You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

सऊदी अरब को मिली 2034 फ़ीफ़ा फुटबॉल वर्ल्ड कप की मेज़बानी

सऊदी अरब साल 2034 में होने वाले फ़ीफ़ा फ़ुटबॉल वर्ल्ड कप की मेज़बानी करेगा.

सारांश

  • सऊदी अरब साल 2034 में होने वाले फ़ीफ़ा फ़ुटबॉल वर्ल्ड कप की मेज़बानी करेगा
  • तीसरे वनडे में ऑस्ट्रेलिया ने भारत को 83 रन से हराया, सिरीज़ में भी किया क्लीनस्वीप
  • बेंगलुरु के एक एआई इंजीनियर अतुल सुभाष की आत्महत्या के मामले में पुलिस ने चार लोगों के ख़िलाफ़ मामला दर्ज कर लिया है
  • महाराष्ट्र के परभणी में संविधान के कथित अपमान की कोशिश के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति है
  • ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्लाह अली ख़ामेनेई ने अमेरिका और इसराइल पर सीरिया की असद सरकार को गिराने का आरोप लगाया है
  • अमेरिका ने कहा है कि वह चाहता है कि भारत और बांग्लादेश आपसी मतभेदों को शांतिपूर्वक तरीके से सुलझाएं
  • जगदीप धनखड़ के ख़िलाफ़ अविश्वास प्रस्ताव पर राज्यसभा में हंगामा
  • केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने कहा- 2035 तक भारत का खुद का स्पेस स्टेशन होगा

लाइव कवरेज

सुमंत सिंह और अभिषेक पोद्दार

  1. भारत और बांग्लादेश के बीच जारी मतभेदों पर बोला अमेरिका

    अमेरिका ने कहा है कि वह चाहता है कि भारत और बांग्लादेश आपसी मतभेदों को शांतिपूर्वक तरीके से सुलझाएं.

    अमेरिकी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता मैथ्यू मिलर ने अपनी रोज़ाना होने वाली प्रेस वार्ता में ये बात कही.

    भारतीय विदेश सचिव विक्रम मिस्री के बांग्लादेश दौरे से जुड़े सवाल पर मिलर ने कहा, "हम सभी पक्षों को उनके मतभेदों को शांतिपूर्वक सुलझाते हुए देखना चाहते हैं."

    सोमवार को भारत के विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने बांग्लादेश के अंतरिम सरकार के प्रमुख सलाहकार मोहम्मद यूनुस, विदेश मामलों के सलाहकार तौहीद हुसैन और विदेश सचिव मोहम्मद जशीम उद्दीन से मुलाक़ात की.

    इस मुलाक़ात के बाद दोनों ही देशों के विदेश मंत्रालयों की ओर से बयान जारी किए गए, लेकिन दोनों बयानों में काफ़ी अंतर दिखा.

    बांग्लादेश के विदेश सचिव ने परोक्ष रूप से भारत को उनके आंतरिक मामलों में टिप्पणी करने से परहेज करने की नसीहत दी.

    वहीं विक्रम मिस्री ने पत्रकारों से कहा कि भारत ने बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के साथ काम करने की इच्छा जताई और साथ ही अल्पसंख्यकों की सुरक्षा और हाल ही में हुए हमलों को लेकर भारत की चिंता से अवगत कराया.

    इस साल पांच अगस्त को बांग्लादेश में शेख़ हसीना सरकार के पतन के बाद दोनों देशों के रिश्तों में आई तल्ख़ी अभी तक बनी हुई है.

  2. केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने बताया भारत के पास कब होगा खुद का स्पेस स्टेशन

    केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने कहा है कि साल 2035 तक भारत का खुद का स्पेस स्टेशन होगा और 2040 तक किसी भारतीय को चंद्रमा पर लैंड कराया जाएगा.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, बुधवार को केंद्रीय विज्ञान और तकनीकी मंत्री जितेंद्र सिंह मंत्रालयों के विभिन्न विभागों की ब्रीफिंग दे रहे थे. इसी दौरान उन्होंने यह जानकारी दी.

    जितेंद्र सिंह ने कहा, "पिछले दस सालों में स्पेस सेक्टर में क्रांतिकारी बदलाव आया है. जब प्रधानमंत्री ने चार साल पहले स्पेस सेक्टर को प्राइवेट सेक्टर के लिए खोला, वो एक टर्निंग प्वाइंट था."

    उन्होंने कहा, "अब हम ऐसी स्थिति में हैं कि अंतरिक्ष समेत कई बड़े सेक्टरों में अगुवाई कर सकें."

