राष्ट्रपति के हेलीकॉप्टर हादसे के बाद क्या बोले ईरान के सर्वोच्च धर्मगुरू

हादसे के बाद ईरान के सर्वोच्च धर्मगुरू अयातोल्लाह ख़ामेनई ने राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के साथ आपात बैठक भी की है.

सारांश

  • ईरान के राष्ट्रपति इब्राहिम रईसी का हेलीकॉप्टर लापता होने के बाद व्यापक खोज अभियान जारी है.
  • भारत समेत दुनियाभर के नेताओं ने ईरान के राष्ट्रपति की सलामती के लिए दुआ की है.
  • सीएम केजरीवाल ने पीएम मोदी और बीजेपी पर ‘ऑपरेशन झाडू’ चलाने का आरोप लगाया.
  • भारत प्रशासित कश्मीर में दो चरमपंथी हमलों में एक शख़्स की मौत, दो घायल.
  • अफ़ग़ानिस्तान में आई बाढ़ से 50 से ज़्यादा लोगों की मौत हो गई है.

लाइव कवरेज

प्रवीण, दिलनवाज पाशा

  1. इब्राहिम रईसी: हेलीकॉप्टर हादसे पर क्या बोले पीएम नरेंद्र मोदी

    पीएम नरेंद्र मोदी

    इमेज स्रोत, Getty Images

    भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रपति इब्राहिम रईसी के हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद ईरान के लोगों के लिए संदेश दिया है.

    सोशल प्लेटफार्म एक्स पर पोस्ट एक बयान में नरेंद्र मोदी ने कहा, “राष्ट्रपति रईसी की आज हेलीकॉप्टर उड़ान के बारे में आ रही ख़बरों से ग़हरी चिंता हुई है. हम संकट की इस घड़ी में ईरानी लोगों के साथ एकजुटता से खड़े हैं और राष्ट्रपति और उनके दल की भलाई की कामना करते हैं.”

    वहीं अज़रबैजान के राष्ट्रपति इल्हाम अलियेव ने इस हादसे पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि वो हेलीकॉप्टर हादसे की ख़बर से बेहद परेशान है.

    राष्ट्रपति इब्राहिम रईसी ने उड़ान भरने से पहले अज़रबैजान के राष्ट्रपति के साथ ही दोनों देशों की सीमा पर बांध का उद्घाटन किया था.

    राष्ट्रपति अलियेव ने कहा कि संकट की इस घड़ी में अज़रबैजान ईरान की हर मदद करने के लिए तैयार है.

  2. राष्ट्रपति के हेलीकॉप्टर हादसे के बाद क्या बोले ईरान के सर्वोच्च धर्मगुरू

    राष्ट्रपति के हेलीकॉप्टर हादसे के बाद क्या बोले ईरान के सर्वोच्च धर्मगुरू

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, ईरान के सर्वोच्च धर्मगुरू अयातोल्लाह ख़ामेनई

    ईरान के सर्वोच्च धर्मगुरू अयातोल्लाह ख़ामेनई ने ईरानी राष्ट्रपति इब्राहिम रईसी के हेलीकॉप्टर के दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद दिए पहले बयान में कहा है कि ईरान का प्रशासन इस हादसे से प्रभावित नहीं होगा.

    देश के नाम संदेश में ख़ामेनई ने ईरान के लोगों से कहा है कि लोग चिंता ना करें, सरकार के काम प्रभावित नहीं होंगे.

    ख़ामेनई ने हेलीकॉप्टर हादसे के बाद राष्ट्रपति रईसी के स्वास्थ्य के लिए दुआ भी की है.

    हादसे के बाद ख़ामेनई ने राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के साथ आपात बैठक भी की है.

    वहीं, ईरान के सबसे बड़े धर्मस्थल इमाम रेज़ा के पवित्र स्थल पर आठवें शिया इमाम के जन्मदिन के मौके पर जुटे लोगों ने भी राष्ट्रपति रईसी के स्वास्थ्य के लिए दुआएं की हैं.

  3. रेड क्रेसेंट ने बचावकर्मियों के लापता होने की रिपोर्ट को ख़ारिज किया है

    घने कोहरे और ख़राब मौसम के कारण बचाव दल को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है

    इमेज स्रोत, FARS NEWS

    इमेज कैप्शन, घने कोहरे और ख़राब मौसम के कारण बचाव दल को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है

    ईरान के राष्ट्रपति इब्राहिम रईसी और विदेश मंत्री हुसैन आमिर अब्दुल्लाहियान को ले जा रहे हेलीकॉप्टर के क्रैश होने के बाद घटनास्थल की तरफ़ रवाना बचावकर्मियों के लापता होने की ख़बर को रेड क्रेसेंट ने खारिज किया है.

    इससे पहले एक प्रवक्ता ने तीन बचावकर्मियों के लापता होने के बारे में जानकारी दी थी.

    घने कोहरे और ख़राब मौसम की वजह से बचावकर्मियों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है.

    बचाव दल में शामिल रेड क्रेसेंट के प्रवक्ता ने दावा किया था कि राष्ट्रपति को खोज रहे तीन बचावकर्मी लापता हो गए हैं. हालांकि बाद में इस ख़बर को ख़ारिज कर दिया गया.

    प्रवक्ता के मुताबिक़ बचाव दल घटनास्थल के क़रीब पहुंच गए हैं. प्रवक्ता के मुताबिक़ भारी बारिश और सर्दी बढ़ने की आशंका के बीच बचाव कार्य धीमा पड़ सकता है.

  4. रईसी का हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त: अमेरिका रख रहा है नज़र, पाकिस्तान ने भेजी दुआएं

    रईसी ने अज़रबैजान के राष्ट्रपति के साथ रविवार को बांध का उद्घाटन किया था

    इमेज स्रोत, Iranian Presidential Office

    इमेज कैप्शन, रईसी ने अज़रबैजान के राष्ट्रपति के साथ रविवार को बांध का उद्घाटन किया था

    ईरानी राष्ट्रपति इब्राहिम रईसी का हेलीकॉप्टर दुर्घटना का शिकार हुआ है. उनके साथ हेलीकॉप्टर में विदेश मंत्री समेत कई अन्य शीर्ष अधिकारी सवार थे.

