बेंगलुरु से कोच्चि जा रही एयर इंडिया एक्सप्रेस की एक फ़्लाइट को शनिवार रात इंजन में आग लगने की वजह से आपात लैंडिंग करनी पड़ी.
विमान में सवार यात्रियों ने दाएं इंजन से धुआं उठते हुए देखा था जिसके बाद विमान को उतार लिया गया.
177 यात्रियों और चालक दल के छह सदस्यों के साथ फ़्लाइट संख्या आईएक्स 1132, रात 11 बजकर 12 मिनट पर केंपेगौड़ा एयरपोर्ट पर उतरी.
इस दौरान एयरपोर्ट अथॉरिटी ने आपात स्थिति की घोषणा कर दी थी. एयरपोर्ट अधिकारियों के मुताबिक़ विमान के उतरने के कुछ देर के भीतर ही आग को बुझा लिया गया था.
एक बयान में एयर इंडिया ने बताया है, “किसी यात्री को चोट नहीं लगी, चालक दल सदस्य सभी को सुरक्षित बाहर निकालने में कामयाब रहे. यात्रियों को हुई असुविधा के लिए हमें खेद है और हम सभी यात्रियों को जल्द से जल्द वैकल्पिक व्यवस्था के ज़रिए उनके गंतव्य तक पहुंचाने का प्रयास कर रहे हैं.”
एयरलाइन ने बीबीसी को बताया है कि रविवार सुबह की उड़ान से 122 यात्रियों को कोच्चि भेज दिया गया है. प्रवक्ता के मुताबिक़ बाकी यात्रियों को अन्य उड़ानों के ज़रिए भेज दिया जाएगा.
हालांकि, एक यात्री, डॉय जेफ़ी चैरी ने बीबीसी को बताया कि दो या तीन यात्रियों को ही होटल में शिफ्ट किया गया था जबकि बाकी को एयरपोर्ट के बैगेज एरिया में प्लास्टिक की कुर्सियों पर बैठने के लिए मजबूर किया गया.
उन्होंने कहा, "मेरी मां 72 साल की हैं, उन्हें भी कुर्सी पर बिठाया गया. 10-15 वरिष्ठ नागरिकों और कुछ छोटे बच्चों को भी प्लास्टिक की कुर्सियों पर ही बिठाया गया."
डॉ. चेरी ने कहा, “लेकिन उन्होंने कुछ खाने का सामान और पानी दिया. उन्होंने हमें सुबह की फ्लाइट से भेजा इसलिए उन्हें हमारे ठहरने की व्यवस्था करनी चाहिए थी. शुरू में उन्होंने हमें बताया था कि जल्द ही हमें फ्लाइट मिल जाएगी, फिर सुबह के 8 बज गए, 10 बज गए और फिर 12 गए. आख़िरकार 122 यात्रियों के लिए उड़ान की व्यवस्था की गई.”
डॉ. चेरी के मुताबिक़ जैसे ही विमान में आग दिखी थी, पायलट ने लोगों से कहा था कि घबराये नहीं.
उन्होंने बताया, “हम जल्द ही उतर गए. हमसे हैंड बैगेज लिए बिना ही विमान से उतरने के लिए कहा गया था. कुछ यात्री अपना हैंड बैगेज मांग रहे थे. शुरुआत में अधिकारियों ने बताया कि हैंड बैगेज को सीधे दूसरी फ्लाइट में शिफ्ट कर दिया जाएगा. शुरुआत में उन्होंने मना किया लेकिन बाद में बैगेज दे दिया क्योंकि कई लोगों की दवाइयां भी उसमें थीं.”
शनिवार को, तिरुवनंतपुरम से बेंगलुरु जा रही एयर इंडिया एक्सप्रेस की एक और फ्लाइट को तकनीकी खराबी की वजह से तिरुचिरापल्ली एयरपोर्ट पर आपात लैंडिंग करनी पड़ी. इस फ्लाइट में 137 यात्री सवार थे.
रिपोर्टों के मुताबिक़, 17 मई को बेंगलुरु आ रही एयर इंडिया की एक फ़्लाइट को वापस दिल्ली लौटना पड़ा क्योंकि विमान की ऑक्सलरी पॉवर यूनिट से चेतावनी का सिग्नल मिला था. इस फ्लाइट में 175 यात्री सवार थे.
बेंगलुरु कोच्चि फ़्लाइट के संबंध में एयर इंडिया के एक बयान में कहा गया है, “घटना के कारणों का पता लगाने के लिए नियामक के साथ मिलकर जांच की जाएगी.”
बैंगलोर इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (बीआईएएल) के प्रवक्ता का कहना है, “18 मई, 2024 को, बेंगलुरु से कोच्चि जाने वाली फ्लाइट IX 1132 के एक इंजन में आग लगने की जानकारी मिली, जिसके चलते रात 11:12 बजे बीएलआर हवाई अड्डे पर आपातकालीन लैंडिंग की गई. पूरे तरीके से इमरजेंसी घोषित करते हुए लैंडिंग के तुरंत बाद आग को बुझा दिया गया. विमान में सवार सभी 179 यात्री और 6 क्रू सदस्य सुरक्षित हैं.”