    जितेंद्र सिंह ने कहा, "हमारे पास साल 2035 तक खुद का स्पेस स्टेशन होगा, जिसे भारत अंतरिक्ष स्टेशन के रूप में जाना जाएगा. और 2040 तक हम शायद किसी भारतीय को चंद्रमा की सतह पर उतार सकेंगे."

    आने वाले समय में अंतरराष्ट्रीय स्पेस स्टेशन को बंद कर दिया जाएगा, जिसकी वजह से दुनिया भर के देश खुद का स्पेस स्टेशन बनाने में लगे हुए हैं.

    भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संस्थान (इसरो) वर्तमान में कई मिशनों पर काम कर रहा है. इनमें सूरज की रिसर्च के लिए आदित्य एल-1, चंद्रमा के लिए चंद्रयान और अंतरिक्ष के लिए गगनयान जैसे मिशन शामिल हैं.

  3. सीरियाई विद्रोहियों ने कहा- कच्चे तेल के भंडार वाले पूर्वी शहर पर कब्ज़ा किया

    सीरियाई विद्रोहियों का कहना है कि उन्होंने देश के कच्चे तेल के भंडार वाले पूर्वी शहर दियार अल-ज़ोर को अपने नियंत्रण में ले लिया है.

    बशर अल-असद को सत्ता से उखाड़ने के बाद विद्रोही बल अब देश के संसाधनों पर कब्ज़ा करने की कोशिश में है.

    विद्रोही बलों के प्रमुख इस्लामी संगठन हयात तहरीर अल-शाम (एचटीएस) के सीनियर कमांडर हसन अब्दुल-गनी ने कहा कि लड़ाकों ने इस शहर और उसके सैन्य हवाई अड्डे को आज़ाद करवा लिया है.

    एक बयान में विद्रोहियों ने कहा, "हमारे बलों ने पूरे दियार अल-ज़ोर शहर पर कब्ज़ा कर लिया है."

    दुनिया भर में जारी जंगों पर नज़र रखने वाला यूके स्थित संस्थान सीरियन ऑब्ज़र्वेटरी फ़ॉर ह्यूमन राइट्स (एसओएचआर) का कहना है कि पहले कुर्द बलों का इस शहर पर कब्ज़ा था लेकिन अब ये बल पीछे हट गए हैं.

    इसी सप्ताह पूर्व राष्ट्रपति बशर अल-असद की सेना के पीछे हटने के बाद कुर्द बलों ने इस शहर पर नियंत्रण कर लिया था.

  4. ऑस्ट्रेलिया के ख़िलाफ़ ओडीआई मैच के बीच भारतीय महिला क्रिकेटर अरुंधति रेड्डी क्यों कर रही हैं ट्रेंड?

    ऑस्ट्रेलिया के ख़िलाफ पर्थ के मैदान पर हो रहे तीसरे एकदिवसीय मुकाबले में भारतीय महिला क्रिकेट टीम की ओर से गेंदबाज़ी में अरुंधति रेड्डी ने शानदार प्रदर्शन दिखाया है.

    ऑस्ट्रेलिया की टीम पहले बल्लेबाज़ी कर रही है. अरुंधति रेड्डी अभी तक चार विकेट ले चुकी हैं. उन्होंने आठ ओवर डाले हैं, जिनमें केवल 18 रन दिए हैं और दो मेडन ओवर रहे हैं. अरुंधति रेड्डी इस प्रदर्शन के कारण सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर ट्रेंड कर रही हैं.

    आईसीसी वीमेंस चैम्पियनशिप के सिरीज़ के इस मैच में भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाज़ी चुनी है.

    वहीं ऑस्ट्रेलिया की ओर से एनाबेल सदरलैंड ने अब तक सबसे अधिक 27 रन बना लिए हैं और वह फिलहाल ऐशलेह गार्डनर के साथ क्रीज़ पर हैं.

    फिलहाल 25 ओवर से अधिक का मैच पूरा हो गया है. ऑस्ट्रेलिया की टीम 4.66 की औसत से रन बना रही है.

    हालांकि, ऑस्ट्रेलियाई टीम तीन मैचों की इस सिरीज़ में 2-0 से आगे चल रही है.

  5. जगदीप धनखड़ के ख़िलाफ़ अविश्वास प्रस्ताव पर राज्यसभा में हंगामा

    बुधवार को संसद की कार्यवाही फिर हंगामे के साथ शुरू हुई. राज्यसभा में सभापति जगदीप धनखड़ के ख़िलाफ़ विपक्ष के अविश्वास प्रस्ताव के मुद्दे पर हंगामा हुआ.