    घने कोहरे और ख़राब मौसम की वजह से बचाव दलों को उन तक पहुंचने में दिक़्क़तें आ रही हैं. घटनास्थल की स्थिति को लेकर कोई ताज़ा जानकारी नहीं है. ईरान में लोग उनके स्वास्थ्य के लिए दुआएं कर रहे हैं.

    इसी बीच अमेरिका ने कहा है कि वह ईरान के राष्ट्रपति के हेलीकॉप्टर के क्रैश होने की रिपोर्टों पर नज़र रखे हुए हैं.

    विदेश विभाग के एक प्रवक्ता ने पत्रकारों से बात करते हुए ये कहा है.

    वहीं पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ ने एक बयान में कहा है, “माननीय राष्ट्रपति सैयद इब्राहिम रईसी के हेलीकॉप्टर के बारे में ईरान से परेशान करने वाली ख़बर सुनी. बड़ी चिंता के साथ खुशख़बरी का इंतज़ार कर रहा हूं कि सब ठीक है. हमारी दुआएं और शुभकामनाएं माननीय राष्ट्रपति रईसी और पूरे ईरानी राष्ट्र के साथ हैं.”

  5. दुर्घटना से पहले इब्राहिम रईसी के हेलीकॉप्टर की आख़िरी तस्वीर

    हेलीकॉप्टर की तस्वीर

    इमेज स्रोत, IRNA

    ईरान की सरकारी एजेंसी आईआरएनए ने दुर्घटना से पहले की एक तस्वीर प्रकाशित की है.

    यह वो आख़िरी तस्वीर है, जिसमें एक हेलीकॉप्टर ईरान के राष्ट्रपति इब्राहिम रईसी के साथ अन्य लोगों को ले जा रहा है.

    एजेंसी के मुताबिक यह तस्वीर आज यानी रविवार की है.

    इसे तब लिया गया जब वे अजरबैज़ान में बांध का उद्घाटन कर तबरेज शहर की तरफ़ जा रहे थे.

  6. राष्ट्रपति रईसी के हेलीकॉप्टर तक पहुंचने में वक़्त लगेगा- ईरानी मंत्री, लोग कर रहे हैं दुआएं

    एंबुलेंस

    इमेज स्रोत, Tasneem

    ईरान के गृह मंत्री अहमद वाहिदी ने ईरानी सरकारी मीडिया पर राष्ट्रपति इब्राहिम रईसी के हेलीकॉप्टर की दुर्घटना को लेकर जानकारियां दी हैं.

    वाहिदी के मुताबिक़ कई बचाव दल राष्ट्रपति के हेलीकॉप्टर को खोज रहे हैं.

    वाहिदी ने कहा, “ख़राब मौसम और कोहरे की वजह से घटनास्थल तक पहुंचने में वक़्त लगेगा.”

    उन्होंने कहा, “हालात नियंत्रण में हैं और बचाव दल अपना काम कर रहे हैं, हमें उम्मीद है कि जल्द ही राहत कार्य पूरा कर लिया जाएगा.”

    वहीं ईरान के सरकारी मीडिया ने लोगों से राष्ट्रपति रईसी के लिए दुआएं करने की अपील की है.

    ईरान की अर्ध- सरकारी समाचार एजेंसी फार्स न्यूज़ पर लोगों के दुआएं मांगने की तस्वीरें भी प्रसारित हुई हैं.

    हेलीकॉप्टर पर राष्ट्रपति रईसी के अलावा ईरानी विदेश मंत्री और पूर्वी अज़रबैजान प्रांत के गवर्नर समेत कई लोग सवार थे.

    हेलीकॉप्टर पर सवार लोग किस हाल में हैं, ये जानकारी अभी नहीं मिल सकी है.

  7. कश्मीरी पंडितों से बोलीं महबूबा मुफ्ती- आप लोगों को हिम्मत करनी होगी

    जम्मू-कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती

    इमेज स्रोत, ANI

    जम्मू-कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने कहा कि वे चाहती हैं कि कश्मीरी पंडित कश्मीर में बसे और उन्हें रहने के लिए ज़मीन दी जाए.

    जम्मू में एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा, “कोई भी जमात दिल्ली में आ जाए. आज बीजेपी है, कल कांग्रेस भी आ सकती है. कोई भी जमात आपको उठाकर कश्मीर ले जाएगी, ऐसा नहीं है. आप लोगों को भी हिम्मत करनी पड़ेगी. हम लोग भी आपको सपोर्ट करेंगे. तब जाकर आप अपने घरों में बस सकते हैं.”

    उन्होंने कहा, “मैंने पिछली बार गवर्नर साहब से कहा था कि ये जो कुछ मरले जमीन की बात करते हो. इसमें पहली प्रॉयोरिटी कश्मीरी पंडितों को दे दो, कश्मीर में. एक कमरा, दो कमरा वो अपने हिसाब से बना सकेंगे, क्योंकि फ्लैट में रहना, वो जम्मू-कश्मीर के बराबर ही हो जाता है.”

    महबूबा ने कहा, “मेरे वक्त में कई जगह पर ज़मीन की निशानदेही हुई थी. हालात ऐसे ख़राब हो गए. हम नहीं कर पाएं. मैं चाहती हूं कि कुछ मरले, दो कमरे, तीन कमरे बनाए तो बहुत ख़ूबसूरत बनेगा. मैं चाहूंगी कि इसके लिए मैं काम करूंगा."

  8. ब्रेकिंग न्यूज़, ईरान के राष्ट्रपति इब्राहिम रईसी के काफिले का हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त

    म

    इमेज स्रोत, Reuters

    इमेज कैप्शन, ईरानी राष्ट्रपति इब्राहिम रईसी

    ईरान की सरकारी मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक ईरानी राष्ट्रपति इब्राहिम रईसी को ले जा रहे काफिले का एक हेलीकॉप्टर दुर्घटना का शिकार हुआ है.

