You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

पीएम मोदी ने बताया- चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग क्यों जाना चाहते थे गुजरात

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक पॉडकास्ट में ये कहा है कि चीन के राष्ट्रपति ने उन्हें फ़ोन कर के गुजरात आने की इच्छा जताई थी.

सारांश

  • डोनाल्ड ट्रंप को हश मनी केस में न जेल हुई, न जुर्माना लगा
  • लॉस एंजेलिस: आग से धधकते शहर में हज़ारों घरों की बिजली गुल
  • दीपिका पादुकोण ने एल एंड टी के चेयरमैन की हफ़्ते में 90 घंटे काम कराने वाली टिप्पणी पर हैरानी जताई
  • चीन में छात्र की मौत के बाद भड़की हिंसा, पुलिस ने की सख़्त कार्रवाई

लाइव कवरेज

सुमंत सिंह और अश्वनी पासवान

  1. चीन के एक शहर में छात्र की मौत के बाद भड़की हिंसा, पुलिस ने की सख़्त कार्रवाई, टेसा वॉन्ग और यी मा, बीबीसी न्यूज़

    उत्तर-पश्चिम चीन के एक शहर में एक लड़के की मौत के कारण हिंसक विरोध प्रदर्शन हुए. बीबीसी ने एक वैरिफाइड वीडियो के ज़रिए इसकी पुष्टि की है.

    सोशल मीडिया शेयर किए गए एक वीडियो में प्रदर्शनकारी पुलिस पर सामान फेंक रहे हैं. शांक्सी प्रांत के पुचेंग में अधिकारी कुछ प्रदर्शनकारियों को पीटते हुए भी नज़र आ रहे हैं.

    अधिकारियों ने बताया कि किशोर की मौत 2 जनवरी को उसके स्कूल के हॉस्टल में गिरकर हुई थी. उसकी मौत के बाद सोशल मीडिया पर आरोप लगाए लगे कि इस मामले को छिपाया गया है.

    इसके तुरंत बाद विरोध प्रदर्शन शुरू हो गए और कई दिनों तक चले. लेकिन इस सप्ताह की शुरुआत में इन्हें दबा दिया गया. बीबीसी को इसके बाद पुचेंग में विरोध प्रदर्शन का कोई और सबूत नहीं मिला है.

    चीन में सार्वजनिक प्रदर्शन असामान्य नहीं हैं, लेकिन कोविड नीतियों के ख़िलाफ़ साल 2022 के विरोध के बाद से वहां के अधिकारी विशेष रूप से संवेदनशील हो गए हैं. ख़ासकर के उन मामलों में जिसमें चीनी कम्युनिस्ट पार्टी और राष्ट्रपति शी जिनपिंग की आलोचना देखी गई है.

    पुचेंग में हुए विरोध प्रदर्शनों पर सरकारी मीडिया चुप है. चीन में सोशल मीडिया से प्रदर्शनों की किसी भी क्लिप या उल्लेख को बड़े पैमाने पर सेंसर कर दिया गया है. यहां आमतौर ऐसा होता आया है.

    लेकिन, चीन से कई वीडियो लीक हो गए हैं और एक्स पर पोस्ट किए गए हैं.

  2. ब्रिटेन के मौसम विभाग ने भारी बर्फबारी की चेतावनी जारी की, कैशेला स्मिथ और सारा कीथ-लुकस, बीबीसी न्यूज़

    ब्रिटेन के मौसम विभाग ने शुक्रवार सुबह तक के लिए देश के कई हिस्सों में बर्फ़बारी की चेतावनी दी है. इसके लिए मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है.

    मौसम विभाग ने यह चेतावनी उत्तरी आयरलैंड और वेल्स के कुछ इलाक़ों के साथ ही उत्तर-पश्चिमी और पूर्वी इंग्लैंड के पूर्वी इलाक़ों के लिए जारी की है.

    इससे पहले भी विभाग ने उत्तरी स्कॉटलैंड के कुछ इलाक़ों में बर्फबारी की चेतावनी जारी की थी.

    ब्रिटेन में कड़ाके की ठंड की वजह से कई इलाक़ों में भारी बर्फबारी हो चुकी है. इसके अलावा भारी बारिश और बर्फ पिघलने के कारण बाढ़ की भी दर्जनों चेतावनियां जारी की जा चुकी हैं.

    मौसम विभाग ने जिन क्षेत्रों के लिए चेतावनी जारी की हैं, वहां यातायात प्रभावित होने की आशंका है.

    बर्फबारी की वजह से गुरुवार को मैनचेस्टर एयरपोर्ट बंद किया गया था. हालांकि थोड़ी देर बाद इसके दो रनवे को खोल दिया गया था.

    एयरपोर्ट ने एक अपडेट जारी कर बताया है कि कुछ विमानों के आगमन और प्रस्थान में देरी हो सकती है.

