पश्चिम बंगाल: मालदा में बिजली गिरने से 11 लोगों की मौत, ममता बनर्जी ने जताया दुख

पश्चिम बंगाल के मालदा में गुरुवार को बिजली गिरने से 11 लोगों की मौत हो गई है.

सारांश

  • पश्चिम बंगाल: मालदा में बिजली गिरने से 11 लोगों की मौत, ममता बनर्जी ने जताया दुख
  • कथित मारपीट का मामला: स्वाति मालीवाल ने दिल्ली पुलिस को दिया बयान, ट्वीट कर कहा- 'मेरे साथ जो हुआ, वो बहुत बुरा था'
  • ममता बनर्जी बोलीं- टीएमसी भविष्य में इंडिया गठबंधन का हिस्सा रहेगी
  • पीएम मोदी का आरोप- 'ये लोग मोदी के ख़िलाफ़ वोट जेहाद की अपील कर रहे हैं'
  • प्रियंका गांधी बोलीं- पीएम मोदी की बातों में कोई वज़न ही नहीं रहा.
  • पाकिस्तान प्रशासित कश्मीर के लिए जयशंकर बोले- 'वहां लक्ष्मण रेखा नहीं है'
  • इसराइल ने रफ़ाह में बढ़ाई सैनिकों की तैनाती, नेतन्याहू ने मानवीय संकट के दावों को किया ख़ारिज

लाइव कवरेज

प्रवीण, विकास

  1. पश्चिम बंगाल: मालदा में बिजली गिरने से 11 लोगों की मौत, ममता बनर्जी ने जताया दुख

    सांकेतिक तस्वीर

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, सांकेतिक तस्वीर

    पश्चिम बंगाल के मालदा में गुरुवार को बिजली गिरने से 11 लोगों की मौत हो गई है.

    इस हादसे में कई लोग घायल हुए हैं. घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है.

    बीबीसी के सहयोगी पत्रकार प्रभाकर मणि तिवारी के मुताबिक़- मालदा के ज़िला अधिकारी नितिन सिंघानिया ने बताया कि बिजली गिरने से जिन 11 लोगों की मौत हुई है, उनमें तीन नाबालिग और दो युवक शामिल हैं.

    पीड़ित परिवारों को दो-दो लाख रुपये का मुआवजा दिया जाएगा. इसके अलावा ज़िला प्रशासन की ओर से उनको हर संभव सहायता दी जा रही है.

    पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी ने इस घटना पर दुख जताया है.

    ममता ने सोशल मीडिया पर लिखा, ''मालदा में बिजली गिरने के कारण जिन लोगों की जान गई, मेरी संवेदनाएं उनके परिवार के साथ है. मैं शोक प्रकट करती हूं. जो लोग घायल हुए हैं, मैं उनके जल्दी स्वस्थ होने की कामना करती हूं.''

  2. ओवैसी बोले- 'आपने देश में 10 साल में मोदी को किसी मुस्लिम से गले लगते देखा?'

    ओवैसी

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, ओवैसी

    एआईएमआईएम नेता असदुद्दीन ओवैसी ने एक निजी चैनल से बातचीत में कहा है कि पीएम मोदी अपने घर में इफ़्तार की एक दावत 10 साल में नहीं करते हैं और साथ खाने की बात कर रहे हैं.

    बीते दिनों पीएम मोदी ने बचपन में मुसलमानों से दोस्ती की बात कही थी.

    पीएम मोदी बोले थे, ''हमारे घर में ईद भी मनती थी. हमारे घर में और भी त्योहार होते थे. मेरे घर में ईद के दिन खुद का खाना नहीं पकता था, सारे मुस्लिम परिवारों से मेरे यहाँ खाना आ जाता था."

    मोदी ने कहा, "मेरे घर से पांच कदम की दूरी पर मुस्लिम परिवार हैं. जब मुहर्रम (ताजिया) निकलता था तो हम उसके नीचे से निकलते थे, जैसे मंदिर में परिक्रमा करते हैं…वैसे…ये हमें सिखाया जाता था."

    पीएम मोदी के इन बयानों पर ओवैसी ने कहा, ''मेरे घर में ड्राइवर मुसलमान था, ये पुराने डायलॉग हो गए हैं. पहले की फ़िल्मों में अच्छा लगता था. आप एक मुस्लिम को टिकट नहीं देते हैं. नरेंद्र मोदी को आपने देश में किसी मुसलमान को गले मिलते हुए देखा है.''

    पीएम मोदी बोले,''किसको देखा हमने. मोहम्मद बिन सलमान, मोहम्मद बिन ज़ायद. या हबीबी, या हबीबी. क्या है ये. हल्के अंदाज़ में इसे लीजिए, दिल पर ना लीजिए. बता रहे हैं आपको, ये तो हो रहा है न.''

  3. इसराइल ने रफ़ाह में बढ़ाई सैनिकों की तैनाती, नेतन्याहू ने मानवीय संकट के दावों को किया ख़ारिज

    इसराइल के पीएम बिन्यामिन नेतन्याहू

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, इसराइल के पीएम बिन्यामिन नेतन्याहू

    इसराइल के रक्षा मंत्री ने कहा है कि रफ़ाह में सैनिकों की तैनाती बढ़ाई गई है.

