You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

जो बाइडन ने 39 अमेरिकी नागरिकों की सज़ा को किया माफ़

मौजूदा अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने अहिंसक अपराधों के दोषी 39 अमेरिकी नागरिकों की सज़ा को माफ़ कर दिया है.

सारांश

  • भारतीय शतरंज खिलाड़ी गुकेश डी दुनिया के सबसे कम उम्र के वर्ल्ड चेस चैंपियन बने हैं
  • दुनिया की सबसे प्रतिष्ठित पत्रिकाओं की फ़ेहरिस्त में शामिल टाइम मैगज़ीन ने डोनाल्ड ट्रंप को अपना 'पर्सन ऑफ़ द ईयर' 2024 चुना है
  • जेएनयू में गुरुवार को फ़िल्म 'द साबरमती रिपोर्ट' की स्क्रीनिंग के दौरान पत्थरबाज़ी की घटना सामने आई है
  • सुप्रीम कोर्ट ने आदेश दिया है कि जब तक वह उपासना स्थल क़ानून मामले पर सुनवाई कर रहा है तब तक देश में कहीं और इस क़ानून को चुनौती देने वाले मामले दर्ज न किए जाएं
  • कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने एक बार फिर से उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ पर निशाना साधा है
  • अरविंद केजरीवाल ने गुरुवार को यह एलान किया कि विधानसभा चुनाव के बाद उनकी पार्टी की सरकार बनने पर दिल्ली की महिलाओं को हर महीने 2100 रुपये दिए जाएंगे

लाइव कवरेज

सुमंत सिंह और अभिषेक पोद्दार

  1. एफ़बीआई डायरेक्टर के इस्तीफ़े के फ़ैसले पर क्या बोले डोनाल्ड ट्रंप?

    अमेरिकी जांच एजेंसी एफ़बीआई (फ़ेडरल ब्यूरो ऑफ़ इन्वेस्टिगेशन) के डायरेक्टर क्रिस्टोफ़र रे के इस्तीफ़े के फ़ैसले पर डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि यह अमेरिका के लिए बड़ा दिन है.

    ट्रंप ने एक्स पर पोस्ट किया, "क्रिस्टोफ़र रे का इस्तीफ़ा अमेरिका के लिए बड़ा दिन है. इससे अमेरिका के न्याय विभाग का हथियार की तरह इस्तेमाल करना बंद हो जाएगा. अब हम सभी अमेरिकियों के कानून का शासन फिर से लागू करेंगे."

    ट्रंप ने कहा, "क्रिस्टोफ़र रे के लीडरशिप में एफ़बीआई ने अवैध तरीके से मेरे घर में छापेमारी की. इन्होंने अपनी शक्तियों का इस्तेमाल कई बेकसूर अमेरिकियों को डराने और उन्हें ख़त्म करने के लिए किया."

    काश पटेल की नियुक्ति पर ट्रंप ने कहा, "एफ़बीआई के इतिहास में काश पटेल सबसे योग्य व्यक्ति हैं जो एजेंसी को लीड करेंगे. वो कानून व्यवस्था को सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध हैं."

    ट्रंप का यह बयान वर्तमान एफ़बीआई डायरेक्टर क्रिस्टोफ़र रे के इस्तीफ़े के फैसले के बाद आया है.

    रे ने यह घोषणा बुधवार को एफबीआई की आंतरिक बैठक में की है. रे ने कहा कि कई हफ़्तों तक सोच विचार के बाद उन्होंने पद से हटने का फ़ैसला किया है.

    इससे पहले ट्रंप ने ऐसे संकेत दिए थे कि वो राष्ट्रपति कार्यकाल का काम संभालते ही क्रिस्टोफ़र रे को उनके पद से हटा देंगे.

    क्रिस्टोफ़र रे को ट्रंप ने अपने पिछले कार्यकाल के दौरान साल 2017 में नियुक्त किया था. उन्हें 10 साल के लिए नियुक्ति दी गई थी.

    लेकिन ट्रंप के राष्ट्रपति चुनाव हारने के बाद एफबीआई ने ट्रंप के ख़िलाफ़ जांच शुरू कर दी थी. इसके लिए रे को रिपब्लिकन्स की ओर से आलोचना झेलनी पड़ी थी.

  2. राहुल गांधी के हाथरस दौरे पर क्या बोले यूपी के डिप्टी सीएम?

    लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के हाथरस दौरे पर उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि राहुल गांधी निराशा के शिकार हैं.

    ब्रजेश पाठक ने कहा, "आपको (राहुल गांधी) पता ही नहीं है कि हाथरस में सीबीआई ने जांच कर ली है और अदालत में मामला चल रहा है. आप कभी संभल जाना चाहते हैं, कभी अलीगढ़ जाना चाहते हैं. पूरी तरह से आप पटरी से उतर चुके हैं."

