रूस और चीन ने होर्मुज़ स्ट्रेट पर संयुक्त राष्ट्र में बहरीन के प्रस्ताव को वीटो किया

रूस और चीन ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में खाड़ी देशों की ओर से रखे गए मसौदा प्रस्ताव को वीटो कर दिया है.

सारांश

लाइव कवरेज

रौनक भैड़ा, चंदन कुमार जजवाड़े

  1. पश्चिम बंगाल: एसआईआर में 91 लाख मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट से हटाए गए, प्रभाकर मणि तिवारी, कोलकाता से बीबीसी हिन्दी के लिए

    मतदाता सूची

    इमेज स्रोत, ISSOUF SANOGO/AFP via Getty Images

    इमेज कैप्शन, एसआईआर शुरू होने से पहले बंगाल में मतदाता सूची में क़रीब 7.66 करोड़ नाम थे (फ़ाइल फ़ोटो)

    पश्चिम बंगाल में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की प्रक्रिया के बाद अब तक मतदाता सूची से क़रीब 91 लाख नाम कटे हैं.

    चुनाव आयोग की ओर से तार्किक विसंगति वाले मतदाताओं के दस्तावेज़ों की जांच की प्रक्रिया पूरी होने के बाद जारी सूची से यह आंकड़ा सामने आया है.

    आयोग ने उन वोटरों की सूची जारी की है जिनके नाम तार्किक विसंगति की सूची में थे और जांच के बाद हटा दिए गए हैं. उस सूची में 60 लाख से कुछ ज़्यादा नाम शामिल थे. उनमें से 27 लाख से ज़्यादा लोगों के नाम कट गए हैं.

    सोमवार देर रात जारी इस सूची में इस बात का ब्यौरा दिया गया है कि किस ज़िले से कितने नाम कटे हैं.

    आयोग के आंकड़ों के मुताबिक़, तार्किक विसंगति वाली सूची में सबसे ज़्यादा 4.55 लाख वोटरों के नाम मुर्शिदाबाद ज़िले से कटे हैं. इससे पहले 28 फ़रवरी की सूची में भी 2.94 लाख नाम कटे थे. यानी अकेले इसी ज़िले से क़रीब 7.49 लाख वोटरों के नाम सूची से कट गए हैं.

    उसके बाद मालदा ज़िले से कुल 4.59 लाख वोटरों के नाम कटे हैं.

    बीती 28 फ़रवरी को प्रकाशित मतदाता सूची से 63.67 लाख नाम हटाए गए थे. अब तार्किक विसंगति वाली सूची में हटे नामों को जोड़ने पर ऐसे मतदाताओं की संख्या 90.83 लाख पहुंच गई है.

    आयोग ने कहा है कि अब भी तार्किक विसंगति वाले क़रीब 22 हज़ार मतदाताओं के मामले में ई-हस्ताक्षर नहीं होने के कारण उनके नाम सूची में शामिल नहीं हो सके हैं.

    हालांकि, उनके दस्तावेज़ों की जांच पूरी हो गई है. यह प्रक्रिया पूरी होने के बाद सूची से हटने वाले वोटरों की संख्या बढ़ सकती है.

    बंगाल में एसआईआर शुरू होने से पहले मतदाता सूची में क़रीब 7.66 करोड़ नाम थे. लेकिन ड्राफ़्ट सूची में 58 लाख से ज़्यादा नाम काट दिए गए थे. 28 फ़रवरी को प्रकाशित अंतिम सूची में क़रीब साढ़े पांच लाख वोटरों के नाम कट गए थे.

  2. ईरान ने संयुक्त राष्ट्र को पत्र लिखकर अमेरिका के बारे में अब क्या कहा?

    अब्बास अराग़ची

    इमेज स्रोत, Burak Kara/Getty Images

    इमेज कैप्शन, संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंटोनियो गुटेरेस को ईरानी राजदूत ने पत्र लिखा (तस्वीर: ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अराग़ची)

    ईरान ने संयुक्त राष्ट्र को लिखे एक पत्र में कहा है कि अमेरिका ने ईरान में शांतिपूर्ण प्रदर्शनों को हिंसा, आंतरिक अशांति और ख़ून-ख़राबे में बदलने की कोशिश की.

