You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

टैरिफ़ पर बात करने के लिए ट्रंप से मिलेंगे नेतन्याहू

इसराइल के प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू सोमवार को व्हाइट हाउस में अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से मुलाक़ात करेंगे.

सारांश

लाइव कवरेज

सुरभि गुप्ता और चंदन कुमार जजवाड़े

  1. हावड़ा में रामनवमी के जुलूस को हाई कोर्ट की मंज़ूरी के बाद क्या कह रहे हैं बीजेपी नेता

    पश्चिम बंगाल के हावड़ा में रामनवमी का जुलूस निकालने को हाई कोर्ट की अनुमति मिलने के बाद बीजेपी नेता दिलीप घोष ने प्रतिक्रिया दी है.

    यहां रामनवमी के जुलूस के दौरान हिंसा का इतिहास रहा है.

    दिलीप घोष ने कहा है, "हमें पश्चिम बंगाल में किसी भी कार्यक्रम के लिए कोर्ट से अनुमति लेनी होगी. सरकार और पुलिस हमें यहां किसी चीज की अनुमित नहीं देती. रामनवमी की शोभा यात्रा हिन्दू समुदाय के रिवाज़ों के मुताबिक़ निकाली जाएगी."

    उन्होंने कहा है कि शांति बनाए रखना पुलिस की ज़िम्मेदारी है.

    हावड़ा में साल 2023 में रामनवमी की शोभा यात्रा के दौरान हिंसा भड़की थी. इस दौरान हिंसा पर काबू पाने के लिए पुलिस ने भी लाठी चार्ज किया था.

    पश्चिम बंगाल में रामनवमी के मौक़े पर अक़्सर सियासत देखने को मिलती है. राज्य में पिछले साल भी रामनवमी के जुलूस के दौरान मुर्शिदाबाद ज़िले में हिंसा देखने को मिली थी.

  2. टिकटॉक को अमेरिका में मिली 75 दिनों की मोहलत, पाबंदी से बचने के लिए बेचना है ज़रूरी

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने चीनी सोशल मीडिया ऐप टिकटॉक को बेचने की समय सीमा फिर बढ़ा दी है. अब इस वीडियो शेयरिंग ऐप को बिना बिके अमेरिका में बने रहने के लिए और 75 दिनों की मोहलत मिल गई है.

    अमेरिका में सेवाएं बनाए रखने के लिए इस ऐप को बेचना ज़रूरी है या फिर इसे अमेरिका में बैन कर दिया जाएगा.

    ट्रंप ने कहा है कि वो इस ऐप को बंद नहीं होने देना चाहते हैं. इससे पहले उन्होंने कहा था कि अगर टिकटॉक के बेचने पर समझौता हो जाता है तो वो चीनी आयात पर लग रहे टैरिफ़ में कुछ छूट दे सकते हैं.

    दरअसल अमेरिका में बड़ी संख्या में टिकटॉक के यूजर इसपर प्रतिबंध लगाने के ख़िलाफ़ हैं.

    समाचार ऐजेंसी रॉयटर्स की एक ख़बर के मुताबिक़ इसी हफ़्ते ट्रंप के टैरिफ़ की घोषणा के बाद चीन ने संकेत दिया है कि वो अमेरिका में टिकटॉक को बेचे जाने को मंज़ूरी नहीं देगा.

    अमेरिकी सीनेट में ट्रंप के विपक्षी डेमोक्रेटिक पार्टी के नेता चुक स्कमर ने कहा है कि राष्ट्रपति केवल ट्रैरिफ़ के मुद्दे से ध्यान भटकाने की कोशिश कर रहे हैं.

    आलोचक अक्सर टिकटॉक पर हद से अधिक डेटा जमा करने का आरोप लगाते रहे हैं.

    ऑस्ट्रेलियाई साइबर कंपनी इंटरनेट 2.0 के शोधकर्ताओं ने जुलाई 2022 में एक रिपोर्ट प्रकाशित की थी, जिसे अमूमन टिकटॉक पर डेटा कलेक्शन के आरोपों के सबूत के तौर पर पेश किया जाता है.

    डोनाल्ड ट्रंप ने अपने पहले कार्यकाल में साल 2020 में एग्ज़ीक्यूटिव ऑर्डर में आरोप लगाया था कि टिकटॉक का डेटा कलेक्शन "संभवतः चीन को सरकारी कर्मचारियों और कॉन्टैक्टरों के लोकेशन ट्रैक करने, उनकी निजी जानकारियों को ब्लैकमेलिंग के लिए इस्तेमाल करने और जासूसी करने में मदद कर सकता है."

