टेक्सास में बाढ़ से मरने वालों की संख्या 27 हुई, मृतकों में 9 बच्चे

अमेरिका के टेक्सास में आई अचानक बाढ़ में मरने वालों की संख्या बढ़कर 27 हो गई है. इससे पहले मरने वालों की संख्या 25 बताई गई थी.

सारांश

लाइव कवरेज

प्रवीण और सुरभि गुप्ता

  1. हमास अमेरिका के युद्ध विराम प्रस्ताव पर तुरंत वार्ता करने के लिए तैयार

    ग़ज़ा

    इमेज स्रोत, Reuters

    इमेज कैप्शन, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हमास से युद्ध विराम के लिए नए प्रस्ताव को स्वीकार करने के लिए कहा है

    हमास का कहना है कि उसने ग़ज़ा युद्ध विराम और बंधकों की रिहाई पर अमेरिका के पेश किए गए नए प्रस्ताव पर 'सकारात्मक प्रतिक्रिया' दी है.

    हमास ने बयान जारी कर कहा कि वह तुरंत वार्ता के लिए तैयार है.

    वार्ता की जानकारी रखने वाले फ़लस्तीनी अधिकारी ने बीबीसी को बताया कि हमास ने प्रस्ताव की रूपरेखा को स्वीकार कर लिया है.

    हालांकि हमास ने अमेरिका के प्रस्ताव पर संशोधनों की मांग की है.

    अमेरिका और इसराइल की ओर से हालांकि अभी इस पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी गई है.

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मंगलवार को कहा कि इसराइल ने 60 दिन के युद्ध विराम के लिए ज़रूरी शर्तों को स्वीकार कर लिया है.

    ट्रंप ने हमास से इस प्रस्ताव को स्वीकार करने के लिए कहा था. ट्रंप ने चेतावनी दी थी कि अगर हमास इस प्रस्ताव को स्वीकार नहीं करता है तो हालात और ख़राब हो सकते हैं.

  2. अमेरिका के टेक्सास में बाढ़ की वजह से 13 लोगों की हुई मौत

    टेक्सास में बाढ़

    इमेज स्रोत, Eric Vryn/Getty Images

    इमेज कैप्शन, टेक्सास में बाढ़ के कारण गंभीर हालात बने हुए हैं

    अमेरिका के टेक्सास में बाढ़ की वजह से 13 लोगों की मौत हो गई है. प्रशासन का कहना है कि बाढ़ के चलते 20 बच्चे लापता हैं.

    टेक्सास के लेफ्टिनेंट गवर्नर डैन पैट्रिक ने कहा, "बाढ़ वाले इलाक़ों में बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान चलाया जा रहा है. जिसमें हेलीकॉप्टर और बचाव दल की नौ टीमें शामिल हैं."

    डैन पैट्रिक ने कहा है कि मरने वालों की संख्या में बढ़ोतरी हो सकती है.

    हेलीकॉप्टर

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, लापता लोगों की खोज के लिए हेलीकॉप्टर इस्तेमाल किया जा रहा है

    डैन पैट्रिक ने ये भी कहा है कि सड़कों पर पानी भरा होने की वजह से मरने वालों की तलाश करने में देरी हो रही है.

    मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि पश्चिमी टेक्सास में आने वाले कुछ घंटों में बाढ़ से हालात और गंभीर हो सकते हैं.

  3. त्रिनिदाद और टोबैगो की संसद में पीएम मोदी ने बिहार से कनेक्शन पर भी बात की

    पीएम नरेंद्र मोदी

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, पीएम नरेंद्र मोदी को त्रिनिदाद और टोबैगो के सर्वोच्च नागरिक सम्मान से नवाज़ा गया है

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने त्रिनिदाद और टोबैगो के दौरे के दौरान देश की संसद में भाषण दिया है.

    पीएम मोदी ने कहा, "आप सभी जानते हैं कि भारतीयों के लिए डेमोक्रेसी सिर्फ़ एक पॉलिटिकल मॉडल भर नहीं है. हमारे लिए ज़िंदगी जीने का रास्ता है. हमारी हज़ारों वर्षों की महान विरासत है."

    "त्रिनिदाद और टोबैगो की संसद में भी कई साथी ऐसे हैं जिनके पूर्वज बिहार से हैं. वे बिहार जो महाजनपदों यानी प्राचीन गणतंत्र की भूमि है."

    पीएम मोदी ने कहा, "दोनों देशों के बीच संबंधों में एक स्वाभाविक गर्मजोशी है. मुझे कहना होगा कि भारतीय वेस्टइंडीज़ क्रिकेट टीम के सबसे बड़े प्रशंसकों में से हैं. हम पूरे दिल से उनका साथ देते हैं, सिवाय इसके कि जब वे भारत के ख़िलाफ़ खेल रहे हों.

    "दोनों देशों के बीच संबंध सदियों पुराने बंधनों की नींव पर बने हैं. 180 साल पहले पहली बार भारतीय एक लंबी और कठिन यात्रा के बाद इस धरती पर आए थे."

    पीएम नरेंद्र मोदी को त्रिनिदाद और टोबैगो का सर्वोच्च नागरिक सम्मान 'द ऑर्डर ऑफ़ द रिपब्लिक ऑफ त्रिनिदाद एंड टोबैगो' से सम्मानित भी किया गया.

  4. भारतीय महिला क्रिकेट टीम को इंग्लैंड ने तीसरे टी20 मैच में पांच रन से हराया

    शेफाली वर्मा

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, तीसरे टी20 मुक़ाबले में शेफ़ाली वर्मा ने 47 रन की पारी खेली

    लंदन के द ओवल मैदान पर खेले गए पांच टी20 मैचों की सिरीज़ के तीसरे मुक़ाबले में भारतीय महिला क्रिकेट टीम को इंग्लैंड ने पांच रन से मात दी.

    इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाज़ी करते हुए 20 ओवर में 9 विकेट के नुक़सान पर 171 रन बनाए.

    इस लक्ष्य का पीछा करते हुए स्मृति मंधाना और शेफ़ाली वर्मा ने पहले विकेट के लिए 81 रन की पार्टनरशिप की.

    मंधाना ने 56 रन की पारी खेली, जबकि शेफ़ाली वर्मा ने 47 रन बनाए.

    लेकिन 20 ओवर में भारतीय टीम 5 विकेट के नुक़सान पर 166 रन ही बना पाई और मैच को पांच रन से गंवा दिया.

    हालांकि भारतीय टीम सिरीज़ के पहले दो मुकाबले जीतने में कामयाब रही है. भारत पांच मैचों की सिरीज़ में 2-1 से आगे है.

    सिरीज़ का अगला मुक़ाबला 9 जुलाई को मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफ़र्ड स्टेडियम में खेला जाएगा.

  5. नमस्कार

    बीबीसी हिंदी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है.

    मैं बीबीसी संवाददाता प्रवीण अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    बीबीसी हिंदी की कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर भी क्लिक कर सकते हैं.