इसराइल ने वेस्ट बैंक में छेड़ा बड़ा सैन्य अभियान, कम से कम नौ फ़लस्तीनियों की हुई मौत

इसराइल के कब्ज़े वाले वेस्ट बेंक के उत्तरी हिस्से में मंगलवार देर रात इसराइली सुरक्षाबलों ने सैन्य अभियान शुरू किया जिसमें कई फ़लस्तीनियों की मौत हो गई है.

सारांश

  • कोलकाता में प्रदर्शन पर ममता बोलीं- 'ये बांग्लादेश नहीं है, मोदी की कुर्सी हिलाकर रख देंगे'
  • ममता का एलान, बलात्कारियों को मौत की सजा के लिए पश्चिम बंगाल सरकार लाएगी बिल
  • यूपी में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसरों को मिलेंगे आठ लाख रुपये, कांग्रेस बोली- सोशल मीडिया पर क़ब्जे़ की कोशिश
  • गुजरात में भारी बारिश से तबाही में 16 लोगों की मौत, हज़ारों लोग हुए विस्थापित
  • ज़हीर ख़ान बने आईपीएल फ्रेंचाइजी लखनऊ सुपर जायंट्स के मेंटॉर
  • ईयू से रिश्ते सुधारने की कोशिश में ब्रिटेन, पीएम स्टार्मर जर्मनी के चांसलर ओलाफ़ शॉल्त्स से मिले

लाइव कवरेज

संदीप राय और दीपक मंडल

  1. जय शाह ने टेस्ट और महिला क्रिकेट को प्राथमिकता देने की कही बात

    जय शाह

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (आईसीसी) के नए अध्यक्ष जय शाह ने अपनी नई भूमिका में टेस्ट क्रिकेट और महिला क्रिकेट को प्राथमिकता देने की बात कही है.

    हालांकि, उसके लिए सबसे बड़ी चुनौती टेस्ट क्रिकेट की निरंतर सफलता सुनिश्चित करना और आईसीसी विश्व टेस्ट चैंपियनशिप को पहले दो टूर्नामेंटों की तरह ही समय से पूरा करना होगा.

    इसके अलावा टी20 क्रिकेट की लोकप्रियता और रोमांच की वजह से दुनियाभर के खिलाड़ियों का घरेलू टूर्नामेंटों की तरफ आकर्षण भी चुनौती होगी.

    शाह ने कहा, "टी-20 एक रोमांचक प्रारूप है, यह भी उतना ही महत्वपूर्ण है कि टेस्ट क्रिकेट सभी के लिए प्राथमिकता बना रहे क्योंकि यह हमारे खेल का आधार है."

    उन्होंने कहा, "हमें यह सुनिश्चित करना होगा कि क्रिकेटरों को टेस्ट क्रिकेट की ओर आकर्षित किया जाए और हमारे प्रयास इसी लक्ष्य की ओर केंद्रित होंगे."

    "हमें महिला क्रिकेट और दिव्यांग क्रिकेट पर ज्यादा ध्यान देकर और अधिक संसाधन उपलब्ध कराकर आईसीसी के मिशन को आगे बढ़ाना चाहिए."

    जय शाह आईसीसी के नए अध्यक्ष के रूप में मंगलवार को निर्विरोध चुने गए थे.

    35 वर्षीय शाह आईसीसी के वर्तमान अध्यक्ष ग्रेग बार्कले की जगह 1 दिसंबर से पदभार संभालेंगे.

    जय शाह की ये होंगी प्राथमिकताएं

    1. टेस्ट क्रिकेट को प्राथमिकता देना और खिलाड़ियों को टेस्ट क्रिकेट की ओर आकर्षित करना.

    2. महिला क्रिकेट को बढ़ावा देना और महिला खिलाड़ियों के लिए सारे संसाधन उपलब्ध कराना.

    3. दिव्यांग क्रिकेट के लिए पर्याप्त संसाधन उपलब्ध कराना.

  2. बीजेपी के बंगाल बंद के ख़िलाफ़ टीएमसी भी सड़क पर उतरी

    पश्चिम बंगाल

    इमेज स्रोत, ANI

    कोलकाता रेप और मर्डर के विरोध में मंगलवार को नबान्न अभियान के दौरान हिंसा को लेकर बीजेपी के 12 घंटे के बंद के विरोध में टीएमसी कार्यकर्ता भी सड़क पर उतर गए.

    समाचार एजेंसी एएनआई के अनुसार, उत्तर 24 परगना ज़िले में टीएमसी कार्यकर्ताओं के प्रदर्शन के कारण बंगांव-सियालदह के बीच ट्रेन सेवाएं बाधित हुई हैं.

