाथ में भारतीय झंडा लेकर लहराते हुई दिखीं. इस दौरान सभी भारतीय खिलाड़ी अपने हाथों में भारतीय झंडा लिए लिये दिखे.

सारांश

  • उपद्रवियों ने पेरिस में रेलवे नेटवर्क में की तोड़फोड़, 8 लाख लोग प्रभावित
  • बराक और मिशेल ओबामा ने किया राष्ट्रपति पद के लिए कमला हैरिस का समर्थक
  • अग्निवीरों को पुलिस में आरक्षण के लिए अब यूपी, एमपी और उत्तराखंड ने भी भरी हामी
  • कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा ने नेतन्याहू पर साधा निशाना, कहा- ग़ज़ा में हो रहा जनसंहार
  • भव्य ओपनिंग सेरेमनी के साथ पेरिस में ओलंपिक खेलों का आगाज़, पीवी संधू के हाथ तिरंगा

लाइव कवरेज

मानसी दाश, अभिषेक पोद्दार

  1. अमित शाह पर टिप्पणी मामला: यूपी के सुल्तानपुर कोर्ट में पेश होंगे राहुल गांधी

    मानहानि के एक मामले में पेश होने के लिए कांग्रेस नेता राहुल गांधी शुक्रवार को उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर कोर्ट पहुंचे.

    भाजपा नेता और गृह मंत्री अमित शाह पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने को लेकर राहुल गांधी के ख़िलाफ़ केस दर्ज कराया गया था. यह मामला 2018 का है.

    बीजेपी नेता विजय मिश्रा ने राहुल गांधी पर बेंगलुरु में एक प्रेस वार्ता के दौरान अमित शाह को लेकर अपमानजनक टिप्पणी करने का आरोप लगाया था.

    संसद में विपक्ष के नेता राहुल गांधी शुक्रवार सवेरे विमान से लखनऊ हवाई अड्डे पहुंचे, जिसके बाद वो सुल्तानपुर कोर्ट के लिए रवाना हुए.

    इस मामले में राहुल गांधी को 20 फरवरी को जमानत मिली थी.

    उस समय राहुल गांधी अपनी भारत जोड़ो यात्रा बीच में छोड़कर कोर्ट की पेशी में शामिल हुए थे.

    विशेष न्यायाधीश शुभम वर्मा ने राहुल गांधी को कोर्ट में पेश होने के लिए समन किया था. साथ ही उन्होंने चेतावनी भी दी है कि अगर वे कोर्ट में पेश नहीं होते हैं तो उनके ख़िलाफ़ कड़ी कार्रवाई की जाएगी.

    राहुल गांधी लगातार पिछली 12 सुनवाई में शामिल नहीं हुए हैं. पिछली सुनवाई में उनके वकील काशी प्रसाद शुक्ला ने कहा था कि राहुल गांधी अपने संसदीय दायित्वों के चलते सुनवाई में शामिल नहीं हो पाए हैं.

    बेंगलुरु में की गई राहुल गांधी की टिप्पणी के बाद 4 अगस्त 2018 को उनके ख़िलाफ़ मानहानि का मामला दर्ज़ कराया गया था.

    राहुल गांधी ने भाजपा पर हमला करते हुए कहा था कि पार्टी साफ़ और ईमानदार राजनीति में विश्वास करने का दावा करती है जबकि पार्टी के अध्यक्ष एक हत्या के मामले में "आरोपी" हैं. उनका संकेत अमित शाह की तरफ था क्योंकि वह उस वक्त पार्टी के अध्यक्ष थे.

  2. कारगिल युद्धः वो 'ग़ायब' पाकिस्तानी फ़ौजी, जिन्हें वापस नहीं लाया जा सका

  3. कारगिल विजय दिवस: लद्दाख में पीएम मोदी ने अग्निपथ पर रखा अपना पक्ष

    कारगिल विजय दिवस के मौक़े पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लद्दाख में हैं. कारगिल विजय दिवस की 25वीं वर्षगांठ पर प्रधानमंत्री ने कहा, "आज लद्दाख की ये महान धरती कारगिल विजय के 25 वर्ष पूरे होने की साक्षी बन रही है.''

