राष्ट्रपति के हेलीकॉप्टर हादसे के बाद क्या बोले ईरान के सर्वोच्च धर्मगुरू

हादसे के बाद ईरान के सर्वोच्च धर्मगुरू अयातोल्लाह ख़ामेनई ने राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के साथ आपात बैठक भी की है.

सारांश

  • ईरान के राष्ट्रपति इब्राहिम रईसी का हेलीकॉप्टर लापता होने के बाद व्यापक खोज अभियान जारी है.
  • भारत समेत दुनियाभर के नेताओं ने ईरान के राष्ट्रपति की सलामती के लिए दुआ की है.
  • सीएम केजरीवाल ने पीएम मोदी और बीजेपी पर ‘ऑपरेशन झाडू’ चलाने का आरोप लगाया.
  • भारत प्रशासित कश्मीर में दो चरमपंथी हमलों में एक शख़्स की मौत, दो घायल.
  • अफ़ग़ानिस्तान में आई बाढ़ से 50 से ज़्यादा लोगों की मौत हो गई है.

लाइव कवरेज

प्रवीण, दिलनवाज पाशा

  1. यूक्रेन पर हमले बढ़ा सकता है रूस, राष्ट्रपति ज़ेलेंस्की ने जताई आशंका

    यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की

    यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने आशंका जताई है कि रूस यूक्रेन के उत्तरी-पूर्वी इलाक़ों में किए जा रहे हमलों में इज़ाफ़ा कर सकता है.

    ज़ेलेंस्की का दावा है कि रूस ख़ारकीएव के नज़दीकी इलाक़ों में हाल ही में हासिल की बढ़त के बाद यह क़दम उठाएगा.

    रूसी सेना मोर्चे पर यूक्रेन की स्थिति को कमज़ोर करने की कोशिश कर रही है.

    ज़ेलेंस्की ने स्वीकार किया है कि यूक्रेन की सेना का मनोबल कमज़ोर हुआ है और कुछ टुकड़ियां पूरी तरह से खाली हैं.

    ज़ेलेंस्की का कहना है कि यूक्रेन की सुरक्षा के जितने हथियार होने चाहिए उसका 25 फ़ीसदी ही फ़िलहाल उनके पास मौजूद है.

    अमेरिका ने हाल ही में यूक्रेन को 61 अरब का मदद पैकेज देने का एलान किया है और सैन्य सहायता भी शामिल है.

    रूस ने बीते कुछ दिनों में यूक्रेन के दूसरे सबसे बड़े शहर ख़ारकीएव के उत्तरी-पूर्वी इलाक़ों में कई गांवों पर कब्ज़ा करने का दावा किया है.

    ख़ारकीएव के गवर्नर ने कहा है कि बीते एक सप्ताह में क़रीब 10 हज़ार लोगों को ख़ारकीएव छोड़कर जाना पड़ा है.

    हालांकि गवर्नर ने यह भी दावा किया है यूक्रेन की सेना ने हालात को संभाल रखा है.

    वहीं ज़ेलेंस्की का कहना है कि यूक्रेन को मोर्चों पर और ज़्यादा सैनिकों की ज़रूरत है.

  2. अफ़ग़ानिस्तान के अब दूसरे इलाक़ों में आई बाढ़, 50 लोगों की मौत

    अफ़ग़ानिस्तान के उत्तरी और केंद्रीय इलाके बाढ़ से जूझ रहे हैं

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, अफ़ग़ानिस्तान के उत्तरी और केंद्रीय इलाके बाढ़ से जूझ रहे हैं

    अफ़ग़ानिस्तान के अब दूसरे इलाक़ों में आई बाढ़ से कम से कम 50 लोगों की मौत हो गई है.

    अधिकारियों का कहना है अफ़ग़ानिस्तान के केंद्रीय इलाक़ों में भारी बारिश हुई है.

    अधिकारियों का कहना है भारी बारिश से अचानक पानी का लेवल बढ़ गया और कई लोग लापता हुए हैं.

    अधिकारियों ने कहा है कि बाढ़ की वजह से हज़ारों पशुओं की मौत हुई है और 2000 से ज़्यादा घर बर्बाद हो गए हैं.

    पिछले हफ़्ते अफ़ग़ानिस्तान के उत्तरी इलाक़ों में बाढ़ आई थी और 300 से ज़्यादा लोगों की मौत हो गई थी.

    भारी बारिश से खेती को भी नुक़सान पहुंचा है. अफ़ग़ानिस्तान की चार करोड़ में से 80 फ़ीसदी आबादी खेती पर ही निर्भर करती है.