    योवान गौलांट ने कहा है कि रफ़ाह में हमास के ख़िलाफ़ जंग तेज़ हो गई है. रफ़ाह में इसराइल ये सैन्य कार्रवाई तब कर रहा है, जब उसके सहयोगी देश अमेरिका ने उसे ऐसा ना करने के लिए कहा है.

    अमेरिका ने रफ़ाह में लोगों की आबादी को देखते हुए इसराइल को हमला ना करने के लिए कहा था और चिंता ज़ाहिर की थी.

    इसराइल ने रफ़ाह में रह रहे लोगों को सैन्य कार्रवाई शुरू करने से पहले अपना घर छोड़ने के लिए कहा था.

    इसराइल के पीएम बिन्यामिन नेतन्याहू ने किसी भी तरह के मानवीय संकट होने की बात से इनकार किया है. नेतन्याहू ने कहा है कि पांच लाख लोग अब तक रफ़ाह छोड़ चुके हैं.

    बीते साल अक्तूबर में हमास ने इसराइल पर हमला किया था, जिसमें 1200 लोगों की जान गई थी.

    इसके जवाब में इसराइल की सैन्य कार्रवाई में अब तक 34 हज़ार से ज़्यादा फ़लस्तीनियों की जान जा चुकी है.

  4. स्वाति मालीवाल से कथित मारपीट के मामले में प्रियंका गांधी ने क्या कहा

    स्वाति मालीवाल

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, स्वाति मालीवाल

    कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा ने गुरुवार को आम आदमी पार्टी की सांसद स्वाति मालीवाल से कथित मारपीट के मामले में प्रतिक्रिया दी है.

    प्रियंका गांधी से जब इस बारे में पूछा गया तो वो बोलीं, ''अगर महिलाओं के साथ कहीं कुछ गलत हो रहा है या अत्याचार हो रहा है तो मैं हमेशा उनके साथ खड़ी रहती हूं. चाहे किसी भी पार्टी की हों.''

    प्रियंका ने सवाल पूछने वाले पत्रकार से कहा, "आपने कहा कि आम आदमी पार्टी आपस में चर्चा करेगी. वो उनके नेता हैं. तो वो आपस में निर्णय लेंगे, ये उन पर है."

    गुरुवार दोपहर को आम आदमी पार्टी और सपा की साझा प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान भी स्वाति मालीवाल का सवाल उठा था.

    जब केजरीवाल की मौजूदगी में संजय सिंह ने कहा था, ''बीजेपी को स्वाति मालीवाल के मामले पर राजनीति नहीं करनी चाहिए.''

    बीजेपी के प्रवक्ता गौरव भाटिया ने कहा, ''इस घटना को तीन दिन हो गए हैं. सबसे उम्मीद लगाई अरविंद केजरीवाल नारी सम्मान के साथ समझौता नहीं करेंगे. विभव कुमार पर कार्रवाई करेंगे. लेकिन आज जो सामने आया वो बहुत चौंकाने वाला था. अरविंद केजरीवाल को कोई पछतावा नहीं था. बिभव कुमार पर आरोप लगे हैं और वो अरविंद केजरीवाल के साथ घूम रहे हैं.''

    राष्ट्रीय महिला आयोग ने स्वाति मालीवाल के मामले पर स्वतः संज्ञान लेते हुए अरविंद केजरीवाल के निजी सचिव विभव कुमार को नोटिस जारी किया है.

    राष्ट्रीय महिला आयोग ने बिभव कुमार को शुक्रवार 17 मई को सुबह 11 बजे कमीशन के सामने पेश होने के लिए कहा है.

  5. विपक्षी गठबंधन 'इंडिया' का हिस्सा बने रहने पर ममता बनर्जी क्या बोलीं?

    ममता बनर्जी

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, ममता बनर्जी

    पश्चिम बंगाल की सीएम और टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी ने गुरुवार को कहा है कि टीएमसी भविष्य में इंडिया गठबंधन का हिस्सा रहेगी.

    ममता बनर्जी ने कहा, ''मैंने पहले कहा था कि बंगाल के स्तर पर कोई गठबंधन नहीं होगा लेकिन राष्ट्रीय स्तर पर रहेगा.''

    ममता बोलीं, ''ये मैं थी जिसने राष्ट्रीय स्तर पर इंडिया गठबंधन बनाने में मदद की. हम केंद्र में गठबंधन के सहयोगी होने के नाते सरकार बनाएंगे. हम इंडिया गठबंधन का हिस्सा हैं और भविष्य में भी रहेंगे.''

    ममता बनर्जी ने लोकसभा चुनाव में बंगाल के अंदर अकेले लड़ने का एलान किया था.

    कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी और टीएमसी नेताओं के बीच बयानबाज़ी भी काफी हुई थी.

    राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा जब बंगाल से होकर गुज़री थी, तब ममता बनर्जी इस यात्रा में शामिल नहीं हुई थीं.

  6. पीएम मोदी का आरोप- 'ये लोग मोदी के ख़िलाफ़ वोट जेहाद की अपील कर रहे हैं'

    पीएम मोदी

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, पीएम मोदी

    यूपी के प्रतापगढ़ में एक रैली के दौरान गुरुवार को पीएम मोदी ने सपा और कांग्रेस पर निशाना साधा.