    इसके बाद सभापति जगदीप धनखड़ ने राज्यसभा की कार्यवाही स्थगित कर दी.

    सुबह 11 बजे राज्यसभा की कार्यवाही प्रश्नकाल के साथ शुरू हुई. कार्यवाही के पांच मिनट बाद जगदीप धनखड़ के एक बयान के बाद हंगामा शुरू हो गया.

    जगदीप धनखड़ ने कहा, "नियम 267 के तहत मुझे पांच नोटिस मिले हैं."

    संसद की कार्यवाही के लिए बने नियमों के मुताबिक़ नियम 267 के तहत स्थगन प्रस्ताव पेश किया जाता है. यह प्रस्ताव किसी ज़रूरी मुद्दे पर चर्चा के लिए लाया जाता है.

    हंगामे के वक्त केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा, "भारतीय लोकतंत्र में 72 साल बाद किसान के बेटे ने उपराष्ट्रपति के पद पर पहुंचकर देश की सेवा करने का काम किया है."

    उन्होंने कहा, "इस राज्यसभा के सभापति के तौर पर जिस तरह से उपराष्ट्रपति ने सदन की गरिमा को बनाए रखा है, उसे पूरा देश देख रहा है. हम शुरू से देख रहे हैं कि विपक्ष के लोग ना तो लोकतंत्र को मानते हैं और ना ही चेयर की गरिमा रखते हैं."

    रिजिजू ने कहा, "आप लोग अगर चेयर को इज्जत नहीं दे सकते हैं तो इस सदन के सदस्य होने के लायक नहीं है. हम शपथ लेकर आए हैं, उपराष्ट्रपति के पद की गरिमा पर अगर आप लोग हमला करेंगे तो हम बिल्कुल बचाव करेंगे."

    "आप भारत को नुकसान पहुंचाने वालों के साथ खड़े रहते हो और फिर चेयरमैन साहब (सभापति) को नोटिस देते हो. इसे हम कामयाब नहीं होने देंगे."

    किरेन रिजिजू के बोलने के बाद जेडीएस के सांसद एचडी देवगौड़ा ने कहा, "विपक्ष अविश्वास प्रस्ताव पर बात करना चाहता है."

    कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी ने कहा, "इधर (विपक्ष) बैठे सभी लोग संविधान के प्रति निष्ठा रखते हैं. ये आंबेडकर का संविधान बदलना चाहते हैं."

  6. सीरिया की अंतरिम सरकार में प्रधानमंत्री मोहम्मद अल-बशीर ने देश के लोगों से क्या कहा?, डेविड ग्रिटन, बीबीसी न्यूज़

    सीरिया की नई अंतरिम सरकार के प्रधानमंत्री मोहम्मद अल-बशीर ने कहा है कि यह लोगों के लिए 'स्थिरता और शांति का आनंद' लेने का समय है.

    मोहम्मद अल-बशीर, उत्तर-पश्चिम में विद्रोही प्रशासन के पूर्व प्रमुख हैं. उन्होंने अल-जज़ीरा से बात की.

    बशीर ने राजधानी दमिश्क में मंगलवार को मंत्रियों के साथ एक बैठक की. इस बैठक में मौजूदा अंतरिम सरकार के मंत्रियों के साथ ही पूर्व राष्ट्रपति बशर अल-असद की सरकार के मंत्री भी शामिल थे.

    बैठक में विभागों और संस्थानों के हस्तांतरण पर चर्चा हुई.

    सीरिया के तत्कालीन राष्ट्रपति बशर अल-असद की सरकार के ख़िलाफ़ बीते दिनों हयात तहरीर अल-शाम (एचटीएस) के नेतृत्व में विद्रोह हुआ, जिसके बाद बशर अल-असद को देश छोड़कर रूस भागना पड़ा.

    इस नाटकीय घटनाक्रम के बाद सीरिया में एचटीएस और उसके सहयोगियों को मार्च 2025 तक के लिए सत्ता की ज़िम्मेदारी सौंपी गई है.

  7. केजरीवाल फिर बोले- 'दिल्ली में कांग्रेस के साथ नहीं होगा गठबंधन'

    आम आदमी पार्टी के मुखिया अरविंद केजरीवाल ने एक बार फिर दोहराया है कि आगामी दिल्ली विधानसभा चुनाव में उनकी पार्टी अकेले चुनाव लड़ेगी.

