You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

असम में आधार कार्ड के लिए अब क्या जरूरी, सीएम हिमंत बिस्वा सरमा ने बताया

असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने शनिवार को कहा कि राज्य में आधार कार्ड के लिए आवदेन करने वालों को अपनी एनआरसी आवेदन रसीद संख्या जमा करनी होगी.

सारांश

  • पश्चिम बंगाल में 'अपराजिता बिल' अब राज्यपाल सीवी आनंद बोस और राज्य सरकार के बीच तकरार का नया मसला बन गया है
  • विनेश फोगाट को कांग्रेस का टिकट मिलने के बाद बृजभूषण शरण सिंह के बयान पर अब कांग्रेस की भी प्रतिक्रिया सामने आई है
  • उत्तर प्रदेश के हाथरस में आगरा-अलीगढ़ नेशनल हाईवे पर एक बस के वैन से टकराने की वजह से 12 लोगों की मौत हो गई है
  • उज्जैन में दिनदहाड़े हुए कथित बलात्कार का वीडियो बनाने वाले को गिरफ़्तारी कर लिया गया है

लाइव कवरेज

अभिषेक पोद्दार और अश्वनी पासवान

  1. विनेश फोगाट को कांग्रेस से टिकट मिलने पर बृजभूषण शरण सिंह ने क्या कहा

    विनेश फोगाट और बजरंग पुनिया आधिकारिक तौर पर कांग्रेस में शामिल हो गए हैं. शुक्रवार को ही दोनों पहलवानों ने कांग्रेस की सदस्यता ली.

    जहां विनेश फोगाट को कांग्रेस ने हरियाणा विधानसभा चुनाव में जुलाना से टिकट दिया है तो वहीं बजरंग को पार्टी में ऑल इंडिया किसान कांग्रेस का कार्यकारी चेयरमैन पद सौंपा गया है.

    अब इस पर बीजेपी नेता और उत्तर प्रदेश के कैसरगंज के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह की प्रतिक्रिया सामने आई है.

    बृजभूषण शरण सिंह ने कहा, “18 जनवरी 2023 को जब जंतर मंतर पर धरना प्रदर्शन शुरू हुआ था, तो मैंने पहले ही दिन कहा था कि ये खिलाड़ियों का आंदोलन नहीं है इसके पीछे कांग्रेस है. ख़ासतौर पर भूपेंद्र हुड्डा, दीपेंद्र हुड्डा, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी इसके पीछे हैं.”

    पूर्व भाजपा सांसद ने कहा कि आज यह बात सच भी साबित हुई कि हमारे ख़िलाफ़ इस षड्यंत्र में दीपेंद्र हुड्डा और कांग्रेस शामिल थी.

    उन्होंने कहा, “मैं हरियाणा की जनता को कहना चाहता हूं कि भूपेंद्र हुड्डा, दीपेंद्र हुड्डा, बजरंग या विनेश ये लड़कियों के सम्मान के लिए नहीं बैठे थे.”

    उन्होंने दावा किया, “ये लोग इसका क्या जवाब देंगे कि जिस दिन की घटना का आरोप मेरे ऊपर लगाया जा रहा है उस दिन मैं दिल्ली में मौजूद ही नहीं था. राजनीति के लिए इन्होंने बेटियों का इस्तेमाल किया और बदनाम किया. ख़ासतौर पर महिला खिलाड़ियों के सम्मान को ठेस पहुंचाया.”

    बृजभूषण शरण सिंह ने कहा कि ये महिला खिलाड़ियों के सम्मान के लिए नहीं लड़ रहे थे. ये राजनीति के लिए लड़ रहे थे. इनकी पूरी स्क्रिप्ट कांग्रेस ने लिखी थी.

    बृजभूषण शरण ने कहा, “18 जनवरी को जब जंतर मंतर पर प्रदर्शन हुआ था तो तमाम लोगों को लगा था कि शायद इसमें सच्चाई है. महिलाओं के साथ, बेटियों के साथ बदतमीज़ी हुई है, आज वे लोग अभी छले महसूस कर रहे हैं.”