    बीबीसी फ़ारसी के मुताबिक ईरान की समाचार एजेंसियों ने इस पत्र का टेक्स्ट फ़ारसी भाषा में प्रकाशित किया है.

    ईरान के संयुक्त राष्ट्र में राजदूत अमीर सईद इरवानी ने संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस को लिखे पत्र में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बयानों का हवाला दिया है.

    पत्र में दावा किया गया है, "डोनाल्ड ट्रंप ने हाल के बयानों में उन्होंने ईरान के विरोधियों को हथियार भेजने की बात स्वीकार की थी."

    ईरान ने पत्र में लिखा, "यह स्वीकारोक्ति ईरान की उस बात को पुख़्ता करती है, जिसमें कहा गया था कि अमेरिका ने ईरान में शांतिपूर्ण प्रदर्शनों को हिंसा, आंतरिक अशांति और ख़ून-ख़राबे में बदलने की कोशिश की."

    इसमें आगे लिखा है, "आम लोगों, नागरिकों और सरकारी संस्थाओं को हुए नुक़सान के लिए अमेरिका पूरी तरह ज़िम्मेदार है."

    गौरतलब है कि पिछले साल जनवरी के प्रदर्शनों में हज़ारों लोग मारे गए. ईरानी सरकार के आधिकारिक आंकड़ों में लगभग 3,000 मौतों को स्वीकार किया गया.

    जबकि मानवाधिकार संगठनों ने बताया कि उन्होंने लगभग 7,000 मृतकों की पहचान की है और अभी भी हज़ारों अन्य नामों की जाँच कर रहे हैं.

  3. विक्टोरिया क्रॉस से सम्मानित ऑस्ट्रेलिया का एक सैनिक गिरफ़्तार, वॉर क्राइम का केस चलेगा, टिफ़नी टर्नबुल, सिडनी

    बेन रॉबर्ट्स स्मिथ

    इमेज स्रोत, Sam Mooy/Getty Images

    इमेज कैप्शन, ऑस्ट्रेलिया के सिडनी एयरपोर्ट से गिरफ़्तार किए गए बेन रॉबर्ट्स स्मिथ (फ़ाइल फ़ोटो)

    बेन रॉबर्ट्स स्मिथ नाम के एक ऑस्ट्रेलियाई सैनिक को गिरफ़्तार किया गया है. उन पर 'अफ़ग़ानिस्तान में वॉर क्राइम' करने का आरोप लगाया गया है. इसी सिलसिले में उन पर केस चलेगा.

    47 वर्षीय स्मिथ ऑस्ट्रेलिया के बेहद सम्मानित सैनिक हैं और उन्हें कई ऑनर से नवाज़ा जा जुका है. साल 2023 में उन्हें विक्टोरिया क्रॉस सम्मान दिया गया था. स्मिथ को सिडनी एयरपोर्ट से पकड़ा गया है. आज ही उन्हें कोर्ट में पेश किया जाएगा.

    ऑस्ट्रेलियाई फ़ेडरल पुलिस ने भी प्रेस कॉन्फ़्रेंस में स्मिथ की गिरफ़्तारी की पुष्टि की. पुलिस ने कहा कि उन पर 2009 से 2012 के बीच अफ़ग़ानिस्तान में निहत्थे क़ैदियों की गोली मारकर हत्या करने का केस चलेगा.

    साल 2023 में एक मानहानि मामले में यह पाया गया था कि पूर्व स्पेशल एयर सर्विस कॉर्पोरल रॉबर्ट्स स्मिथ ने कई निहत्थे अफ़ग़ान सैनिकों को मारा था. स्मिथ ने 2013 में सेना छोड़ी थी.

    साल 2020 में "ब्रेरटन रिपोर्ट" नाम की एक बड़ी जांच में यह पाया गया था कि अफ़ग़ानिस्तान में ऑस्ट्रेलियाई स्पेशल फ़ोर्सेज़ ने 39 लोगों की ग़ैरक़ानूनी हत्या की थी.

