ईरान : अली ख़ामेनेई का अंतिम संस्कार समारोह शुरू,कई विदेशी मेहमान तेहरान पहुंचे

इमेज स्रोत, ISNA
ईरान के सर्वोच्च नेता रहे आयतुल्लाह अली ख़ामेनेई का अंतिम संस्कार समारोह शुरू हो गया है. इस बीच, वहां विदेशी मेहमानों और गणमान्य लोगों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया है.
बीबीसी की फ़ारसी सेवा के मुताबिक़, एक घंटे पहले चाइना पीपुल्स कांग्रेस के उप प्रमुख हे वेई की तस्वीरें जारी की गईं, जो आज के समारोह में शामिल होने के लिए तेहरान पहुंचे थे.
अपनी यात्रा की शुरुआत में उन्होंने ईरानी संसद के अध्यक्ष मोहम्मद बग़र ग़ालिबाफ़ से मुलाक़ात की.
अब तक, तुर्कमेनिस्तान के राष्ट्रीय नेता, इराकी संसद के अध्यक्ष, देश के राष्ट्रपति, इराकी कुर्दिस्तान क्षेत्र के प्रमुख और आर्मेनिया के प्रधानमंत्री उन लोगों में शामिल हैं, जो आयतुल्लाह अली ख़ामेनेई को श्रद्धांजलि देने के लिए आयोजित समारोह में उपस्थित रहेंगे.
इस समारोह में दर्जनों अन्य देशों के नेताओं, संसद अध्यक्षों और विदेश मंत्रियों के शामिल होने की उम्मीद है. आयतुल्लाह अली ख़ामेनेई की ईरान पर इसराइल के हमले में मौत हो गई थी. उनके साथ ईरान के कई आला अधिकारियों की भी मौत हो गई थी.
तेहरान नगर पालिका में सांस्कृतिक और सामाजिक मामलों के उप प्रमुख मोहम्मद अमीन तवाकलिज़ादेह के अनुसार, "4, 5, 6, 7 और 8 जुलाई को होने वाले अली ख़ामेनेई के अंतिम संस्कार समारोह में राजधानी तेहरान में डेढ़ से दो करोड़ लोग शामिल हो सकते हैं."









