इसराइल ने वेस्ट बैंक में छेड़ा बड़ा सैन्य अभियान, कम से कम नौ फ़लस्तीनियों की हुई मौत

इसराइल के कब्ज़े वाले वेस्ट बेंक के उत्तरी हिस्से में मंगलवार देर रात इसराइली सुरक्षाबलों ने सैन्य अभियान शुरू किया जिसमें कई फ़लस्तीनियों की मौत हो गई है.

सारांश

  • कोलकाता में प्रदर्शन पर ममता बोलीं- 'ये बांग्लादेश नहीं है, मोदी की कुर्सी हिलाकर रख देंगे'
  • ममता का एलान, बलात्कारियों को मौत की सजा के लिए पश्चिम बंगाल सरकार लाएगी बिल
  • यूपी में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसरों को मिलेंगे आठ लाख रुपये, कांग्रेस बोली- सोशल मीडिया पर क़ब्जे़ की कोशिश
  • गुजरात में भारी बारिश से तबाही में 16 लोगों की मौत, हज़ारों लोग हुए विस्थापित
  • ज़हीर ख़ान बने आईपीएल फ्रेंचाइजी लखनऊ सुपर जायंट्स के मेंटॉर
  • ईयू से रिश्ते सुधारने की कोशिश में ब्रिटेन, पीएम स्टार्मर जर्मनी के चांसलर ओलाफ़ शॉल्त्स से मिले

लाइव कवरेज

संदीप राय और दीपक मंडल

  1. महाराष्ट्र के सिंधुदुर्ग ज़िले के राजकोट क़िले में छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा गिरने के बाद राजनीतिक माहौल गरमा गया है. आज इसी क़िले पर बीजेपी नेता नारायण राणे और शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) गुट के कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हो गई. सत्तारुढ़ महायुती और विपक्षी महा विकास अघाड़ी दोनों में प्रतिमा को लेकर खींचतान देखने को मिल रही है और इस बार कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाज़ी की. इस पर हमारी ख़ास रिपोर्ट यहां पढ़ें

    रेल मंत्रालय में पहली बार किसी दलित अधिकारी को सबसे उंचे पद पर नियुक्ति मिली है. रेल मंत्रालय में 'चेयरमैन एंड सीईओ' का पद सबसे बड़ा होता है. भारतीय रेल में मैकेनिकल इंजीनियर्स सेवा के अधिकारी सतीश कुमार रेलवे बोर्ड के नए चेयरमैन और सीईओ बनाए गए हैं. वो 1 सितंबर 2024 को पदभार ग्रहण कर रहे हैं. किसी दलित अधिकारी के पहली बार इस पद तक पहुँचने के बाद इस पर सोशल मीडिया पर भी काफ़ी चर्चा हो रही है. पढ़िये ये रिपोर्ट

    जिस तरह से नौकरियों और काम-काज का स्वरूप बदल रहा है उस हिसाब से कई ऐसी नौकरियां जो आज के समय में हैं वो आने वाले समय में शायद न रहें. जानिए भविष्य की नौकरियों के लिए आपको किन हुनर से लैस होना चाहिए.

    तो दीपक मंडल को दीजिए इज़ाज़त. कल सुबह एक नए लाइव ब्लॉग के साथ फिर हाजिर होंगे.

  2. इसराइल ने वेस्ट बैंक में छेड़ा बड़ा सैन्य अभियान, कम से कम नौ फ़लस्तीनियों की हुई मौत

    इसराइल

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इसराइल के कब्ज़े वाले वेस्ट बेंक के उत्तरी हिस्से में मंगलवार देर रात इसराइली सुरक्षाबलों ने सैन्य अभियान शुरू किया जिसमें कई फ़लस्तीनियों की मौत हो गई है.

    इसराइल ने कहा है कि इसमें नौ लोग मारे गए हैं. जबकि फ़लस्तीनी अधिकारियों ने कहा है कि इसराइली सैन्य अभियान में कम से कम 11 लोगों की मौत हुई है.

    फ़लस्तीनी अधिकारियों ने कहा है कि छह लोग जेनिन में सशस्त्र संघर्ष और ड्रोन हमले में मारे गए हैं, वहीं पाँच लोग जॉर्डन वैली के अल-फ़रा रिफ्यूजी कैंप में हुए हवाई हमलों में मारे गए हैं.

    इसराइली विदेश मंत्री इसराइल कात्ज़ ने कहा है कि उनकी सेना बीती रात से जेनिन और तुलकर्म के रिफ़्यूजी कैंपों में 'पूरी ताकत के साथ काम कर रही है.'

    इसराइली डिफ़ेंस फोर्सेज़, इसराइली सिक्योरिटी सर्विसेज़ और पुलिस ने इस मामले में एक साझा बयान जारी किया है और इसे जेनिन और तुलकर्म में 'आतंकरोधी अभियान' बताया है.

