अब इस लाइव पेज को विराम देने का वक़्त आ गया है. बीबीसी संवाददाता इफ़्तेख़ार अली को दीजिए इजाज़त.
कल सुबह एक नए लाइव पेज के साथ हम फिर हाज़िर होंगे.
बीबीसी हिन्दी की वेबसाइट पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.
पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान ख़ान ने बुधवार को पाकिस्तानी सेना प्रमुख फ़ील्ड मार्शल आसिम मुनीर की आलोचना करते हुए कहा कि उन्होंने ताक़त के ज़रिए पाकिस्तान को एक 'हार्ड स्टेट' में बदल दिया है.
आनंद मणि त्रिपाठी और इफ़्तेख़ार अली
अब इस लाइव पेज को विराम देने का वक़्त आ गया है. बीबीसी संवाददाता इफ़्तेख़ार अली को दीजिए इजाज़त.
कल सुबह एक नए लाइव पेज के साथ हम फिर हाज़िर होंगे.
बीबीसी हिन्दी की वेबसाइट पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

इमेज स्रोत, Getty Images
पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान ख़ान ने बुधवार को पाकिस्तानी सेना प्रमुख फ़ील्ड मार्शल आसिम मुनीर की आलोचना करते हुए कहा कि उन्होंने ताक़त के ज़रिए पाकिस्तान को एक 'हार्ड स्टेट' में बदल दिया है.
73 साल के इमरान ख़ान पिछले दो साल से अलग-अलग मामलों में जेल में बंद हैं.
उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, "असल मायनों में एक मज़बूत देश वह होता है जहां संविधान की सर्वोच्चता, क़ानून का राज, न्याय और लोकतांत्रिक आज़ादियां कायम हों. लेकिन आसिम मुनीर के 'हार्ड स्टेट' का मतलब है ऐसा सिस्टम जहां लोकतंत्र के सभी स्तंभों को कुचलकर 'आसिम क़ानून' लागू किया गया है."
इमरान ख़ान ने कहा, "यह बात साफ़ है कि किसी भी देश को उसके लोगों के समर्थन और सहमति के बिना मज़बूत नहीं बनाया जा सकता. जिस तरह के अत्याचार तथाकथित 'आसिम क़ानून' के तहत किए जा रहे हैं, वह देश को मज़बूत नहीं बल्कि उसकी नींव को कमज़ोर कर रहे हैं."
इमरान ख़ान ने दावा किया कि उन्हें जेल में पूरी तरह से अकेलेपन में रखा गया है.
उन्होंने कहा, "मुझे पूरी तरह अलग-थलग रखा गया है. पाकिस्तान के इतिहास में राजनीतिक बदले की इससे बड़ी मिसाल नहीं है. मुझे जेल मैनुअल में दी गई बुनियादी सुविधाओं से भी अलग रखा गया है."

इमेज स्रोत, Getty Images
रूस ने बुधवार को अपने तय कार्यक्रम के तहत परमाणु अभ्यास किया.
यह अभ्यास उस समय हुआ जब यूक्रेन युद्ध को लेकर यूरोप में तनाव बढ़ा हुआ है.
यह अभ्यास नेटो की ओर से इसी तरह के वार्षिक अभ्यास शुरू करने के एक सप्ताह बाद किया गया.
राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कहा, “हम तय योजना के मुताबिक़ परमाणु ताकतों की ट्रेनिंग कर रहे हैं.”
नेटो ने भी पिछले हफ़्ते नॉर्थ सी इलाके में अपने वार्षिक परमाणु अभ्यास शुरू किए हैं.
रूस का यह अभ्यास उस वक्त हुआ है जब यूक्रेन युद्ध को ख़त्म करने की कोशिशें धीमी पड़ गई हैं और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पुतिन के साथ होने वाली शांति वार्ता को टाल दिया है.
रूस के रक्षा मंत्रालय ने इन अभ्यासों के वीडियो जारी किए हैं जिनमें ज़मीन, समुद्र और हवा से मिसाइल लॉन्च दिखाए गए हैं.

