मध्य प्रदेश के सीहोर ज़िले में मंगलवार को कुबेरेश्वर धाम में भगदड़ मचने से दो महिलाओं की मौत हो गई है और कई लोग घायल बताए जा रहे हैं.
इस घटना की पुष्टि करते हुए सीहोर ज़िले की एडिशनल एसपी सुनीता रावत ने न्यूज़ एजेंसी एएनआई को बताया, "अब तक की जानकारी में कुबेरेश्वर धाम में हुई भगदड़ में दो महिलाओं की मौत हुई है और लगभग छह अन्य लोग घायल हैं, जिन्हें अस्पताल पहुंचाया गया है."
यह घटना स्वघोषित संत प्रदीप मिश्रा की अगुआई में निकलने वाली भव्य कांवड़ यात्रा से ठीक एक दिन पहले घटी.
बताया जा रहा है कि कुबेरेश्वर धाम में अनुमान से अधिक भीड़ उमड़ने से अफरा-तफरी मच गई.
दरअसल, बुधवार 6 अगस्त को प्रदीप मिश्रा की अगुआई में सीहोर जिले के कुबेरेश्वर धाम में कांवड़ यात्रा निकलनी थी.
स्थानीय प्रशासन के अनुसार, बढ़ती भीड़ के कारण भंडारे, ठहरने की जगह और दर्शन के स्थानों पर जगह कम पड़ने लगी, जिससे कई जगहों पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
मंगलवार दोपहर सीवन नदी घाट और कुबेरेश्वर धाम परिसर में उमस और गर्मी के बीच हजारों श्रद्धालु जुट गए थे.
प्रशासन ने कुबेरेश्वर धाम के साथ मिलकर इस यात्रा के लिए मंगलवार की रात से व्यवस्था करने का प्लान बनाया था, लेकिन इससे पहले ही यहां पर भीड़ काफी बढ़ गई.
प्रशासनिक तैयारियों की कमी और भीड़ नियंत्रण के अभाव में कई लोगों को बेचैनी, चक्कर और बीपी लो जैसी समस्याएं भी हुईं.
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने घटना पर प्रतिक्रिया दी है.
उन्होंने न्यूज़ एजेंसी एएनआई से कहा, “मुझे जानकारी मिली है. अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि मामले को गंभीरता से लें. यह दुर्भाग्यपूर्ण हादसा है. भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों, इसके लिए उचित इंतज़ाम किए जाएंगे.”