    बयान में कहा गया है कि जेनिन में सुरक्षाबलों के लिए ख़तरा पैदा करने वाले तीन हथियारबंद आतंकवादियों को हवाई हमले में मारा गया है.

    ये माना जा रहा है कि दो दशक में ये वेस्ट बैंक में इसराइल का सबसे बड़ा सैन्य अभियान है जिसमें कम से कम चार फ़लस्तीन शहरों को एक साथ निशाना बनाया गया है. इनमें जेनिन, तुलकर्म, नेबुलस और तुबस शामिल हैं.

    इसराइल

    इमेज स्रोत, Getty Images

    ऐसी भी ख़बरें मिल रही हैं कि इसराइली सेना वेस्ट बैंक के रामाल्ला, क़लकिलिया और तुलकर्म इलाकों में बुलडोज़र और टैंक लेकर घुसी है.

    वहीं एक बड़ी ख़बर ये भी है कि इस बीच फ़लस्तीनी प्रशासन के राष्ट्रपति महमूद अब्बास अपना सऊदी अरब का दौरा बीच में ही छोड़कर लौट आए हैं.

    इसराइली सेना की इस कार्रवाई पर तेल अवीव में मौजूद वरिष्ठ पत्रकार हरेंद्र मिश्रा ने बीबीसी हिंदी के न्यूज़ पॉडकास्ट दिनभर में बताया कि "जेनिन, तुलकर्म, नेबुलस और तुबस के अलावा कुछ और जगहों पर भी कार्रवाई चल रही है, लेकिन जेनिन और तुलकर्म इसराइली फौज और वहां के चरमपंथी संगठनों के बीच अखाड़ा बने रहे हैं."

    हरेंद्र मिश्रा ने कहा, "इसराइल ने इसे आतंकवाद विरोधी कार्रवाई बताया है जो तेल अवीव में हुए आत्मघाती हमले के जवाब में है लेकिन कुछ हद तक ये भी माना जा रहा है कि वेस्ट बैंक में भीतर ही भीतर एक आग सुलग रही थी जिसकी वजह से इसराइल इस तरह की कार्रवाई को आगे बढ़ा रहा है."

    उनका कहना है कि इस कार्रवाई का असर युद्धविराम के लिए हमास और इसराइल के बीच हो रही बातचीत पर पड़ सकता है.

  3. बृजभूषण शरण सिंह ने अपने ख़िलाफ़ ट्रायल कोर्ट में चल रही कार्यवाही को दी चुनौती

    बृज भूषण सिंह

    इमेज स्रोत, @b_bhushanshara

    इमेज कैप्शन, बृज भूषण सिंह (फ़ाइल फ़ोटो)

    भारतीय कुश्ती संघ के पूर्व अध्यक्ष और बीजेपी नेता बृजभूषण शरण सिंह ने ट्रायल कोर्ट में चल रही अपने ख़िलाफ़ कार्यवाही को दिल्ली हाई कोर्ट में चुनौती दी है.

    दिल्ली पुलिस की एफ़आईआर के बाद उन पर दिल्ली की निचली अदालत में केस चल रहा है. बृजभूषण शरण सिंह के ख़िलाफ़ महिला पहलवानों ने यौन उत्पीड़न के आरोप लगाए थे.

    देश के कई बड़े पहलवान उन पर कार्रवाई की मांग करते हुए दिल्ली में धरने पर भी बैठे थे. इसके बाद दिल्ली पुलिस ने एफ़आईआर दर्ज कर जांच शुरू की थी. इसी मामले में अब ट्रायल कोर्ट में मुक़दमा चल रहा है.

    कानून और अदालतों से जुड़ी ख़बरों की वेबसाइट 'बार एंड बेंच' के मुताबिक बृजभूषण सिंह ने हाई कोर्ट से निचली अदालतों में चल रही कानूनी कार्यवाही को रद्द करने की गुहार लगाई है.

  4. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने महिला सुरक्षा को लेकर जताई चिंता

    राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू

    इमेज स्रोत, G

    इमेज कैप्शन, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू

    राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कोलकाता में महिला ट्रेनी डॉक्टर के रेप-मर्डर मामले में पहली बार टिप्पणी की है.

    उन्होंने एक बयान जारी कहा है, ''महिलाओं के ख़िलाफ़ अपराध की हाल की घटनाओं के बाद हमें ईमानदारी आत्मावलोकन की ज़रूरत है ताकि इस बीमारी की वजहों को सामने लाया जा सके. कोलकाता में एक डॉक्टर के साथ रेप और हत्या की वीभत्स घटना से पूरा देश स्तब्ध है. जब मैंने इसके बारे में सुना तो निराश हुई और बुरी तरह डर गई थी.''