    हेलीकॉप्टर को हार्ड लैंडिंग करनी पड़ी है. अभी ये स्पष्ट नहीं है कि इस हेलीकॉप्टर में रईसी सवार थे या नहीं.

    ईरान के गृह मंत्री के मुताबिक बचाव दल घटनास्थल तक पहुंचने की कोशिश कर रहा है, मौसम की वजह से यहां(घटनास्थल) हालात मुश्किल हैं.

    स्थानीय मीडिया के अनुसार, राष्ट्रपति रईसी अजरबैजान में क़िज़ कलासी और खोदाफरिन बांध का उद्घाटन करने के बाद तबरेज शहर की तरफ जा रहे थे.

    बचाव दल के साथ मौजूद फार्स न्यूज़ के एक रिपोर्टर के मुताबिक़ भारी कोहरे की वजह से बचाव अभियान में मुश्किल आ रही है.

    रिपोर्टर के मुताबिक़ इस पहाड़ी और पेड़ों से भरे क्षेत्र में विज़िबिलिटी सिर्फ़ पांच मीटर तक की ही है.

    जहां हेलीकॉप्टर ने हार्ड लैंडिंग की है वह इलाक़ा तबरेज़ शहर से पचास किलोमीटर दूर वर्ज़ेक़ान शहर के पास है.

    तबरेज़ ईरान के पूर्वी अज़रबैजान प्रांत की राजधानी है.

    अभी इस बारे में और अधिक जानकारियां सामने नहीं आई हैं.

  9. प्रयागराज रैली में बोले राहुल गांधी- सरकार बनी तो कूड़ेदान में डालेंगे अग्निवीर योजना

    राहुल गांधी

    इमेज स्रोत, @INCIndia

    कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने रविवार, 19 मई को उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में चुनावी रैली को संबोधित किया. इस दौरान उनके साथ मंच पर राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव भी मौजूद थे.

    राहुल ने कहा कि उनकी सरकार आने पर वे अग्निवीर योजना को कूड़ेदान में फेंकने का काम करेंगे.

    उन्होंने कहा, "अग्निवीर योजना को हम कूड़ेदान में फेंकेंगे. जो पुराना तरीका था. एक तरीके के शहीद, पेंशन, कैंटीन जो हम सब जवानों को देते थे वही हम फिर से करेंगे. अग्निवीर को हम बंद करेंगे, खत्म करेंगे, कूड़ेदान में फेकेंगे."

    चुनाव नतीजों पर बात करते हुए राहुल गांधी ने कहा, "आपने सुना है कि नरेंद्र मोदी जी, बीजेपी उत्तर प्रदेश में क्योटो(बनारस) की एक सीट जीत रहे हैं. भाइयों और बहनों लड़ाई इस संविधान की है. बीजेपी, आरएसएस इस पर आक्रमण कर रहे हैं. मैं उन्हें कहना चाहता हूं कि आंबेडकर जी का संविधान, महात्मा गांधी जी का संविधान, जवाहरलाल नेहरू, हिंदुस्तान का संविधान कोई भी शक्ति इसको फाड़ कर नहीं फेंक सकती है. ये जनता का संविधान है."

    राहुल गांधी

    इमेज स्रोत, @INCIndia

    राहुल गांधी ने कहा, "नरेंद्र मोदी जी ने 22 लोगों को अरबपति बनाया है. सारा का सारा फायदा उन्होंने 22 लोगों को दिलवाया. अब हम करोड़ों लोगों को लखपति बनाने जा रहे हैं. हिंदुस्तान के सारे के सारे गरीब लोगों की लिस्ट बनेगी…हर गरीब परिवार में से एक महिला का नाम चुना जाएगा और फिर करोड़ों महिलाओं के अकाउंट में ठकाठक, ठकाठक, ठकाठक साल के एक लाख रुपये और महीने के 8500 रुपये हम डालेंगे."

    राहुल ने कहा, "किसानों को पहली बार क़ानूनी एमएसपी और कर्ज़ा माफ़ हमारी सरकार करने जा रही है. हिंदुस्तान के किसानों को अनाज, गन्ने, आलू, कपास के लिए हम गारंटी करके एमएसपी देंगे. कम से कम दाम हम उन्हें देने जा रहे हैं."

    उन्होंने कहा, "यहां जो युवा आए हैं, आपके बैंक अकाउंट में भी ठकाठक, ठकाठक, ठकाठक होने जा रहा है. 8500 रुपये बेरोजगार ग्रेजुएट, कॉलेज यूनिवर्सिटी ग्रेजुएट्स के बैंक अकाउंट में साल का एक लाख रुपये और बेहतरीन ट्रेनिंग हम देने जा रहे हैं."

    इस रैली में भीड़ अधिक जुटने की वजह से अखिलेश यादव और राहुल गांधी को अपने भाषण जल्द ही ख़त्म करने पड़े. युवाओं की भीड़ राहुल और अखिलेश के बिलकुल क़रीब तक पहुंच गई थी.

  10. 'आप' नेता सौरभ भारद्वाज ने कहा- सीएम केजरीवाल के ड्राइंग रूम में सीसीटीवी कैमरे नहीं हैं

    'आप' नेता सौरभ भारद्वाज ने कहा- सीएम केजरीवाल के ड्राइंग रूम में सीसीटीवी कैमरे नहीं हैं

    इमेज स्रोत, ANI

    आम आदमी पार्टी के नेता और दिल्ली सरकार में मंत्री सौरभ भारद्वाज ने दिल्ली पुलिस पर आरोप लगाया कि वह पहले दिन से ही झूठी खबरें प्लांट करने का काम कर रही है.

    समाचार एजेंसी एएनआई से बात करते हुए उन्होंने कहा, “एक जांच एजेंसी को निष्पक्ष होना चाहिए. पहले दिन से जो झूठी खबरें दिल्ली पुलिस द्वारा प्लांट की जा रही हैं, इससे साफ हो रहा है कि वो बीजेपी के चुनाव का नैरेटिव बनाने का काम कर रही है.”