    केजरीवाल ने एक्स पर एक रिपोस्ट कर लिखा, "आम आदमी पार्टी दिल्ली के आगामी चुनाव में अपने दम पर लड़ेगी. कांग्रेस के साथ गठबंधन की कोई संभावना नहीं है."

    दरअसल, समाचार एजेंसी एएनआई ने सूत्रों के हवाले से ख़बर चलाई, "दिल्ली में कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के बीच गठबंधन के लिए आख़िरी दौर की बात चल रही है."

    एएनआई ने लिखा, "15 सीट कांग्रेस को और एक से दो सीट इंडिया गठबंधन की अन्य पार्टियों को दी जाएंगी. बाकी बची सीट पर आम आदमी पार्टी चुनाव लड़ेगी."

    एएनआई के इस पोस्ट पर रिपोस्ट करते हुए केजरीवाल ने गठबंधन की अटकलों पर विराम लगा दिया है.

    इससे पहले भी केजरीवाल पार्टी मुख्यालय में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में यह कह चुके हैं कि दिल्ली में कोई गठबंधन नहीं होगा.

  8. दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति कार्यालय में पुलिस की रेड

    दक्षिण कोरिया की पुलिस ने बुधवार को राष्ट्रपति यून सुक-योल के कार्यालय और पुलिस मुख्यालय में रेड मारी है. दक्षिण कोरिया की योनहाप न्यूज़ एजेंसी ने यह जानकारी दी है.

    पुलिस ने बताया कि सियोल मेट्रोपोलिटन पुलिस और नेशनल असेंबली पुलिस गार्ड के दफ़्तरों में भी रेड मारी गई है.

    पुलिस की ये कार्रवाई जांच का एक हिस्सा है, जो कि राष्ट्रपति यून सुक-योल के मार्शल लॉ लगाने के बाद हो रही है.

    योनहाप की रिपोर्ट के मुताबिक़, रेड के वक़्त राष्ट्रपति यून अपने कार्यालय में नहीं थे.

    पिछले हफ़्ते मंगलवार और बुधवार के बीच दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति यून सुक-योल ने देश में मार्शल लॉ लागू कर दिया था.

    हालांकि, भारी विरोध के बाद उन्होंने छह घंटों के भीतर ही अपना फैसला वापिस ले लिया था. यून के इस कदम के बाद दक्षिण कोरिया में उनका काफी विरोध हो रहा है और उनपर जांच चल रही है.

  9. अमेरिका ने रूस की जब्त संपत्ति में से यूक्रेन को 20 अरब डॉलर दिए, माएया डेविस, बीबीसी न्यूज़

    अमेरिका ने यूक्रेन को 20 अरब डॉलर का फंड दिया है. इस फंड को अमेरिका ने रूस की ज़ब्त की गई संपत्ति से लिया है.

    यह आर्थिक मदद 50 अरब डॉलर पैकेज का एक हिस्सा है, जिसकी घोषणा जी 7 समूह के सदस्य देशों ने जून में की थी.

    अमेरिका की ट्रेज़री सेक्रेटरी जेनेट येलेन ने कहा कि ज़ब्त संपत्तियों से आर्थिक मदद का मतलब है कि "रूस को अपने अवैध युद्ध की कीमत चुकानी होगी."

    उन्होंने मंगलवार को कहा कि अमेरिका ने 20 अरब डॉलर की धनराशि विश्व बैंक के फंड में जमा करवाई है जहां से यूक्रेन को ये फंड मिलेगा.

    अमेरिका ने यूक्रेन को यह मदद ऐसे समय पर की है जब नवनिर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कुछ हफ़्ते पहले ही कहा है कि वो कार्यभार संभालते ही रूस-यूक्रेन युद्ध को जल्द से जल्द समाप्त करना चाहते हैं.

    ट्रंप ने यूक्रेन को दी जाने वाली सहायता को 'अमेरिकी संसाधनों पर बोझ' बताया था. ट्रंप के इस बयान के बाद यह संदेह पैदा हो गया कि नए राष्ट्रपति के प्रशासन में भी क्या यूक्रेन को आर्थिक सहायता दी जाएगी.

  10. भारत ने सीरिया से 75 नागरिकों को सुरक्षित निकाला

    भारतीय विदेश मंत्रालय ने एक बयान जारी कर बताया है कि भारत ने अपने 75 नागरिकों को सीरिया से सुरक्षित बाहर निकाला है.

    इन 75 लोगों में जम्मू और कश्मीर के 44 ज़ायरीन भी शामिल हैं, जो साइबा ज़ैनाब में फंसे थे.