    उन्होंने कहा, ''ज्यादा निराशाजनक बात ये है कि यह अपनी तरह की एकमात्र घटना नहीं थी. ये महिलाओं के ख़िलाफ़ लगातार होने वाली श्रृंखला की एक कड़ी थी. यहां तक ​​कि छात्र, डॉक्टर और नागरिक प्रदर्शन कर रहे हैं. दूसरी ओर अपराधी सक्रिय हैं. पीड़ितों में किंडरगार्टन की लड़कियां भी शामिल हैं. कोई भी सभ्य समाज बेटियों और बहनों पर इस तरह के अत्याचार की इज़ाज़त नहीं दे सकता है.''

    राष्ट्रपति

    इमेज स्रोत, TWITTER

    कोलकाता में ट्रेनी डॉक्टर के रेप और हत्या मामले में मंगलवार को छात्रों ने राज्य सचिवालय यानी ‘नबान्न भवन’ तक विरोध मार्च निकालने का आह्वान किया था.

    इस विरोध मार्च के दौरान प्रदर्शनकारी छात्रों और पुलिस कर्मियों के बीच झड़प देखने को मिली थी.

    इस झड़प के विरोध में बीजेपी ने बुधवार को 12 घंटे का बंद बुलाया था.

  5. यूपी में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसरों को मिलेंगे आठ लाख रुपये, कांग्रेस बोली- सोशल मीडिया पर क़ब्जे़ की कोशिश, सैय्यद मोज़िज़ इमाम, बीबीसी संवाददाता, लखनऊ

    सोशल मीडिया

    इमेज स्रोत, Getty Images

    उत्तर प्रदेश सरकार ने नई डिजिटल नीति को मंज़ूरी दे दी है. डिजिटल नीति 2024 के बारे में प्रमुख सचिव संजय प्रसाद की ओर से जारी प्रेस नोट में कहा गया है कि डिजिटल मीडिया के माध्यम से सरकार के कामकाज का प्रसार करने पर प्रोत्साहन दिया जाएगा. ये प्रोत्साहन विज्ञापन राशि के तौर पर होगा.

    यूपी सरकार की इस नीति को लेकर कांग्रेस ने कहा कि यह डिटिजल मीडिया पर सरेआम कब्ज़ा है.

    यूपी सरकार का कहना है कि इस प्रयोग से सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर को फायदा होने की उम्मीद है जो लोग अपने कंटेट को सिर्फ सोशल मीडिया पर दे रहे हैं उनको भी फायदा होने की उम्मीद है

    इसके ज़रिए डिजिटल माध्यम जैसे- एक्स, फ़ेसबुक, इंस्टाग्राम और यूट्यूब में सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों पर आधारित कंटेंट को दिखाए जाने पर संबंधित व्यक्ति या फ़र्म को सरकार विज्ञापन देगी.

    इन विज्ञापनों के ज़रिए कोई भी सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर, एजेंसी या फ़र्म अधिकतम आठ लाख रुपये प्रतिमाह तक कमा सकती है.

    सोशल मीडिया में सब्सक्राइबर और फ़ॉलोअर्स के आधार पर चार श्रेणियों में बांटा गया है.

    एक्स, फ़ेसबुक और इंस्टाग्राम के इन्फ्लुएंसर को अधिकतम भुगतान की सीमा पांच लाख रुपये प्रतिमाह है,जबकि यूट्यूब के लिए अधिक भुगतान की सीमा आठ लाख रुपये है.

    कांग्रेस ने सरकार की इस नीति का विरोध किया है. यूपी कांग्रेस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "यूपी सरकार सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स के लिए नई स्कीम लेकर आई है. इसके मुताबिक़ सरकार के काम का प्रचार-प्रसार करने वाले को महीने के 8 लाख रुपये तक मिल सकते हैं और इनका विरोध करने वालों को सज़ा भी भुगतना पड़ सकता है."

    "यानी, डिजिटल मीडिया पर सरेआम कब्ज़ा. सरकार अब बिना किसी डर या संकोच सरेआम मीडिया को गोद लेने पर उतारू हो गई है."

    कांग्रेस ने कहा, "यह लोकतंत्र के लिए खतरा नहीं तो और क्या है?"

  6. Israel Gaza War : Gaza के बाद West Bank क्यों आया Israel के निशाने पर । 28th Aug । Dinbhar

    दिनभर पूरा दिन पूरी ख़बर - मानसी दाश और प्रियंका के साथ. सुनने के लिए क्लिक करें.

    ग़ज़ा
  7. गुजरात में भारी बारिश से तबाही में 16 लोगों की मौत, हज़ारों लोग हुए विस्थापित

    गुजरात

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, गुजरात में तीन दिन से जारी भारी बारिश की वजह से कई इलाके़ डूब गए हैं

    गुजरात में तीन दिनों से हो रही भारी बारिश से कई इलाके़ पानी में डूब गए हैं.