इमेज स्रोत, Reuters
अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस इसराइल दौरे पर हैं. इस दौरान उन्होंने इसराइल के प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू से मुलाक़ात की.
उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने कहा है कि हमास को निहत्था करना और ग़ज़ा का पुनर्निर्माण करना एक कठिन काम है, लेकिन इसे लेकर उन्हें "बहुत उम्मीद" है.
इसराइली प्रधानमंत्री नेतन्याहू के साथ एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में बोलते हुए उन्होंने कहा, "अमेरिका और इसराइल मध्य पूर्व की तस्वीर बदल रहे हैं."
जेडी वेंस ने कहा, "हम इसे अब्राहम समझौते को आगे बढ़ाने का एक अवसर मानते हैं."
इस पर इसराइली प्रधानमंत्री नेतन्याहू ने कहा, "जब इसराइल की सुरक्षा की बात आती है, तो हम वही करते हैं जो करना चाहिए. यह हमेशा से होता आया है."
"लेकिन अमेरिका एक मज़बूत इसराइल में रुचि रखता है और इसराइल एक मज़बूत अमेरिका में रुचि रखता है."
इस लेख में Google YouTube से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले Google YouTube cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.
पोस्ट YouTube समाप्त

इमेज स्रोत, Getty Images
पाकिस्तान ने ग़ज़ा में इसराइल के ताज़ा हमलों की कड़ी निंदा की है. इसको लेकर पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने एक बयान जारी किया है.
बयान में कहा गया, "ऐसे हमले शर्म अल-शेख़ में मुस्लिम और अरब जगत, अमेरिका, यूरोप और संयुक्त राष्ट्र के नेतृत्व की मौजूदगी में हुए शांति समझौते की भावना के ख़िलाफ़ हैं."
पाकिस्तान ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से अपील की है कि वह इन उल्लंघनों को रोकने के लिए तुरंत और प्रभावी क़दम उठाए, संघर्षविराम का पूरा पालन सुनिश्चित करे और फ़लस्तीनी लोगों की सुरक्षा की गारंटी दे.
इसराइल और हमास के बीच हाल ही में युद्धविराम की घोषणा हुई थी.
हालांकि, बीते हफ़्ते हमास और इसराइल ने एक-दूसरे पर युद्धविराम के उल्लंघन का आरोप लगाया था.

श्रीलंका के जाफना के रहने वाले इनोसुरन गृहयुद्ध के कारण फ़्रांस में बस गए थे.
युद्ध ख़त्म होने के बाद उन्होंने कई सालों बाद साइकिल से अपने देश लौटने का फै़सला किया.
9 जुलाई 2025 को इनोसुरन फ़्रांस से निकले थे और अब तक जर्मनी, ऑस्ट्रेलिया समेत 10 देशों के रास्ते 10 हज़ार किलोमीटर की साइकिल यात्रा कर चुके हैं.
तीन महीने की यात्रा पूरी करने के बाद वे तमिलनाडु के नागाई पहुंचे. वहां से वे नागाई बंदरगाह से जहाज़ के जरिए श्रीलंका के जाफना जाएंगे.
इनोसुरन ने कहा कि साइकिल यात्रा के दौरान उन्हें कई देशों की संस्कृतियों और रीति-रिवाजों को क़रीब से जानने का मौका मिला.
उन्होंने कहा कि कई वर्षों बाद अपने वतन श्रीलंका लौटना उनके लिए बेहद खुशी की बात है.

