चीन ने अपनी रक्षा बजट में बढ़ोतरी को सही बताया, बताई ये वजह

चीन ने अपने रक्षा बजट में सात फ़ीसदी से अधिक की बढ़ोतरी का समर्थन किया है और कहा है कि 'ये सीमित और वाजिब' है.

सारांश

लाइव कवरेज

हिमांशु दुबे और इफ़्तेख़ार अली

  1. ऑस्ट्रेलियाः तूफ़ान में ज़ख़्मी हुए सैनिक, बाढ़ के पानी में मिला शव, कैटी वॉटसन, मैलोरी मोइंच और इयान एकमैन, बीबीसी न्यूज़

    ऑस्ट्रेलिया में तूफ़ान

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, तूफ़ान के कारण बिजली के तार और पेड़ टूट गए हैं. बिजली के तारों को कर्मचारियों ने ठीक किया.

    ऑस्ट्रेलिया के अधिकारियों ने बताया है कि देश के पूर्वी तटीय इलाक़े में तूफ़ान आया है. अधिकारियों को बाढ़ के पानी में एक शव मिला है जबकि गाड़ियों की टक्कर में 13 सैनिक भी घायल हुए हैं.

    स्थानीय समयानुसार शनिवार शाम ब्रिसबेन की राजधानी क्वींसलैंड में चक्रवात अल्फ़्रेड पहुंचा.

    अधिकारियों ने स्थानीय निवासियों को हिदायत दी है कि अपने घरों में रहें और सतर्क रहें, तूफ़ान का ख़तरा अभी ‘ख़त्म नहीं हुआ’ है.

    इस इलाक़े में 3 लाख से ज़्यादा घरों में बिजली नहीं है. तेज़ हवाओं के कारण पेड़ और बिजली के तार टूट गए हैं.

    सड़कों पर बाढ़ का पानी जमा हो गया है.

    पुलिस ने शनिवार को बताया कि खोजबीन के दौरान 61 वर्षीय आदमी का शव मिला है, जो शुक्रवार से लापता थे.

    उनकी कार उत्तरी न्यू साउथ वेल्स के डोरिगो में बाढ़ के पानी में फंस गई थी.

    पुलिस ने कहा, “ऐसा लगता है कि यह शव उसी लापता व्यक्ति का है.”

    आपातकालीन सेवा के कर्मचारियों ने बताया कि उन्होंने एक व्यक्ति को कार से निकल कर नदी के किनारे पर स्थित एक पेड़ पर चढ़ते हुए देखा था, लेकिन बचावदल के कर्मचारी जब तक उस व्यक्ति को बचाने के लिए वहां पहुंचते, तब तक वो व्यक्ति पानी के बहाव में बह चुका था.

    फ़ेडरल डिफ़ेंस पर्सनल मिनिस्टर मैट कियोफ़ के मुताबिक़, शनिवार को लिसमोर में एक क़ाफ़िला दुर्घटना का शिकार हो गया, इसमें 13 सैनिक घायल हो गए. यह दुर्घटना ब्रिसबेन के दक्षिण में 200 किलोमीटर की दूरी पर हुई.

  2. यूक्रेन ने कहा- रूस के हमलों में कम से कम 25 लोग मारे गए, हेनरी एस्टियर, बीबीसी न्यूज़

    यूक्रेन पर हमला

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, डोब्रोपिलिया रूस के क़ब्जे़ वाले दोनेत्सक शहर के उत्तर-पश्चिम में स्थित है. जहां रूस ने हमला किया.

    यूक्रेन के अधिकारियों ने शनिवार को बताया कि रूस के ताज़ा हमलों में कम से कम 25 लोग मारे गए हैं.

    स्थानीय अधिकारियों ने बताया है कि दोनेत्स्क में हुए एक हमले में कम से कम 11 लोग मारे गए और 40 घायल हो गए. इनमें 6 बच्चे भी शामिल हैं.

    इस हमले में ख़ारकीएव और ओडेसा सहित अन्य इलाक़ों के आवासीय परिसरों और इन्फ़्रास्ट्रक्चर को भी निशाना बनाया गया.

    दरअसल, अमेरिका ने यूक्रेन को सैन्य मदद देने और गोपनीय जानकारियां देने पर रोक लगा दी है.

    इसके बाद रूस ने हाल ही के दिनों में यूक्रेन पर हमले तेज़ कर दिए हैं.

    रूस के यूक्रेन पर किए गए ताज़ा हमले के बाद पोलैंड के प्रधानमंत्री डोनाल्ड टस्क ने एक सोशल मीडिया पोस्ट लिखी.

    उन्होंने लिखा, “यही होता है, जब आप किसी बर्बर को ख़ुश करते हैं. ज़्यादा बम, ज़्यादा गुस्सा, ज़्यादा पीड़ित.”

    इससे पहले, पिछले सप्ताह अमेरिका के राष्ट्रपति कार्यालय में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर ज़ेलेंस्की के बीच मुलाक़ात हुई थी.

    रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध विराम की कोशिश करने के मक़सद से हुई मुलाक़ात तीखी बहस में बदल गई थी.

    यूक्रेन पर ये हमला अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बयान के ठीक बाद हुआ है, जिसमें उन्होंने कहा था कि वो रूस पर बड़े पैमाने पर प्रतिबंध और टैरिफ़ लगाने की सोच रहे हैं.

    यूक्रेन ने इससे पहले भी बताया था कि गुरुवार रात को रूस के हमले में पांच लोगों की जान गई थी.

  3. नमस्कार!

    बीबीसी हिंदी के लाइव पेज में आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता हिमांशु दुबे अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    फ़िलहाल, हमारे होम पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को आप नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करके पढ़ सकते हैं.

    ट्रंप ने भारत पर टैरिफ़ लगाने के बारे में अब क्या कहा?

    'नफ़रत फैलाने के लिए पाकिस्तान शब्द का इस्तेमाल', कपिल मिश्रा पर कोर्ट ने क्या-क्या कहा?

    राहुल गांधी गुजरात में कांग्रेस के नेताओं पर ही क्यों बरसे, बीजेपी भी बोली

    नासा ने बताई सुनीता विलियम्स की अंतरिक्ष से वापसी की नई तारीख़

    वी. शांताराम का वो प्रभात स्टूडियो जहां से देव आनंद और गुरु दत्त ने करियर शुरू किया