    सौराष्ट्र और मध्य गुजरात में 48 घंटों से बारिश की तीव्रता और अनुपात कम नहीं होने से कई गांव और क़स्बे टापुओं में तब्दील हो गए हैं.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के आंकड़ों के मुताबिक़, गुजरात में भारी बारिश के कारण दो दिनों में कुल 16 लोगों की मौत हुई है.

    गुजरात के कई क्षेत्रों में सड़कों पर पानी भर जाने से लोग फंसे हुए हैं. राजमार्गों पर वाहनों की लंबी कतार देखी जा रही है.

    सौराष्ट्र खासकर द्वारका, जामनगर, पोरबंदर, मोरबी, जूनागढ़ और राजकोट ज़िलों में हर जगह मूसलाधार बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है.

    गुजरात

    इमेज स्रोत, RAJESH AMBALIA

    इमेज कैप्शन, मोरबी में भारी बारिश के कारण मालिया के पास नेशनल हाईवे ध्वस्त हो गया है

    भारी बारिश के कारण नदियों का जलस्तर काफी बढ़ गया. आसपास के इलाकों में नदी का पानी घुसने से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने के लिए मजबूर होना पड़ा है.

    गुजरात सरकार के मुताबिक भारी बारिश के कारण अब तक 23,871 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है.

    वडोदरा और जामनगर में बचाव के लिए वायुसेना को तैनात किया गया है. बाढ़ प्रभावित इलाके से 1696 लोगों को निकाला गया है.

  8. आज का कार्टून: इंसान और भेड़ियों का आतंक

    बीबीसी कार्टून

    इमेज स्रोत, बीबीसी

    इमेज कैप्शन, यूपी के बहराइच में भेड़ियों के आतंक पर आज का कार्टून.
  9. कोलकाता में प्रदर्शन पर ममता बोलीं- 'ये बांग्लादेश नहीं है, मोदी की कुर्सी हिलाकर रख देंगे'

    ममता बनर्जी

    इमेज स्रोत, AITC

    इमेज कैप्शन, ममता बनर्जी तृणमूल कांग्रेस के छात्र संगठन छात्र परिषद के सम्मेलन में बोलते हुए

    मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कोलकाता के आरजी कर अस्पताल में एक ट्रेनी डॉक्टर के रेप और मर्डर मामले के ख़िलाफ़ कोलकाता में चल रहे विरोध प्रदर्शनों पर विपक्ष को चेतावनी दी.

    वहीं बीजेपी ने कहा है कि पश्चिम बंगाल में पीड़िता के साथ न्याय का विषय चुनाव का विषय नहीं है.

    बीजेपी प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने कहा, ''ये सुबूतों के आधार पर क़ानून की अदालत में साबित होकर दोषियों को सज़ा दिलाने का विषय है. जिसकी सत्ता होगी, न्याय उसी के पक्ष में होगा. यह सोच संविधान के लिए सबसे खतरनाक सोच है.''

    ममता बनर्जी ने तृणमूल कांग्रेस के छात्र संगठन छात्र परिषद के एक सम्मेलन में कहा, ''कुछ लोग सोच रहे हैं कि ये बांग्लादेश है. मैं बांग्लादेश को प्यार करती हूं. वो लोग हमारी तरह भाषा बोलते हैं. उनकी और हमारी संस्कृति एक जैसी है. लेकिन बांग्लादेश अलग देश है और भारत अलग.''

    उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा, ''मोदी जी अपनी पार्टी के ज़रिये आग लगा रहे हैं. अगर बांग्ला जला तो असम, झारखंड, बंगाल, ओडिशा भी नहीं बचेगा और उत्तर प्रदेश पर भी इसका असर होगा. हम मोदी जी की कुर्सी हिलाकर रख देंगे.''

    कोलकाता में ट्रेनी डॉक्टर के रेप और हत्या मामले में मंगलवार को छात्रों ने राज्य सचिवालय यानी ‘नबान्न भवन’ तक विरोध मार्च निकालने का आह्वान किया था.

    इस विरोध मार्च के दौरान प्रदर्शनकारी छात्रों और पुलिस कर्मियों के बीच झड़प देखने को मिली थी.

    इस झड़प के विरोध में बीजेपी ने बुधवार को 12 घंटे का बंद बुलाया था.

    बीजेपी

    इमेज स्रोत, TWITTER

  10. ज़हीर ख़ान बने आईपीएल फ्रेंचाइजी लखनऊ सुपर जायंट्स के मेंटॉर

    ज़हीर ख़ान

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, ज़हीर ख़ान (फ़ाइल फ़ोटो)

    भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व तेज़ गेंदबाज़ ज़हीर खान आईपीएल फ्रेंचाइजी लखनऊ सुपर जायंट्स के मेंटॉर बनाए गए हैं.

