You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

पुतिन ने इस हरकत के लिए क्यों लगाया यूक्रेन पर उकसाने का आरोप

व्लादिमिर पुतिन ने कुछ यूक्रेनी सैनिकों के क्रुक्स क्षेत्र में घुस जाने की घटना को यूक्रेन की एक उकसाने वाली कार्रवाई बताया है.

सारांश

  • विनेश फोगाट को ज़्यादा वज़न के कारण पेरिस ओलंपिक में अयोग्य घोषित किया गया, पीएम मोदी ने जताया दुख.
  • तीसरे और अंतिम वनडे मैच में श्रीलंका ने भारत को 110 रनों से हराया, 2-0 से सिरीज़ अपने नाम की.
  • बांग्लादेश की अंतरिम सरकार का नेतृत्व करेंगे मोहम्मद यूनुस, सेना प्रमुख वक़ार उज़ ज़मान ने बताया है कि कल रात अंतरिम सरकार ले सकती है शपथ.
  • पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय का कहना है कि वे इन हालात में बांग्लादेश के लोगों के साथ हैं.
  • व्लादिमिर पुतिन ने यूक्रेनी सैनिकों के कर्स्क क्षेत्र में घुस जाने की घटना को उकसाने वाली कार्रवाई बताया है.
  • ट्रंप की हत्या की साज़िश के आरोप में एक पाकिस्तानी शख़्स गिरफ्तार.
  • हमास ने याह्या सिनवार को चुना अपना शीर्ष नेता.

लाइव कवरेज

अभिषेक पोद्दार

  1. अमेरिका चुनाव: उपराष्ट्रपति पद का उम्मीदवार बनने के बाद पहली बार बोले टिम वॉल्ज़

    मिनेसोटा के गर्वनर टिम वॉल्ज़ ने राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार कमला हैरिस का सहयोगी चुने जाने के बाद पहली बार अपने हजारों समर्थकों के सामने बात की.

    टिम वॉल्ज़ डेमोक्रैटिक पार्टी की ओर से उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार चुने गए हैं.

    डेमोक्रैटिक पार्टी की रैली में टिम वॉल्ज़ ने अपनी ग्रामीण जड़ों का जिक्र किया और कहा कि डोनाल्ड ट्रंप अमेरिका को पीछे ले जाएंगे.

    इस बीच ट्रंप के चुनावी अभियान की तरफ से तुरंत टिम वॉल्ज़ पर हमले करते हुए उन्हें खतरनाक उदारवादी बताया.

    60 वर्षीय टिम वॉल्ज़ को ऐसे व्यक्ति के रूप में देखा जा रहा है जो मध्य पश्चिमी राज्यों में ट्रंप की ओर आकर्षित हुए ग्रामीण और श्रमिक वर्ग के मतदाओं को वापस जीत सकते हैं.

    रैली के दौरान राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार कमला हैरिस ने सहयोगी टिम वॉल्ज़ को मध्यम वर्ग के लिए लड़ने वाला और देशभक्त बताया है.

  2. लगातार पांच ओलंपिक में गोल्ड मेडल जीतकर इस खिलाड़ी ने रचा इतिहास

    क्यूबा के पहलवान मिजैन लोपेज ने लगातार पांच ओलंपिक में एक ही स्पर्धा में लगातार पांच गोल्ड मेडल जीतकर इतिहास रच दिया है.

    लोपेज जो अगले कुछ हफ्ते में 42 साल के होने वाले हैं उन्होंने चिली के पहलवान यास्मीन अकोस्टा को हराकर यह रिकॉर्ड अपने नाम किया है.

    उन्होंने पुरुषों की ग्रीको-रोमन कुश्ती की 130 किलोग्राम श्रेणी में स्वर्ण पदक जीतकर लगातार पांचवीं बार व्यक्तिगत खिताब जीता है.