  3. पीएम मोदी तीन दिन के दौरे पर पहुंचे कोलंबो, कई मुद्दों पर हो सकती है चर्चा

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी थाईलैंड के बाद शुक्रवार शाम को श्रीलंका की राजधानी कोलंबो पहुंच गए हैं. पीएम मोदी ने सोशल मीडिया एक्स पर कोलंबो पहुंचने के बाद कई तस्वीरें शेयर की हैं.

    कोलंबो पहुंचने पर वहां भारतीय समुदाय के लोगों ने पीएम का स्वागत किया.

    पीएम मोदी ने वहां भारतीय समुदाय से मिले स्वागत के लिए उनका धन्यवाद किया है. इसके अलावा उन्होंने श्रीलंका के मंत्रियों और प्रतिनिधियों का भी एयरपोर्ट पर स्वागत करने के लिए धन्यवाद किया है.

    प्रधानमंत्री मोदी अपने तीन दिवसीय दौरे में भारत और श्रीलंका के बीच द्विपक्षीय रिश्तों को और मज़बूत करने पर बातचीत करेंगे.

    इस दौरे में दोनों देशों के बीच कई अहम मुद्दों पर समझौता भी हो सकता है.

    इससे पहले पीएम मोदी थाईलैंड में बिमस्टेक की बैठक में शामिल हुए थे.

    यहां उनकी मुलाक़ात बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के मुख्य सलाहकार प्रोफ़ेसर मोहम्मद यूनुस से भी हुई है.

    बैंकॉक में बिम्स्टेक (बे ऑफ़ बंगाल इनिशिएटिव फ़ॉर मल्टी-सेक्टोरल टेक्निकल एंड इकोनॉमिक कोऑपरेशन) के छठे शिखर सम्मेलन से इतर दोनों नेताओं की मुलाक़ात हुई.

  4. यूक्रेन ने कहा- ज़ेलेंस्की के शहर में रूसी मिसाइल हमले में बच्चों समेत 18 लोगों की मौत

    यूक्रेन के अधिकारियों ने बताया है कि सेंट्रल यूक्रेन के शहर क्रीवयी रिहमें हुए एक रूसी मिसाइल हमले में कम से कम 18 लोगों की मौत हो गई है, जबकि कई अन्य लोग घायल हो गए हैं.

    जिस शहर पर यह हमला हुआ है, यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की वहीं पले-बढ़े हैं.

    ज़ेलेंस्की ने बताया है कि रूसी हमले में मारे गए लोगों में नौ बच्चे भी शामिल हैं. स्थानीय अधिकारियों का कहना है कि एक बैलेस्टिक मिसाइल ने एक रिहाइशी इलाक़े पर हमला किया है.

    कुछ घंटे पहले ही राष्ट्रपति ज़ेलेंस्की ने एक्स पर एक पोस्ट में बताया था इस हमले में 16 लोगों की मौत हुई है, जिनमें 6 बच्चे भी शामिल हैं.

    हालांकि यह आंकड़ा अब बढ़ गया है.

    घटना स्थल से मिल रही तस्वीरों से पता चलता है कि एक दस मंज़िला इमारत के फ़्लैट्स इस हमले में क्षतिग्रस्त हुए हैं.

    रूस के रक्षा मंत्रालय ने दावा किया है कि यूक्रेनी सेना के कमांडरों और पश्चिमी देशों के इंस्ट्रक्टर्स एक रेस्तरां में मीटिंग कर रहे थे, जिसे निशाना बनाकर किए गए एक मिसाइल हमले में 85 लोगों की मौत हुई है.

    हालांकि रूस ने इसका कोई प्रमाण नहीं दिया है.

    वहीं यूक्रेन की सेना का कहना है, "रूस अपने मानव अपराधों को छुपाने के लिए झूठी ख़बरें फैला रहा है."

  5. नमस्कार!

    बीबीसी हिंदी के लाइव पेज में आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता चंदन कुमार जजवाड़े अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज़ की ख़बरों को पढ़ने के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं.

    फ़िलहाल, हमारे होम पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को आप नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करके पढ़ सकते हैं.