    45 वर्षीय ज़हीर खान ने 2000 से 2014 के बीच भारतीय टीम का हिस्सा रहे.

    उन्होंने 2011 वनडे विश्व कप में सबसे ज्यादा विकेट हासिल किए थे. इसने भारत को 28 साल बाद विश्व कप जीतने में मदद की.

    बाएं हाथ के पूर्व तेज़ गेंदबाज ज़हीर खान गेंद को दोनों तरफ़ स्विंग कराने के लिए जाने जाते हैं.

    वो टेस्ट क्रिकेट में कपिल देव के बाद भारत के दूसरे सबसे सफल गेंदबाज़ हैं.

    ज़हीर ख़ान

    इमेज स्रोत, LUCKNOW SUPER GIANTS

    ज़हीर खान ने भारत के लिए 92 टेस्ट मैच, 200 वनडे और 17 टी20 मैच खेले हैं.

    उन्होंने आईपीएल में 100 मैच खेले हैं. इन मैचों में उन्होंने कुल 102 विकेट अपने नाम किए हैं.

    अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से रिटायरमेंट के बाद ज़हीर खान मुंबई इंडियंस टीम के साथ जुड़े थे, जहां उन्होंने क्रिकेट निदेशक के रूप में कार्य किया.

  11. कतर ने गुरु ग्रंथ साहिब को भारत को सौंपा, विदेश मंत्रालय ने जारी किया बयान

    विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल

    इमेज स्रोत, MEA

    इमेज कैप्शन, विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल (फ़ाइल फ़ोटो)

    कतर में भारतीय नागरिक से गुरु ग्रंथ साहिब लेने के मामले में भारतीय विदेश मंत्रालय ने बयान जारी किया है.

    बुधवार को जारी बयान में विदेश मंत्रालय ने कहा, "कतर के अधिकारियों ने दोहा स्थित हमारे दूतावास में आज श्री गुरु ग्रंथ साहिब (दो स्वरूप) सौंप दिए हैं, जो एक भारतीय नागरिक से लिए गए थे.यह मामला बिना अनुमति के धार्मिक प्रतिष्ठान चलाने से जुड़ा है."

    कतर

    इमेज स्रोत, GOI

    गुरु ग्रंथ साहिब सौंपे जाने के बाद विदेश मंत्रालय ने कतर का आभार व्यक्त किया है. साथ ही भारतीय नागरिकों से सभी मामलों में स्थानीय कानून का पालन करने की अपील की है.

    विदेश मंत्रालय ने कहा,"हम इसके लिए कतर सरकार का आभार व्यक्त करते हैं. हम कतर या अन्य देशों में रहने वाले सभी भारतीय नागरिकों से भी अपील करते हैं कि वे सभी मामलों में स्थानीय कानूनों और नियमों का पूरी ईमानदारी से पालन करें."

    कतर

    इमेज स्रोत, GOI

    इससे पहले शुक्रवार को इस मामले की जानकारी देते विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा था,"कतर के अधिकारियों ने बिना किसी अनुमति के धार्मिक प्रतिष्ठान चलाने के आरोप में दो अलग समूहों से गुरु ग्रंथ साहिब ले लिए थे."

    "हमारे दूतावास ने स्थानीय कानूनों के दायरे में हर संभव मदद करने का प्रयास किया है."

    उन्होंने कहा था,"पवित्र ग्रंथ का एक स्वरूप लौटा दिया गया है और यह आश्वासन दिया गया है कि दूसरे स्वरूप को भी सम्मान के साथ रखा जाएगा."

  12. ईयू से रिश्ते सुधारने की कोशिश में ब्रिटेन, पीएम स्टार्मर जर्मनी के चांसलर ओलाफ़ शॉल्त्स से मिले

    ब्रिटेन

    इमेज स्रोत, Reuters

    इमेज कैप्शन, ब्रिटेन के प्रधानमंत्री किएर स्टार्मर (बाएं) जर्मनी के चांसलर चांसलर ओलाफ़ शॉल्त्स के साथ

    ब्रिटेन के प्रधानमंत्री किएर स्टार्मर जर्मनी के चांसलर चांसलर ओलाफ़ शॉल्त्स से मिलने बुंदेस्केन्ज़लरामेत पहुंच चुके हैं, जहां शॉल्त्स ने उनका स्वागत किया.

    मिलिट्री बैंड ने 'गॉड सेव द किंग' की प्रस्तुति के साथ स्टार्मर का स्वागत किया.

    ब्रेक्सिट के बाद यह मुलाकात ब्रिटेन और यूरोपियन यूनियन के बीच संबंधों को लेकर अहम मानी जा रही है.