    उन्होंने कहा, “सिक्योरिटी एरिया में आने जाने वालों के लिए जो सीसीटीवी कैमरा लगे हैं. वो पीडब्ल्यूडी के अधीन होते हैं. दिल्ली पुलिस कल ही वो सारे के सारे सीसीटीवी के दो डीवीआर ले जा चुकी है. उसमें कोई टेंपरिंग नहीं है. उसमें सारा डाटा मौजूद है. उसके बावजूद ये झूठ बोला जा रहा है.”

    भारद्वाज ने कहा, “आज जो मुख्यमंत्री के आवास के अंदर के प्राइवेट सीसीटीवी कैमरों को भी ले गए हैं. कोई टेंपरिंग नहीं है. यह इसलिए हो रहा है कि क्योंकि बीजेपी के इशारों पर दिल्ली पुलिस काम कर रही है. 354 की एफआईआर हमेशा से कॉन्फिडेंशियल होती है, मगर दिल्ली पुलिस ने वो सबको बांट दी. 100 नंबर पर शिकायत की, डायरी एंट्री में जो लिखा जाता है वो भी कॉन्फिडेंशियल होता है, वह भी दिल्ली पुलिस ने बांट दिया, क्योंकि छवि ख़राब करने की कोशिश की जा रही है.”

    उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल के घर में जो ड्राइंग रूम है, वहां पर सीसीटीवी नहीं लगे हुए हैं. भारद्वाज ने कहा, “ये ड्राइंग रूम है, जिसके अंदर मुख्यमंत्री अक्सर अपने मंत्रियों से मिलते हैं. कोई मुख्यमंत्री आ जाए तो उससे मिलते हैं. दूसरी पार्टियों के राजनीतिक लोगों से मिलते हैं. जाहिर सी बात है ऐसी जगह पर आप सीसीटीवी नहीं लगा सकते. कोई भी आदमी उस पर आपत्ति जता सकता है कि आप सारी मीटिंग रिकॉर्ड करते हैं. उनके घर का वो एक पब्लिक एरिया ऐसा है, जिसके अंदर सीसीटीवी नहीं हैं.”

    भारद्वाज ने कहा, “लेकिन जैसे ही आप उनके घर के अंदर एंट्री करते हैं. जहां उनका डाइनिंग हॉल है, किचन है..वहां पर जनरली सीसीटीवी लगाए जाते हैं, क्योंकि घर के अंदर स्टाफ होता है, वह कोई गड़बड़ी न कर दे. आज दिल्ली पुलिस उनके घर के अंदर के, प्राइवेट प्लेस के भी सीसीटीवी ले गई है.”

    आम आदमी पार्टी की राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल के सीएम अरविंद केजरीवाल के पीएस बिभव कुमार पर मारपीट का आरोप लगाने के बाद उन्हें गिरफ़्तार कर लिया गया है. बिभव कुमार इस समय दिल्ली पुलिस की हिरासत में हैं.

    पुलिस को दी शिकायत के मुताबिक आरोप है कि 13 मई की सुबह जब स्वाति मालीवाल, केजरीवाल से मिलने उनके आवास गई तो बिभव कुमार ने उनके साथ मारपीट की.

    वहीं बिभव कुमार ने भी स्वाति मालीवाल के खिलाफ दिल्ली पुलिस को शिकायत दी है. उन्होंने दावा किया है कि स्वाति मालीवाल झूठ बोल रही हैं.

  11. मनोज तिवारी का आरोप, अरविंद केजरीवाल के इशारे पर स्वाति मालीवाल की पिटाई हुई

    मनोज तिवारी

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, मनोज तिवारी

    बीजेपी नेता और सांसद मनोज तिवारी ने आरोप लगाया है कि अरविंद केजरीवाल के इशारे पर ही स्वाति मालीवाल की पिटाई हुई है.

    उन्होंने कहा, "देखिए हमारे को यह फर्क नहीं पड़ता है कि किसके साथ हुआ है. एक महिला के साथ ये घटना हुई है. इस देश में बीजेपी का यह संस्कार है कि हम किसी भी बहन बेटी के साथ, किसी भी स्तर पर अत्याचार होते हुए देख नहीं सकते."

    मनोज तिवारी ने कहा, "आश्चर्य इस बात का है कि जिसने पिटाई की है, उसके पक्ष में अरविंद केजरीवाल खड़े हैं. इसका दूसरा पक्ष हमें लगता है कि ये पिटाई अरविंद केजरीवाल के इशारे पर ही हुई है. ये विभव को बचाने की जद्दोजहद हो रही है. ये अरविंद केजरीवाल ने पिटवाया है, नहीं तो आपके-हमारे साथ रहने वाला कोई व्यक्ति ऐसी घटना कर दे, तो हम तुरंत उससे छुटकारा पा लेंगे."

    उन्होंने कहा, "मैं हैरान हूं. एक पंक्ति हमारे देश में चलती है कि विनाश काले, विपरीत बुद्धि. शायद अरविंद के साथ वही हुआ है. अभी पदयात्रा से मैं आ रहा हूं, सब जगह से यही आ रहा है."

    वहीं, आम आदमी पार्टी ने स्वाति मालीवाल के आरोपों को खारिज किया है. पार्टी का कहना है कि स्वाति मालीवाल हंगामा करने के मक़सद से ही सीएम हाउस आईं थीं.

    छोड़िए X पोस्ट
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त

    आम आदमी पार्टी की राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल के सीएम अरविंद केजरीवाल के पीएस बिभव कुमार पर मारपीट का आरोप लगाने के बाद उन्हें गिरफ़्तार कर लिया गया है. बिभव कुमार इस समय दिल्ली पुलिस की हिरासत में हैं.

    पुलिस को दी शिकायत के मुताबिक आरोप है कि 13 मई की सुबह जब स्वाति मालीवाल, केजरीवाल से मिलने उनके आवास गई तो बिभव कुमार ने उनके साथ मारपीट की.