    रिपोर्ट ने 19 मौजूदा या पूर्व सैनिकों की जांच की सिफ़ारिश की थी.

    रॉबर्ट्स स्मिथ सभी आरोपों से इनकार करते हैं. उन्होंने पहले कहा था कि उनके ख़िलाफ़ लगाए गए आरोप "बहुत ग़लत" और "दुर्भावनापूर्ण" हैं.

    रॉबर्ट्स स्मिथ ने कहा था कि जिन हत्याओं का आरोप है, वो क़ानूनी लड़ाई में हुईं या फिर हुई ही नहीं.

  4. अमरावती बनी आंध्र प्रदेश की स्थाई राजधानी, सीएम नायडू ने दी जानकारी

    एन. चंद्रबाबू नायडू

    इमेज स्रोत, Hollie Adams/Bloomberg via Getty Images

    इमेज कैप्शन, आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने आधिकारिक एक्स हैंडल पर भी इसकी जानकारी दी (फ़ाइल फ़ोटो)

    आंध्र प्रदेश की अमरावती को आधिकारिक और स्थाई राजधानी का दर्जा मिल गया है.

    इस संबंध में भारत सरकार ने सोमवार को गज़ट नोटिफ़िकेशन जारी किया. यह फ़ैसला राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु की मंज़ूरी के बाद लिया गया.

    आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू और उप मुख्यमंत्री पवन कल्याण ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर भी इसकी जानकारी दी है.

    चंद्रबाबू नायडू ने एक्स पर लिखा, "आंध्र प्रदेश के लोगों की ओर से मैं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु जी का दिल से धन्यवाद करता हूं कि उन्होंने आंध्र प्रदेश पुनर्गठन (संशोधन) अधिनियम, 2026 को मंज़ूरी दी."

    "इससे हमारी राजधानी का पुराना सपना पूरा हुआ है. मैं केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भी आभार व्यक्त करता हूं, जिन्होंने हमारे राज्य के लिए अपना वादा निभाया और मार्गदर्शन दिया."

  5. ट्रंप ने आर्टेमिस 2 के अंतरिक्ष यात्रियों से बात की, क्या कहा?

    डोनाल्ड ट्रंप

    इमेज स्रोत, Anna Moneymaker/Getty Images

    इमेज कैप्शन, डोनाल्ड ट्रंप ने आर्टेमिस 2 के चारों अंतरिक्ष यात्रियों को व्हाइट हाउस में निमंत्रित किया है

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने आर्टेमिस 2 के अंतरिक्ष यात्रियों से बात की है. उन्होंने कहा कि आज इतिहास बना है और पूरे अमेरिका को गर्व महसूस हुआ है.

    दरअसल, नासा के आर्टेमिस 2 के चार अंतरिक्ष यात्री पृथ्वी से दूर अंतरिक्ष में उस स्थान पर पहुंचे हैं, जहां अब तक कोई इंसान नहीं पहुंचा था.

    ट्रंप ने आर्टेमिस 2 के चारों अंतरिक्ष यात्रियों से कहा, "हमारे पास गर्व करने के लिए बहुत-सी बातें हैं, लेकिन जो आप कर रहे हैं, चांद के चारों ओर आधी सदी बाद घूमना और धरती से सबसे दूर जाने का रिकॉर्ड बनाना, इस जैसा कुछ नहीं है."

    ट्रंप ने आगे कहा, "इंसानों ने कभी ऐसा नज़ारा नहीं देखा. यह बहुत ख़ास है." इसके बाद उन्होंने आर्टेमिस टीम और नासा को बधाई दी.

    कॉल ख़त्म होने से पहले ट्रंप ने कहा कि मिशन पूरा होने पर वे आर्टेमिस टीम से व्हाइट हाउस में मिलेंगे. उन्होंने कहा, "मैं भी काफ़ी व्यस्त रहता हूं लेकिन समय ज़रूर निकालूंगा. मैं अमेरिकी जनता की ओर से आपको बड़ा सलाम देना चाहता हूं."