    स्टार्मर मंगलवार रात को बर्लिन पहुंचे हैं.

    अपने कार्यकाल के दो महीने से भी कम समय में स्टार्मर की जर्मन चांसलर के साथ यह पांचवीं मुलाकात है.

    डाउनिंग स्ट्रीट (ब्रिटिश पीएम आवास) का कहना है कि यह यूरोप के साथ ब्रिटेन के संबंधों को "रीसेट" करने के लिए किएर स्टार्मर के प्रयास का सबूत है.

    स्टार्मर ने कहा, "हमारे पास यूरोप के साथ अपने संबंधों को फिर से स्थापित करने और ब्रिटिश लोगों के लिए वास्तविक, महत्वाकांक्षी साझेदारी के लिए प्रयास करने का एक पीढ़ी में एक बार मिलने वाला अवसर है."

    " हमें पिछली सरकार द्वारा छोड़े गए टूटे हुए संबंधों को ठीक करना चाहिए."

    इस बैठक में दोनों देशों के नेताओं के बीच यूक्रेन के लिए समर्थन, रक्षा और सुरक्षा सहयोग और अवैध प्रवास पर संयुक्त कार्रवाई बढ़ाने पर चर्चा होने की उम्मीद है.

  13. शिवराज सिंह चौहान का आरोप- चंपाई सोरेन की जासूसी करवा रहे हैं हेमंत सोरेन

    शिवराज सिंह चौहान

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, शिवराज सिंह चौहान (फ़ाइल फ़ोटो)

    केंद्रीय कृषि मंत्री और झारखंड के बीजेपी चुनाव प्रभारी शिवराज सिंह चौहान ने झारखंड मुक्ति मोर्चा में चंपाई सोरेन की कथित अनदेखी के लिए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को घेरा है.

    उन्होंने कहा है, ''चंपाई सोरेन झारखंड मुक्ति मोर्चा के वरिष्ठतम नेता हैं लेकिन हेमंत सोरेन ने उन्हें अचानक मुख्यमंत्री पद से हटा दिया. वो चंपाई सोरेन की जासूसी भी करवा रहे हैं. एक डरा हुआ मुख्यमंत्री और कर भी क्या सकता है.''

    उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लिखा है, ''श्री चंपाई सोरेन जी झारखंड मुक्ति मोर्चा के वरिष्ठतम नेता हैं, वे झामुमो के संस्थापक सदस्य भी हैं. लेकिन मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन जी उन्हें अपमानित करने में कोई कोर-कसर नहीं छोड़ रहे हैं, अपनी ही पार्टी के इतने बड़े नेता को साज़िश के तहत मुख्यमंत्री पद से हटाना और सत्ता के लालच में झट पट स्वयं सीएम की कुर्सी पर बैठ जाना, ये आदिवासी समुदाय के एक बड़े नेता का घोर अपमान है और पूरे आदिवासी समाज के साथ दुर्भाग्यपूर्ण व्यवहार है.''

    बीजेपी

    इमेज स्रोत, TWITTER

    इससे पहले मंगलवार को झारखंड के पूर्व सीएम चंपाई सोरेन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लिखा था कि वो अब बीजेपी के साथ जुड़ने जा रहे हैं.

    असम के मुख्यमंत्री और बीजेपी के झारखंड प्रभारी हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा था कि चंपाई सोरेन 30 अगस्त को बीजेपी में शामिल हो जाएंगे.

  14. नमस्कार

    अभी तक बीबीसी संवाददाता संदीप राय इस लाइव पेज के ज़रिए आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे.

    आज भारत समेत दुनिया की कुछ अहम ख़बरों पर हमारी नज़र है. इसी लाइव पेज में इनमें से कुछ ख़बरें आप पढ़ सकते हैं.

    बांग्लादेश में इन दिनों भीषण बाढ़ का प्रकोप है, जिसकी वजह से लाखों लोगों को अपना घर छोड़कर सुरक्षित स्थानों पर जाना पड़ रहा है. बांग्लादेश के उत्तर-पूर्वी, पूर्वी और दक्षिण-पूर्वी क्षेत्रों के कम से कम 11 ज़िले बाढ़ से प्रभावित हुए हैं. बाढ़ में लगभग 40 लाख लोग फँसे हुए हैं. पूरी ख़बर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    तीन जुलाई 2007 को हिंसा की शुरुआत तब हुई, जब इस्लामाबाद की लाल मस्जिद में पढ़ रहे छात्रों ने पास के एक दफ़्तर पर हमला कर दिया. उस दौरान उनकी वहाँ तैनात पुलिसवालों से झड़प हुई. पूरी ख़बर पढ़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें.

