सात चरणों के मतदान के बाद आ गई फैसले की घड़ी, सुबह आठ बजे से शुरू होगी मतगणना

इमेज स्रोत, ANI
लोकसभा चुनाव 2024 की छह हफ़्ते लंबी प्रक्रिया के बाद सभी की निगाहें मंगलवार को आने वाले फैसले पर हैं.
भारतीय चुनाव आयोग के मुताबिक, 543 में से 542 लोकसभा सीटों के लिए मतगणना मंगलवार की सुबह आठ बजे शुरू होगी.
गुजरात की सूरत लोकसभा सीट से बीजेपी के मुकेश दलाल को पहले ही निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिया गया है, इस सीट पर कांग्रेस उम्मीदवार का पर्चा रद्द होने के बाद बाकी निर्दलीय उम्मीदवारों ने अपना नाम वापस ले लिया था.
नियम के अनुसार, सबसे पहले पोस्टल मतपत्रों की गिनती शुरू होगी और उसके आधे घंटे बाद ईवीएम में पड़े मतों को गिना जाएगा.
अगर किसी केंद्र पर बैलट पेपर नहीं हैं तो सीधे ईवीएम के मतों की गिनती शुरू होगी.
मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने सोमवार को एक प्रेस कांफ्रेंस में कहा कि 19 अप्रैल से एक जून तक चले सात चरणों के मतदान के दौरान देश में 96.8 करोड़ पंजीकृत मतदाताओं में से 64.2 करोड़ मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया.
इनमें महिला वोटरों की संख्या 31.2 करोड़ है. औसतन कुल 58.58 प्रतिशत वोटिंग हुई.
राजीव कुमार ने कहा कि इस पूरी प्रक्रिया में 1.5 करोड़ चुनावी कर्मी और सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए थे और 68,000 निगरानी टीमें बनाई गई थीं.

इमेज स्रोत, ANI
फॉर्म 17 सी पर क्या है आयोग का रुख़?
विपक्षी दलों ने चुनाव आयोग से अपील की है कि वह पोस्टल बैलेट की गिनती पहले करे, लेकिन चुनाव आयोग ने कहा कि महज कुछ अफवाहों के चलते चुनावी प्रक्रिया के बीच नियम नहीं बदले जा सकते.
विपक्ष की मांग थी कि 2019 से पहले के नियमों की तरह ही पहले पोस्टल मतपत्रों की गिनती शुरू की जाए.
मुख्य चुनाव आयुक्त ने कहा, "मतगणना प्रक्रिया पूरी तरह सही है. काउंटिंग टेबल पर 30 से 35 लाख पोलिंग एजेंट मौजूद रहेंगे. 30 से 35 लाख फॉर्म 17 सी होंगे. इसलिए मतगणना प्रक्रिया 70-80 लाख लोगों के बीच होगी. इस काम को सटीकता के साथ अंजाम दिया जाता है."
फ़ॉर्म 17 सी में बूथ पर ईवीएम सीरियल नंबर, वोटों की संख्या, मतदाताओं की संख्या आदि अन्य जानकारियां होती हैं.





