    गौरतलब है कि इस मिशन में तीन अमेरिकी अंतरिक्ष यात्री रीड वाइसमैन, क्रिस्टीन कोच, विक्टर ग्लोवर और कनाडाई अंतरिक्ष यात्री जेरेमी हेनसेन शामिल हैं.

  6. डोनाल्ड ट्रंप बोले- होर्मुज़ स्ट्रेट से क्यों न हम टोल वसूलें

    डोनाल्ड ट्रंप

    इमेज स्रोत, Tom Williams/CQ-Roll Call, Inc via Getty Images

    इमेज कैप्शन, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को प्रेस वार्ता को संबोधित किया

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि होर्मुज़ स्ट्रेट से ईरान नहीं, बल्कि युद्ध ख़त्म होने के बाद अमेरिका टोल वसूल सकता है.

    दरअसल, सोमवार को जब पत्रकारों ने उनसे पूछा कि क्या वे ऐसा समझौता मानेंगे जिसमें ईरान जहाज़ों से शुल्क ले सके?

    इस पर ट्रंप ने जवाब दिया, "क्यों न हम टोल वसूलें? मैं यह करना पसंद करूंगा बजाय कि उन्हें टोल मिले. हमें टोल क्यों नहीं वसूलना चाहिए? हम विजेता हैं. हमने जीत हासिल की है."

    हालांकि, राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पत्रकारों से बाद में कहा कि ईरान के साथ किसी भी शांति समझौते की शर्तों में होर्मुज़ स्ट्रेट को खोलना शामिल होना चाहिए.

    ट्रंप ने कहा, "हमें ऐसा समझौता चाहिए जो मुझे स्वीकार्य हो, और उस समझौते का हिस्सा यह होगा कि हमें तेल का फ़्री आवागमन चाहिए."

    गौरतलब है कि इससे पहले ईरान ने यह कहा था कि वह होर्मुज़ स्ट्रेट से गुज़रने वाले जहाज़ों से टोल वसूलेगा.

  7. आर्टेमिस 2 ने बनाया रिकॉर्ड, इतने किलोमीटर का सफ़र तय किया

    अंतरिक्ष यात्री

    इमेज स्रोत, Chip Somodevilla/Getty Images

    इमेज कैप्शन, इस मिशन में तीन अमेरिकी अंतरिक्षयात्री रीड वाइसमैन, क्रिस्टीन कोच, विक्टर ग्लोवर और कनाडाई अंतरिक्ष यात्री जेरेमी हेनसेन शामिल हैं

    नासा के आर्टेमिस 2 के चार अंतरिक्ष यात्री पृथ्वी से दूर अंतरिक्ष में उस स्थान पर पहुंचे हैं, जहां अब तक कोई इंसान नहीं पहुंचा था.

    ओरियन स्पेसक्राफ़्ट ने धरती से अपनी सबसे ज़्यादा दूरी तय की है. यह इंसान की ओर से अपने ग्रह से सबसे दूर जाने का नया रिकॉर्ड है.

    नासा ने बताया कि यह दूरी 2,52,756 मील (4,06,771 किलोमीटर) थी. धरती से सबसे दूर जाने का पिछला रिकॉर्ड 1970 में अपोलो 13 ने बनाया था.

    गौरतलब है कि पचास से अधिक साल बाद नासा का चंद्रमा को लेकर पहला मिशन शुरू हुआ. आर्टेमिस 2 मिशन के रॉकेट ने फ़्लोरिडा के केप कैनावेरल स्थित केनेडी स्पेस सेंटर से उड़ान भरी थी.

    यह मिशन 1 अप्रैल को शुरू हुआ. 10 दिन के इस मिशन में अंतरिक्ष यात्री चांद की सतह पर नहीं उतरेंगे, बल्कि आस-पास घूमते रहेंगे.