इमेज स्रोत, Getty Images
नेपाल की अंतरिम प्रधानमंत्री सुशीला कार्की ने बुधवार को कहा कि उनकी अंतरिम सरकार 5 मार्च को होने वाले आम चुनाव को स्वतंत्र और निष्पक्ष तरीके से कराने के लिए प्रतिबद्ध है.न्यूज़ एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, 'भक्तपुर के एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा, "हम संविधान के मुताबिक़ जेन-ज़ी की जायज़ मांगों को पूरी करने की कोशिश करेंगे.''
उन्होंने कहा "सरकार ऐसा माहौल बनाएगी जहां नेपाली नागरिक बिना किसी डर के मतदान कर सकें. इससे लोकतंत्र मज़बूत होगा, समृद्धि बढ़ेगी और नागरिकों के अधिकार सुरक्षित रहेंगे."
73 वर्षीय कार्की पिछले महीने नेपाल की पहली महिला प्रधानमंत्री बनी थीं. उन्होंने युवाओं के नेतृत्व वाले 'जेन-ज़ी' विरोध प्रदर्शनों के बाद तत्कालीन प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली के इस्तीफ़े के बाद पदभार संभाला था.
सरकार ने सभी राजनीतिक दलों से स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव कराने में सहयोग मांगा है.
नेपाल के शीर्ष निर्वाचन आयोग ने पहले ही 5 मार्च 2026 को चुनाव की तारीख घोषित कर दी है.


इमेज स्रोत, ANI
नेशनल सोशलिस्ट काउंसिल ऑफ नगालैंड (एनएससीएन) के प्रमुख टी. मुइवा 50 साल बाद अपने जन्मस्थान मणिपुर के उखरुल ज़िले के सोमदल गांव पहुंचे हैं.
उनके स्वागत में हज़ारों की संख्या में नगा समुदाय के लोग पारंपरिक पोशाक में मौजूद रहे.
90 वर्षीय टी. मुइवा पांच दशक से भी ज़्यादा पहले उग्रवाद में शामिल होने के लिए उखरुल से चले गए थे. वह नगा आंदोलन के सबसे प्रभावशाली नेताओं में से एक माने जाते हैं.
उन्होंने 2010 में भी अपने गांव लौटने की कोशिश की थी, लेकिन उस समय कांग्रेस सरकार ने उन्हें अनुमति नहीं दी थी.
'ग्रेटर नगालैंड' की मांग को लेकर विवाद का हवाला देकर उस यात्रा को रोक दिया गया था. उसके बाद नगालैंड-मणिपुर सीमा पर हिंसा भी भड़क उठी थी.
टी. मुइवा के संगठन ने मणिपुर, असम और अरुणाचल प्रदेश के नगा-बहुल इलाक़ों को मिलाकर एक 'ग्रेटर नगा होमलैंड' की मांग की थी.
वह (टी. मुइवा) 1997 में भारत सरकार के साथ शुरू हुई शांति वार्ता के प्रमुख वार्ताकार रहे और 3 अगस्त 2015 को केंद्र सरकार के साथ ऐतिहासिक 'फ्रेमवर्क एग्रीमेंट' पर हस्ताक्षर किए थे.
टी. मुइवा एक सप्ताह तक सोमदल में रुकने के बाद नगालैंड के दीमापुर लौट जाएंगे.

लगभग पूरे साल बर्फ़ से ढके रहने वाले आइसलैंड में पहली बार मच्छर पाए गए हैं. वहां इस साल वसंत में रिकॉर्ड तोड़ गर्मी पड़ी है.
स्थानीय मीडिया की रिपोर्ट के मुताबिक़, कीट प्रेमी ब्योर्न ह्याल्टेसन ने पिछले हफ़्ते कई रातों तक शराब में भीगे रस्सियों का इस्तेमाल करते हुए पतंगों का निरीक्षण करते समय इन मच्छरों को देखा.
ह्याल्टेसन ने दो मादा और एक नर मच्छर पाए, जिन्हें बाद में 'कुलिसेटा एन्नुलाटा' प्रजाति का बताया गया, यह उन कुछ प्रजातियों में से एक है जो सर्दियों में जीवित रह सकती हैं.
खोज से पहले आइसलैंड दुनिया के उन दो स्थानों में से एक था जहां मच्छर नहीं पाए जाते थे. दूसरा अंटार्कटिका है, जहां मच्छर नहीं पाए जाते हैं.