    पीएम मोदी ने आरोप लगाया, "ये लोग मोदी के ख़िलाफ़ वोट जेहाद की अपील कर रहे हैं. ये कांग्रेस के शहजादे, उनके साथी ने बताया कि उन्होंने तो तय किया है कि उनकी सरकार बनेगी तो रामलला को फिर से टेंट में भेज देंगे और राममंदिर को ताला लगा देंगे."

    पीएम मोदी बोले, "ये लोग भूल रहे हैं कि ये मोदी है. ये मोदी के रहते धर्म के नाम पर दलितों, पिछड़ों की आरक्षण की लूट करने के लिए सोच भी नहीं सकेंगे. मोदी है तो वो लिखकर रखें कि उनके लिए नामुमकिन है."

    सपा कांग्रेस पर पीएम मोदी बोले, "सपा-कांग्रेस के शहजादों के लिए देश का विकास, गिल्ली-डंडे के खेल की तरह है. महलों में पैदा होने वाले इन शहजादों को ना मेहनत की आदत है और ना ही नतीजे लाने की."

    गुरुवार को सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, "चार चरण में बीजेपी चारों खाने चित हो चुकी है. बीजेपी 400 पार का नारा दे रहे हैं, लेकिन वो 143 से ज़्यादा सीटें नहीं जीत रही."

  7. ग़ज़ा में इसराइली सेना ने अपने ही पांच सैनिकों को मारा

    इसराइली सेना

    इमेज स्रोत, EPA

    इसराइल की सेना ने कहा है कि इसराइली टैंक के किए हमले में उसके पांच सैनिक मारे गए हैं.

    ये घटना उत्तरी ग़ज़ा की बताई जा रही है.

    शुरुआती जांच में पता चला है कि जबालिया रिफ़्यूज़ी कैंप में सैनिक थे, जहां इसराइली सेना के दो टैंकों ने फायर किया.

    इस जगह पर इसराइली सेना हमास के लड़ाकों के फिर जुटने की ख़बर के चलते गई थी.

    इस इलाक़े से हजारों फ़लस्तीनी बमबारी के बीच अपना घर छोड़ने को मजबूर हैं.

    बीते साल अक्तूबर में हमास ने इसराइल पर हमला किया था, जिसमें 1200 लोगों की जान गई थी.

    इसके जवाब में इसराइल की सैन्य कार्रवाई में अब तक 34 हज़ार से ज़्यादा फ़लस्तीनियों की जान जा चुकी है.

  8. ओवैसी का दावा- 'पीएम मोदी अग्निवीर जैसी स्कीम पैरामिलिट्री फोर्सेस में भी लेकर आएंगे'

    एआईएमआईएम प्रमुख असद्दुीन ओवैसी

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, असद्दुीन ओवैसी

    एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हिंदू-मुसलमान की राजनीति नहीं करने वाले बयान पर प्रतिक्रिया दी है.

    ओवैसी ने गुरुवार को कहा, "घुसपैठिए किस को कह रहे हैं प्रधानमंत्री. ज़्यादा बच्चे पैदा करने वाली महिलाएं कौन हैं, कौन से समुदाय की हैं. हिंदू बहनों के गले से मंगलसूत्र निकालकर किसे दिया जाएगा. एलियंस को दिया जाएगा. मुसलमानों की हो कह रहे हैं. 80-20 की ज़बान किसने की थी. शमशान, कब्रिस्तान की बात किसने की थी. कपड़े देखकर पहचानों, किसने कहा था. ये लव जेहाद, नुपुर शर्मा, बुल्डोज़र... ये सब कौन हैं."

    ओवैसी ने दावा किया, "जिस तरह पीएम मोदी अग्निवीर योजना आर्मी में लेकर आए, वो वही स्कीम को सेंट्रल पैरामिलिट्री फोर्स में लेकर आएंगे. चाहे बीएसएफ हो, सीआरपीएफ हो, आरपीएफ हो, सीआईएसएफ हो. ये अगर ऐसा करेंगे तो बहुत बड़ा नुकसान हो जाएगा."

    ओवैसी बोले, "हमारी अपील है कि देश की जनता तीसरी बार नरेंद्र मोदी को पीएम ना बनाएं. गरीबी बहुत बड़ा मसला बन चुका है. गरीबी, महंगाई बढ़ती जा रही है. बेरोज़गारी को कंट्रोल नहीं कर पाए. ये बहुत से मुद्दे हैं."

    पीएम मोदी ने मंगलवार को एक इंटरव्यू में कहा था, "मैं जिस दिन हिंदू मुसलमान करूंगा, उस दिन मैं सार्वजनिक जीवन में रहने योग्य नहीं रहूंगा. मैं हिंदू मुसलमान नहीं करूंगा. ये मेरा संकल्प है."

  9. पाकिस्तान प्रशासित कश्मीर के लिए जयशंकर बोले- 'वहां लक्ष्मण रेखा नहीं है'

    भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर

    इमेज स्रोत, @DrSJaishankar

    इमेज कैप्शन, भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर

    भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर ने गुरुवार को नासिक में हुए एक कार्यक्रम में शिरकत की. इस कार्यक्रम के दौरान जयशंकर ने पाकिस्तान प्रशासित कश्मीर पर बात की.

