वायनाड में भूस्खलन के बाद रात में बचाव अभियान रोका गया, अभी भी कई लोग फंसे
केरल के वायनाड में भूस्खलन की घटना के बाद वहां राहत-बचाव कार्य रात में रोक दिया गया है.
सारांश
केरल के वायनाड में भूस्खलन की वजह से कम से कम 123 लोगों की मौत हुई है.
झारखंड के सरायकेला-खरसावां ज़िले में मंगलवार की सुबह मुंबई-हावड़ा मेल हादसे में दो लोगों की मौत.
निशानेबाज़ मनु भाकर और सरबजोत सिंह ने पेरिस ओलंपिक में 10 मीटर एयर पिस्टल मिक्स्ड टीम स्पर्धा में कांस्य पदक जीता.
मनु भाकर सिंगल ओलंपिक एडिशन में दो मेडल जीतने वाली पहली भारतीय बनीं.
पेरिस ओलंपिक में भारतीय हॉकी टीम ने आयरलैंड को 2-0 से हरा दिया है.
मनिका बत्रा पेरिस ओलंपिक के टेबल टेनिस मुक़ाबले में अंतिम 16 में, ऐसा करने वाली पहली भारतीय.
लाइव कवरेज
दीपक मंडल
मुंबई-हावड़ा रेल हादसा: राहत और बचाव का काम जारी, देखिए तस्वीरें
झारखंड के सरायकेला-खरसावां ज़िले में मंगलवार की सुबह मुंबई-हावड़ा मेल हादसे में दो लोगों की मौत हो गई है और पांच लोग घायल हुए हैं.
रेलवे के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बीबीसी से बातचीत में इन मौतों की पुष्टि की है. रेल अधिकारियों का कहना है कि राहत और बचाव का काम जारी है.
मेधा पाटेकर की सज़ा पर लगी रोक, दिल्ली की अदालत ने एलजी से मांगा जवाब
इमेज स्रोत, Getty Images
दिल्ली की एक अदालत ने ‘नर्मदा बचाओ आंदोलन’ की नेता मेधा पाटेकर को मिली पांच महीने की साधारण कैद की सजा पर रोक लगा दी है.
मेधा पाटेकर को दिल्ली के उपराज्यपाल वीके सक्सेना के ख़िलाफ़ मानहानि के एक मामले में पांच महीने की सजा सुनाई गई थी. साथ ही उन्हें उपराज्यपाल की प्रतिष्ठा को हुए नुकसान के लिए उन्हें 10 लाख रुपये का मुआवजा देने का भी निर्देश दिया गया था.
ये मामला 23 साल पुराना है. उस समय सक्सेना गुजरात में एक एनजीओ के प्रमुख थे.
पाटेकर की ओर दायर याचिका पर सुनवाई करते हुए मैजिस्ट्रेट राघव शर्मा ने सजा पर रोक लगा दी और वीके सक्सेना के वकील गजेंद्र कुमार को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है.
कोर्ट ने पाटेकर को 25 हजार रुपये के जमानत बॉन्ड और इतनी ही राशि के मुचलके पर ज़मानत ने दे दी.
मुंबई-हावड़ा मेल हादसा: दो लोगों की मौत, पांच घायल
इमेज स्रोत, ANI
झारखंड के सरायकेला-खरसावां ज़िले में मंगलवार की सुबह मुंबई-हावड़ा मेल हादसे में दो लोगों की मौत हो गई है और पांच लोग घायल हुए हैं.
रेलवे के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बीबीसी से बातचीत में इन मौतों की पुष्टि की है. घायलों में एक की स्थिति गंभीर है.
शुरुआती ख़बरों में छह लोगों के घायल होने की बात कही गई थी. हादसा बड़ाबंबू के नज़दीक तड़के पौने चार बजे हुआ. यह जगह जमशेदपुर से 80 किलोमीटर दूर है और दक्षिण पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर डिविजन के तहत आती है.
हावड़ा-मुंबई मेल एक्सप्रेस के कोच पटरी से उतरने के बाद बगल में खड़ी मालगाड़ी से टकरा गए.
जिस ट्रेन के डिब्बे पटरी से उतरे उसका नाम हावड़ा-सीएसएमटी एक्सप्रेस है.
ट्रेन का नंबर 12810 है. हादसे की वजह से कुछ ट्रेनों को दूसरे रूट पर डायवर्ट भी किया गया है.
दक्षिण पूर्व रेलवे के प्रवक्ता ओमप्रकाश चरण ने कहा- इस दुर्घटनास्थल के सामने ही एक और मालगाड़ी पटरी से उतरी है लेकिन अभी ये पता नहीं चला है कि क्या दोनों हादसे साथ-साथ हुए.