    मिजैन लोपेज़ ने पांचवां स्वर्ण पदक जीतने के बाद अपने जूते मैट पर ही छोड़ दिए, जिसके बाद ये कहा जा रहा है कि उन्होंने ग्रीको-रोमन कुश्ती से संन्यास ले लिया है. हालांकि, उन्होंने औपचारिक तौर पर इसका एलान नहीं किया है.

    इससे पहले उनके नाम लगातार चार बार गोल्ड मेडल जीतने का रिकॉर्ड था जो वो कार्ल लुई (लंबी कूद), माइकल फेल्प्स (तैराकी 200 मीटर), केटी लेडेकी ( तैराकी 800 मीटर फ्रीस्टाइल), अल ओर्टर (डिस्कस थ्रो), पॉल एल्वस्ट्रॉम (नौकायन) और काओरी इको (कुश्ती) के साथ साझा कर रहे थे.

    लोपेज ने तीन साल बाद अपने रिटायरमेंट से वापसी की थी.

    मिजैन लोपेज ने अपने 23 ओलंपिक मैचों में से सिर्फ एक मैच में हार का सामना किया है. लोपेज 2004 के एथेंस ओलंपिक में क्वॉर्टर फाइनल मैच में हार गए थे.

  3. ट्रंप की हत्या की साजिश के आरोप में एक पाकिस्तानी शख़्स गिरफ्तार

    ईरान से संबंध रखने वाले एक पाकिस्तानी नागरिक पर कथित तौर पर पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और कुछ राजनेताओं की हत्या की साजिश रचने का आरोप लगाया गया है.

    एफबीआई के निदेशक क्रिस्टोफर रे ने इस हत्या की साजिश का संबंध ईरान से बताया है.

    46 वर्षीय आसिफ मरचेंट पर प्रमुख अमेरिकी राजनेताओं की हत्या करने के लिए न्यूयॉर्क में एक हत्यारे को नियुक्त करने की कोशिश करने का आरोप लगाया गया है.

    अधिकारियों ने रिपब्लिकन उम्मीदवार की हत्या की साजिश के पीछे ईरान कनेक्शन पता चलने के बाद जून में ही ट्रंप की सुरक्षा बढ़ा दी थी.

    मंगलवार को एफबीआई के निदेशक ने कहा कि किसी राजनेता को मारने या किसी अमेरिकी नागरिक को मारने की विदेशी साजिश हमारी राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरा है और इससे निपटने के लिए एफबीआई अपने पूरे संसाधनों का प्रयोग करेगी.

    आसिफ मरचेंट को जुलाई में गिरफ्तार किया था अभी उन्हें न्यूयॉर्क में रखा गया है.

  4. हमास ने याह्या सिनवार को चुना अपना शीर्ष नेता

    कतर की राजधानी दोहा में दो दिन तक हुई लंबी वार्ता के बाद हमास ने याह्या सिनवार को अपना नया शीर्ष नेता चुना है.

    इस्माइल हनिया की तेहरान में हत्या कर दी गई थी. हनिया की मौत के पीछे इसराइल का हाथ बताया जा रहा है.

    2017 से सिनवार ग़ज़ा पट्टी में एक ग्रुप लीडर के तौर पर काम कर रहे थे अब उन्हें हमास ने अपना शीर्ष नेता चुना है.

    हमास के एक अधिकारी ने बीबीसी को बताया कि हमास के नेतृत्व ने सर्वसम्मति से आंदोलन का नेतृत्व करने के लिए याह्या सिनवार को अपना नेता चुना है.

    मध्य पूर्व में बढ़ रहे तनाव के बीच यह घोषणा हुई है. ईरान और उसके सहयोगियों ने इस्माइल हनिया की मौत के बाद जवाबी कार्रवाई करने की बात कही है.

    ईरान और उसके सहयोगी हनिया की मौत के लिए इसराइल को जिम्मेदार मानते हैं.

    इस्माइल हनिया की मौत को लेकर इसराइल की तरफ से कोई टिप्पणी नहीं की गई है.

