You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

पश्चिम बंगाल: मालदा में बिजली गिरने से 11 लोगों की मौत, ममता बनर्जी ने जताया दुख

पश्चिम बंगाल के मालदा में गुरुवार को बिजली गिरने से 11 लोगों की मौत हो गई है.

सारांश

  • पश्चिम बंगाल: मालदा में बिजली गिरने से 11 लोगों की मौत, ममता बनर्जी ने जताया दुख
  • कथित मारपीट का मामला: स्वाति मालीवाल ने दिल्ली पुलिस को दिया बयान, ट्वीट कर कहा- 'मेरे साथ जो हुआ, वो बहुत बुरा था'
  • ममता बनर्जी बोलीं- टीएमसी भविष्य में इंडिया गठबंधन का हिस्सा रहेगी
  • पीएम मोदी का आरोप- 'ये लोग मोदी के ख़िलाफ़ वोट जेहाद की अपील कर रहे हैं'
  • प्रियंका गांधी बोलीं- पीएम मोदी की बातों में कोई वज़न ही नहीं रहा.
  • पाकिस्तान प्रशासित कश्मीर के लिए जयशंकर बोले- 'वहां लक्ष्मण रेखा नहीं है'
  • इसराइल ने रफ़ाह में बढ़ाई सैनिकों की तैनाती, नेतन्याहू ने मानवीय संकट के दावों को किया ख़ारिज

लाइव कवरेज

प्रवीण, विकास

  1. अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन और डोनाल्ड ट्रंप प्रेसिडेंशियल डिबेट के लिए सहमत हुए

    अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन और डोनाल्ड ट्रंप प्रेसिडेंशियल डिबेट के लिए सहमत हो गए हैं.

    बाइडन और ट्रंप के बीच जून और सितंबर में दो प्रेसिडेंशियल डिबेट होंगी.

    सीएनएन 27 जून को जॉर्जिया प्रांत में पहली डिबेट होस्ट करेगा, जबकि 10 सितंबर को एबीसी पर दूसरी डिबेट होगी.

    बुधवार को अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन ने ट्रंप को दो डिबेट करने का प्रस्ताव दिया.

    ट्रंप ने तुरंत डिबेट के प्रस्ताव को स्वीकार कर लिया. ट्रंप ने हालांकि दो की बजाय तीन डिबेट का प्रस्ताव रखा.

    ट्रंप ने कहा कि दो अक्टूबर को फोक्स न्यूज़ पर तीसरी डिबेट होनी चाहिए.

    ट्रंप की ओर से बयान जारी कर कहा गया, ''अमेरिकी नागरिकों को राष्ट्रपति पद के उम्मीदवारों को सुनने के दो नहीं बल्कि तीन मौके़ मिलने चाहिए.''

  2. फ़ेडरेशन कप 2024 में गोल्ड जीतने के बाद नीरज चोपड़ा क्या बोले?

    भुवनेश्वर में चल रहे फ़ेडरेशन कप 2024 में नीरज चोपड़ा ने गोल्ड मेडल पर क़ब्ज़ा जमाया है.

    नीरज चोपड़ा ने 82.27 मीटर का थ्रो करते हुए गोल्ड मेडल अपने नाम किया.

    गोल्ड जीतने के बाद नीरज चोपड़ा ने समाचार एजेंसी एएनआई से कहा, ''प्रतियोगिता काफ़ी बेहतरीन थी, लेकिन मौसम बेहद गर्म था.''

    ''शुरुआत से मन में था कि पूरी कोशिश करेंगे. लेकिन अभी दोहा खेलकर आया था तो मैंने चार ही थ्रो किए. दो थ्रो मैंने छोड़ ही दिए.''

    नीरज चोपड़ा ने आगे कहा, ''लंबे वक़्त के बाद इंडिया में खेल रहा था तो काफ़ी अच्छा लगा. बहुत सारे लोग समर्थन करने के लिए आए इसलिए और भी अच्छा लगा.''

    नीरज चोपड़ा ने हाल ही में दोहा में खेली गई डायमंड लीग में भी हिस्सा लिया.

    डायमंड लीग में नीरज चोपड़ा ने 88.36 मीटर का थ्रो किया और वह सिल्वर मेडल जीतने में कामयाब रहे.

    नीरज चोपड़ा इस साल होने वाले पेरिस ओलंपिक के लिए पहले ही क्वालिफाई कर चुके हैं.

  3. दो दिन के दौरे पर चीन पहुंचे पुतिन, शी जिनपिंग से किस मुद्दे पर होगी बात?

    रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन दो दिन के दौरे पर चीन पहुंच गए हैं.

    पुतिन दो दिन के दौरे के दौरान चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग से मुलाक़ात करेंगे.

    पुतिन और शी जिंगपिंग की मुलाक़ात पर पश्चिमी देशों की नज़र है.

    रूस और चीन की साझेदारी कैसे आगे बढ़ेगी, पुतिन और जिंगपिंग की मुलाक़ात में इस पर बात हो सकती है.

    रूस और यूक्रेन के बीच दो साल से अधिक समय से युद्ध छिड़ा हुआ है.

    इस युद्ध की वजह से अमेरिका और उसके सहयोगियों ने रूस पर कई तरह के प्रतिबंध लगा रखे हैं.

    हालांकि इस दौरान चीन रूस की आर्थिक स्थिति संभालने में मददगार साबित हुआ है.

    चीन पर रूस की सेना को तकनीक और हथियार मुहैया करवाने के आरोप भी लगे हैं. इस वजह से चीन पर दबाव भी बनाया जा रहा है.

    चीन इन आरोपों को ख़ारिज करता रहा है और उसका दावा है कि वह रूस को किसी तरह की सैन्य सहायता नहीं दे रहा है.

    चीन ने हालांकि यूक्रेन पर रूस के हमलों की आलोचना नहीं की है.

  4. न्यूज़क्लिक के संस्थापक प्रबीर पुरकायस्थ तिहाड़ जेल से बाहर आए

    न्यूज़ पोर्टल न्यूज़क्लिक के संस्थापक प्रबीर पुरकायस्थ तिहाड़ जेल से बाहर आ गए हैं.

    सुप्रीम कोर्ट के ऑर्डर के बाद बुधवार देर रात प्रबीर पुरकायस्थ तिहाड़ जेल से बाहर आए.

    बीते साल दो नवंबर से ही प्रबीर पुरकायस्थ तिहाड़ जेल में थे.

    सुप्रीम कोर्ट की दो सदस्यों वाली बेंच ने बुधवार को न्यूज़ पोर्टल न्यूज़क्लिक के संस्थापक प्रबीर पुरकायस्थ को रिहा करने का आदेश दिया था.

    जस्टिस बीआर गवई की अगुवाई वाली बेंच ने ये भी कहा कि पुरकायस्थ की गिरफ़्तारी और उसके बाद उन्हें हिरासत में रखे जाना क़ानून की नज़र में अवैध था.

    अदालत ने ये भी कहा कि पुरकायस्थ की गिरफ़्तारी के समय ये नहीं बताया गया कि इसका आधार क्या था. इसकी वजह से गिरफ़्तारी निरस्त की जाती है.

    पुरकायस्थ को बीते साल अक्तूबर में चीन से अवैध फ़ंडिंग लेने के आरोपों में यूएपीए के तहत गिरफ़्तार किया गया था.

  5. नमस्कार !

    बीबीसी हिंदी के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है.

    15 मई की ख़बरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.