इमेज स्रोत, BJP/X
बिहार में जीविका दीदी और संविदाकर्मियों को लेकर राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) नेता तेजस्वी यादव के एलान के कुछ देर बाद भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने इस पर तंज कसा है.
बीजेपी नेता सुधांशु त्रिवेदी ने कहा, "अगर पर्याप्त शिक्षा न हो तो नेता किस तरह की बात करता है, यह यहां समझ आता है."
उन्होंने कहा, "जहां तक वह महिलाओं की बात कर रहे हैं, लालू प्रसाद जी के शासनकाल में आजीविका तो छोड़िए, जान और सम्मान पर महिलाओं के जितने बड़े ख़तरे रहते थे, वह आज भी बिहार भूला नहीं है."
आरजेडी नेता पर तंज कसते हुए सुधांशु त्रिवेदी ने कहा, "तेजस्वी यादव अब वह सारी बातें करना शुरू कर दिए हैं, जो न सिर्फ़ उनके दावों की विश्वसनीयता पर प्रश्नचिन्ह लगाती हैं, बल्कि ऐसा लगता है कि वह चुनावी प्रक्रिया का माहौल उड़ाती है."
कुछ दिन पहले तेजस्वी यादव ने कहा था कि बिहार में वह हर परिवार के एक व्यक्ति को सरकारी नौकरी देंगे.
इस पर बीजेपी नेता सुधांशु त्रिवेदी ने कहा, "इससे पहले भी उन्होंने दावा किया था कि हर परिवार के एक व्यक्ति को सरकारी नौकरी देंगे. यहां समझ आता है कि अगर पर्याप्त शिक्षा न हो तो नेता किस तरह की बात करता है."
उन्होंने कहा, "कई बार राजद के लोग जो बोलते हैं, उसमें उनके मन का मनोभाव समझने की ज़रूरत होती है."
त्रिवेदी ने कहा, "तेजस्वी जी ने कहा था कि 10 लाख नौकरी देंगे, तो जनता मनोभाव नहीं समझ पाई, लेकिन अब समझ गई है. उनका मनोभाव ये था कि 10 लाख में नौकरी देंगे, और अगर नहीं हुआ 10-20 लाख, तो ज़मीन ले लेंगे."
इससे पहले तेजस्वी ने किया था एलान
तेजस्वी ने लिखा, "जीविका दीदियों (कम्युनिटी मोबिलाइजर) को स्थाई कर उन्हें सरकारी कर्मचारी का दर्जा दिया जाएगा. जीविका दीदियों का वेतन 30 हज़ार रुपये प्रतिमाह किया जाएगा."
उन्होंने यह भी लिखा कि प्रदेश में कार्यरत सभी संविदाकर्मियों को स्थायी किया जाएगा. "विभिन्न एजेंसियों के माध्यम से शारीरिक, मानसिक और आर्थिक शोषण झेल रहे संविदाकर्मियों को अब एक साथ स्थायी किया जाएगा."

इमेज स्रोत, Ukrainian emergency service DSNS
यूक्रेन के अलग-अलग शहरों पर रूस के ड्रोन और मिसाइल हमलों में कम से कम छह लोगों की मौत हुई है, जिनमें दो बच्चे भी शामिल हैं.
यह जानकारी यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने दी. हमलों में कम से कम 21 लोग घायल हुए हैं.
ज़ेलेंस्की ने कहा कि लगातार हो रहे हमले इस बात का सबूत हैं कि “रूस पर युद्ध को रोकने के लिए अब तक पर्याप्त दबाव नहीं डाला गया है.”
हमलों से कुछ घंटे पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने घोषणा की थी कि रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ बुडापेस्ट में प्रस्तावित बैठक फिलहाल स्थगित कर दी गई है, क्योंकि वह “बेकार बैठक” नहीं चाहते.
इस बीच,रूस ने ट्रंप और यूरोपीय नेताओं द्वारा संघर्षविराम की अपील को खारिज कर दिया है.
नमस्कार!
अब तक बीबीसी संवाददाता आनंद मणि त्रिपाठी आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे.
अब से रात 10 बजे तक बीबीसी संवाददाता इफ़्तेख़ार अली आप तक अहम ख़बरें पहुंचाएंगे.
बीबीसी हिन्दी के पन्ने पर लगी कुछ अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