    उनसे पूछा गया कि प्रदर्शन की वजह से जिस तरह पहलवानों का नुकसान हुआ और ओलंपिक में भी कहीं न कहीं इसका नुकसान हुआ उसकी भरपाई कौन करेगा?

    इस पर बृजभूषण ने कहा, “इन्होंने हरियाणा, खेल के कारण या खेल के क्षेत्र में भारत का मुकुट है. और जिस तरीके से इन्होंने लगभग पौने दो साल तक कुश्ती गतिविधि को ठप कर दिया, क्या ये सही नहीं है कि एशियन गेम्स में बजरंग पुनिया बिना ट्रायल के गए थे. क्या ये सत्य नहीं है.”

    “कुश्ती के जानकारों से मेरा पूछना है कि विनेश फोगाट से पूछना चाहता हूं कि एक खिलाड़ी एक दिन में दो वज़न में ट्रायल दे सकता है, क्या वज़न के बाद पांच घंटे तक कुश्ती रुकवाई जा सकती है. क्या एक खिलाड़ी एक दिन में दो वेट कैटेगरी में ट्रायल दे. इसमें आपने हक़ नहीं मारा, क्या पांच घंटे तक कुश्ती नहीं रुकवाई, क्या रेलवे के रेफ़रियों का इस्तेमाल नहीं किया गया. आप कुश्ती जीत करके नहीं गई थीं, आप चीटिंग करके गई थीं. जूनियर खिलाड़ियों का हक़ मार कर गई थीं, भगवान ने वही सज़ा दी है आपको.”

    बृजभूषण शरण सिंह महिला पहलावानों के यौन शोषण के मामले में अभियुक्त हैं.

    उनके ख़िलाफ़ यौन शोषण के आरोपों को लेकर महिला पहलवानों ने दिल्ली के जंतर-मंतर समेत कई जगहों पर विरोध प्रदर्शन किया था.

  2. डोनाल्ड ट्रंप की सज़ा की तारीख़ टली, इस आपराधिक मामले में ठहराए गए थे दोषी

    मैनहट्टन हश मनी आपराधिक मुक़दमे में डोनाल्ड ट्रंप की सज़ा को नवंबर में होने वाले अमेरिकी राष्ट्रपति चुनावों तक के लिए टाल दिया गया है.

    शुक्रवार को जज जुआवन मर्चेन ने ट्रंप की सज़ा को 26 नवंबर तक के लिए टालने का फ़ैसला सुनाया.

    डोनाल्ड ट्रंप रिपबल्किन पार्टी की तरफ़ से अमेरिकी राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार हैं. इस मामले में उनकी सज़ा की घोषणा की तारीख़ 18 सितंबर के लिए निर्धारित की गई थी, लेकिन ट्रंप के वकीलों ने उनकी सज़ा को टालने के लिए सारे क़ानूनी प्रयास किए थे.

    मई में न्यूयॉर्क की एक ज्यूरी ने ट्रंप को व्यवसायिक रिकॉर्ड में हेराफेरी करने और गुंडागर्दी के मामले में दोषी ठहराया था.

    अमेरिका में ऐसा पहली बार था जब किसी पूर्व राष्ट्रपति को किसी अपराध के लिए दोषी ठहराया गया था.

    अपने फ़ैसले में जज मर्चेन ने लिखा था कि, "इस पूरे मामले में ऐसी सुनवाई की ज़रूरत है जो कि पूरी तरह से ज्यूरी के फ़ैसले पर केंद्रित हो. हमारे फ़ैसले का सम्मान किया जाना चाहिए.”

    उन्होंने यह भी कहा था कि, यह तय किया जाना चाहिए कि अमेरिकी चुनावों का इस फ़ैसले पर कोई असर ना पड़े.

  3. जबलपुर के पास पटरी से उतरे यात्री ट्रेन के दो डिब्बे, रेलवे ने क्या कहा

    शनिवार की सुबह मध्य प्रदेश के जबलपुर के पास एक ट्रेन हादसा हो गया. हालांकि इस हादसे में अभी तक किसी भी यात्री के हताहत होने की कोई भी सूचना नहीं है.