    अफ़ग़ानिस्तान के मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में कई और इलाक़ों में भारी बारिश और बाढ़ आने की आशंका जताई है और इसे लेकर चेतावनी भी जारी की है.

  3. स्वाति मालीवाल का आरोप- 'सीसीटीवी फ़ुटेज ग़ायब हैं, साज़िश की हद है'

    स्वाति मालीवाल

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, स्वाति मालीवाल

    आम आदमी पार्टी की नेता और राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल ने दावा किया है कि 13 मई को सीएम आवास में हुई घटना का सीसीटीवी फ़ुटेज ग़ायब कर दिया गया है.

    स्वाति मालीवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट किया, ''पहले मुझे बेरहमी से बिभव ने पीटा. थप्पड़ और लातें मारी. जब मैंने ख़ुद को छुड़ा के 112 कॉल की तो बाहर जाकर सिक्योरिटी बुलाई और वीडियो बनाने लगा.''

    ''मैं सिक्योरिटी को चीख चीख के बता रही थी की मुझे बहुत बेरहमी से बिभव ने पीटा है. वो पूरा लंबा हिस्सा वीडियो का एडिट कर दिया गया.''

    स्वाति मालीवाल ने कहा, ''सिर्फ़ 50 सेकंड का वीडियो रिलीज़ किया गया. जब मैं सिक्योरिटी वालों को समझा समझा के खीज चुकी थी. अब फ़ोन फॉर्मेट करके पूरी वीडियो डिलीट कर दी ? सीसीटीवी की फुटेज भी ग़ायब! साज़िश की भी हद्द है!''

    स्वाति मालीवाल की एक्स पोस्ट

    इमेज स्रोत, X

    इमेज कैप्शन, स्वाति मालीवाल की एक्स पोस्ट

    शनिवार को दिल्ली पुलिस ने 13 मई को स्वाति मालीवाल के साथ हुई कथित मारपीट मामले में अरविंद केजरीवाल के करीबी बिभव कुमार को हिरासत में लिया.

    स्वाति मालिवाल की शिकायत पर दिल्ली पुलिस ने बिभव कुमार के ख़िलाफ़ एफ़आईआर दर्ज की है.

    आम आदमी पार्टी हालांकि बिभव कुमार पर लगे आरोपों को ख़ारिज कर रही है.

    आम आदमी पार्टी का दावा है कि स्वाति मालिवाल ने बिभव कुमार पर झूठे आरोप लगाए हैं.

  4. इसराइली सेना ने ग़ज़ा से एक और बंधक का शव मिलने का दावा किया

    रोन बेंजामिन

    इमेज स्रोत, Family Handout

    इमेज कैप्शन, रोन बेंजामिन

    इसराइली सेना को ग़ज़ा में एक और बंधक का शव बरामद हुआ है. इसराइली सेना ने यह दावा किया है.

    इसराइली सेना का कहना है कि 53 साल के रोन बेंजामिन का शव शुक्रवार को बाक़ी तीन बंधकों के शव के साथ ही मिला था.

    इसराइली सेना के मुताबिक़ 53 साल के बेंजामिन सात अक्टूबर को ग़ज़ा सीमा के नज़दीक़ एक साइकिल यात्रा में हिस्सा ले रहे थे.

    हमास के लड़ाकों ने सात अक्टूबर को इसराइल पर हमला किया था. इसराइल का दावा है कि हमास के हमले में 1200 लोग मारे गए थे, जबकि 252 लोगों को ग़ज़ा में बंधक बनाकर ले जाया गया था.

    इसराइली सेना ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर पोस्ट करके बताया है कि बेंजामिन की मौत सात अक्टूबर को ही हो गई थी.

    इसराइली सेना के मुताबिक़ शव की पहचान रोन बेंजामिन के तौर पर हुई है और उनके परिवार को भी इस बात की सूचना दे गई है.

    शुक्रवार को इसराइल की सेना ने तीन बंधकों के शव उत्तरी ग़ज़ा के जबालिया में मिलने का दावा किया था.

    हमास संचालित स्वास्थ्य मंत्रालय का दावा है कि सात अक्टूबर के बाद से इसराइली सेना के हमलों से 35 हज़ार से ज़्यादा फ़लस्तीनियों की मौत हो चुकी है. मरने वालों में अधिकतर बच्चे और महिलाएं शामिल हैं.

  5. नमस्कार !

    बीबीसी हिंदी के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है.

    18 मई की ख़बरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.