इंडिगो पर डीजीसीए ने 22 करोड़ से ज़्यादा का लगाया जुर्माना, बताई इसकी वजह

नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने पिछले महीने उड़ानों में हुई देरी और रद्द किए जाने के मामले में इंडिगो पर 22.2 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया है.

सारांश

लाइव कवरेज

सुमंत सिंह और अश्वनी पासवान

  1. अजित पवार ने महाराष्ट्र में एनसीपी को मिली हार स्वीकार की, क्या बोले

    अजित पवार

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, पुणे और पिंपरी-चिंचवड में अजित पवार की एनसीपी ने शरद पवार की एनसीपी के साथ चुनाव लड़ा था (फ़ाइल फ़ोटो)

    राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के अध्यक्ष और महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार ने राज्य के निकाय चुनावों में मिली हार स्वीकार कर ली है.

    उन्होंने कहा कि 'जनता की इच्छा सर्वोपरि है और हम उसे पूरे सम्मान के साथ स्वीकार करते हैं'.

    अजित पवार की एनसीपी राज्य स्तर पर बीजेपी के नेतृत्व वाले महायुति गठबंधन का हिस्सा है, लेकिन निकाय चुनावों में एनसीपी ने कई क्षेत्रों में गठबंधन से अलग होकर चुनाव लड़ा था और उसे हार मिली.

    पुणे और पिंपरी-चिंचवड में अजित पवार की एनसीपी और शरद पवार की एनसीपी ने साथ मिलकर चुनाव लड़ा था, लेकिन उन्हें वहां भी महायुति के हाथों हार झेलनी पड़ी.

    निकाय चुनावों में मिली हार पर अजित पवार ने कहा कि भले ही उनकी पार्टी को उम्मीद के मुताबिक़ सफलता नहीं मिले, लेकिन वे और उनकी पार्टी अधिक ज़िम्मेदारी, ईमानदारी और दोगुने उत्साह के साथ काम करते रहेंगे.

    अजित पवार ने इन चुनावों में जीत हासिल करने वाले नेताओं को बधाई दी और हारने वाले उम्मीदवारों से अपील की कि वह निराश हुए बिना जनता की सेवा करते रहें.

  2. बीएमसी में बीजेपी की बड़ी जीत, जानिए किसे कितनी सीटों पर जीत मिली

    देवेंद्र फडणवीस

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, बीएमसी चुनाव में बीजेपी ने सबसे अधिक 89 सीटें जीती हैं

    महाराष्ट्र के 29 नगर निगमों में हुए चुनावों के परिणाम आ चुके हैं. इस चुनावों में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के नेतृत्व वाले महायुति गठबंधन को जीत मिली है.

    बृहन्मुंबई महानगर पालिका (बीएमसी) में क़रीब तीन दशकों से चले आ रहे अविभाजित शिव सेना के दबदबे को ख़त्म करते हुए बीजेपी ने जीत हासिल की है.

    बीएमसी के सभी 227 वार्डों के नतीजे शुक्रवार की आधी रात को घोषित हुए. 227 सीटों वाली बीएमसी में बहुमत के लिए 114 सीटें चाहिए और महायुति ने 118 सीटें जीत ली हैं.

    बीएमसी के चुनावों में बीजेपी ने सबसे अधिक 89 सीटें जीती हैं. वहीं, उसकी सहयोगी शिवसेना (शिंदे गुट) के खाते में 29 सीटें आई हैं.

    मुंबई में ठाकरे भाइयों यानी शिवसेना (यूबीटी) और महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (एमएनएस) ने साथ मिलकर चुनाव लड़ा था. शिवसेना (यूबीटी) को 65 और एमएनएस को छह सीटों पर जीत मिली है.

    बीएमसी में कांग्रेस ने प्रकाश आंबेडकर की वंचित बहुजन अघाड़ी के साथ मिलकर चुनाव लड़ा था. कांग्रेस के खाते में 24 सीटें आई हैं, जबकि वंचित बहुजन अघाड़ी एक भी सीट नहीं जीत पाई.

    इनके अलावा बीएमसी में एआईएमआईएम ने आठ, एनसीपी (अजित पवार) ने तीन, समाजवादी पार्टी ने दो सीटें जीतीं, जबकि एनसीपी (शरद पवार) को सिर्फ़ एक सीट पर ही जीत मिली.

    बीएमसी में किसने कितनी सीटें जीतीं
  3. ट्रंप ने ग्रीनलैंड पर क़ब्ज़े का विरोध करने वाले देशों पर नए टैरिफ़ की धमकी दी, डेनियल बुश और पॉलिन कोला

    डोनाल्ड ट्रंप

    इमेज स्रोत, Chip Somodevilla/Getty

    इमेज कैप्शन, ट्रंप ने यह नहीं बताया कि किन देशों पर नए टैरिफ़ लगाए जा सकते हैं

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने उन देशों पर टैरिफ़ लगाने की धमकी दी है जो ग्रीनलैंड को क़ब्ज़े में लेने की उनकी महत्वाकांक्षाओं का समर्थन नहीं करते.

    व्हाइट हाउस में हुई एक बैठक में ट्रंप ने कहा कि अगर अन्य देश ग्रीनलैंड के मामले में साथ नहीं देंगे तो वह उन पर टैरिफ़ लगा सकते हैं.

    ट्रंप ने यह नहीं बताया कि किन देशों पर नए टैरिफ़ लगाए जा सकते हैं या अपने लक्ष्य को हासिल करने के लिए वह किस अधिकार का इस्तेमाल करके इस तरह के टैरिफ़ लगाएंगे.

    ग्रीनलैंड की ख़ुद की सरकार है, हालांकि वह डेनमार्क के नियंत्रण में आता है.

    डेनमार्क और ग्रीनलैंड के साथ-साथ दूसरे देश भी उनकी योजना का विरोध कर रहे हैं और अमेरिका में भी कई लोगों ने इस अधिग्रहण को लेकर संदेह जताया है.

    जिस समय ट्रंप यह बात कह रहे थे, उसी समय एक द्विदलीय कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ग्रीनलैंड का दौरा कर रहा था ताकि इस क्षेत्र के समर्थन का संदेश दिया जा सके.

    इस प्रतिनिधिमंडल ने डेनमार्क की प्रधानमंत्री मेटे फ़्रेडरिक्सन और ग्रीनलैंड के प्रधानमंत्री जेन्स-फ़्रेडरिक नीलसन से मुलाक़ात की है.

  4. नमस्कार!

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता सुमंत सिंह अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    हमारे पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.