    26 अगस्त को पीएम नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन के बीच फ़ोन पर बात हुई. इस बातचीत के बाद दोनों देशों की ओर से बयान जारी किया गया. दोनों देशों के बयानों में सिर्फ़ एक फ़र्क़ ये रहा कि भारत की ओर से बताया गया कि मोदी-बाइडन के बीच बांग्लादेश के मुद्दे पर भी बात हुई.पूरी ख़बर पढ़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें.

    इससे आगे अब बीबीसी संवाददाता दीपक मंडल आप तक दिनभर की दूसरी बड़ी ख़बरें लाइव पेज के ज़रिए पहुंचाते रहेंगे.

  15. ममता का एलान, बलात्कारियों को मौत की सजा के लिए पश्चिम बंगाल सरकार लाएगी बिल

    ममता बनर्जी

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, ममता बनर्जी (फ़ाइल फ़ोटो)

    कोलकाता में आरजी कर मेडिकल कॉलेज की ट्रेनी डॉक्टर के कथित रेप और मर्डर के ख़िलाफ़ विरोध प्रदर्शनों के बीच पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा है कि उनकी सरकार बलात्कारियों को मौत की सजा दिलाने लिए बिल लाएगी.

    उन्होंने कहा,'' अगले सप्ताह हम विधानसभा का सत्र बुलाएंगे और बलात्कारियों की मौत की सजा सुनिश्चित करन के लिए दस दिन के भीतर बिल पारित करा देंगे. इसके बाद हम इस बिल को गवर्नर को भेज देंगे. अगर उन्होंने बिल को मंजूरी नहीं दी तो हम राज भवन के बाहर धरना देंगे. इस बिल को पारित कराना ही होगा और इस बार वो अपनी जिम्मेदारी से मुकर नहीं सकेंगे.''

    कोलकाता में ट्रेनी डॉक्टर के कथित रेप और हत्या मामले में लोगों का प्रदर्शन अभी भी जारी है.

    मंगलवार को छात्रों ने राज्य सचिवालय यानी ‘नबान्न भवन’ तक विरोध मार्च निकालने का आह्वान किया था. इस विरोध मार्च के दौरान प्रदर्शनकारी छात्रों और पुलिस कर्मियों के बीच झड़प देखने को मिली थी.

  16. सुप्रीम कोर्ट की पीएमएलए मामले में सख़्त टिप्पणी- ज़मानत देना नियम और जेल भेजना अपवाद

    सुप्रीम कोर्ट

    इमेज स्रोत, ANI

    सुप्रीम कोर्ट ने एक फ़ैसले में कहा है कि पीएमएलए यानी मनी लॉन्ड्रिंग पर रोकथाम वाले क़ानून के मामले में ज़मानत देना नियम है, जबकि ऐसे मामलों में जेल भेजना अपवाद होता है.

    बुधवार को प्रेम प्रकाश को ज़मानत देते हुए सुप्रीम कोर्ट ने ये टिप्पणी की. प्रेम प्रकाश पर आरोप है कि मनी लॉन्ड्रिंग मामले में वे झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरन के सहयोगी हैं.

    एक दिन पहले ही सुप्रीम कोर्ट ने भारत राष्ट्र समिति यानी बीआरएस की नेता के कविता को भी ज़मानत दी है. के कविता को दिल्ली सरकार की शराब नीति से जुड़े कथित घोटाले में गिरफ़्तार किया गया था.

    उन पर भी पीएमएलए के तहत मामला दर्ज किया गया था. जबकि इसी महीने दिल्ली के पूर्व उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया को भी ज़मानत मिली है.

    बुधवार को सुप्रीम कोर्ट के जस्टिस जस्टिस बीआर गवई और केवी विश्वनाथन की एक बेंच ने ये फैसला सुनाया.

    लाइवलॉ के अनुसार बेंच ने कहा कि पीएमएल की धारा 45 केवल यह बताती है कि ज़मानत की शर्त दो स्थितियों पर निर्भर है और ज़मानत के बुनियादी सिद्धांत को नहीं बदलती.

    जस्टिस विश्वनाथन ने फ़ैसला सुनाते हुए कहा, "पीएमएलए केस में भी बेल एक नियम है और जेल अपवाद है."

    फ़ैसले के अनुसार, "पीएमएलए की धारा 45 में सिर्फ़ कुछ शर्तों को निर्धारित करने के लिए कहा गया है. बेल नियम और जेल अपवाद का सिद्धांत, संविधान के अनुच्छेद 21 की सिर्फ़ व्याख्या है जो कहता है कि किसी भी व्यक्ति को उसकी ज़िंदगी और व्यक्तिगत आज़ादी से महरूम नहीं किया जा सकता, सिवाय क़ानून द्वारा स्थापित प्रक्रिया के."