  8. ईरान ने अमेरिका से युद्ध खत्म करने के लिए पाकिस्तान को भेजा शांति प्रस्ताव, बीबीसी मॉनिटरिंग

    अब्बास अराग़ची

    इमेज स्रोत, ATTA KENARE / AFP via Getty Images

    इमेज कैप्शन, अमेरिका और इसराइल ने 28 फ़रवरी को ईरान के ख़िलाफ़ जंग शुरू की थी (तस्वीर: अब्बास अराग़ची)

    ईरान ने पाकिस्तान को एक शांति प्रस्ताव दिया है, जिसका मक़सद अमेरिका के साथ चल रहे युद्ध का 'हमेशा के लिए अंत' करना है. यह जानकारी सरकारी समाचार एजेंसी आईआरएनए ने सोमवार को दी.

    आईआरएनए ने बताया कि अमेरिका की ओर से आए प्रस्ताव पर ईरानी प्रतिनिधिमंडल ने जवाब पहुंचाया है. ईरान की लीडरशिप ने क़रीब दो हफ़्तों तक गहन समीक्षा की, इसके बाद अपना जवाब भेजा है.

    ईरान की ओर से जवाब तब भेजा गया है, जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को मंगलवार तक की डेडलाइन दी है. ट्रंप ने धमकी दी है कि स्ट्रेट ऑफ़ होर्मुज़ नहीं खुला तो वो ईरान के पावर प्लांट्स और पुलों को निशाना बनाया जाएगा.

    6 अप्रैल को ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बग़ाई ने पुष्टि करते हुए बताया कि संदेशों का आदान-प्रदान मध्यस्थों के ज़रिए हुआ है. लेकिन उन्होंने कहा कि तेहरान ने अमेरिका की "15 बिंदुओं वाली योजना" को ठुकरा दिया है.

    आईआरएनए ने बताया कि ईरान के दस पैराग्राफ़ वाले जवाब में युद्धविराम के विचार को "पिछले अनुभवों" का हवाला देते हुए ख़ारिज किया गया. इसके बजाय ईरान ने अपने शर्तों पर स्थायी समाधान की ज़रूरत पर ज़ोर दिया.

    एजेंसी के अनुसार, तेहरान के दस्तावेज़ में कई मांगें शामिल हैं- जैसे क्षेत्रीय संघर्षों का अंत, होर्मुज़ स्ट्रेट से सुरक्षित आवाजाही का समझौता, पुनर्निर्माण करना और प्रतिबंधों को हटाना.

  9. एयरमैन को बचाने के अमेरिकी मिशन पर ईरान ने क्या कहा?

    इस्माइल बग़ाई

    इमेज स्रोत, Fatemeh Bahrami/Anadolu via Getty Images

    इमेज कैप्शन, ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने एयरमैन को बचाने के लिए हुए अमेरिकी मिशन पर प्रतिक्रिया दी है (फ़ाइल फ़ोटो)

    ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बग़ाई ने कहा है कि अमेरिका की इस्फ़हान में हुई कार्रवाई का मक़सद "ईरान से यूरेनियम चुराना" भी हो सकता है.

    जबकि अमेरिका ने इस्फ़हान के दक्षिण में हुई कार्रवाई को अपने लापता एयरमैन को बचाने का मिशन बताया था. यह एयरमैन ईरानी आसमान में निशाना बने दूसरे एफ़-15 लड़ाकू विमान का क्रू मेंबर था.

    सोमवार को राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और पेंटागन ने इस कार्रवाई को "अपनी जीत" बताया था. वहीं सोशल मीडिया पर कुछ लोग और जानकारों ने अंदेशा जताया कि इतनी बड़ी कार्रवाई का मक़सद इस्फ़हान से 200 किलोग्राम संवर्धित यूरेनियम ट्रांसफ़र करना था.

    ईरानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता बग़ाई ने भी कहा कि इस्फ़हान के दक्षिण हुए अमेरिकी ऑपरेशन का मक़सद ईरान से 'यूरेनियम चुराना' हो सकता है और इस संभावना को अनदेखा नहीं किया जा सकता.

    हालांकि, व्हाइट हाउस और अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने इन क़यासों पर कोई जवाब नहीं दिया है.

    दूसरी ओर, ईरान का कहना है कि अमेरिका को इस मिशन में काफ़ी नुक़सान का सामना करना पड़ा है.

  10. नमस्कार!

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता रौनक भैड़ा अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    हमारे पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.