    वहीं बिभव कुमार ने भी स्वाति मालीवाल के खिलाफ दिल्ली पुलिस को शिकायत दी है. उन्होंने दावा किया है कि स्वाति मालीवाल झूठ बोल रही हैं.

  12. विमान में लगी आग, बेंगलुरु में आपात लैंडिंग, यात्रियों ने क्या बताया, इमरान क़ुरैशी, बेंगलुरु से

    सांकेतिक तस्वीर

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, सांकेतिक तस्वीर

    बेंगलुरु से कोच्चि जा रही एयर इंडिया एक्सप्रेस की एक फ़्लाइट को शनिवार रात इंजन में आग लगने की वजह से आपात लैंडिंग करनी पड़ी.

    विमान में सवार यात्रियों ने दाएं इंजन से धुआं उठते हुए देखा था जिसके बाद विमान को उतार लिया गया.

    177 यात्रियों और चालक दल के छह सदस्यों के साथ फ़्लाइट संख्या आईएक्स 1132, रात 11 बजकर 12 मिनट पर केंपेगौड़ा एयरपोर्ट पर उतरी.

    इस दौरान एयरपोर्ट अथॉरिटी ने आपात स्थिति की घोषणा कर दी थी. एयरपोर्ट अधिकारियों के मुताबिक़ विमान के उतरने के कुछ देर के भीतर ही आग को बुझा लिया गया था.

    एक बयान में एयर इंडिया ने बताया है, “किसी यात्री को चोट नहीं लगी, चालक दल सदस्य सभी को सुरक्षित बाहर निकालने में कामयाब रहे. यात्रियों को हुई असुविधा के लिए हमें खेद है और हम सभी यात्रियों को जल्द से जल्द वैकल्पिक व्यवस्था के ज़रिए उनके गंतव्य तक पहुंचाने का प्रयास कर रहे हैं.”

    फ्लाइट में आग

    इमेज स्रोत, Socialmedia

    इमेज कैप्शन, वह विमान, जिसमें आग लगी

    एयरलाइन ने बीबीसी को बताया है कि रविवार सुबह की उड़ान से 122 यात्रियों को कोच्चि भेज दिया गया है. प्रवक्ता के मुताबिक़ बाकी यात्रियों को अन्य उड़ानों के ज़रिए भेज दिया जाएगा.

    हालांकि, एक यात्री, डॉय जेफ़ी चैरी ने बीबीसी को बताया कि दो या तीन यात्रियों को ही होटल में शिफ्ट किया गया था जबकि बाकी को एयरपोर्ट के बैगेज एरिया में प्लास्टिक की कुर्सियों पर बैठने के लिए मजबूर किया गया.

    उन्होंने कहा, "मेरी मां 72 साल की हैं, उन्हें भी कुर्सी पर बिठाया गया. 10-15 वरिष्ठ नागरिकों और कुछ छोटे बच्चों को भी प्लास्टिक की कुर्सियों पर ही बिठाया गया."

    डॉ. चेरी ने कहा, “लेकिन उन्होंने कुछ खाने का सामान और पानी दिया. उन्होंने हमें सुबह की फ्लाइट से भेजा इसलिए उन्हें हमारे ठहरने की व्यवस्था करनी चाहिए थी. शुरू में उन्होंने हमें बताया था कि जल्द ही हमें फ्लाइट मिल जाएगी, फिर सुबह के 8 बज गए, 10 बज गए और फिर 12 गए. आख़िरकार 122 यात्रियों के लिए उड़ान की व्यवस्था की गई.”

    डॉ. चेरी के मुताबिक़ जैसे ही विमान में आग दिखी थी, पायलट ने लोगों से कहा था कि घबराये नहीं.

    उन्होंने बताया, “हम जल्द ही उतर गए. हमसे हैंड बैगेज लिए बिना ही विमान से उतरने के लिए कहा गया था. कुछ यात्री अपना हैंड बैगेज मांग रहे थे. शुरुआत में अधिकारियों ने बताया कि हैंड बैगेज को सीधे दूसरी फ्लाइट में शिफ्ट कर दिया जाएगा. शुरुआत में उन्होंने मना किया लेकिन बाद में बैगेज दे दिया क्योंकि कई लोगों की दवाइयां भी उसमें थीं.”

    शनिवार को, तिरुवनंतपुरम से बेंगलुरु जा रही एयर इंडिया एक्सप्रेस की एक और फ्लाइट को तकनीकी खराबी की वजह से तिरुचिरापल्ली एयरपोर्ट पर आपात लैंडिंग करनी पड़ी. इस फ्लाइट में 137 यात्री सवार थे.

    रिपोर्टों के मुताबिक़, 17 मई को बेंगलुरु आ रही एयर इंडिया की एक फ़्लाइट को वापस दिल्ली लौटना पड़ा क्योंकि विमान की ऑक्सलरी पॉवर यूनिट से चेतावनी का सिग्नल मिला था. इस फ्लाइट में 175 यात्री सवार थे.

    बेंगलुरु कोच्चि फ़्लाइट के संबंध में एयर इंडिया के एक बयान में कहा गया है, “घटना के कारणों का पता लगाने के लिए नियामक के साथ मिलकर जांच की जाएगी.”

    बैंगलोर इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (बीआईएएल) के प्रवक्ता का कहना है, “18 मई, 2024 को, बेंगलुरु से कोच्चि जाने वाली फ्लाइट IX 1132 के एक इंजन में आग लगने की जानकारी मिली, जिसके चलते रात 11:12 बजे बीएलआर हवाई अड्डे पर आपातकालीन लैंडिंग की गई. पूरे तरीके से इमरजेंसी घोषित करते हुए लैंडिंग के तुरंत बाद आग को बुझा दिया गया. विमान में सवार सभी 179 यात्री और 6 क्रू सदस्य सुरक्षित हैं.”

  13. ग़ज़ा संघर्षः रफ़ाह पर हमले को लेकर नेतन्याहू से मिलेंगे अमेरिकी एनएसए

    ग़ज़ा पर इसराइली हमले जारी हैं

    इमेज स्रोत, Reuters

    अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार जैक सलिवन इसराइल के प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू से वार्ता करने जा रहे हैं.