  3. डोनाल्ड ट्रंप की अपील ख़ारिज, हश मनी मामले में सज़ा पर नहीं लगी रोक, केयला एपस्टाइन, न्यूयॉर्क से बीबीसी संवाददाता

    अमेरिका के सुप्रीम कोर्ट ने डोनाल्ड ट्रंप पर हश मनी मामले में शुक्रवार को होने वाली सज़ा पर रोक लगाने से इनकार कर दिया.

    नवनिर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शीर्ष अदालत से अनुरोध किया था कि क्या वो खुद पर हो रही सज़ा को रोक सकते हैं? इस पर सु्प्रीम कोर्ट के जजों ने 5-4 से फैसला सुनाते हुए ट्रंप के अनुरोध को खारिज कर दिया.

    डोनाल्ड ट्रंप ने साल 2016 में अडल्ट फ़िल्म स्टार स्टॉर्मी डेनियल्स को चुप रहने के लिए एक लाख तीस हज़ार डॉलर दिए थे. इसे छिपाने के लिए ट्रंप को रिकॉर्ड में हेराफेरी करने का दोषी पाया गया था.

    इस मामले की सुनवाई करने वाले जस्टिस जुआन मर्चन ने संकेत दिए हैं कि वो ट्रंप को जेल की सज़ा देने पर विचार नहीं करेंगे.

    सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद ट्रंप ने गुरुवार शाम को पत्रकारों से कहा कि यह मामला 'अपमानजनक' था, लेकिन सुप्रीम कोर्ट का फैसला वास्तव में यह एक 'उचित फैसला' था.

  4. लॉस एंजेलिस की आग नए इलाक़ों तक पहुंची, मौतों का आंकड़ा बढ़ा

    अमेरिका के लॉस एंजेलिस के जंगलों में लगी आग लगातार बढ़ती जा रही है. इसकी वजह से अब तक सात लोगों की मौत हो चुकी है.

    लॉस एंजेलिस की मेयर करेन बैस ने बताया कि पश्चिमी पहाड़ियों में नई आग लगी है और तेज़ हवाओं के कारण यह आग तेज़ी से फैल सकती है.

    उन्होंने लोगों से अपील की कि जगह खाली करने के लिए वो प्रशासन के आदेशों का पालन करें.

    लॉस एंजेलिस के फ़ायर डिपार्टमेंट के चीफ़ क्रिस्टन क्रोली ने बताया कि पैलिसेड्स में लगी आग से दो लोगों की मौत हुई है. उन्होंने कहा कि अभी तक आग की घटना से कितने लोगों कि मौतें हुई हैं, इसकी स्पष्ट जानकारी नहीं है.

    इससे पहले ईटन में लगी आग से पांच लोगों की मौत की जानकारी सामने आई थी.

    क्रोली ने कहा कि पैलिसेड्स की आग 19 हज़ार एकड़ से ज़्यादा इलाक़े में फैली है. इसकी वजह से 5300 से ज़्यादा घर या इमारतें नष्ट हुई हैं.

    फ़ायर डिपार्टमेंट के चीफ़ ने बताया कि वेंचुरा काउंटी में नई आग भड़की है. यहां 50 एकड़ के क्षेत्र में आग फैली हुई है. इसे बुझाने के लिए 60 से ज़्यादा फ़ायर कंपनियों को भेजा गया है.

    वेंचुरा काउंटी के अलावा केनथ में भी नई आग भड़की है, जो कि 800 एकड़ इलाक़े में फैल चुकी है.

  5. दिल्ली-एनसीआर घने कोहरे की चपेट में, विज़िबिलिटी कितनी रही?

    दिल्ली-एनसीआर में शुक्रवार सुबह घना कोहरा देखने को मिला, जिसकी वजह से विज़िबिलिटी बहुत कम रही.

    शुक्रवार की सुबह घने कोहरे की वजह से गाड़ियों की रफ़्तार धीमी रही.

    गुरुवार को जारी मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक़ आज अधिकांश स्थानों पर स्मॉग या मध्यम कोहरा देखने को मिलेगा. कुछ स्थानों पर सुबह के समय घना कोहरा छाने की संभावना है.

    मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को शाम या रात में भी स्मॉग या हल्का से मध्यम कोहरा छाए रहने की संभावना है.

    शुक्रवार को अधिकतम 20 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान छह डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा.

  6. नमस्कार!

    बीबीसी हिंदी के लाइव पेज में आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता सुमंत सिंह अब से दोपहर दो बजे तक आप तक ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं.

    इस समय बीबीसी हिंदी के पन्ने पर मौजूद कुछ बड़ी ख़बरें आप नीचे दिए लिंक्स पर क्लिक कर पढ़ सकते हैं.