    प्रधानमंत्री ने कहा कि हमारी सेनाओं ने बीते वर्षों में कई साहसिक निर्णय किए हैं.

    सेना द्वारा किए गए ज़रूरी सुधार का एक उदाहरण अग्निपथ योजना भी है. दशकों तक संसद से लेकर अनेक कमिटियों में सेना को युवा बनाने पर चर्चा होती रही है.

    उन्होंने कहा, ''अग्निपथ का लक्ष्य सेना को युवा बनाना है. अग्निपथ का लक्ष्य सेना को युद्ध के लिए निरंतर योग्य बनाए रखना है.

    उन्होंने कहा, ''दुर्भाग्य से राष्ट्रीय रक्षा से जुड़े इतने संवेदनशील विषय को कुछ लोगों ने राजनीति का विषय बना दिया है. कुछ लोग सेना के इस सुधार पर भी अपने व्यक्तिगत स्वार्थ में झूठ की राजनीति कर रहे हैं.''

    प्रधानमंत्री ने कहा कि, ये वही लोग हैं, जिन्होंने सेना में हज़ारों-करोड़ों रुपये के घोटाले करके हमारी सेना को कमज़ोर किया है. ये वही लोग हैं जो चाहते थे कि एयरफ़ोर्स को कभी आधुनिक फ़ाइटर जेट न मिल पाए.

    उन्होंने कहा कि शायद कुछ लोगों की मानसिकता ही ऐसी थी कि सेना मतलब नेताओं को सलाम करना, परेड करना. हमारे लिए सेना मतलब है 140 करोड़ देशवासियों की आस्था, 140 करोड़ देशवासियों की शांति की गारंटी और देश की सीमा की सुरक्षा की गारंटी.

    प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत की सैनिकों की औसत आयु ग्लोबल औसत से अधिक होना हम सभी की चिंता बढ़ाता रहा है.

    इसलिए ये विषय वर्षों तक कई कमिटियों में भी उठाया गया. लेकिन देश की सुरक्षा से जुड़ी इस चुनौती के समाधान की पहले इच्छाशक्ति नहीं दिखाई गई.

  4. मुंबई में भारी बारिश को लेकर रेड अलर्ट, पुलिस ने जारी की एडवाइज़री

    बारिश और तूफ़ान को लेकर मुंबई पुलिस ने एडवाइज़री जारी की है.

    मुंबई पुलिस ने गुरुवार को मौसम विभाग के रेड अलर्ट का हवाला देते हुए एडवाइज़री जारी की है.

    एडवाइज़री में लोगों से बिना ज़रूरत के घरों से बाहर न निकलने की अपील की गई है. हालांकि बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) ने शुक्रवार को स्कूल और कॉलेजों के खुले रखने की घोषणा की है.

    मौसम विभाग ने 26 जुलाई यानी आज को लेकर रेड अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग ने दिन भर बारिश और आंधी की आशंका जताई है.

    शहर में बारिश के कारण जलभराव, जाम और यातायात की समस्या बनी हुई है.

    मुंबई पुलिस ने सोशल मीडिया वेबसाइट एक्स पर लिखा है कि मौसम विभाग ने 26 जुलाई सुबह 8:30 तक के लिए रेड अलर्ट जारी किया है. सभी मुंबईकरों से अनुरोध है कि जब तक ज़रूरी न हो घरों में रहे और सुरक्षित रहें.

    एडवाइज़री में लोगों से आपात की स्थिति में 100 नंबर डायल करने का अनुरोध किया गया है.

    जहां एक तरफ मुंबई पुलिस ने शुक्रवार को पूरे दिन बारिश की चेतावनी जारी की है.

    वहीं दूसरी तरफ़ गुरुवार देर शाम बीएमसी ने कहा है कि मुंबई में बारिश और मौसम सामान्य है और शुक्रवार को सभी शिक्षण संस्थान सामान्य रूप से खुले रहेंगे.