    अमेरिका, ग़ज़ा में संघर्ष विराम कराने के लिए फिर से प्रयास कर रहा है. हाल ही में मिस्र में हुई शांति वार्ता बिना नतीजे के टूट गई थी.

    जैक सलिवन ऐसे समय में इसराइल पहुंच रहे हैं जब इसराइली सेना दक्षिणी ग़ज़ा के रफ़ाह शहर समेत ग़ज़ा में व्यापक सैन्य अभियान चला रही है.

    वहीं, एक फ़लस्तीनी मेडिकल सूत्र ने दावा किया है कि बीती रात मध्य ग़ज़ा स्थित एक शरणार्थी कैंप पर हुए हवाई हमले में कम से कम बीस लोग मारे गए हैं.

    वहीं इसराइली सेना का कहना है कि ग़ज़ा के दक्षिण में जारी लड़ाई में शनिवार को उसके दो सैनिक मारे गए हैं और चार गंभीर रूप से घायल हुए हैं.

    अमेरिका ने रफ़ाह में आक्रमण के चलते इसराइल के लिए भेजी जा रही हथियारों की खेप को भी रोक दिया था.

  14. दिल्ली पुलिस का दावा- आम आदमी पार्टी के नेताओं को दफ्तर के बाहर ही रोका गया

    सेंट्रल दिल्ली के डीसीपी हर्ष वर्धन मंडावा

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, सेंट्रल दिल्ली के डीसीपी हर्ष वर्धन मंडावा

    दिल्ली पुलिस ने आम आदमी पार्टी के नेताओं को पार्टी ऑफिस के बाहर ही रोकने का दावा किया है.

    सेंट्रल दिल्ली के डीसीपी हर्ष वर्धन मंडावा ने एएनआई से कहा, ''मैंने सुरक्षा का पूरा प्रबंध कर रखा था. हमने उन्हें (केजरीवाल) आम आदमी पार्टी के दफ्तर के बाहर ही रोक लिया. हमने उन्हें बताया कि यहां पर धारा 144 लगी हुई है.''

    आम आदमी पार्टी के नेता अरविंद केजरीवाल दोपहर 12 बजे आम आदमी पार्टी के ऑफिस में पहुंचे.

    बीजेपी मुख्यालय की तरफ मार्च करने से पहले अरविंद केजरीवाल ने पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया.

    सीएम केजरीवाल ने पीएम मोदी और बीजेपी पर ‘ऑपरेशन झाडू’ चलाने का आरोप लगाया.

    उन्होंने कहा कि उनके सभी नेताओं को गिरफ़्तार करने की योजना बनाई जा रही है इसलिए वो आज बीजेपी मुख्यालय गिरफ़्तारी देने जा रहे हैं.

    केजरीवाल ने कहा कि वो मार्च निकालेंगे जहां उन्हें पुलिस रोकेगी वहां पर वो धरने पर बैठ जाएंगे और अगर आधे घंटे में उन्हें गिरफ़्तार नहीं किया गया तो ये बीजेपी की हार होगी.

    अरविंद केजरीवाल ने शनिवार को ही घोषणा की थी कि वो रविवार को दोपहर 12 बजे बीजेपी मुख्यालय की ओर मार्च करेंगे.

  15. ब्रेकिंग न्यूज़, केजरीवाल ने बीजेपी मुख्यालय तक मार्च निकालने से पहले आम आदमी पार्टी कार्यालय में क्या कहा

    अरविंद केजरीवाल

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, अरविंद केजरीवाल

    आम आदमी पार्टी के संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बीजेपी मुख्यालय तक मार्च निकालने से पहले आम आदमी पार्टी मुख्यालय में कार्यकर्ताओं को संबोधित किया है.

    सीएम केजरीवाल ने पीएम मोदी और बीजेपी पर ‘ऑपरेशन झाडू’ चलाने का आरोप लगाया.

    उन्होंने कहा कि उनके सभी नेताओं को गिरफ़्तार करने की योजना बनाई जा रही है इसलिए वो आज बीजेपी मुख्यालय गिरफ़्तारी देने जा रहे हैं.

    केजरीवाल ने कहा कि वो मार्च निकालेंगे जहां उन्हें पुलिस रोकेगी वहां पर वो धरने पर बैठ जाएंगे और अगर आधे घंटे में उन्हें गिरफ़्तार नहीं किया गया तो ये बीजेपी की हार होगी.

    उन्होंने कहा,“प्रधानमंत्री जी ने आम आदमी पार्टी को पूरी तरह ख़त्म करने और कुचलने का इरादा बनाया है. इसके लिए उन लोगों ने ऑपरेशन झाड़ू चलाया है. बहुत सारे लोग उनसे मिलने जाते हैं जो हमें जानते हैं. उनसे मिलकर आने के बाद वो हमें बताते हैं कि प्रधानमंत्री जी आम आदमी पार्टी की बात करते हैं.”

    “उन्होंने(पीएम मोदी) कहा कि ये आम आदमी पार्टी बहुत तेज़ी से बढ़ रही है और इनके कामों की चर्चा हो रही है और आने वाले समय में राष्ट्रीय स्तर पर आम आदमी पार्टी बीजेपी के लिए कड़ी चुनौती हो सकती है. इसलिए प्रधानमंत्री जी का मानना है कि इस पार्टी को अभी ख़त्म कर दिया जाए ताकि भविष्य में बीजेपी के लिए चुनौती न बने.

    “इस ऑपरेशन झाड़ू के तहत आम आदमी पार्टी के बड़े नेताओं को गिरफ़्तार किया गया है और गिरफ़्तार किया जाएगा. आने वाले समय में आम आदमी पार्टी के बैंक अकाउंट सीज़ किए जाएंगे. आम आदमी पार्टी का दफ़्तर खाली करा के सड़क पर लाया जाएगा.”