    उधर बंद के दौरान कई जगह बीजेपी कार्यकर्ताओं ने सड़क पर जाम लगाया और राज्य परिवहन निगम की बसें रोकीं. कुछ जगहों पर पुलिस ने बल प्रयोग किया.

    बंगाल

    इमेज स्रोत, ANI

    इस दौरान बसों के चालक हेलमेट पहने काम पर दिखे.

    समाचार एजेंसी एएनआई के अनुसार, उत्तर दिनाजपुर में उत्तर बंगाल के स्टेट ट्रांसपोर्ट कार्पोरेशन (एनबीएसटीसी) के बस चालक हेलमेट पहनकर बस चलाते हुए दिखे.

    एक बस ड्राइवर ने कहा, "हम हेलमेट पहने हुए हैं क्योंकि बंद का आह्वान किया गया है. सरकार ने हमें सेफ़्टी के लिए हेलमेट पहनने का आदेश दिया है."

    उधर, मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने आज एक ट्वीट करते हुए आरजी कर मेडिकल कॉलेज में रेप और मर्डर की पीड़िता को लेकर "सॉरी" कहा है.

    उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म पर लिखा, "आज मैं तृणमूल छात्र परिषद के फ़ाउंडेशन डे को हमारी बहन को समर्पित करती हूं...जिनकी कुछ दिन पहले हुई दुखद मृत्यु पर हमने शोक व्यक्त किया था."

    उन्होंने लिखा, "इस बहन के परिवार के प्रति दिल से हमारी संवेदनाएं है जिन्हें बर्बर तरीक़े से टॉर्चर कर मार दिया गया.

    हम उनके और पूरे भारत में हर उम्र की उन महिलाओं के लिए जल्द इंसाफ़ की मांग करते हैं जिन्हें अमानवीय कृत्यों का निशाना बनाया गया. सॉरी."

  3. गुजरात में पिछले 24 घंटों में भारी बारिश, कई ज़िलों में बाढ़ के हालात

    बाढ़ भारत

    इमेज स्रोत, ANI

    गुजरात में पिछले 36 घंटों में हुई भारी बारिश के कारण बाढ़ के हालात हैं, जिसके कारण राज्य की 15 नदियां, 21 झीलें और बांध उफान पर हैं.

    कई इलाक़ों में बाढ़ की स्थिति भयावह है और कई इलाक़े डूब गए हैं.

    27 अगस्त को जारी आंकड़ों के मुताबिक, मोरबी के टंकारा में पिछले 24 घंटों में मोरबी जिले के टंकारा में 347 मिमी, पंचमहल के मोरबा हदफ में 346 मिमी, खेड़ा ज़िले के नडियाद में 327 मिमी, आणंद के बोरसद में 318 मिमी और वडोदरा तालुका में 316 मिमी बारिश हुई है.

    बीबीसी गुजराती सेवा के अनुसार, राज्य में कुल 23,871 लोग विस्थापित हुए हैं.

    पंचमहल ज़िले में विस्थापित लोगों की संख्या सबसे ज्यादा है. वड़ोदरा और जामनगर जिलों की हालत सबसे ज्यादा ख़राब है.

    वड़ोदरा में निचले इलाकों में रहने वाले कुल 8,361 लोगों को निकाला गया है. जामनगर ज़िले में करीब 70 लोगों को बचाया गया है.

    भारतीय वायुसेना ने वाडी इलाक़े में फंसे 11 लोगों को बचाया है. मोरबी में रविवार रात को एक ट्रैक्टर-ट्रॉली नदी में गिरने से कई लोग लापता हैं.

    सूचना कार्यालय के प्रेस नोट में बताया गया है कि राज्य में भारी बारिश के कारण दीवार गिरने, डूबने और पेड़ गिरने की घटनाओं में सात लोगों की मौत हो गई है.

    केंद्र सरकार ने राहत और बचाव कार्यों और आपदा प्रबंधन के लिए सेना की 6 टुकड़ियां तैनात की हैं, जिन्हें द्वारका, आनंद, वड़ोदरा, खेड़ा, मोरबी और राजकोट में तैनात किया गया है.

    इसके अलावा एनडीआरएफ़ की 14 प्लाटून और एसडीआरएफ़ की 22 प्लाटून भी आपदा प्रबंधन कार्य में लगी हुई हैं.

    गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने एक्स पर लिखा, "गुजरात में भारी बारिश के हालात को लेकर पीएम नरेंद्र मोदी ने फ़ोन पर बात की और राहत और बचाव अभियान के बारे में जानकारी ली. केंद्र की ओर से हर संभव मदद की आश्वासन दिया गया. पीएम मोदी हालात पर नज़र बनाए हुए हैं."

  4. जम्मू कश्मीरः बीजेपी ने पुरानी लिस्ट को फिर किया जारी, क्या हुआ बदलाव

    बीजेपी उम्मीदवार

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, डोडा से बीजेपी उम्मीदवार शक्ति राज परिहार ने नामांकन भरा

    बीजेपी ने जम्मू कश्मीर विधानसभा चुनावों के लिए दो दिन पहले वापस ली गई अपनी उसी लिस्ट को फिर से जारी किया है. बस एक नाम में बदलाव किया गया है.

    इसमें तीन पूर्व मंत्रियों को जगह दी गई है और दूसरे दलों से आए कई लोगों को उम्मीदवार बनाया गया है. जबकि निर्मल सिंह जैसे बड़े नामों को जगह नहीं मिली है.

    मंगलवार को बीजेपी के सोशल मीडिया एक्स के हैंडल से पोस्ट किया गया, "भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति ने आगामी जम्मू व कश्मीर विधानसभा चुनाव 2024 के लिए अपनी तीसरी सूची में निम्नलिखित नामों पर स्वीकृति प्रदान की है."

    सोमवार को बीजेपी ने उम्मीदवारों की पहली सूची को रद्द कर दिया था.

    कथित तौर पर पार्टी के पुराने नेताओं को किनारे लगाए जाने से कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन शुरू कर दिया था. हालांकि पार्टी ने कहा था टाइपिंग त्रुटि की वजह से लिस्ट वापस ली गई.

    लेकिन सूची वापस लेने के 24 घंटे बाद ही पार्टी ने उसी सूची को फिर से जारी किया है.

    45 नामों की पहली सूची को वापस लिए जाने के बाद 16 नामों की सूची जारी की गई थी. इसके बाद मंगलवार को दूसरे और तीसरे चरण के लिए 29 सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा की.

    इस सूची में पूर्व उप मुख्यमंत्री निर्मल कुमार सिंह और पूर्व मंत्रियों, सत शर्मा, चौधरी शाम लाल और अजय नंदा इस सूची से भी नदारद हैं.

    जबकि एक और पूर्व उप मुख्यमंत्री कवींदर गुप्ता को भी जगह नहीं मिली है.

    बीजेपी ने अपने सिर्फ तीन पूर्व मंत्रियों पर भरोसा जताया है, जिनमें विजयपुर से चंदेर प्रकाश गंगा, नए विधानसभा क्षेत्र जसरोटा से राजीव जसरोटिया और रामगढ़ से देविंदर कुमार मान्याल का नाम शामिल है.

  5. राज्यसभा उप चुनाव में 11 उम्मीदवार निर्विरोध चुने गए

    पूर्व केंद्रीय मंत्री उपेंद्र कुशवाहा अभिषेक मनु सिंघवी

    इमेज स्रोत, ANI

    राज्यसभा उपचुनाव में 11 सदस्य निर्विरोध चुन लिए गए हैं जबकि तीन सितम्बर को एक सीट पर मतदान होगा.

    मंगलवार को पूर्व मंत्री उपेंद्र कुशवाहा, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अभिषेक मनु सिंघवी, केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू और जॉर्ज कूरियन राज्यसभा के लिए निर्विरोध चुन लिए गए.

    नामांकन की समय सीमा समाप्त होने के बाद निर्विरोध चुने गए अन्य उम्मीदवारों में बीजेपी नेता किरन चौधरी (हरियाणा), ममता मोहंता (ओडिशा) और मनन कुमार मिश्रा (बिहार) हैं.

    नौ राज्यों में राज्यसभा की खाली हुईं 12 सीटों पर चुानाव घोषित किये गए थे. इनमें से कुछ सीटें केंद्रीय मंत्रीय पीयूष गोयल, सर्बानांद सोनोवाल और ज्योतिरादित्य सिंधिया के लोकसभा चुनाव में जीतने से खाली हुई थीं.

    सोमवार को चार उम्मीदवारों के जीत की घोषणा की गई थी, जिनमें महाराष्ट्र से बीजेपी के धैर्यशील पाटिल और एनसीपी के नितिन पाटिल और असम से बीजेपी उम्मीदवार रामेश्वर तेली और मिशन रंजन दास का नाम शामिल है.