    उन्होंने कहा, "आज उत्तर प्रदेश में औद्योगिक क्रांति आ रही है, जबकि आप (राहुल गांधी) उत्तर प्रदेश को अराजकता और दंगों की आग में झोंकना चाहते हैं, लोगों को भड़काना चाहते हैं. कृपया ऐसा ना करें."

    कांग्रेस नेता राहुल गांधी गुरुवार को उत्तर प्रदेश के हाथरस जा रहे हैं.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़ राहुल गांधी आज हाथरस के बूलगढ़ी गांव पहुंचेंगे. जहां वो साल 2020 में हुए गैंगरेप की पीड़िता के परिवार से मुलाकात करेंगे.

  3. तमिलनाडु के कई इलाकों में भारी बारिश का अलर्ट, मौसम विभाग ने क्या बताया?

    तमिलनाडु के कई इलाकों में बुधवार रात तेज बारिश हुई. अभी भी कई जगहों पर बारिश हो रही है. मौसम विभाग के मुताबिक़ राज्य में 13 दिसंबर तक भारी बारिश की संभावना है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़ तंजावुर में बीती रात तेज़ बारिश हुई.

    वहीं समाचार एजेंसी एएनआई ने बताया कि गुरुवार को भारी बारिश की संभावना की वजह से चेन्नई, विल्लुपुरम, तंजावुर, मयिलादुथुराई, पुदुक्कोट्टई, कुड्डालोर, डिंडीगुल, रामनाथपुरम, तिरुवरुर, रानीपेट और तिरुवल्लूर में स्कूल बंद रहेंगे.

    भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के मुताबिक़, "बंगाल की खाड़ी के ऊपर बने लो प्रेशर की वजह से 13 दिसंबर तक तमिलनाडु में भारी बारिश होने की संभावना है."

    "इस दौरान तमिलनाडु और पुडुचेरी के कई जिलों में भारी बारिश की संभावना है."

    साथ ही मौसम विभाग ने मछुआरों को समुद्र में ना जाने की हिदायत दी है.

  4. देश में मार्शल लॉ लगाने की असफल कोशिश करने वाले दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति बोले- 'अंत तक लड़ूंगा'

    दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति यून सुक-योल ने गुरुवार को कहा कि वो 'अंत तक लड़ते रहेंगे'.

    यून ने गुरुवार को टेलीविजन पर संबोधन दिया, जिसमें उन्होंने पिछले हफ़्ते मार्शल लॉ घोषित करने के अपने चौंकाने वाले फ़ैसले का बचाव किया.

    उन्होंने कहा कि उनका प्रयास लोकतंत्र के "पतन को रोकने" और विपक्ष की "संसदीय तानाशाही" का मुकाबला करने के लिए एक कानूनी फ़ैसला था.

    दक्षिण कोरिया में राष्ट्रपति यून के इस्तीफ़े या महाभियोग की मांग लगातार बढ़ रही है. हालांकि यून ने इस बात के संकेत दिए हैं कि वो पद नहीं छोड़ेंगे.

    उन्होंने कहा, "चाहे मेरे ख़िलाफ़ जांच की जाए या महाभियोग लाया जाए, मैं अडिग रहूंगा. मैं अंत तक लड़ूंगा."

    पिछले हफ़्ते मंगलवार और बुधवार के बीच यून सुक-योल ने देश में मार्शल लॉ लागू कर दिया था.

    हालांकि, भारी विरोध के बाद उन्होंने छह घंटों के भीतर ही अपना फैसला वापस ले लिया था. यून के इस कदम के बाद दक्षिण कोरिया में उनका काफी विरोध हो रहा है और उनपर जांच चल रही है.

    पुलिस ने बुधवार को राष्ट्रपति कार्यालय और पुलिस मुख्यालय में रेड मारी थी. पुलिस ने बताया था कि सियोल मेट्रोपोलिटन पुलिस और नेशनल असेंबली पुलिस गार्ड के दफ़्तरों में भी रेड मारी गई है.

  5. ट्रंप के पदभार संभालने से पहले एफ़बीआई डायरेक्टर देंगे इस्तीफ़ा, नदीन यूसुफ़, बीबीसी न्यूज़

    अमेरिकी जांच एजेंसी एफ़बीआई (फ़ेडरल ब्यूरो ऑफ़ इन्वेस्टिगेशन) के डायरेक्टर क्रिस्टोफ़र रे ने कहा है कि नवनिर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के कार्यभार संभालने से पहले वो अपने पद से इस्तीफा दे देंगे.

    दरअसल, ट्रंप ने ऐसे संकेत दिए थे कि वो राष्ट्रपति कार्यकाल का काम संभालते ही क्रिस्टोफ़र रे को उनके पद से हटा देंगे.

    रे ने यह घोषणा बुधवार को एफबीआई की आंतरिक बैठक में की है. रे ने कहा कि कई हफ़्तों तक सोच विचार के बाद उन्होंने पद से हटने का फ़ैसला किया है.

    ट्रंप ने पहले ही एफबीआई के नेतृत्व के लिए अपने भरोसेमंद काश पटेल के नाम की घोषणा कर दी है.