    “मैं प्रधानमंत्री जी को कहना चाहता हूं कि वो एक केजरीवाल को गिरफ़्तार करोगे, इस देश में हज़ारों केजरीवाल पैदा होंगे.”

    केजरीवाल ने कहा कि 2015 से सत्ता में आने के बाद से कई तरह के घोटाले के आरोप लगाए गए लेकिन इसका पैसा कहां है. उन्होंने कहा कि शराब घोटाले में हज़ार करोड़ के घोटाले के आरोप लगाए जाते हैं लेकिन इसमें जांच एजेंसियों को एक चवन्नी भी नहीं मिली.

  16. दिल्ली पुलिस ने बताया- डीडीयू मार्ग पर धारा 144 लागू, प्रदर्शन की इजाज़त नहीं

    हर्ष वर्धन मंडावा

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, हर्ष वर्धन मंडावा

    दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल के बीजेपी मुख्यालय की तरफ़ मार्च करने के एलान की घोषणा के बाद दिल्ली में कई स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है.

    सेंट्रल दिल्ली के डीसीपी हर्ष वर्धन मंडावा ने कहा है कि दीन दयाल उपाध्याय मार्ग पर धारा 144 लगाई गई है और वहां प्रदर्शन करने की इजाज़त नहीं है.

    हर्ष वर्धन मंडावा ने समाचार एजेंसी एएनआई से कहा, ''सोशल मीडिया और दूसरी जगहों से आई जानकारी के आधार पर हमने दीन दयाल उपाध्याय मार्ग पर सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध कर लिए हैं.''

    ''हमारी कोशिश है कि क़ानून व्यवस्था पूरी तरह से कायम रहे और किसी को कोई परेशानी ना हो. इसलिए हम कुछ स्थानों पर पुलिस की तैनाती कर रहे हैं और बैरिकेडिंग लगा रहे हैं.''

    बीजेपी का केंद्रीय मुख्यालय दीन दयाल उपाध्याय मार्ग पर ही है.

    डीएमआरसी ने जानकारी दी है कि आईटीओ मेट्रो स्टेशन को अगली सूचना तक बंद किया जा रहा है.

    दिल्ली में बीजेपी मुख्यालय की तरफ़ प्रदर्शन करने जा रहे आम आदमी पार्टी के कुछ कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिए जाने की जानकारी भी सामने आई है.

    आम आदमी पार्टी के नेता और दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने एलान किया है कि वो आज दोपहर 12 बजे दिल्ली में बीजेपी मुख्यालय की तरफ़ मार्च करेंगे.

  17. केजरीवाल के मार्च से पहले सौरभ भारद्वाज का आरोप- 'हमारे नेताओं के ख़िलाफ़ साज़िश हो रही है'

    सौरभ भारद्वाज

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, सौरभ भारद्वाज

    आम आदमी पार्टी के नेता सौरभ भारद्वाज ने कहा है कि 'हमारे नेताओं के ख़िलाफ़ साज़िश रची जा रही है.'

    दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने घोषणा की है कि आज दोपहर 12 बजे आम आदमी पार्टी बीजेपी मुख्यालय पर प्रदर्शन करेंगे.

    सौरभ भारद्वाज ने समाचार एजेंसी एएनआई से कहा, ''हमारे सभी बड़े नेताओं को गिरफ़्तार कर लिया गया. केजरीवाल जी 20 दिनों से ज़मानत पर बाहर हैं, लेकिन वे (बीजेपी) हर दिन साज़िश रच रहे हैं और हमारे ख़िलाफ़ मामले दर्ज करा रहे हैं.''

    ''अगर मोदी जी को आम आदमी पार्टी से नफ़रत है और उन्हें लगता है कि वे नेताओं को जेल में डालकर हमारी पार्टी को ख़त्म कर देंगे, तो वे ग़लती कर रहे हैं.''

    सौरभ भारद्वाज ने कहा, ''आज हम दोपहर 12 बजे बीजेपी मुख्यालय जाएंगे, उन्हें हमारे नेताओं को एक के बाद एक जेल में डालने का नाटक बंद करना चाहिए और हम सभी को एक साथ गिरफ़्तार करना चाहिए.''

    ''हम दिल्ली पुलिस से क्या उम्मीद कर सकते हैं? वे केंद्र सरकार का काम कर रहे हैं और अगर वे उनके आदेशों का पालन नहीं करते हैं, तो या तो उनका तबादला कर दिया जाएगा या उन्हें निलंबित कर दिया जाएगा या उनके ख़िलाफ़ झूठे मामले दर्ज किए जाएंगे.''

    बीजेपी ने आरोप लगाया है अरविंद केजरीवाल यह प्रदर्शन इसलिए कर रहे हैं क्योंकि वो स्वाति मालीवाल और बिभव कुमार के मामले से ध्यान भटकाना चाहते हैं.

  18. 'पीएम को चुनौती देना आसान नहीं, केजरीवाल ऐसा कर रहे हैं'- आम आदमी पार्टी के प्रदर्शन पर सलमान ख़ुर्शीद

    सलमान खुर्शीद

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, सलमान खुर्शीद

    दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल के प्रदर्शन पर कांग्रेस ने प्रतिक्रिया दी है.

    कांग्रेस नेता सलमान ख़ुर्शीद ने कहा है कि एक प्रधानमंत्री को चुनौती देना आसान नहीं है, लेकिन अरविंद केजरीवाल ऐसा कर रहे हैं.

    वहीं शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के नेता संजय राउत ने कहा है कि वो अरविंद केजरीवाल के इस फै़सले का स्वागत करते हैं.

    कांग्रेस और शिवसेना (यूबीटी) आम आदमी पार्टी के साथ इंडिया गठबंधन का हिस्सा हैं.

    सलमान खु़र्शीद ने समाचार एजेंसी एएनआई से कहा, ''मौजूदा प्रधानमंत्री को चुनौती देना आसान नहीं है. वो (अरविंद केजरीवाल) ऐसा कर रहे हैं.''