    हादसे के बारे में जानकारी देते हुए पश्चिम मध्य रेलवे के सीपीआरओ हर्षित श्रीवास्तव ने बताया, “इंदौर से चलकर जबलपुर को जाने वाली 22191 ओवरनाइट एक्सप्रेस जिस वक़्त जबलपुर स्टेशन के पास प्लेटफ़ॉर्म नंबर छह की ओर जा रही थी, उस वक़्त ये हादसा हुआ.”

    हर्षित श्रीवास्तव के बयान के मुताबिक़, “ट्रेन डेड स्टॉप स्पीड पर थी, उसी वक़्त उसके दो डिब्बे पटरी से उतर गए. गाड़ी की गति बेहद धीमी होने की वजह से कोई भी जान-माल की हानि नहीं हुई. सभी यात्री सुरक्षित हैं और सभी को रवाना भी कर दिया गया है.”

    उन्होंने बताया कि यह हदासा सुबह क़रीब पांच बजकर 50 मिनट पर हुआ था. स्टेशन से लगभग 150 मीटर पहले ही यह हादसा घटित हुआ.

  4. पेरिस पैरालंपिक में भारत को एक और पदक, होकाटो होटोझे सेमा ने जीता ब्रॉन्ज़ मेडल

    पेरिस पैरालंपिक में भारत को एक और मेडल मिल गया है. होकाटो होटोझे सेमा ने पैरालंपिक में पुरुषों की शॉट पुट एफ़ 57 प्रतियोगिता में ब्रॉन्ज़ मेडल दिलाया है.

    होकाटो होटोझे सेमा नागालैंड से आते हैं. उनकी इस उपलब्धि पर केंद्रीय मंत्री किरेन रिजीजू ने भी उनको एक्स पोस्ट के जरिए बधाई दी है.

    उन्होंने अपनी एक्स पोस्ट में लिखा, “होकाटो होटोझे सेमा ने पेरिस पैरालंपिक2024 में पुरुषों की शॉट पुट F57 में असाधारण प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक हासिल किया है.”

    किरेन रिजीजू ने लिखा कि नागालैंड से आने वाले, उनकी अटूट भावना और दृढ़ संकल्प हमारे देश का गौरव बढ़ाते हैं.

    इस प्रतियोगिता में होकाटो होटोझे ने 14.65 मीटर का थ्रो किया था. वहीं दूसरे नंबर पर पाओलिनो सान्तोस ने 15.06 मीटर का थ्रो करते हुए रजत पदक जीता. जबकि ईरान के यासिन खोसरावी ने 15.96 मीटर का थ्रो फेंकते हुए गोल्ड मेडल जीता.

    पेरिस पैरालंपिक में भारत ने छह गोल्ड, नौ सिल्वर और 12 ब्रॉन्ज़ मेडल के साथ अभी तक कुल 27 पदक जीत लिए हैं. पदक तालिका में भारत 17वें नंबर है.

  5. विनेश फोगाट को दिया कांग्रेस ने टिकट, हरियाणा के जुलाना से लड़ेंगी चुनाव

    हरियाणा विधानसभा चुनावों के लिए कांग्रेस ने उम्मीदवारों की अपनी पहली लिस्ट जारी कर दी है.

    इस लिस्ट में कांग्रेस ने 31 उम्मीदवारों को टिकट दिया है. कांग्रेस उम्मीदवारों की लिस्ट में सबसे चर्चित नाम भारतीय रेसलर विनेश फोगाट का है.

    कांग्रेस ने विनेश फोगाट को हरियाणा की जुलाना से टिकट दिया है. वहीं पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा को गढ़ी सांपला-किलोई, सोनीपत से सुरेंदर पनवर, रोहतक से भारत भूषण बत्रा, बादली से कुलदीप वत्स, रेवाणी से चिरंजीव राव, नूंह से आफ़ताब अहमद और फ़रीदाबाद से नीरज शर्मा को कांग्रेस ने टिकट दिया है.