    काश पटेल ने 'नाटकीय रूप से' एफबीआई की शक्तियों को सीमित करने की बात कही है.

    क्रिस्टोफ़र रे को ट्रंप ने अपने पिछले कार्यकाल के दौरान साल 2017 में नियुक्त किया था. उन्हें 10 साल के लिए नियुक्ति दी गई थी.

    लेकिन ट्रंप के राष्ट्रपति चुनाव हारने के बाद एफबीआई ने ट्रंप के ख़िलाफ़ जांच शुरू कर दी थी. इसके लिए रे को रिपब्लिकन्स की ओर से आलोचना झेलनी पड़ी थी.

  6. राजस्थान: दौसा में बोरवेल से निकाले गए बच्चे को मृत घोषित किया, डॉक्टर और अधिकारियों ने क्या बताया

    राजस्थान के दौसा ज़िले के कालीखाड़ गांव में बोलवेल में गिरे बच्चे का रेस्क्यू बुधवार देर रात तक कर लिया गया था. लेकिन अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

    दौसा जिला अस्पताल के चीफ़ मेडिकल ऑफिसर (सीएमओ) डॉ दीपक शर्मा ने बताया कि दो बार ईसीजी करने के बाद बच्च के मृत घोषित कर दिया गया है.

    दीपक शर्मा ने बताया, "बच्चे को यहां (अस्पताल) इसलिए लाया गया था कि अगर उसके बचे रहने की कोई गुंजाइश हो तो हम आगे उसका इलाज कर सकें."

    "लेकिन जब हमने ईसीजी किया तो उसमें जान नहीं बची थी. हमने दो बार ईसीजी किया. बच्चे को हम मृत घोषित कर चुके हैं."

    इससे पहले एनडीआरएफ की टीम बच्चे की मेडिकल जांच के लिए अस्पताल ले गई थी.

    एनडीआरएफ के अधिकारी ने रेस्क्यू ऑपरेशन की जानकारी देते हुए बताया, "एनडीआरएफ की टीम प्रशासन के साथ तालमेल बना कर उसको (बच्चे को) लॉक करने (पकड़ने) का प्रयास कर रही थी."

    उन्होंने बताया, "इसके लिए पहले बोरवेल के पास में खुदाई की गई और बाद में एक पाइलिंग मशीन मंगाई गई. उससे भी खुदाई की कार्रवाई लगातार जारी रही."

    "आखिरकार हमने हिम्मत नहीं हारी और उसको (बच्चे को) लॉक करने की कोशिश करते रहे. विपरीत परिस्थितियों के बावजूद हम उसे लॉक कर पाए और आगे मेडिकल केयर के लिए भेज दिया गया है."

    दौसा कलेक्टर देवेंद्र यादव ने कहा, "9 तारीख़ को जब ये घटना घटी थी तभी से ये रेस्क्यू ऑपरेशन चालू था और अभी 11 तारीख़ तक चला. एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और स्थानीय टीम ने मिलकर बच्चे को निकाला है. आगे की जानकारी अभी आनी बाकी है, डॉक्टर जांच कर रहे हैं."

    दौसा जिले के कालीखाड़ गांव में सोमवार दोपहर करीब तीन बजे एक पांच साल का बच्चा डेढ़ सौ फीट गहरे बोरवेल में गिर गया था.

    मामले की जानकारी मिलने के बाद से बच्चे का रेस्क्यू किए जाने की कोशिश हो रही थी. बच्चे को ऑक्सीजन सप्लाई दी जा रही थी और बोरवेल में एक कैमरा भी डाला गया था. इसमें सोमवार शाम तक बच्चे की मूवमेंट भी देखी गई थी.

    बच्चे को निकालने के लिए जयपुर और सवाई माधोपुर से मंगाई गई मशीनों से खुदाई की जा रही थी.

  7. नमस्कार!

    बीबीसी हिंदी के लाइव पेज में आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता सुमंत सिंह अब से दोपहर दो बजे तक आप तक ख़बरें पहुंचाउंगा.

    कल के लाइव पेज में जाने के लिए यहां क्लिक करें.

    इस वक़्त बीबीसी हिंदी के पन्ने पर मौजूद कुछ बड़ी ख़बरें आप पढ़ सकते हैं.

    - सीरिया में असद सरकार का पतन दुनिया के लिए क्या मायने रखता है? इस ख़बर को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    - सीरिया : जब एचटीएस के लड़ाके ने बीबीसी संवाददाता को स्कार्फ पहनने को कहा. इस ख़बर को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    - राहुल गांधी या ममता बनर्जी, पीएम मोदी को कौन दे पाएगा सीधी चुनौती? इस ख़बर को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    - सीरिया: ईरान का कमज़ोर पड़ना क्या भारत के लिए बुरी ख़बर है? इस ख़बर को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    - ईरान का दावा: अमेरिका और इसराइल के 'कंट्रोल रूम' में रची गई सीरिया की साजिश. इस ख़बर को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.