    सुप्रीम कोर्ट की खंडपीठ ने कहा, "व्यक्ति की आज़ादी हमेशा नियम है और उसे छीनना अपवाद. आज़ादी से महरूम केवल स्थापित उन क़ानूनी प्रक्रियाओं के द्वारा ही किया जा सकता है जो वैध और तर्कसंगत हों."

    याचिकाकर्ता की ज़मानत से इनकार किए जाने के झारखंड हाई कोर्ट के फ़ैसले को सर्वोच्च अदालत ने पलट दिया.

  17. बांग्लादेश में बाढ़ पर भारत को लेकर ग़ुस्सा, वहाँ के मीडिया में कैसी चर्चा

  18. पश्चिम बंगाल में बंद के दौरान बीजेपी नेता की कार पर हमले का आरोप

    बीजेपी नेता अर्जुन सिंह

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, बीजेपी नेता अर्जुन सिंह

    पश्चिम बंगाल में बुधवार को बुलाए गए बीजेपी के बंद के दौरान हिंसा में दो लोग घायल हुए हैं.

    समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, उत्तरी 24 परगना के भाटपाड़ा में बीजेपी नेता प्रियांगु पांडे की कार पर हमले और गोली बारी में दो लोग घायल हुए हैं.

    बीजेपी नेता अर्जुन सिंह ने आरोप लगाया कि, "प्रियांगु पांडे की कार पर आज हमला हुआ है और गोली चलाई गई...ड्राइवर को गोली मारी गई और 7 राउंड की फ़ायरिंग की गई. यह सब एसीपी की मौजूदगी में हुआ. दो लोग घायल हुए हैं, जिसमें एक की हालत गंभीर है."

    उन्होंने इस हमले के लिए टीएमसी को ज़िम्मेदार बताया और कहा कि 'प्रियांगु पांडे की हत्या की योजना बनाई गई थी.'

    कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज में बीते 9 अगस्त को पोस्ट ग्रेजुएट मेडिकल छात्रा के साथ रेप और हत्या के विरोध में बीजेपी और आरएसएस से जुड़े कुछ संगठनों ने मंगलवार को एक मार्च निकाला था, जिसमें पुलिस ने बल प्रयोग किया था.

    बीजेपी ने इसके विरोध में पार्टी की ओर से राज्य में बुधवार को बंद का आह्वान किया है.

    जबकि टीएमसी के कार्यकर्ता भी बीजेपी के इस बंद के विरोध में सड़क पर उतरे हैं. उत्तरी 24 परगना में टीएमसी कार्यकर्ताओं ने ट्रेनें भी रोकीं.

    बीजेपी नेता रूपा गांगुली ने कहा, "टीएमसी के लोग कह रहे हैं कि लोग बंद को नहीं मान रहे, जबकि बसें खाली जा रही हैं. इसका मतलब बंद को लोग मान रहे हैं."

  19. पीएम मोदी ने कहा- बात हुई लेकिन अमेरिका के बयान से बांग्लादेश ग़ायब क्यों, छिड़ी बहस

  20. इसराइली सेना ने वेस्ट बैंक में शुरू किया बड़ा अभियान, 11 फ़लस्तीनियों की मौत, योलांदे नेल, मध्यपूर्व संवाददाता

    इसराइली सेना

    इमेज स्रोत, EPA

    कब्ज़े वाले वेस्ट बैंक में इसराइली सेना एक बड़े सैन्य अभियान में कम से कम 11 फ़लस्तीनी मारे गए हैं.

    फ़लस्तीन के स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि अल-फार रेफ़्यूजी कैंप पर हुए हवाई हमले में पांच लोग मारे गए और जेनिन में ड्रोन हमले के अलावा हथियारबंद संघर्ष में छह लोग मारे गए.

    इसराइली सेना ने कहा है कि वो जेनिन और टुलकार्म में "आतंकी गतिविधियों के ख़िलाफ़ अभियान" चला रही है.

    ऐसा प्रतीत होता है कि इसराइली सेना का यह एक बड़ा ऑपरेशन है, जिसमें एक साथ चार फ़लस्तीनी शहरों- जेनिन, टुल्कार्म, नाबलुस और टुबास को निशाना बनाया जा रहा है.

    माना जाता है कि दूसरे इंतिफ़ादा के बाद पहली बार इस तरह से एक साथ कई फ़लस्तीनी शहरों पर हमला किया जा रहा है.

    पहला इंतिफ़ादा 2000 से 2005 के बीच हुआ था. फ़लस्तीनी रिपोर्टों का कहना है कि जेनिन को जाने वाली सभी सड़कों को बंद कर दिया गया है जबकि शहर के रेफ़्यूजी कैंप में हथियारबंद संघर्ष चल रहा है.

    बताया जा रहा है कि इसराइली सेना जेनिन के अस्पताल में घुस गई है.