    इस तरह 11 उम्मीदवार निर्विरोध चुने जा चुके हैं, जबकि तीन सितम्बर को त्रिपुरा की एक सीट के लिए मतदान होना है.

    त्रिपुरा के बीजेपी अध्यक्ष राजिब भट्टाचार्जी का मुकाबला सीपीएम के पूर्व एमएलए सुधान दास से है.

    बीजेपी के आठ सदस्यों और सहयोगी दलों के दो सदस्यों के चुने जाने के साथ ही राज्यसभा में एनडीए की संख्या बढ़कर 112 हो गई है.

    हालांकि 245 सदस्यों वाले ऊपरी सदन में इस समय 240 सदस्य हैं, और छह नामित सदस्यों के समर्थन के बावजूद एनडीए बहुमत से पीछे है.

  6. ट्रंप के ख़िलाफ़ फिर से अभियोग शुरू करने की अपील

    ट्रंप

    इमेज स्रोत, Getty Images

    अमेरिका न्याय विभाग के विशेष वकील जैक स्मिथ ने 2020 के अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव में दख़ल की कथित कोशिश के लिए पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के ख़िलाफ़ फिर से अभियोग चलाए जाने की अपील दायर की है.

    इस अपील में उनके ऊपर पिछले आपराधिक मामलों को वैसे ही रखा गया है लेकिन पूर्व राष्ट्रपति कार्यालय के कुछ कामों को लेकर इम्युनिटी (छूट) होने के सुप्रीम कोर्ट की टिप्पणी के बाद, ट्रंप के ख़िलाफ़ आरोपों को कम किया गया है.

    नई अपील में ट्रंप के ख़िलाफ़ चार आपराधिक मामलों को वैसे ही रखा गया है लेकिन उनके कथित कदाचार के बारे में कुछ तफ़्सीलें दी गई हैं.

    2020 के चुनावों में किसी भी तरह के दख़ल के आरोपों को ट्रंप नकारते रहे हैं और अपने ऊपर लगे आरोपों से इनकार किया है.

    एक सोशल मीडिया पोस्ट में ट्रंप ने लिखा है कि सज़ा के लिए "नए सिरे से की गई अपील, ख़त्म हो चुके उत्पीड़न को फिर से ज़िंदा करना" और "चुनाव से अमेरिकी जनता का ध्यान भटकना" है.

    अमेरिका में पांच नवंबर को राष्ट्रपति चुनाव होने वाले हैं.

    उनके प्रतिद्वंद्वी राष्ट्रपति जो बाइडन इस रेस से हट गए हैं और डेमोक्रेटिक पार्टी की ओर से उप राष्ट्रपति कमला हैरिस को उम्मीदवार घोषित किया गया है.

  7. नमस्कार

    बीबीसी हिंदी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता संदीप राय आप सभी तक आज की बड़ी ख़बरें लेकर हाज़िर हूं.

    आप बीबीसी हिंदीके पेज पर मौजूद कल की बड़ी ख़बरों को पढ़ सकते हैं.

    कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज की एक ट्रेनी डॉक्टर के रेप और हत्या मामले के ख़िलाफ़ मंगलवार को छात्रों ने राज्य सचिवालय यानी ‘नबान्न भवन’ तक विरोध मार्च निकालने का आह्वान किया था. इस विरोध मार्च के दौरान प्रदर्शनकारी छात्रों और पुलिस कर्मियों के बीच झड़प देखने को मिली है. पूरी ख़बर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    भारतीय मीडिया में ऐसी ख़बरें आई हैं कि टेलीग्राम का इस्तेमाल कथित तौर पर उगाही और सट्टेबाज़ी के लिए हो रहा है और ऐसे में केंद्रीय गृह मंत्रालय और इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना तकनीक मंत्रालय इन आरोपों की जांच कर सकते हैं. पूरी ख़बर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने 26 अगस्त को पीएम मोदी से जब फ़ोन पर बात की, तो उनके यूक्रेन दौरे को लेकर भी चर्चा हुई. भारत के विदेश मंत्रालय के जारी बयान के मुताबिक़, पीएम मोदी ने बाइडन को यूक्रेन दौरे के बारे में जानकारी दी. पीएम मोदी के यूक्रेन दौरे में राष्ट्रपति ज़ेलेंस्की के बयान पर चर्चा हो रही है. पूरी ख़बर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    27 अगस्त के लाइव पेज पर मौजूद सभी ख़बरों को पढ़ने के लिए आप इस लिंक पर क्लिककर सकते हैं.