    विदेश मंत्रालय ने बताया, "सभी भारतीयों को सुरक्षित लेबनान पहुंचाया गया है, जहां से वे कॉमर्शियल फ्लाइट्स के ज़रिए भारत आएंगे."

    "इस अभियान को दमिश्क और बेरूत स्थित भारतीय दूतावासों ने भारतीय नागरिकों के अनुरोध और सुरक्षा को लेकर भारत सरकार के आकलन के बाद शुरू किया."

    विदेश मंत्रालय ने सीरिया में रह रहे सभी भारतीयों को दमिश्क स्थित भारतीय दूतावास के संपर्क में रहने को कहा है. साथ ही विदेश मंत्रालय ने इमरजेंसी हेल्पलाइन नंबर (+963 993385973) और ईमेल (hoc.damascus@mea.gov.in) भी जारी किया है.

    बीते हफ़्ते सीरिया की तत्कालीन असद सरकार के ख़िलाफ़ विद्रोह हुआ, जिसके बाद बशर अल-असद को सीरिया छोड़कर रूस भागना पड़ा.

    सीरिया में वर्तमान में विद्रोही गुटों का कब्ज़ा है. वहां की स्थिति को देखते हुए भारत सरकार ने यह अभियान चलाया.

  11. इसराइल ने सीरिया के नौसैनिक बेड़े पर हमला किया, जैकलीन हॉवर्ड, बीबीसी न्यूज़

    इसराइल ने पुष्टि की है कि उसने सीरिया के नौसैनिक बेड़े पर हमला किया है.

    इसराइल का कहना है कि असद सरकार के जाने के बाद वह ये हमले सीरिया की सैन्य ताकत को 'निष्प्रभावी बनाने के लिए' कर रहा है.

    इसराइली सेना ने एक बयान में कहा कि उसके जहाजों ने सोमवार रात को अल-बायदा और लताकिया बंदरगाहों पर हमला किया, जहां 15 जहाज खड़े थे.

    बीबीसी ने लताकिया के बंदरगाह में हुए विस्फोट के वीडियो वैरिफाई किए हैं. वीडियो में देखा गया कि जहाजों और बंदरगाह के कुछ हिस्सों को भारी नुकसान पहुंचा.

    इसराइली सेना ने ये भी कहा कि उसके लड़ाकू विमानों ने सीरिया में 350 से ज़्यादा ठिकानों पर हमले किए.

    इससे पहले ब्रिटेन स्थित सीरियन ऑब्सर्वेटरी फॉर ह्यूमन राइट्स (एसओएचआर) ने कहा कि जब से असद सरकार को विद्रोहियों ने सत्ता से बेदख़ल किया, तब से सीरिया पर इसराइल ने 310 से अधिक हवाई हमले किए.

    इसराइली रक्षा मंत्री इसराइल कात्ज़ ने कहा है, "आईडीएफ का टारगेट इसराइल के लिए ख़तरा पैदा करने वाली रणनीतिक क्षमताओं को ख़त्म करना था."

    पिछले हफ़्ते एक नाटकीय घटनाक्रम में सीरिया के तत्कालीन राष्ट्रपति बशर अल-असद सीरिया छोड़कर रूस चले गए थे, जिसके बाद विद्रोहियों ने राजधानी दमिश्क पर कब्ज़ा कर लिया.

  12. नमस्कार!

    बीबीसी हिंदी के लाइव पेज में आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता सुमंत सिंह अब से दोपहर दो बजे तक आप तक ख़बरें पहुंचाउंगा.

    कल के लाइव पेज में जाने के लिए यहां क्लिक करें.

    इस वक़्त बीबीसी हिंदी के पन्ने पर मौजूद कुछ बड़ी ख़बरें आप पढ़ सकते हैं.

    - लालू यादव इंडिया गठबंधन का नेतृत्व ममता बनर्जी को देने के पक्ष में क्यों? इस ख़बर को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    - सीरिया में असद के पतन और इसराइली हमले पर क्या कह रहे हैं अरब देश. इस ख़बर को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    - सीरियाः असद के सत्ता से बेदख़ल होने के बाद अमेरिका की असल चिंता क्या है? इस ख़बर को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    - भारत-बांग्लादेश बैठक: अल्पसंख्यकों की सुरक्षा के मुद्दे पर बांग्लादेश के तेवरों की क्यों है चर्चा? इस ख़बर को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    - सीरिया: जब 'क़साईख़ाना' बताई जा रही जेल पहुँची बीबीसी की टीम, क्या-क्या दिखा? इस रिपोर्ट को देखने के लिए यहां क्लिक करें.