ईरान में गिरे एफ़-15 के क्रू के रेस्क्यू के लिए अमेरिकी सेना चला रही अभियान
ईरान में लापता अमेरिकी लड़ाकू विमान के पायलटों की तलाश में अमेरिका तेज़ी से जुटा है.
अमेरिकी एयर फ़ोर्स के एक पूर्व पैरा-रेस्क्यू जंपर्स कमांडर के मुताबिक़, इस काम के लिए विशेष कॉम्बैट सर्च एंड रेस्क्यू यूनिट्स ब्लैकहॉक हेलिकॉप्टरों के ज़रिए इलाक़े की तलाश कर रही होंगी.
बीबीसी के अमेरिकी साझेदार सीबीएस न्यूज़ से बातचीत में पूर्व कमांडर ने कहा कि अगर रेस्क्यू ऐसे इलाक़े में हो, जहां हेलिकॉप्टर पहुंच नहीं सकता, तो एसी-130 गनशिप से स्क्वाड्रन के जवान कूदकर ज़मीन पर उतरेंगे और पैदल ही रेस्क्यू ऑपरेशन जारी रखेंगे.
ज़मीन पर पहुंचने के बाद, पैरा-रेस्क्यू जंपर्स का मक़सद लापता पायलटों से संपर्क करना, ज़रूरत पड़ने पर चिकित्सा मदद देना, दुश्मन से बचना या उसका सामना करना और फिर ऐसी जगह तक पहुंचना होता है, जहां से उन्हें सुरक्षित निकाला जा सके.
कमांडर का कहना है कि रेस्क्यू टीम के काम को 'डरावना और बेहद ख़तरनाक' कहना भी कम होगा. उन्होंने यह भी कहा कि इन पैरा-रेस्क्यू कर्मियों को 'एयर फ़ोर्स का स्विस आर्मी नाइफ़' कहा जाता है.