    जयशंकर से सवाल पूछा गया, "चीन पाकिस्तान कॉरिडोर गिलगिट से होकर ग्वादर पोर्ट तक जाता है, ज़्यादातर पीओके के रास्ते से होते हुए...."

    ये सुनकर जयशंकर बोले, "मैं नहीं मानता कि वहां लक्ष्मण रेखा है. मुझे लगता है कि पीओके भारत का अंग है. एक समय में किसी की कमज़ोरी के कारण, किसी की गलती के कारण हमारे यहां से अस्थायी तौर पर निकल गया. तो आप ये भी जानते हैं कि इसमें पूरे संसद का एक प्रस्ताव है कि हम कभी न कभी पीओके को वापस लेंगे. ये हमारी पोजिशन है."

    जयशंकर ने कहा, "मैं कुछ साल चीन में भी रहा. चीन की जो गतिविधि हैं, जो उनने पाकिस्तान के साथ मिलकर किया है. उसका भी पुराना इतिहास है. हमने उनसे कहा कि पाकिस्तान भी ये नहीं कहता कि वो उसका हिस्सा है. चीन भी उसे अपना नहीं कहता."

    जयशंकर कहते हैं, ''कभी कभी लोग क़ब्ज़ा कर लेते हैं. हमें अपनी स्थिति बहुत अच्छे से रखनी होगी. 10 साल पहले आप हमसे पीओके के बारे में बात भी नहीं करते. मगर अब आप सरकार की वजह से ऐसा पूछ रहे हैं."

    पाकिस्तान प्रशासित कश्मीर में बीते दिनों आटे की कीमतों को लेकर विरोध प्रदर्शन हुए. इस दौरान हुई हिंसा में एक पुलिसकर्मी की भी मौत हुई थी.

    लोकसभा चुनाव 2024 में बीजेपी के नेता अपनी चुनावी सभाओं में पाकिस्तान प्रशासित कश्मीर का मुद्दा उठा रहे हैं.

  10. प्रियंका गांधी ने पीएम मोदी के लिए पूछा सवाल- 'मन बदल गया या भीड़ बदल गई?'

    प्रियंका गांधी

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, प्रियंका गांधी

    पीएम नरेंद्र मोदी ने अपनी एक चुनावी सभा में इंडिया गठबंधन पर तुष्टीकरण की राजनीति करने के आरोप लगाए हैं.

    इस बारे में गुरुवार को एक पत्रकार ने प्रियंका से सवाल किया कि पीएम मोदी ने आरोप लगाया है कि सपा, कांग्रेस तुष्टीकरण की राजनीति करते हैं. क्या कहेंगी आप?

    प्रियंका गांधी ने जवाब दिया, ''अरे. कल या परसो ही तो वो कह रहे थे कि अगर ऐसी बातें करूं तो प्रधानमंत्री बनने योग्य नहीं हूं. आज क्या हो गया. मन बदल गया कि भीड़ बदल गई. मतलब हुआ क्या.''

    प्रियंका बोलीं, ''कल कुछ कह रहे थे, आज कुछ कह रहे हैं तो हम उन पर भरोसा कैसे करेंगे. कोई वज़न ही नहीं रहा उनकी बातों में.''

    पीएम मोदी ने मंगलवार को एक इंटरव्यू में कहा था, ''मैं जिस दिन हिंदू मुसलमान करूंगा, उस दिन मैं सार्वजनिक जीवन में रहने योग्य नहीं रहूंगा. मैं हिंदू मुसलमान नहीं करूंगा. ये मेरा संकल्प है."

    हालांकि इस इंटरव्यू के एक दिन बाद ही पीएम मोदी ने एक सभा में बुधवार को कहा था- ''कांग्रेस कह रही है कि एसटी, एससी, ओबीसी और ग़रीबों का आरक्षण छीनकर मुसलमानों को दे देंगे. कांग्रेस आपकी संपत्ति को भी ज़ब्त करके अपने वोट बैंक को देने की तैयारी में हैं."

    इससे इतर रायबरेली में चुनाव प्रचार करते हुए प्रियंका गांधी ने गुरुवार को कहा, ''पीएम मोदी जनता के बीच कभी नहीं आते. उनको दूर से जनता देखती है. टीवी पर आते हैं, साफ सुधरे चमके हुए. वाराणसी में किसी गांव में गए हों. किसी घर में गए हों. तो आपको पता चले कि गांव जा रहे हैं. यहां तो इंदिरा जी पैदल आती थीं. आपके गांव के बुजुर्ग बताएंगे.''

  11. 'चार जून को लालू परिवार बेरोज़गार होगा'- सम्राट चौधरी के इस बयान पर तेजस्वी क्या बोले

    तेजस्वी यादव

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, तेजस्वी यादव

    बिहार के पूर्व डिप्टी सीएम और आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने राज्य के मौजूदा डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी के बयान पर जवाब दिया है.

    सम्राट चौधरी ने कहा है कि चार जून को लालू यादव का पूरा परिवार बेरोज़गार हो जाएगा तो उनको चिंता तो करनी चाहिए.

    चार जून को लोकसभा चुनाव के नतीजे आने हैं.

    मीडिया ने जब तेजस्वी यादव से इस बारे में सवाल किया तो वो बोले, ''उनको रोज़गार तो हम लोग ही दिए. मंत्री बनाए, एमएलए बनाए. हम लोग पॉजिटिव लोग हैं. वो नेगेटिव लोग हैं. हम लोगों को भी नौकरी देते हैं, वो लोग नौकरी छीनते हैं.''

    तेजस्वी यादव ने कहा, ''अगर हम लोगों के ख़िलाफ़ नहीं बोलेंगे तो बीजेपी में कोई पूछेगा. लालू जी और तेजस्वी को गाली नहीं देंगे तो उन लोगों का काम कैसे चलेगा. अगर हमको गाली देकर कहीं सम्मान मिल रहा है तो अच्छा है.''

  12. स्वाति मालीवाल के साथ हुई कथित बदसलूकी के मामले पर आम आदमी पार्टी और बीजेपी आमने-सामने

    स्वाती मालीवाल (फाइल फोटो)

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, स्वाती मालीवाल (फाइल फोटो)

    राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल के साथ दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल के आवास पर हुई कथित बदसलूकी के मामले पर आम आदमी पार्टी और बीजेपी आमने सामने हैं.

    आम आदमी पार्टी के नेता अरविंद केजरीवाल और संजय सिंह गुरुवार को लखनऊ में एसपी अध्यक्ष अखिलेश यादव के साथ संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस करने पहुंचे थे.

    प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान आम आदमी पार्टी के नेताओं से स्वाति मालीवाल के मामले पर सवाल किए गए.

    इस पर संजय सिंह ने कहा, ''बीजेपी को स्वाति मालीवाल के मामले पर राजनीति नहीं करनी चाहिए.

    ''मणिपुर के अंदर कारगिल के योद्धा की पत्नी को निर्वस्त्र करके घुमाया गया, सैकड़ों महिलाओं पर अत्याचार हुआ, पर पीएम मोदी चुप रहे.''

    ''हज़ारों महिलाओं के साथ प्रज्वल रेवन्ना ने बलात्कार किया. पीएम मोदी कहते हैं ये (प्रज्वल रेवन्ना) भारत को मज़बूती देगा इसे ही वोट दें. उसे भगा दिया जाता है.''

    संजय सिंह ने कहा, ''महिला पहलवान जब जंतर मंतर पर न्याय मांगने के लिए लड़ रही थीं, तो यही स्वाति मालीवाल उनके समर्थन में गई थीं, तो पुलिस ने उन्हें घसीटकर मारा था.''

    ''पार्टी ने अपना रुख़ साफ कर दिया है. जो विषय उठाए गए हैं बीजेपी को उन पर जवाब देना चाहिए.''

    बीजेपी ने क्या आरोप लगाए

    आम आदमी पार्टी के आरोपों पर बीजेपी ने पलटवार किया है.

    बीजेपी के प्रवक्ता गौरव भाटिया ने कहा, ''महिला सम्मान के मुद्दे पर बीजेपी हमेशा बात करती है और महिला सशक्तीकरण पर काम करती है.''

    ''आप सांसद स्वाति मालीवाल के साथ जिस तरह व्यवहार हुआ. संजय सिंह ने ख़ुद माना कि स्वाति मालीवाल के साथ निदंनीय घटना हुई.''

    गौरव भाटिया ने कहा, ''इस घटना को तीन दिन हो गए हैं. सबसे उम्मीद लगाई अरविंद केजरीवाल नारी सम्मान के साथ समझौता नहीं करेंगे. विभव कुमार पर कार्रवाई करेंगे.''

    ''लेकिन आज जो सामने आया वो बहुत चौंकाने वाला था. अरविंद केजरीवाल को कोई पछतावा नहीं था. विभव कुमार पर आरोप लगे हैं और वो अरविंद केजरीवाल के साथ घूम रहे हैं.''

    आप नेता संजय सिंह ने दो दिन पहले दावा किया था कि स्वाति मालीवाल से बदतमीज़ी की घटना को लेकर विभव कुमार पर कार्रवाई की जाएगी.

    महिला आयोग ने लिया स्वतः संज्ञान

    राष्ट्रीय महिला आयोग ने स्वाति मालीवाल के मामले पर स्वतः संज्ञान लेते हुए अरविंद केजरीवाल के निजी सचिव विभव कुमार को नोटिस जारी किया है.

    राष्ट्रीय महिला आयोग ने विभव कुमार को शुक्रवार 17 मई को सुबह 11 बजे कमीशन के सामने पेश होने के लिए कहा है.

    छोड़िए X पोस्ट
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त

  13. पीएम मोदी का आरोप- विपक्ष ने वोट बैंक की राजनीति करके हिंदू-मुसलमान को लड़वाया

    पीएम नरेंद्र मोदी

    इमेज स्रोत, BJP

    इमेज कैप्शन, पीएम नरेंद्र मोदी

    पीएम नरेंद्र मोदी ने आरोप लगाया है कि विपक्ष ने वोट बैंक की राजनीति करके हिंदू-मुसलमान को लड़वाने का काम किया.