    ''जो भावना उनके (अरविंद केजरीवाल) और उनके साथियों के मन में है वो ही भावना आज जनता के मन में भी है. आज वो उस भावना का प्रदर्शन कर रहे हैं और उन्हें बहुत सारे लोगों का समर्थन मिलेगा.''

    संजय राउत ने समाचार एजेंसी पीटीआई से कहा, ''हम इस क़दम का स्वागत करते हैं. चार जून को सरकार बदलने जा रही है. विपक्ष को डराया धमकाया जा रहा है. केजरीवाल ने एक आंदोलन का ज़िक्र किया है तो यह आंदोलन बहुत अच्छा है.''

    आम आदमी पार्टी के नेता और दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा है कि आज दोपहर 12 बजे वो अपने साथियों के साथ बीजेपी मुख्यालय जाकर प्रदर्शन करेंगे.

    बीजेपी ने आरोप लगाया है कि अरविंद केजरीवाल स्वाति मालीवाल और बिभव कुमार के मामले पर चुप हैं और ध्यान भटकाने के लिए यह प्रदर्शन कर रहे हैं.

  19. केजरीवाल के बीजेपी मुख्यालय मार्च करने की घोषणा पर बीजेपी क्या बोली

    शहज़ाद पूनावाला

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, शहज़ाद पूनावाला

    बीजेपी के प्रवक्ता शहज़ाद पूनावाला ने दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल से सवाल किया है कि वो बिभव कुमार और स्वाति मालीवाल के मामले पर चुप क्यों हैं.

    आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा है कि वो अपने साथियों के साथ आज 12 बजे बीजेपी मुख्यालय पर प्रदर्शन करेंगे.

    इसी पर प्रतिक्रिया देते हुए शहज़ाद पूनावाला ने एएनआई से कहा, ''अरविंद केजरीवाल पहले भ्रष्टाचार करते हैं, फिर दुराचार करते हैं, फिर दुष्प्रचार करते हैं और अब वो इमोशनल अत्याचार कर रहे हैं.''

    ''बिभव कुमार और स्वाति मालीवाल के मामले पर अरविंद केजरीवाल चुप क्यों हैं. ऐसे कौन से राज़ हैं जिनके लिए अरविंद केजरीवाल बिभव कुमार जैसे अपराधी को बचा रहे हैं.''

    शहज़ाद पूनावाला ने कहा, ''केजरीवाल के मौजूदगी में एक राज्यसभा सांसद पर हमला हुआ. उस पर जवाब देने की बजाय अरविंद केजरीवाल मुद्दा भटकाने की कोशिश कर रहे हैं.''

    ''संजय सिंह ने यह बात स्वीकार की कि बिभव कुमार ने स्वाति मालीवाल से बदसलूकी की. ऐसा क्या हुआ कि आपने 72 घंटे में यू-टर्न ले लिया.''

    आम आदमी पार्टी ने क्या कहा

    आम आदमी पार्टी के पूर्वी दिल्ली लोकसभा सीट से उम्मीदवार कुलदीप कुमार ने बिभव कुमार के मामले को आम आदमी पार्टी के ख़िलाफ़ साज़िश बताया है.

    कुलदीप कुमार ने एएनआई से कहा, ''ये पूरा षड्यंत्र है. आज 12 बजे अरविंद केजरीवाल बीजेपी मुख्यालय जाएंगे. हम प्रधानमंत्री से कह रहे हैं कि आप बार-बार षड्यंत्र क्यों रच रहे हैं.

    ''एक बार में ही आम आदमी पार्टी के सभी सांसदों को, विधायकों को और पार्षदों को जेल में बंद कर दो, पार्टी ख़त्म हो जाएगी. आज हम जा रहे हैं और हम कहेंगे प्रधानमंत्री जी सभी को गिरफ्तार करो.''

    दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को चुनौती देते हुए कहा है कि "मैं कल दोपहर 12 बजे बीजेपी दफ़्तर पहुंच रहा हूं."

  20. कश्मीर में दो अलग-अलग जगहों पर हुए चरमपंथी हमलों पर बीजेपी नेता कविंद्र गुप्ता ने क्या कहा

    बीजेपी नेता कविंद्र गुप्ता

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, बीजेपी नेता कविंद्र गुप्ता

    भारत प्रशासित कश्मीर में शनिवार देर रात हुई दो अलग-अलग चरमपंथी घटनाओं पर बीजेपी नेता कविंद्र गुप्ता ने प्रतिक्रिया दी है.

    कविंद्र गुप्ता का कहना है कि इन घटनाओं के ज़रिए मतदान को प्रभावित करने की कोशिश की गई है.

    पुलिस के मुताबिक़ दो अलग-अलग चरमपंथी घटनाओं में एक व्यक्ति की मौत हुई है, जबकि दो पर्यटक घायल हुए हैं.

    कविंद्र गुप्ता ने समाचार एजेंसी एएनआई से कहा, ''यह बेहद दुखद घटना है. चुनाव के दौरान मतदान में बाधा डालने का प्रयास किया गया है. लोगों में डर फैलाने की कोशिश की गई है.''

    ''पाकिस्तान से आए घुसपैठिए या उनके द्वारा प्रेरित लोग आतंकवाद को हवा देने की कोशिश कर रहे हैं. सुरक्षाबलों ने काफ़ी हद तक उन्हें मार गिराया है और उनकी संख्या कम हुई है.''

    कविंद्र गुप्ता ने कहा, ''कुछ राजनीतिक दल बार-बार पाकिस्तान की बात करते हैं, 370 दोबारा लाने की बात करते हैं वो भी कुछ हद तक ऐसी घटनाओं के लिए ज़िम्मेदार हैं.''

    शनिवार देर रात ये दोनों चरमपंथी घटनाएं दक्षिण कश्मीर में हुई हैं.

    पुलिस के अनुसार एक घटना शोपियां में हुई जिसमें ऐजाज़ अहमद नाम के एक व्यक्ति की मौत हो गई.

    वहीं दूसरी घटना अनंतनाग की है जिसमें चरमपंथियों की गोलियों से दो पर्यटक घायल हो गए. इन दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है.