इमेज स्रोत, Stefan Wermuth/Bloomberg via Getty Images
विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के महानिदेशक डॉ. टेड्रोस गेब्रियेसस ने चेतावनी दी है कि ग़ज़ा पट्टी में जारी स्वास्थ्य संकट 'आने वाली कई पीढ़ियों तक' बना रह सकता है.
उन्होंने मौजूदा हालात को “आपदा” बताया है.
बीबीसी रेडियो 4 के टुडे कार्यक्रम में बातचीत के दौरान डॉ. टेड्रोस ने कहा कि ग़ज़ा की जटिल मानवीय स्थिति से निपटने के लिए “मदद में भारी वृद्धि” की तत्काल आवश्यकता है.
उन्होंने बताया कि इसराइल ने 10 अक्तूबर को हमास के साथ संघर्षविराम समझौते के बाद कुछ सीमित राहत सामग्री और दवाओं को ग़ज़ा में प्रवेश की अनुमति दी है, लेकिन यह मात्रा “स्वास्थ्य तंत्र को पुनर्जीवित करने के लिए आवश्यक स्तर से बहुत कम” है.
डब्ल्यूएचओ प्रमुख ने आगे कहा, “ग़ज़ा में स्वास्थ्य ढांचा पूरी तरह टूट चुका है. अस्पताल या तो खंडहर बन चुके हैं या दवाओं की भारी कमी से जूझ रहे हैं. इसका असर न केवल आज बल्कि आने वाली पीढ़ियों के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य पर भी पड़ेगा.”
उनकी यह टिप्पणी ऐसे समय आई है जब राहत एजेंसियां चेतावनी दे रही हैं कि चिकित्सा सेवाओं की बहाली के बिना ग़ज़ा में महामारी फैलने का खतरा बढ़ सकता है.

इमेज स्रोत, Ishant Chauhan/Hindustan Times via Getty Images
दिल्ली की वायु गुणवत्ता पर बोलते हुए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि इस साल दिवाली के बाद प्रदूषण के स्तर में कमी दर्ज की गई है.
मुख्यमंत्री ने कहा, “हम सभी ने डेटा देखा है. अगर हम दिवाली के अगले दिन का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) डेटा पिछली सरकारों के समय से तुलना करें, तो यह स्पष्ट है कि आंकड़ों में कमी आई है.”
उन्होंने कहा, “भले ही पटाखे फोड़ने की अनुमति दी गई थी, फिर भी दिवाली और उसके अगले दिन के बीच एक्यूआई का अंतर घटा है, जो प्रदूषण में कमी का संकेत है.”
उन्होंने आगे कहा, “सरकार दिल्ली के लिए जो भी संभव है, वह सब कर रही है.”
हालांकि केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) ने बुधवार सुबह 9 बजे दिल्ली का एक्यूआई 335 दर्ज किया गया, जो ‘बहुत खराब’ श्रेणी में आता है.

इमेज स्रोत, Getty Images
युगांडा में बुधवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे में कम से कम 63 लोगों की मौत हो गई.
यह हादसा राजधानी कंपाला को उत्तर के गुलू शहर से जोड़ने वाले कंपाला–गुलू हाईवे पर हुआ, जो देश के सबसे व्यस्त मार्गों में से एक है.
युगांडा पुलिस बल ने बताया कि रात करीब 12:15 बजे, तेज़ रफ़्तार से चल रही दो बसें आमने-सामने भिड़ गईं.
प्रारंभिक जांच के मुताबिक, एक बस ड्राइवर ने टक्कर से बचने के लिए अचानक बस को मोड़ दिया जिसके कारण कई वाहन पलट गए और कुछ एक-दूसरे से टकरा गए.
पुलिस प्रवक्ता ने कहा कि मृतकों की पहचान की जा रही है. कई घायलों की हालत गंभीर है. सभी को पश्चिमी शहर किरयांडोंगो के अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
स्थानीय अधिकारियों ने घटनास्थल पर राहत अभियान चलाया है और हाइवे को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है.
युगांडा में तेज़ रफ़्तार, ओवरलोडिंग और रात में लंबी दूरी तय करने वाले वाहनों की लापरवाही के कारण हर साल सैकड़ों लोगों की मौत होती है.