    विनेश फोगाट जब पेरिस ओलंपिक से वापस भारत आई थीं उस वक़्त उनके काफिले में कांग्रेस नेता दीपेंद्र हुड्डा भी शामिल थे.

    इससे पहले हरियाणा कांग्रेस प्रभारी दीपक बाबरिया ने संकेत दिया था कि पार्टी में शुक्रवार को शामिल हुईं विनेश फोगाट राज्य की जुलाना सीट से चुनाव लड़ सकती हैं.

    उन्होंने इस बारे में पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए कहा था, ''मुझे लगता है विनेश जुलाना से चुनाव लड़ेंगी. लगता है ये तय हो गया है.''

    वहीं बजरंग पुनिया के चुनाव लड़ने के सवाल पर उन्होंने कहा, ''इस बारे में मुझे को जानकारी नहीं है. हो सकता है कि कांग्रेस महासचिव वेणुगोपाल जी से उनकी कोई बात हुई है. उन्होंने कहा कि हरियाणा में अभी तक किसी भी सांसद को विधानसभा चुनाव लड़ने की अनुमति नहीं दी गई है.’’

    विनेश फोगाट औप बजरंग पुनिया ने शुक्रवार को कांग्रेस के वरिष्ठ सदस्यों की मौजूदगी में पार्टी की सदस्यता ले ली थी. हालांकि इससे पहले ही कयास लगाए जा रहे थे कि विनेश फोगाट को कांग्रेस हरियाणा की किसी विधानसभा सीट से उतार सकती है.

    विनेश फोगाट पेरिस ओलंपिक में पदक हासिल करने से चूक गई थीं. पचास किलो भार वर्ग में सिर्फ 100 ग्राम अधिक वज़न होने की वजह से उन्हें फाइनल में पहुंच कर भी अयोग्य करार दिया गया था.

    इससे पहले बजरंग पूनिया और विनेश फोगाट ने महिला पहलवानों के यौन शोषण के मामले में भारतीय कुश्ती संघ के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण सिंह के ख़िलाफ़ आंदोलन किया था और लंबे समय तक दिल्ली के जंतर-मंतर पर धरना दिया था.

  6. नमस्कार

    बीबीसी हिंदी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता अभिषेक पोद्दार आप सभी तक आज की बड़ी ख़बरें लेकर हाज़िर हूं.

    आप बीबीसी हिंदी के पेज पर मौजूद बड़ी ख़बरों को इस लिंक पर क्लिक करके पढ़ सकते हैं.

    हरियाणा में टिकट बंटवारे के बाद से ही बीजेपी के कुछ नेता नाराज़गी जता रहे हैं तो कुछ ने इस्तीफ़ा भी दे दिया है. चुनाव से ठीक पहले बीजेपी के लिए ये आंतरिक संकट कितनी बड़ी मुसीबत बन सकता है? पूरी ख़बर को विस्तार से पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    इन दिनों सिनेमा घरों में पुरानी फ़िल्मों को दोबारा से रिलीज़ किया जा रहा है. इन फ़िल्मों की फ़ेहरिस्त में लैला मजनूं, गैंग्स ऑफ़ वासेपुर और तुंबाड जैसी फ़िल्में भी शामिल हैं. साथ ही इन फ़िल्मों को देखने के लिए लोग बड़ी संख्या में सिनेमाघरों का रुख़ भी कर रहे हैं. लेकिन इसके पीछे क्या वजह है जो पुरानी फ़िल्में दोबारा से रिलीज़ की जा रही हैं और लोग उनको देखने भी जा रहे हैं. पूरी ख़बर के लिए इस लिंक पर जाएं.

    बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख़ हसीना एक महीने पहले हिंसक आंदोलनों की वजह से अपने पद से इस्तीफ़ा देकर देश छोड़ भारत आ गई थीं. इसके बाद बांग्लादेश में एक नई सरकार का गठन हुआ. लेकिन इस नई सरकार के गठन के बाद बांग्लादेश की स्थितियों में कितना बदलाव हुआ है. इस बारे में जानने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें.

    शुक्रवार के लाइव पेज में जाने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें.