टी-20 वर्ल्ड कप: पाकिस्तान ने बताया, भारत के ख़िलाफ़ मैच खेलने पर क्यों हुआ राजी
बीबीसी उर्दू के मुताबिक़, पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ताहिर हुसैन अंद्राबी ने कहा कि क्रिकेट में राजनीति को शामिल करना या इसे हथियार के रूप में इस्तेमाल करना दुखद है.
सारांश
कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने कहा है कि 'एफ़आईआर हो, मुक़दमा दर्ज हो या प्रिविलेज मोशन लाएं, मैं किसानों के लिए लड़ूंगा.'
इस लेख में Google YouTube से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले Google YouTube cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.
चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है. YouTube सामग्री में विज्ञापन हो सकते हैं.
पोस्ट YouTube समाप्त
राहुल गांधी बीजेपी के विशेषाधिकार हनन प्रस्ताव पर क्या बोले
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, किरेन रिजिजू ने बुधवार को कहा था कि राहुल गांधी के ख़िलाफ़ विशेषाधिकार हनन प्रस्ताव का नोटिस लाया जाएगा
लोक सभा में नेता प्रतिपक्ष और
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने बीजेपी की ओर से संसद में उनके ख़िलाफ़ 'प्रिवलेज
मोशन' यानी विशेषाधिकार हनन प्रस्ताव लाने के एलान पर प्रतिक्रिया दी है.
संसद के बाहर गुरुवार को पत्रकारों
ने इस प्रस्ताव पर प्रतिक्रिया जाननी चाहिए. लेकिन उन्होंने कोई ख़ास जवाब नहीं
दिया.
इसके कुछ देर बाद जब फिर से राहुल गांधी और मीडियाकर्मियों का आमना-सामना हुआ तो उन्होंने फिर से पत्रकारों पर निशाना साधा.
राहुल गांधी ने कहा, "क्या यही वह कोड वर्ड है जो आप लोगों को आज दिया गया है?"
उन्होंने कहा, "कल का कोड वर्ड 'ऑथेंटिकेट' था और आज का 'प्रिविलेज मोशन' है. थोड़ा तो अपना काम किया करिए."
समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़,
संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने बुधवार को
कहा था कि लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के ख़िलाफ़ "सदन को गुमराह
करने" और "बेबुनियाद बयान" देने के आरोप में विशेषाधिकार हनन
प्रस्ताव का नोटिस लाया जाएगा.
हालांकि रिजिजू ने यह स्पष्ट नहीं
किया कि विशेषाधिकार हनन प्रस्ताव का नोटिस कब और कौन देगा.
संसद भवन परिसर में पीटीआई से बातचीत
में दुबे ने कहा कि उन्होंने अपने नोटिस में उल्लेख किया है कि राहुल गांधी विदेश
यात्राओं के दौरान सोरोस फ़ाउंडेशन, यूएसएआईडी,
फ़ोर्ड फ़ाउंडेशन के साथ हाथ मिलाते हैं और
"भारत विरोधी तत्वों" के साथ "सांठगांठ" करते हैं.
पीटीआई के मुताबिक़, 'सब्स्टेंटिव मोशन' एक स्वतंत्र प्रस्ताव होता है, जिसे संसद या विधानसभा में स्वीकृति के लिए पेश किया जाता है. इसका
उद्देश्य किसी निर्णय या मत को व्यक्त करना होता है.
भारत-अमेरिका व्यापार समझौते के ख़िलाफ़ विपक्षी सांसदों का प्रदर्शन
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, विपक्षी नेता भारत-अमेरिका व्यापार समझौते की कुछ शर्तों पर सवाल उठा रहे हैं
भारत-अमेरिका व्यापार समझौते के
ख़िलाफ़ विपक्ष के सांसदों ने गुरुवार को संसद परिसर में प्रदर्शन किया.
शिवसेना (यूबीटी) सांसद प्रियंका
चतुर्वेदी ने भारत-अमेरिका व्यापार समझौते की कई शर्तों पर सवाल उठाए हैं.
प्रियंका चतुर्वेदी ने कहा,
"... ऐसा लगता है कि एक फरमान जारी हुआ,
जहां कह रहे हैं कि आप अपने सारे बाज़ार खोलिए.
आप ज़ीरो फ़ीसदी टैरिफ़ पर सामान भेजेंगे और हमारा जो टैरिफ़ होगा वह 18 फ़ीसदी
लागू होगा."
इसके अलावा उन्होंने '500 बिलियन डॉलर के व्यापार के वादे' और रूसी तेल ख़रीद पर ट्रंप की रोक को लेकर भी
सवाल उठाया है.
कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने कहा कि
अमेरिका के साथ जो व्यापार समझौता हुआ है उससे भारत 'व्यापारिक घाटे में आ जाएगा'.
इमरान मसूद ने कहा, "...हमारा व्यापारिक लाभ लगभग 45 (बिलियन डॉलर) का
है. अब जो समझौता हुआ है उसके बाद पहले साल ही हमारा व्यापारिक घाटा 13 बिलियन
डॉलर का होगा. चीन के साथ हमारा पहले से ही व्यापारिक घाटा चल रहा है."
उन्होंने सवाल किया कि अगर सब कुछ
खोल दिया जाएगा, तो भारत के उत्पादों का क्या होगा?
ट्रंप और नेतन्याहू के बीच ईरान के परमाणु कार्यक्रम पर क्या हुई चर्चा, डेनियल बुश, बीबीसी वॉशिंगटन संवाददाता
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, ट्रंप के दोबारा राष्ट्रपति बनने के बाद यह नेतन्याहू की छठी अमेरिका यात्रा है, यह दुनिया के किसी भी अन्य नेता से अधिक है
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने
कहा है कि उन्होंने इसराइल के प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू के साथ बैठक के
दौरान इस बात पर ज़ोर दिया कि ईरान के साथ बातचीत जारी रहनी चाहिए.
हालांकि उन्होंने चेतावनी दी कि अगर
परमाणु समझौता नहीं हुआ तो वह ईरान के ख़िलाफ़ कार्रवाई कर सकते हैं.
मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव और ईरान
के परमाणु हथियार कार्यक्रम को सीमित करने को लेकर बातचीत में तेज़ी के बीच दोनों
नेताओं की मुलाक़ात बुधवार को व्हाइट हाउस में हुई.
उम्मीद जताई जा रही थी कि नेतन्याहू
ट्रंप पर ऐसे समझौते की दिशा में आगे बढ़ने का दबाव डालेंगे, जो न केवल ईरान के यूरेनियम संवर्धन को रोके,
बल्कि उसके बैलिस्टिक मिसाइल कार्यक्रम और ईरान
की ओर से हमास और हिज़्बुल्लाह जैसे समूहों को मिलने वाले समर्थन पर भी रोक लगाए.
ईरान ने संकेत दिया है कि वह
प्रतिबंधों में राहत के बदले अपने परमाणु कार्यक्रम को सीमित करने के लिए तैयार है,
लेकिन उसने अन्य मांगों को ख़ारिज कर दिया है.
व्हाइट हाउस की बैठक से पहले ईरान के
राष्ट्रपति मसूद पेज़ेशकियन ने चेतावनी दी कि उनका देश "हद से अधिक मांगों के
आगे नहीं झुकेगा."
उधर, नेतन्याहू के कार्यालय ने कहा कि दोनों नेताओं ने "इसराइल की
सुरक्षा जरूरतों" पर चर्चा की और अपने "क़रीबी समन्वय और संबंध" को
जारी रखने पर सहमति जताई.
बांग्लादेश में मतदान जारी, देखिए ताज़ा तस्वीरें, जुगल पुरोहित और देवाशीष, ढाका से
बांग्लादेश में नई सरकार चुनने के लिए आज मतदान जारी है. पूर्व प्रधानमंत्री शेख़ हसीना को सत्ता से बाहर करने के बाद यह पहला आम चुनाव है.
बीबीसी की टीम इस वक्त बांग्लादेश में मौजूद है. देखिए वहां जारी मतदान की ताज़ा तस्वीरें.
इमेज कैप्शन, इस चुनाव में बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी और इस्लामी दल जमात-ए-इस्लामी के बीच मुख्य मुक़ाबला है
इमेज कैप्शन, आम चुनाव के साथ-साथ संविधान में बदलाव के लिए जनमत संग्रह भी हो रहा है
इमेज कैप्शन, स्थानीय समयानुसार मतदान शाम 04:30 बजे तक चलेगा
इमेज कैप्शन, चुनाव से शेख़ हसीना की पार्टी अवामी लीग को बाहर रखा गया है और उस पर प्रतिबंध लगा दिया गया था
इमेज कैप्शन, साल 2024 में हुए युवा-नेतृत्व वाले आंदोलन ने पूर्व प्रधानमंत्री शेख़ हसीना को सत्ता से हटा दिया था
ट्रेड यूनियनों और किसान संगठनों का आज 'भारत बंद', राहुल गांधी क्या बोले
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, एएनआई ने कोलकाता की यह तस्वीर साझा की है
दस केंद्रीय ट्रेड यूनियनों, स्वतंत्र सेक्टोरल फ़ेडरेशनों और एसोसिएशनों के
संयुक्त मंच ने आज (गुरुवार, 12
फ़रवरी) पूरे देश में आम हड़ताल यानी 'भारत बंद'
का आह्वान किया है.
संयुक्त किसान मोर्चा (एसकेएम) ने भी
इस हड़ताल का समर्थन किया है और हड़ताल में शामिल होने की बात कही है.
समाचार एजेंसी एएनआई और पीटीआई ने
देश के कुछ शहरों की तस्वीरें साझा की हैं, जहां 'भारत बंद' का असर देखने को मिल रहा है.
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भारत और अमेरिका के बीच व्यापार समझौते और किसानों
की आशंकाओं पर प्रतिक्रिया दी है.
राहुल गांधी ने कहा, "आज देशभर में लाखों मजदूर और किसान अपने हक़ की
आवाज़ बुलंद करने सड़कों पर हैं. मजदूरों को डर है कि चार श्रम संहिताएँ उनके
अधिकारों को कमजोर कर देंगी."
उन्होंने कहा, "किसानों को आशंका है कि व्यापार समझौता उनकी
आजीविका पर चोट करेगा और मनरेगा को कमज़ोर या ख़त्म करने से गांवों का आख़िरी
सहारा भी छिन सकता है."
राहुल गांधी ने हड़ताल का समर्थन
करते हुए कहा कि वह किसानों के मुद्दे और उनके 'संघर्ष के साथ मजबूती से खड़े' हैं.
अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने भारत के साथ व्यापार समझौते पर अब क्या कहा
इमेज स्रोत, Shawn Thew/EPA/Bloomberg via Getty Images
इमेज कैप्शन, बीते दिनों भारत और अमेरिका ने एक नए व्यापार समझौते की घोषणा की
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने
भारत के साथ हुए व्यापार समझौते को "ऐतिहासिक" बताया है.
उन्होंने कहा
कि अमेरिका भारत और अन्य व्यापारिक साझेदार देशों से साथ कोयले के निर्यात में बड़े
पैमाने पर बढ़ोतरी करेगा.
ट्रंप ने बुधवार को एक कार्यक्रम के दौरान कहा, "हम एक बड़े ऊर्जा निर्यातक बन रहे
हैं. पिछले कुछ महीनों में ही हमने जापान, कोरिया,
भारत और अन्य देशों के साथ ऐतिहासिक व्यापार
समझौते किए हैं, ताकि अपने कोयला निर्यात को बड़े
स्तर पर बढ़ा सकें."
उन्होंने कहा, "अब हम दुनियाभर में कोयला निर्यात कर रहे हैं,
और हमारे कोयले की गुणवत्ता दुनिया में सबसे
बेहतरीन मानी जाती है."
बीते दिनों भारत और अमेरिका ने एक नए
व्यापार समझौते की घोषणा की. साथ ही ट्रंप ने भारत पर लगे 50 फ़ीसदी टैरिफ़ को
घटाकर 18 फ़ीसदी कर दिया.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसका
स्वागत किया. हालांकि, समझौते की शर्तों और समयसीमा के बारे
में अधिक जानकारी सामने नहीं आई है.
भारत में इस समझौते को लेकर कुछ
आशंकाएं भी जताई जा रही हैं.
टी20 वर्ल्ड कप: वेस्ट इंडीज़ से मिली हार पर इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रुक क्या बोले
इमेज स्रोत, Matt Roberts-ICC/ICC via Getty
इमेज कैप्शन, हैरी ब्रुक 17 रन बनाकर आउट हुए
टी20 वर्ल्ड कप के एक लीग मुक़ाबले
में इंग्लैंड को वेस्ट इंडीज़ के हाथों 30 रन से हार झेलनी पड़ी है. हार के बाद
कप्तान हैरी ब्रुक ने कहा कि इंग्लैंड के बल्लेबाज़ "कुछ ज़्यादा ही
सावधान" रहे.
वेस्ट इंडीज़ ने इंग्लैंड के सामने
196 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया था. वेस्ट इंडीज़ के लिए शेरफ़ोन रदरफ़ोर्ड ने सबसे अधिक 76 रन (42 गेंद में) बनाए.
197 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड
की शुरुआत अच्छी रही. लेकिन इंग्लैंड ने बीच के ओवरों में
स्पिन के ख़िलाफ़ अपने छह विकेट गंवा दिए और टीम 19 ओवर में 166 रन पर ऑल आउट हो
गई.
इंग्लैंड की ओर से सैम करन ने सबसे अधिक 43 रन की पारी खेली. वह नॉट आउट रहे.
मैच के बाद इंग्लैंड के कप्तान हैरी
ब्रुक ने कहा, "क़रीब 200 रन का पीछा करना हमेशा
मुश्किल होता है और हमें लगा था कि पिच थोड़ी बेहतर हो जाएगी और गेंद बल्ले पर
थोड़ा और आसानी से आएगी, लेकिन
ऐसा नहीं हुआ."
उन्होंने कहा, "शायद हम थोड़े ज़्यादा सावधान थे, और इसमें मैं ख़ुद भी शामिल हूं."
हैरी ब्रुक 17 रन बनाकर वेस्ट इंडीज़
के स्पिनर गुडकेश मोती की गेंद पर उन्हीं के हाथों कैच आउट हुए.
ब्रुक ने कहा, "मैं आज जिस तरह आउट हुआ, उससे बेहतर होता कि बाउंड्री पर कैच आउट हो जाता."
गुडकेश मोती ने वेस्ट इंडीज़ के लिए
सबसे अधिक तीन विकेट झटके. उन्होंने अपने चार ओवरों में 33 रन खर्चे.
कनाडा पर ट्रंप के टैरिफ़ के ख़िलाफ़ अमेरिकी संसद में वोटिंग
इमेज स्रोत, Brendan SMIALOWSKI / AFP via Getty
इमेज कैप्शन, ट्रंप ने कनाडा पर कई तरह के टैरिफ़ लगाए हैं (फ़ाइल फ़ोटो)
कनाडा पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड
ट्रंप की ओर से लगाए गए टैरिफ़ के विरोध में अमेरिकी कांग्रेस (संसद) में वोटिंग
हुई है. इससे जुड़ा प्रस्ताव 'हाउस ऑफ़
रिप्रज़ेंटेटिव्स' में पास हुआ है.
कनाडा पर ट्रंप के टैरिफ़ को रद्द
करने से जुड़ा प्रस्ताव 219-211 वोटों से पास हुआ है. इस दौरान क्रॉस वोटिंग भी
हुई.
ट्रंप की पार्टी यानी रिपब्लिकन
पार्टी के छह सांसदों ने प्रस्ताव के समर्थन में वोट दिया है, जबकि डेमोक्रेटिक पार्टी के एक सांसद ने प्रस्ताव
के ख़िलाफ़ वोटिंग की है.
वोटिंग के दौरान राष्ट्रपति ट्रंप ने एक सोशल मीडिया पोस्ट के ज़रिए रिपब्लिकन सांसदों को चेतावनी दी कि जो भी टैरिफ़ के ख़िलाफ़ वोट करेगा,
उसे चुनाव के समय 'गंभीर नतीजे' भुगतने
पड़ेंगे.
ट्रंप का कहना है कि कनाडा ने कई
वर्षों तक व्यापार के मामले में अमेरिका का 'फ़ायदा उठाया' है.
उन्होंने कनाडा पर कई तरह के टैरिफ़
लगाए हैं. हाल ही में कनाडा और चीन के बीच प्रस्तावित व्यापार समझौते के जवाब में
ट्रंप ने कनाडा पर 100 फ़ीसदी टैरिफ़ लगाने की धमकी दी है.
अब यह प्रस्ताव अमेरिकी संसद के दूसरे सदन यानी सीनेट में जाएगा, जहां रिपब्लिकन पार्टी का बहुमत है. भले ही यह सीनेट से भी पास हो जाए, फिर भी इसके क़ानून बनने की संभावना कम ही है.
ब्रेकिंग न्यूज़, बांग्लादेश में मतदान शुरू, अवामी लीग पर प्रतिबंध के बाद इन दलों के बीच मुक़ाबला
इमेज स्रोत, Sajjad HUSSAIN / AFP via Getty
इमेज कैप्शन, यह पहली बार है जब आम चुनाव के साथ-साथ संविधान में बदलाव के लिए जनमत संग्रह हो रहा है
बांग्लादेश में आज (गुरुवार) 12
करोड़ से अधिक लोग नई सरकार चुनने के लिए मतदान कर रहे हैं. देशभर में मतदान शुरू
हो चुका है और यह स्थानीय समयानुसार शाम 04:30 बजे तक चलेगा.
यह 2024 में हुए आंदोलन के बाद पहला
चुनाव है. इस युवा-नेतृत्व वाले आंदोलन ने पूर्व प्रधानमंत्री शेख़ हसीना को सत्ता
से हटा दिया था.
नोबेल शांति पुरस्कार विजेता मोहम्मद
यूनुस के नेतृत्व में एक अंतरिम सरकार हसीना के देश छोड़ने के बाद से बांग्लादेश
का संचालन कर रही है.
इस आंदोलन के दौरान कम से कम 1,400
प्रदर्शनकारियों की मौत हुई थी. शेख़ हसीना पर प्रदर्शनकारियों के ख़िलाफ़ कार्रवाई का
सीधा आदेश देने का आरोप है, जिसे वह
खारिज करती रही हैं.
पिछले साल नवंबर में बांग्लादेश की
एक अदालत ने मानवता के ख़िलाफ़ अपराधों के मामले में शेख़ हसीना को मौत की सज़ा
सुनाई थी.
उनकी पार्टी अवामी लीग पर इस चुनाव
में हिस्सा लेने को लेकर प्रतिबंध लगाया गया है.
इस चुनाव में अब बांग्लादेश
नेशनलिस्ट पार्टी और इस्लामी दल जमात-ए-इस्लामी के बीच मुक़ाबला है.
जमात-ए-इस्लामी ने छात्र आंदोलन से उभरी एक पार्टी के साथ गठबंधन किया है.
लोग नई सरकार के लिए वोट दे रहे हैं
और साथ ही संविधान में बदलाव के लिए जनमत संग्रह में भी हिस्सा ले रहे हैं.
कनाडा के स्कूल में गोलीबारी: 18 साल के संदिग्ध हमलावर के बारे में ये पता चला, एना फ़ेगी
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, टम्बलर रिज में हुई इस घटना में कम से कम 25 लोग घायल हुए हैं
कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया में हुई एक गोलीबारी की घटना में आठ लोगों की मौत हुई है और कई अन्य घायल हैं. इस मामले में पुलिस ने 18 साल के एक शख़्स की पहचान संदिग्ध के तौर पर की है.
पुलिस ने बताया कि संदिग्ध जेसी वैन रूटसेलार घटनास्थल पर मृत पाए गए. उनके शरीर पर ख़ुद को गोली मारने के कारण चोट के निशान थे. हमले का मकसद अब तक स्पष्ट नहीं है.
टम्बलर रिज सेकेंडरी स्कूल में छह लोगों की मौत हुई और कम से कम 25 अन्य घायल हुए. दो अन्य लोग पास के एक घर में मृत पाए गए. इनमें संदिग्ध की 39 वर्षीय मां और 11 वर्षीय सौतेला भाई शामिल हैं.
अधिकारियों ने बताया कि वैन रूटसेलार जन्म से पुरुष थे, लेकिन वह ख़ुद की पहचान महिला के रूप में करती थीं.
रॉयल कैनेडियन माउंटेड पुलिस के डिप्टी कमिश्नर ड्वेन मैकडॉनल्ड ने कहा, "मैं कह सकता हूं कि जेसी पुरुष के रूप में जन्में, जिन्होंने लगभग छह साल पहले महिला के रूप में बदलाव की प्रक्रिया शुरू की थी."
मैकडॉनल्ड ने बताया कि पास के घर में गोलीबारी पहले हुई, उसके बाद संदिग्ध स्कूल गया.
स्कूल में मारे गए लोगों में 39 वर्षीय एक शिक्षिका, तीन 12 वर्षीय छात्राएं और दो छात्र शामिल हैं, जिनमें एक की उम्र 12 वर्ष और दूसरे की 13 वर्ष थी.
अधिकारियों का मानना है कि गोलीबारी की इन घटनाओं में कोई अन्य संदिग्ध शामिल नहीं है.
नमस्कार!
बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता सुमंत सिंह अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.