  5. बांग्लादेश की अंतरिम सरकार का नेतृत्व करेंगे मोहम्मद यूनुस

    नोबले पुरस्कार विजेता अर्थशास्त्री मोहम्मद यूनुस को बांग्लादेश में अंतरिम सरकार का प्रमुख सलाहकार बनाया गया है.

    बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख़ हसीना के देश छोड़ने के बाद सेना प्रमुख ने देश को संबोधित कर अंतरिम सरकार बनाने की बात कही थी.

    राष्ट्रपति के प्रेस सचिव ने बताया है कि नोबेल पुरस्कार विजेता अर्थशास्त्री मोहम्मद यूनुफ को बांग्लादेश की अंतरिम सरकार का प्रमुख बनाया गया है.

    राष्ट्रपति, सेना और छात्रों की बीच हुई बैठक के बाद यह निर्णय लिया गया है.

    मोहम्मद यूनुस ने कहा है कि जब इतना बलिदान देने वाले छात्र इस कठिन समय में मुझसे नेतृत्व करने के लिए कह रहे हैं तो मैं कैसे मना कर सकता हूं.

    मंगलवार को बांग्लादेश के पूर्व विदेश मंत्री और अवामी लीग के संयुक्त महासचिव हसन महमूद को हज़रत शाह जलाल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर हिरासत में ले लिया गया.

    इससे पहले पूर्व सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री जुनैद अहमद पलक को भी हवाई अड्डे से हिरासत में लिया गया था.

  6. विनेश फोगाट के जीतने पर राहुल गांधी बोले- आपके सामने धराशाई हो गया सत्ता का तंत्र

    पेरिस ओलंपिक में महिला कुश्ती के 50 किलोग्राम भार वर्ग इवेंट के फ़ाइनल में विनेश फोगाट पहुंच गई हैं. इसके साथ ही उनका कम से कम सिल्वर मेडल तो पक्का हो गया है.

    विनेश फोगाट ओलंपिक में कुश्ती के फ़ाइनल में पहुंचने वाली भारत की पहली महिला रेसलर हैं.

    विनेश ने एक दिन में तीन मुकाबले जीत कर इतिहास रचा. उन्होंने सेमीफ़ाइनल में क्यूबा की गुजमैन लोपेज को हराया.

    विनेश फोगाट ने सेमीफ़ाइनल मुकाबले में अपनी विरोधी को एक भी प्वाइंट स्कोर करने का मौका नहीं दिया और उन्हें 5-0 से मात दी.

    विनेश फोगाट के फाइनल में पहुंचने पर नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने ट्वीट कर उन्हें बधाई दी हैं.

    राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा है कि एक ही दिन में दुनिया की तीन धुरंधर पहलवानों को हराने के बाद आज विनेश के साथ-साथ पूरा देश भावुक है.

    राहुल ने लिखा, “जिन्होंने भी विनेश और उसके साथियों के संघर्ष को झुठलाया, उनकी नीयत और काबिलियत तक पर प्रश्नचिन्ह खड़े किए, उन सभी को जवाब मिल चुका है”.

    राहुल गांधी ने कहा- “आज भारत की बहादुर बेटी के सामने सत्ता का वो पूरा तंत्र धराशाई पड़ा था जिसने उसे खून के आंसू रुलाए थे.”

    उन्होंने कहा है कि चैम्पियंस की यही पहचान है, वो अपना जवाब मैदान से देते हैं.

    राहुल गांधी ने कहा है कि बहुत शुभकामनाएं विनेश, पेरिस में आपकी सफलता की गूंज, दिल्ली तक साफ सुनाई दे रही है.

    इससे पहले विनेश फोगाट के मैच जीतने पर प्रियंका गांधी ने भी शुभकामनाएं दी थी.

  7. नमस्कार!

    बीबीसी हिंदी के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है.

    6 अगस्त की ख़बरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.