एयर चीफ़ मार्शल एपी सिंह ने कहा- आर्थिक शक्ति ही सब कुछ नहीं

इमेज स्रोत, ANI
एयर चीफ़ मार्शल अमर प्रीत सिंह ने कहा है कि कोई भी देश आर्थिक रूप से बहुत सक्षम हो सकता है, लेकिन ज़रूरी नहीं कि वह सुरक्षित भी होगा.
वायु सेना प्रमुख ने 22वें सुब्रोतो मुखर्जी सेमिनार में अपने भाषण में कहा, ''हमारे पास अपने ही देश का उदाहरण है. हम और चीन मिलकर दुनिया की जीडीपी के 60 फ़ीसदी के हिस्सेदार थे लेकिन यह हमें उपनिवेश बनने से नहीं बचा पाया.”
उन्होंने कहा कि आर्थिक शक्ति जैसी चीज़ें बहुत अहम हैं लेकिन अंत में मज़बूत सैन्य शक्ति की ही ज़रूरत होती है, क्योंकि अगर यह नहीं होगा तो कोई भी आपको अपने अधीन कर सकता है.
एपी सिंह ने कहा, "हमने इतिहास में भी ऐसा देखा है और हाल के समय में भी हमने देखा है कि दुनिया में क्या हो रहा है.”
उन्होंने कहा, “वेनेज़ुएला और इराक़ इसके सबसे ताज़ा उदाहरण हैं. सैन्य शक्ति आपको अपनी आर्थिक गतिविधियों की सुरक्षा करने में मदद करती है. यह आपको आज़ादी देती है, यह आपको अपनी टेक्निकल इनफ्रास्ट्रक्चर को बचाने में मदद करती है और अंत में यह आपकी कूटनीति को विश्वसनीय बनाती है.”
उन्होंने कहा है कि अलर सैन्य शक्ति नहीं होगी तो अन्य रणनीतियों का कोई फ़ायदा नहीं है.
उन्होंने कहा, सैन्य शक्ति बहुत ज़रूरी है लेकिन उससे भी ज़्यादा ज़रूरी है, इसका इस्तेमाल करने की इच्छा. जब तक आपके पास वह इच्छा नहीं होगी, आप संयम दिखाते रह सकते हैं, लेकिन उस संयम को कमज़ोरी के तौर पर देखा जाएगा. जब आप काफी मज़बूत होते हैं और आप संयम दिखाते हैं, तभी इसे एक क़ाबिलियत के तौर पर देखा जाता है.."