    उत्तर प्रदेश के लालगंज में एक सभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने यह दावा किया.

    पीएम मोदी ने कहा, ''सीएए के नाम पर झूठ का पहाड़ खड़ा किया जा रहा है. एसपी और कांग्रेस ने पूरे देश को दंगों की आग में झोंकने का भरपूर प्रयास किया.''

    ''इंडी (इंडिया) गठबंधन वाले कहते हैं जब मोदी जाएगा तो सीएए भी जाएगा. क्या इस देश में कोई ऐसा है जो सीएए को ख़त्म कर सके.''

    पीएम मोदी ने कहा, ''देश का हर नागरिक जान गया है आप लोगों (विपक्ष) ने वोट बैंक की राजनीति करके, हिंदू-मुसलमान को लड़वाकर सेकुलरिज़्म का नकाब पहन लिया था.''

    ''ये मोदी है जिसने आपका (विपक्ष) नकाब उतार दिया है. आप (विपक्ष) ढोंगी हैं, सांप्रदायिक हैं. आप लोगों ने देश को सात दशक तक सांप्रदायिकता की आग में झूझने के लिए मजबूर किया.''

    छोड़िए X पोस्ट
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त

  14. मुंबई: घाटकोपर में होर्डिंग गिरने की घटना पर बीएमसी कमिश्नर क्या बोले?

    भूषण गगरानी

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, भूषण गगरानी

    मुंबई के घाटकोपर में होर्डिंग गिरने की घटना पर बीएमसी कमिश्नर भूषण गगरानी ने प्रतिक्रिया दी है.

    भूषण गगरानी ने हादसे को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण घटना क़रार दिया.

    भूषण गगरानी ने समाचार एजेंसी एएनआई से कहा, ''यहां दुर्भाग्यपूर्ण घटना हुई थी जिसमें 16 लोगों की मृत्यु हुई है, अब भी 42 लोग अस्पताल में भर्ती हैं. मेडिकल टीम घायलों का इलाज कर रही है.''

    ''यहां बचाव अभियान ख़त्म हो गया है, मलबा हटाने का काम जारी है और यह पूरा दिन चलेगा.''

    भूषण गगरानी ने कहा, ''मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने हमें आदेश दिया है कि सभी होर्डिंग की जांच की जाए. अब सभी होर्डिंग्स को संरचनात्मक स्थिरता प्रमाणपत्र की आवश्यकता होगी.''

    छोड़िए X पोस्ट
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त

    मुंबई में सोमवार को आए तूफ़ान और बारिश के दौरान घाटकोपर में एक विशाल होर्डिंग के गिर गया था.

    पुलिस के मुताबिक़ दोपहर करीब 4.30 बजे अचानक आए तेज़ तूफ़ान में घाटकोपर (ई) इलाके़ की समता कॉलोनी में रेलवे पेट्रोल पंप के पास लगा होर्डिंग गिर गया. यह 70x50 मीटर बड़ा था.

    अधिकारियों के मुताबिक़, यह होर्डिंग एक पेट्रोल पंप पर गिरा जहां बारिश और तूफ़ान की वजह से बड़ी संख्या में लोग रुके हुए थे.

  15. पूर्व राज्यपाल कमला बेनीवाल के निधन पर पीएम मोदी से लेकर अशोक गहलोत ने क्या कहा

    पीएम मोदी और कमला बेनीवाल (फाइल फोटो)

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, पीएम मोदी और कमला बेनीवाल (फाइल फोटो)

    राजस्थान के सीएम भजन लाल शर्मा दिवंगत पूर्व राज्यपाल कमला बेनीवाल के अंतिम दर्शन करने जयपुर में उनके घर पहुंचे.

    प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोबिंद डोटासरा ने भी कमला बेनीवाल के आवास पर पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की.

    कमला बेनीवाल का 98 साल की उम्र में बुधवार रात निधन हो गया.

    गोबिंद डोटासरा ने समाचार एजेंसी एएनआई से कहा, ''उन्होंने (कमला बेनीवाल) राजनीति के माध्यम से लोगों की सेवा की. उन्होंने किसी भी चीज़ के साथ कभी कोई समझौता नहीं किया.''

    ''उन्हें चाहे जीवन में कितनी ही मुश्किलों का सामना करना पड़ा हो, पर उन्होंने कभी कोई समझौता नहीं किया. उन्होंने पूरा जीवन प्रदेश और देश की उम्र में समर्पित किया.''

    छोड़िए X पोस्ट
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त

    कमला बेनीवाल के निधन पर पीएम मोदी ने भी शोक जताया. पीएम मोदी ने एक्स पर लिखा, ''कमला बेनीवाल ने अपने लंबे राजनीतिक करियर के ज़रिए देश की सेवा की. गुजरात के मुख्यमंत्री के तौर पर मुझे उनसे बहुत बार मुलाक़ात करने का मौक़ा मिला. इस दुख की घड़ी में हम उनके परिवार के साथ हैं.''

    पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि बेनीवाल के निधन की ख़बर से उन्हें गहरा सदमा लगा है.