  5. बीजेपी ने दिलीप जायसवाल को दी बिहार बीजेपी की कमान

    भारतीय जनता पार्टी ने बिहार में सांगठनिक फ़ेरबदल किया है. बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने दिलीप जायसवाल को पार्टी का नया प्रदेश अध्यक्ष बनाया है.

    बीजेपी ने इससे पहले बिहार बीजेपी की कमान सम्राट चौधरी के पास थी लेकिन उपमुख्यमंत्री बनने के बाद उन्हें इस ज़िम्मेदारी से मुक्त कर दिया गया है.

    दिलीप जायसवाल अभी बिहार सरकार में राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के मंत्री हैं.

    राज्यसभा सदस्य मदन राठौर को राजस्थान में सी.पी जोशी की जगह पर पार्टी का नया अध्यक्ष बनाया गया है. राजस्थान में बीजेपी को इस बार लोकसभा चुनाव में उम्मीद के मुताबिक़ जीत नहीं मिली थी. 2019 के लोकसभा चुनाव में बीजेपी ने राजस्थान की सभी सीटों पर जीत दर्ज की थी.

    राजस्थान की 25 लोकसभा सीटों में से 14 पर बीजेपी और 11 पर कांग्रेस को जीत मिली थी.

    बीजेपी ने कई राज्यों के प्रभारी व सह प्रभारियों की भी नियुक्त है.

    असम में हरीश द्विवेदी, चंडीगढ़ में सांसद अतुल गर्ग, लक्षद्वीप में अरविंद मेनन, राजस्थान में सांसद राधा मोहन दास अग्रवाल, तमिलनाडु में अरवींद मेनन और त्रिपुरा में राजदीप रॉय को बीजेपी ने प्रभारी पद पर नियुक्त किया है.

    राजस्थान में विजया रहाटकर और तमिलनाडु में सुधाकर रेड्डी को सह प्रभारी नियुक्त किया गया है.

  6. ग़ज़ा में जारी युद्ध पर मतभेदों के बीच राष्ट्रपति बाइडन से मिले इसराइली पीएम

    इसराइल के प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू अभी अमेरिका के दौरे पर हैं. इस बीच उन्होंने अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन से मुलाक़ात की है.

    इससे पहले बिन्यामिन नेतन्याहू ने अमेरिकी कांग्रेस के संयुक्त सत्र को भी संबोधित किया था.

    व्हाइट हाउस ने कहा है कि राष्ट्रपति जो बाइडन और बिन्यामिन नेतन्याहू ने मुलाक़ात की है और ग़ज़ा युद्ध विराम समझौते को लेकर दोनों पक्षों में मतभेद सुलझाने को लेकर बातचीत हुई.

    नेतन्याहू ने अमेरिकी कांग्रेस को संबोधित करने के बाद राष्ट्रपति बाइडन से मुलाक़ात की.

    नेतन्याहू के भाषण के दौरान हज़ारों फ़लस्तीन समर्थकों ने बिल्डिंग के बाहर विरोध प्रदर्शन किया था.

    अमेरिका की उपराष्ट्रपति कमला हैरिस ने भी नेतन्याहू से मुलाक़ात की है. हैरिस ने कहा है कि उन्होंने ग़ज़ा में हो रही मौतों को लेकर गंभीर चिंता जताई है.

    नेतन्याहू ने कहा कि आने वाले कुछ महीनों तक वह राष्ट्रपति बाइडन के साथ मौजूदा मुद्दों पर काम करने को लेकर उत्सुक हैं.

    ग़ज़ा युद्ध को शुरू हुए 9 महीने हो चुके हैं. बिन्यामिन नेतन्याहू पर अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय स्तर पर युद्ध को समाप्त करने को लेकर काफ़ी दबाव है.

  7. नमस्कार

    बीबीसी हिंदी के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है.

    25 जुलाई की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें