You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

'पीठ में छुरा घोंपा', विजय की पार्टी को कांग्रेस के समर्थन पर डीएमके ने और क्या कहा?

तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में बड़े उलटफेर के बाद अभिनेता से नेता बने विजय ने राज्यपाल से मिलकर सरकार बनाने का दावा पेश किया है.

सारांश

लाइव कवरेज

दीपक मंडल, चंदन कुमार जजवाड़े

  1. ईरान के विदेश मंत्री अराग़ची चीन पहुंचे, क्या है एजेंडा

    ईरानी समाचार एजेंसियों तसनीम और फ़ार्स के मुताबिक़ विदेश मंत्री अब्बास अराग़ची बुधवार सुबह एक राजनयिक प्रतिनिधिमंडल के साथ चीन की राजधानी बीजिंग पहुंचे.

    अराग़ची चीन के विदेश मंत्री से बात करेंगे.

    ईरानी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक़, इस दौरे के मकसद दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय संबंधों और क्षेत्रीय और वैश्विक स्थिति में हो रहे घटनाक्रमों पर चर्चा करना है.

    एसोसिएटेड प्रेस के मुताबिक़, अमेरिका और इसराइल की ओर से ईरान के ख़िलाफ़ युद्ध शुरू होने के बाद से ईरानी विदेश मंत्री की चीन की यह पहली यात्रा है.

    चीन ईरान का सबसे प्रमुख व्यापारिक साझेदार और ईरानी तेल का एक बड़ा खरीदार है. उसने ईरान पर अमेरिकी प्रतिबंधों के बावजूद ईरानी तेल खरीदना जारी रखा है.

    अराग़ची की यह यात्रा ऐसे महत्वपूर्ण समय पर हो रही है जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप 14 और 15 मई को चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग से मुलाकात करने के लिए चीन की यात्रा करने वाले हैं.

    अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने चीन से आग्रह किया है कि वह अराग़ची पर दबाव डाले ताकि ईरान होर्मुज़ स्ट्रेट पर अपना नियंत्रण समाप्त कर दे.

    मंगलवार को पत्रकारों से बात करते हुए मार्को रूबियो ने कहा, ‘’मुझे उम्मीद है कि चीनी इराक़ से वही कहेंगे जो कहा जाना चाहिए. वह यह है कि आप होर्मुज़ स्ट्रेट में जो कर रहे हैं वह आपको अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अलग-थलग कर रहा है.''

  2. ओहायो के गवर्नर पद के लिए ट्रंप समर्थक विवेक रामास्वामी होंगे रिपब्लिकन पार्टी के उम्मीदवार

    विवेक रामास्वामी ने मंगलवार को ओहायो के गवर्नर पद के लिए रिपब्लिकन पार्टी का नामांकन हासिल कर लिया.

    डोनाल्ड ट्रंप के पक्के समर्थक माने जाने वाले रामास्वामी रस्ट बेल्ट (औद्योगिक क्षेत्र ) प्रांत में चुनाव लड़ने की राह पर आगे बढ़ गए हैं.

    अमेरिकी मीडिया की रिपोर्टों के मुताबिक़ अनौपचारिक नतीजों के मुताबिक़ उन्होंने कार डिजाइनर केसी पुच को हराकर आम चुनाव में जगह बनाई है.

    रामास्वामी हेल्थ-टेक्नोलॉजी एंटरप्रेन्योर हैं. वो 2024 में राष्ट्रपति पद के लिए ट्रंप के ख़िलाफ़ प्राइमरी में हार गए थे.

    लेकिन इससे उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली. इसके बाद उन्होंने ट्रंप का समर्थन कर दिया था.

    ओहायो प्राइमरी में, भले ही वह रिपब्लिकन उम्मीदवारों के ख़िलाफ़ चुनाव लड़ रहे थे, लेकिन उनका ध्यान डेमोक्रेटिक उम्मीदवार एमी एक्टन पर केंद्रित रहा, जो राज्य की पूर्व सार्वजनिक स्वास्थ्य निदेशक हैं. वो अपनी पार्टी के नामांकन के लिए निर्विरोध चुनी गईं.

    ओहायो के मौजूदा गवर्नर माइक डीवाइन दोबारा चुनाव नहीं लड़ सकते क्योंकि यहां गवर्नर का कार्यकाल सीमित है.

  3. योगी आदित्यनाथ ने पश्चिम बंगाल में बीजेपी की जीत के बाद टीएमसी के बारे में क्या बोला

    उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में बीजेपी की जीत पर प्रतिक्रिया दी है.

    गोरखपुर में योगी आदित्यनाथ ने एक कार्यक्रम में कहा, ''जब एक अच्छी सरकार सत्ता में होती है, तो अच्छे परिणाम मिलते हैं. देखिए, बंगाल की जनता ने टीएमसी को किस तरह करारा जवाब दिया और उन्हें जड़ से उखाड़ फेंका. जो लोग जनता की अनदेखी करते हैं, विकास के लिए आए धन की लूट करते हैं, गुंडों को संरक्षण देते हैं और भारत की धरती पर सनातन का अपमान करते हैं, उन्हें बाहर कर दिया जाएगा.''

    उन्होंने कहा, ''मैं बंगाल की जनता का धन्यवाद करता हूं कि उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व पर विश्वास जताया. अब बंगाल ‘सोनार बांग्ला’ बनेगा. मैं वहां के विजयी उम्मीदवारों को बधाई देता हूं.''

    पश्चिम बंगाल में टीएमसी पिछले 15 साल से सत्ता में थी. लेकिन इस बार के विधानसभा चुनाव में उसे करारी हार का सामना करना पड़ा है.

    चुनाव आयोग के आंकड़ों के मुताबिक, पश्चिम बंगाल में बीजेपी ने 293 सीटों में से 207 सीटें जीत ली हैं. वहीं तृणमूल कांग्रेस ने 80 सीटें जीती हैं. कांग्रेस ने 2 सीटें जीती हैं.

  4. कांग्रेस ने तमिलनाडु में टीवीके को समर्थन देने के संकेत दिए

    कांग्रेस ने तमिलनाडु में एक्टर विजय की पार्टी टीवीके को समर्थन देने के संकेत दिए हैं.

    कांग्रेस के महासचिव के सी वेणुगोपाल ने कहा है टीवीके के प्रमुख विजय ने सरकार बनाने के लिए कांग्रेस से समर्थन मांगा है.

    वेणुगोपाल ने कहा, ''कांग्रेस का यह साफ़ मानना है कि तमिलनाडु में जनादेश एक धर्मनिरपेक्ष सरकार के पक्ष में है, जो संविधान की भावना और शब्दों दोनों की रक्षा करने के लिए प्रतिबद्ध हो.''

    उन्होंने कहा, ''कांग्रेस ये सुनिश्चित करना चाहती है कि भाजपा और उसके सहयोगी किसी भी रूप में तमिलनाडु की सरकार न चला सकें. थिरु विजय ने भी कामराज से प्रेरणा लेने की बात कही है.''

    वेणुगोपाल के मुताबिक़, ''कांग्रेस नेतृत्व ने तमिलनाडु कांग्रेस कमेटी को निर्देश दिया है कि वे चुनावी जनादेश में झलक रही राज्य की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए थिरु विजय के अनुरोध पर अंतिम निर्णय ले.''

    टीवीके ने तमिलनाडु की 234 सीटों में से 108 सीटें जीती हैं. जबकि सरकार बनाने के लिए 118 सीटों की जरूरत है. कांग्रेस ने तमिलनाडु में पांच सीटें जीती हैं.

  5. नमस्कार!

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता दीपक मंडल अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    हमारे पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

    शुभेंदु अधिकारी बनेंगे पश्चिम बंगाल के सीएम या बीजेपी किसी और चेहरे पर खेलेगी दांव?