मुंबई-हावड़ा मेल हादसे के बाद कई ट्रेनें रद्द, कुछ ट्रेनें मंजिल से पहले ही रोकी गईं
इमेज स्रोत, ANI
झारखंड के सरायकेला-खरसावां ज़िले में मंगलवार की सुबह मुंबई-हावड़ा मेल हादसे के बाद कुछ ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है. वहीं कुछ ट्रेनों की आवाजाही फिलहाल रोक दी गई है.
हावड़ा-मुंबई मेल एक्सप्रेस के कोच पटरी से उतरने के बाद बगल में खड़ी मालगाड़ी से टकरा गए.
जिस ट्रेन के डिब्बे पटरी से उतरे उसका नाम हावड़ा-सीएसएमटी एक्सप्रेस है. ट्रेन का नंबर 12810 है.
हादसे की वजह से कुछ ट्रेनों को दूसरे रूट से डायवर्ट भी किया गया है.
इमेज स्रोत, INDIAN RAILWAYS
जिन ट्रेनों को रद्द किया गया है, उनमेंं 22861 हावड़ा-कांटाबाजी एक्सप्रेस, 08015/18019 खड़गपुर धनबाद एक्सप्रेस और 12021/12022 हावड़ा बारबिल एक्सप्रेस शामिल हैं.
18114 बिलासपुर टाटा एक्सप्रेस को राउरकेला में रोका गया है. 18190 एर्नाकुलम टाटा एक्सप्रेस को चक्रधरपुर और 18011 हावड़ा चक्रधरपुर एक्सप्रेस को आगरा में रोका गया है.
हादसे में घायल लोगों को चक्रधरपुर पहुंचाया गया है. वहीं बाक़ी यात्रियों को बसों के जरिये उनकी मंजिल तक पहुंचाने की कोशिश हो रही है.
इमेज स्रोत, INDIAN RAILWAYS
ब्रेकिंग न्यूज़, झारखंड में मुंबई-हावड़ा मेल के 10 डिब्बे पटरी से उतरे, छह लोग घायल
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, झारखंड में मुंबई-हावड़ा मेल के दस डिब्बे पटरी से उतर गए
झारखंड के सरायकेला-खरसावां ज़िले में मंगलवार की सुबह मुंबई-हावड़ा मेल के दस डिब्बे पटरी से उतर गए. समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़ हादसे में छह लोग घायल हुए हैं.
हादसा बड़ाबंबू के नज़दीक तड़के पौने चार बजे हुआ. यह जगह जमशेदपुर से 80 किलोमीटर दूर है और दक्षिण पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर डिविजन के तहत आती है.
दक्षिण पूर्वी रेलवे के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, ''बड़ाबंबू के नज़दीक मुंबई-हावड़ा मेल के 10 से 12 डिब्बे पटरी से उतर गए. इस हादसे में छह लोग घायल हो गए हैं. उन्हें बड़ाबंबू में मेडिकल मदद दी गई. अब उन्हें चक्रधरपुर ले जाया जा रहा है, जहां उनका और इलाज होगा.’’
रेलवे ने लोगों की मदद के लिए हेल्पलाइन भी जारी किए हैं.
तीन छात्रों की मौत के बाद दिल्ली के मुखर्जी नगर में रात भर विरोध-प्रदर्शन
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, दिल्ली के मुखर्जी नगर में प्रदर्शन करते छात्र
दिल्ली के ओल्ड राजेंद्र नगर के एक कोचिंग सेंटर में तीन छात्रों की मौत के बाद सिविल सर्विसेज की की तैयारी करने वाले छात्रों ने सोमवार को मुखर्जी नगर में विरोध प्रदर्शन किया.
दिल्ली का मुखर्जी नगर सिविल सर्विसेज की तैयारी करवाने वाले कोचिंग इंस्टीट्यूट का हब है.
मुखर्जी नगर में प्रदर्शन करने वाले छात्र देर रात तक यहां की सड़कों पर जमे रहे. छात्रों ने मुखर्जी नगर की मुख्य सड़क जाम कर दी. छात्र कोचिंग इंस्टीट्यूट दृष्टि के मालिक विकास दिव्यकीर्ति के घर के बाहर भी प्रदर्शन करते दिखे.
कोचिंग संस्थानों के ख़िलाफ़ दिल्ली नगर निगम ने भी कार्रवाई की है.
निगम ने ओल्ड राजेंद्र नगर के छह और कोचिंग संस्थानों के बेसमेंट सील कर दिए हैं. इनमें दृष्टि का सहयोगी कोचिंग संस्थान ‘विजन’ भी शामिल है.
दिल्ली के ओल्ड राजेंद्र नगर में शनिवार को राऊज आईएस स्टडी सर्किल के बेसमेंट में पानी घुसने से तीन छात्रों की मौत हो गई थी.
नमस्कार!
बीबीसी हिंदी के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है.
29 जुलाई की ख़बरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.