    गहलोत ने कहा, ''राज्य के मुख्यमंत्री के रूप में उनके पहले कार्यकाल में बेनीवाल उनके मंत्रिमंडल में वरिष्ठ सहयोगी थीं और इस दौरान उन्हें उनसे बहुत कुछ सीखने को मिला.''

    कमला बेनीवाल सात बार विधायक रहने के अलावा राजस्थान की उपमुख्यमंत्री भी रहीं.

  16. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्लोवाकिया के पीएम रॉबर्ट फ़िको पर हुए हमले की निंदा की

    नरेंद्र मोदी

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, नरेंद्र मोदी

    भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्लोवाकिया के पीएम रॉबर्ट फ़िको पर हुए हमले की निंदा की है.

    पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट किया, ''स्लोवाकिया के पीएम रॉबर्ट फ़िको पर गोली लगने की ख़बर से गहरा सदमा पहुंचा है.''

    ''इस कायरतापूर्ण हमले की कड़ी निंदा की जाती है. रॉबर्ट फ़िको के जल्द स्वस्थ होने की कामना की जाती है. इस मुश्किल घड़ी में भारत स्लोवाकिया के लोगों के साथ है.''

    छोड़िए X पोस्ट
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त

    स्लोवाकिया के प्रधानमंत्री रॉबर्ट फ़िको को गोली मारे जाने के बाद वो अस्पताल में ज़िंदगी की जंग लड़ रहे हैं. उन्हें ब्रातिस्लावा जैसे छोटे से शहर में गोली मार दी गई थी.

    बुधवार शाम रक्षा मंत्री रॉबर्ट कलीनाक ने कहा कि गोली मारे जाने के बाद रॉबर्ट फ़िको की तीन घंटे तक सर्जरी चली और उनकी हालत नाज़ुक है.

    स्लोवाकिया के राष्ट्रपति और अन्य राजनेताओं ने इस गोलीबारी को 'लोकतंत्र पर हमला' बताया है.

    कथित हमलावर को मौक़े से ही हिरासत में ले लिया गया था लेकिन अभी तक औपचारिक तौर पर प्रशासन ने उनकी पहचान नहीं की है.

  17. अरविंद केजरीवाल बोले- 'ये मोदी जी का बनाया नियम है और वो 75 के बाद ज़रूर रिटायर होंगे'

    अरविंद केजरीवाल और अखिलेश यादव

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, अरविंद केजरीवाल और अखिलेश यादव

    आम आदमी पार्टी के संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने एसपी प्रमुख अखिलेश यादव के साथ लखनऊ में संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस की है.

    अरविंद केजरीवाल ने कहा, ''मोदी जी अपने लिए नहीं बल्कि अमित शाह को प्रधानमंत्री बनाने के लिए वोट मांग रहे हैं. बीजेपी अगर जीत गई तो योगी आदित्यनाथ को दो से तीन महीने में सीएम पद से हटा दिया जाएगा.''

    ''अगर बीजेपी जीत गई तो संविधान बदलकर एससी, एसटी और ओबीसी का आरक्षण ख़त्म कर दिया जाएगा. चार जून को जो नतीजे आएंगे उसमें बीजेपी और एनडीए को बहुत कम सीटें मिलने जा रही हैं.''

    अरविंद केजरीवाल ने कहा, ''2014 में जब मोदी पीएम बने थे तो उन्होंने नियम बनाया था कि 75 साल से ज़्यादा उम्र के व्यक्ति को संगठन और सरकार में कोई ज़िम्मेदारी नहीं मिलेगी.''

    ''इस नियम के तहत आडवाणी और जोशी जी को रिटायर किया गया. अगले साल 17 सितंबर को मोदी जी रिटायर होंगे और वो अगले साल अमित शाह को पीएम बनाएंगे.''

    अरविंद केजरीवाल ने आगे कहा, ''मोदी जी एक साल से इस प्लान पर काम कर रहे हैं. अमित शाह की राह में जो भी नेता थे उन्हें ठिकाने लगाया जा चुका है.''

    ''अमित शाह की राह में अब सिर्फ़ योगी आदित्यनाथ बचे हैं. उन्हें साइडलाइन किया जाना है.''

    ''मोदी जी ने ऐसा नहीं कहा है कि वो 75 साल की उम्र के बाद रिटायर नहीं होंगे. यह मोदी जी का बनाया हुआ नियम है और वह इसका पालन ज़रूर करेंगे.''

    अखिलेश यादव ने क्या कहा

    अखिलेश यादव ने कहा कि चार चरण में बीजेपी चारों खाने चित हो चुकी है.

    अखिलेश यादव ने कहा, ''बीजेपी 400 पार का नारा दे रहे हैं, लेकिन वो 143 से ज़्यादा सीटें नहीं जीत रही. देश की जनता इन्हें 140 सीटों के लिए तरसा देगी.''

    अखिलेश यादव ने कहा कि ''संविधान बचेगा तो देश बचेगा. बीजेपी की संविधान ख़त्म करने की साज़िश को सब समझ गए हैं.''

    अखिलेश यादव ने दावा किया कि इंडिया गठबंधन बीजेपी को हराने जा रहा है.