इमेज स्रोत, Getty Images
राजस्थान के जयपुर ज़िले के चौमूं में बुधवार तड़के एक तेज़ रफ्तार एसयूवी ने तीन मोटरसाइकिलों को टक्कर मार दी, जिसमें एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई और तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए.
राजस्थान पुलिस ने पीटीआई को बताया कि यह हादसा रामपुरा पुलिया के पास हुआ, जब पीड़ित खाटू श्यामजी मंदिर से दर्शन कर घर लौट रहे थे.
पुलिस के अनुसार, एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छह लोगों को चौमूं सरकारी अस्पताल ले जाया गया.
इसके बाद में उन्हें जयपुर के सवाई मानसिंह (एसएमएस) अस्पताल रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान तीन और लोगों की मौत हो गई.

इमेज स्रोत, Santosh Kumar/Hindustan Times via Getty Images
बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने एक्स पर जीविका दीदियों और संविदाकर्मियों के लिए बड़ा वायदा किया है.
तेजस्वी ने लिखा है, "जीविका दीदियों (कम्युनिटी मोबिलाइजर) को स्थाई कर उन्हें सरकारी कर्मचारी का दर्जा दिया जाएगा. जीविका दीदियों का वेतन 30 हजार रुपये प्रतिमाह किया जाएगा."
उन्होंने यह भी लिखा है कि प्रदेश में कार्यरत सभी संविदाकर्मियों को स्थायी किया जाएगा. "विभिन्न एजेंसियों के माध्यम से शारीरिक, मानसिक और आर्थिक शोषण झेल रहे संविदाकर्मियों को अब एक साथ स्थायी किया जाएगा."
चुनाव से पहले नीतीश सरकार ने 21 जून से अक्तूबर के पहले हफ़्ते तक कम से कम 15 ऐसी घोषणाएं की हैं जिसके जरिए महिलाओं, बुजुर्गों से लेकर समाज के हर वर्ग ख़ास तौर पर आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग को साधने की कोशिश की गई है.
मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना जिसके तहत आवेदन करने वाली महिला को अपना रोजगार शुरू करने के लिए पहली किश्त के तौर पर 10 हज़ार रुपये मिलेंगे.
छह माह बाद इसकी समीक्षा होगी और 2 लाख रुपये की अतिरिक्त सहायता मिलेगी.
इस सहायता में सितंबर के अंत तक 1 करोड़ 11 लाख 58 हज़ार 840 महिलाओं ने इसके लिए आवेदन किया था.

इमेज स्रोत, Sanchit Khanna/Hindustan Times via Getty Images
राजधानी दिल्ली में बुधवार को न्यूनतम तापमान 21.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.4 डिग्री अधिक है.
भारतीय मौसम विभाग ने यह जानकारी दी. सुबह 8.30 बजे आर्द्रता 91 प्रतिशत दर्ज की गई.
मौसम विभाग ने पूर्वानुमान में कहा है कि सुबह के समय हल्की धुंध और धुआं रहेगा, जबकि दिन का अधिकांश समय आसमान साफ़ रहने और अधिकतम तापमान लगभग 33 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, बुधवार सुबह 9 बजे दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 335 दर्ज किया गया, जो ‘बहुत खराब’ श्रेणी में आता है.
हरियाणा के कई इलाकों में वायु गुणवत्ता ‘बहुत खराब’ श्रेणी में दर्ज की गई, जबकि पड़ोसी राज्य पंजाब में हवा की गुणवत्ता ‘खराब’ श्रेणी में रही.
सीपीसीबी के अनुसार, बुधवार सुबह 9 बजे हरियाणा के रेवाड़ी ज़िले के धारूहेड़ा में एक्यूआई 382 दर्ज किया गया, जो ‘बहुत खराब’ श्रेणी में आता है.
एक्यूआई श्रेणियों के अनुसार, 0 से 50 तक ‘अच्छा’, 51 से 100 ‘संतोषजनक’, 101 से 200 ‘मध्यम’, 201 से 300 ‘खराब’, 301 से 400 ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 ‘गंभीर’ श्रेणी मानी जाती है.