  18. सुनील छेत्री ने अंतरराष्ट्रीय फ़ुटबॉल से संन्यास का एलान किया

    सुनील छेत्री

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, सुनील छेत्री

    भारतीय फ़ुटबॉल टीम के कप्तान सुनील छेत्री ने इंटरनेशनल फ़ुटबॉल से संन्यास का एलान कर दिया है.

    सुनील छेत्री 6 जून को कुवैत के ख़िलाफ़ भारत के लिए अपना आख़िरी मैच खेलेंगे.

    सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर वीडियो शेयर करते हुए सुनील छेत्री ने संन्यास की जानकारी दी.

    सुनील छेत्री ने कहा, ''मैं उस दिन को कभी नहीं भूल सकता हूं जब पहली बार मुझे देश के लिए खेलने का मौक़ा मिला.''

    ''मैच से पहले नेशनल टीम के कोच सुकी सर मेरे पास आए और कहा कि तुम अपना सफ़र शुरू करने जा रहे हो. मैं उस अहसास को नहीं भूल सकता हूं.''

    छोड़िए X पोस्ट, 1
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त, 1

    40 साल के सुनील छेत्री ने पाकिस्तान के ख़िलाफ़ 12 जून 2005 को भारत के लिए डेब्यू किया था.

    सुनील छेत्री ने पहले ही मैच में अपना पहला अंतरराष्ट्रीय गोल भी किया.

    सुनील छेत्री ने 150 मैचों में 94 गोल स्कोर किए हैं. अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल में छेत्री ने रोनाल्डो (205 मैच में 128 गोल) और मेसी (180 मैचों में 106 गोल) के बाद सबसे ज़्यादा गोल किए हैं.

    सुनील छेत्री भारत के लिए सबसे ज़्यादा अंतरराष्ट्रीय मुक़ाबले खेलने वाले खिलाड़ी भी हैं.

    भारतीय क्रिकेट बोर्ड बीसीसीआई ने भी ट्वीट करके सुनील छेत्री के फ़ुटबॉल करियर को अभूतपूर्व बताया है.

    छोड़िए X पोस्ट, 2
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त, 2

  19. इसराइल: रक्षा मंत्री योआव गैलांट ने पीएम नेतन्याहू पर क्यों सवाल खड़े किए

    योआव गैलांट

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, योआव गैलांट

    इसराइल के रक्षा मंत्री योआव गैलांट ने इसराइली पीएम बिन्यामिन नेतन्याहू पर निशाना साधा है.

    गैलांट का कहना है कि सरकार अभी तक इस सवाल का जवाब नहीं तलाश पाई है कि युद्ध के बाद ग़ज़ा को लेकर उसके पास क्या प्लान है.

    गैलांट ने नेतन्याहू से अपील की है कि इस बात का सार्वजनिक तौर पर एलान किया जाना चाहिए कि इसराइल का ग़ज़ा में सैन्य शासन लगाने का कोई इरादा नहीं है.

    गैलांट ने कहा, ''अक्टूबर से ही कैबिनेट मीटिंग में मैं ये सवाल खड़े कर रहा हूं, लेकिन मुझे कोई जवाब नहीं मिला है.''

    वॉर कैबिनेट के एक और मंत्री बेनी गैंट्ज़ ने भी गैलांट की बातों से सहमति जताई है.

    गैंट्स ने कहा, ''गैलांट ने सच कहा है. यह नेतृत्व की ज़िम्मेदारी है कि किसी भी क़ीमत पर देश के लिए सही किया जाएगा.''

    हमास संचालित स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक़ सात अक्टूबर के बाद से इसराइली कार्रवाई के चलते ग़ज़ा में 35 हज़ार से ज़्यादा लोगों की जान जा चुकी है.

  20. चीन दौरे के बीच पश्चिमी देशों पर निशाना साधते हुए पुतिन क्या बोले

    व्लादिमीर पुतिन

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, व्लादिमीर पुतिन

    रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कहा है कि महत्वपूर्ण अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर रूस और चीन का स्टैंड एक जैसा है.

    चीन की सरकारी न्यूज़ एजेंसी को दिए इंटरव्यू में पुतिन ने यह बात कही है.

    पुतिन ने कहा, ''दोनों ही देश सही तरीके़ से अंतरराष्ट्रीय क़ानून लागू होने, समानता और सुरक्षा की वकालत करते हैं.''

    ''हम झूठ की बुनियाद पर पश्चिमी देशों के प्रतिबंध लगाने के प्रयासों का विरोध करते हैं. कुछ ऐसे नियम हैं जिनके बारे में कोई नहीं जानता कि किसने उन्हें बनाया है.''

    पुतिन के चीन दौरे के बीच यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने अपनी सभी विदेशी यात्राओं को टाल दिया है.

    ज़ेलेंस्की इस हफ़्ते पुर्तगाल और स्पेन के दौरे पर जाने वाले थे.

    रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन दो दिन के दौरे पर चीन पहुंच गए हैं.

    पुतिन दो दिन के दौरे के दौरान चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग से मुलाक़ात करेंगे.

    पुतिन और शी जिंगपिंग की मुलाक़ात पर पश्चिमी देशों की नज़र है.