You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

इमरान ख़ान ने आसिम मुनीर को घेरा, सोशल मीडिया के जरिए जारी किया बयान

पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान ख़ान ने बुधवार को पाकिस्तानी सेना प्रमुख फ़ील्ड मार्शल आसिम मुनीर की आलोचना करते हुए कहा कि उन्होंने ताक़त के ज़रिए पाकिस्तान को एक 'हार्ड स्टेट' में बदल दिया है.

सारांश

लाइव कवरेज

आनंद मणि त्रिपाठी और इफ़्तेख़ार अली

  1. सबरीमाला यात्रा के लिए पहुंचीं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के हेलीकॉप्टर के पहिए धंसे

    सबरीमाला यात्रा के लिए पहुंचीं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के हेलीकॉप्टर के पहिए बुधवार सुबह उतरते समय नए बने कंक्रीट हेलीपैड में धंस गए.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, यह घटना प्रमादम स्थित राजीव गांधी इंडोर स्टेडियम पर बने अस्थायी लैंडिंग साइट पर हुई.

    राष्ट्रपति के सड़क मार्ग से पंबा रवाना होने के बाद, टीवी चैनलों पर प्रसारित दृश्यों में यह देखा गया.

    कई पुलिसकर्मी और फायर ब्रिगेड कर्मी हेलीकॉप्टर के पहियों को बाहर निकालने के लिए धक्का लगा रहे थे.

    जिले के एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि स्टेडियम को हेलीकॉप्टर लैंडिंग के लिए अंतिम क्षणों में तय किया गया था. इस वजह से हेलीपैड मंगलवार देर रात में ही बनाया गया था.

  2. लोकपाल ने सात बीएमडब्ल्यू कारों की खरीद के लिए टेंडर जारी किया, फैसले पर उठे सवाल

    पूर्व वित्तमंत्री पी चिदंबरम ने भ्रष्टाचार निरोधक संस्था लोकपाल की सात बीएमडब्ल्यू कार खरीद को लेकर सवाल उठाए हैं.

    चिदंबरम ने अपने एक्स पर लिखा है, “जब सुप्रीम कोर्ट के माननीय न्यायाधीशों को सामान्य सेडान वाहन उपलब्ध कराए जाते हैं, तो लोकपाल अध्यक्ष और छह सदस्यों को बीएमडब्ल्यू कारों की क्या ज़रूरत है?”

    “सार्वजनिक धन से इतनी महंगी गाड़ियां खरीदने का क्या तुक है? आशा है कि लोकपाल के कम से कम एक या दो सदस्य इन गाड़ियों को स्वीकार करने से इंकार करेंगे.”

    नीति आयोग के पूर्व सीईओ अमिताभ कांत ने एक्स पर लिखा है, “लोकपाल को यह टेंडर रद्द कर देना चाहिए और मेक इन इंडिया इलेक्ट्रिक वाहनों को अपनाना चाहिए.”

    लोकपाल ने सात बीएमडब्ल्यू 3 सीरीज़ 330एलआई एम स्पोर्ट कारों की खरीद के लिए टेंडर जारी किया है. 16 अक्तूबर को जारी टेंडर में कहा गया है कि ये सभी कारें लॉन्ग व्हीलबेस और सफेद रंग की होंगी.

    दस्तावेज़ के मुताबिक, इसके लिए बोली जमा करने की अंतिम तारीख 6 नवंबर तय की गई है, जबकि टेंडर 7 नवंबर को खोली जाएंगी.

    कारों की आपूर्ति “दो सप्ताह या सप्लाई ऑर्डर जारी होने के 30 दिन के अंदर” करनी होगी.

    सात सदस्यीय लोकपाल संस्था की अध्यक्षता सुप्रीम कोर्ट के पूर्व न्यायाधीश न्यायमूर्ति एएम खानविलकर कर रहे हैं. संस्था का काम केंद्र और उससे जुड़ी एजेंसियों में भ्रष्टाचार के मामलों की निगरानी और जांच करना है.

  3. चैटजीपीटी बनाने वाले ओपनएआई ने लॉन्च किया नया एआई वेब ब्राउज़र ‘एटलस’, क्या गूगल क्रोम को मिलेगी चुनौती

    चैटजीपीटी बनाने वाली कंपनी ओपनएआई ने मंगलवार को अपना पहला एआई-संचालित वेब ब्राउज़र ‘चैटजीपीटी एटलस’ लॉन्च किया, कई विश्लेषक इसे गूगल क्रोम के सबसे बड़े प्रतिद्वंद्वी के रूप में देख रहे हैं.

    कंपनी के सीईओ सैम ऑल्टमैन ने कहा कि ‘एटलस पारंपरिक ब्राउज़र अनुभव को पूरी तरह बदल देगा. यह एड्रेस बार की जगह सीधे चैटजीपीटी इंटरफ़ेस से काम करता है.’

    एटलस का पहला संस्करण फिलहाल एपल एमएसीओएस पर जारी किया गया है. यूज़र्स चैटजीपीटी खाते के ज़रिए लॉग इन कर सकते हैं और और उसी चैट इंटरफ़ेस में वेब सर्च, वेबपेज खोलने और कंटेंट समरी जैसी सुविधाएं पा सकते हैं.

    ओपनएआई ने बताया कि इसमें एक पेड ‘एजेंट मोड’ भी होगा. यह फीचर उपयोगकर्ता के निर्देशों के अनुसार स्वतः इंटरनेट खंगालकर जानकारी जुटाएगा और सर्च परिणामों का सारांश पेश करेगा.

    यह लॉन्च ऐसे समय में हुआ है जब ओपनएआई अपनी एआई तकनीक को व्यावसायिक उत्पादों में बदलने और अपने राजस्व स्रोतों में विविधता लाने की दिशा में कदम बढ़ा रही है.

  4. यूक्रेन ने ब्रिटेन की ‘स्टॉर्म शैडो’ मिसाइलों से किया रूस के केमिकल प्लांट पर हमला

    यूक्रेनी सेना ने मंगलवार को दावा किया कि उसने ब्रिटेन में बनी ‘स्टॉर्म शैडो’ मिसाइलों से रूस के एक रासायनिक संयंत्र पर हमला किया है.

    यूक्रेनी सेना के जनरल स्टाफ ने इस हमले को ‘सफल हमला’ बताया और कहा कि इसने रूसी एयर डिफ़ेंस सिस्टम को भेद दिया. यह हमला मिसाइल और हवाई हमलों का एक साझा अभियान था और इसके नतीजों का आकलन किया जा रहा है.

    यूक्रेनी सेना ने मंगलवार को एक्स पर एक पोस्ट में कहा, “ब्रायांस्क केमिकल प्लांट, हमलावर देश रूस की सैन्य औद्योगिक उत्पादन का एक प्रमुख ठिकाना है. यहां “बारूद, विस्फोटक और रॉकेट का ईंधन” बनाया जाता है. इसका इस्तेमाल यूक्रेन के शहरों पर हमलों में होता है.”

    रूस की तरफ से इस मुद्दे पर तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है, हालांकि रूस ने पश्चिमी देशों को चेतावनी दी थी कि वे यूक्रेन को लंबी दूरी तक मार करने वाले हथियार न दें.

    लेकिन यूक्रेन का कहना है कि रूस के उन ठिकानों को निशाना बनाना ज़रूरी है, जो यूक्रेन के ख़िलाफ़ चल रहे युद्ध में प्रमुख भूमिका निभा रहे हैं.

    ‘स्टॉर्म शैडो’ मिसाइलें ब्रिटेन और फ्रांस द्वारा संयुक्त रूप से विकसित की गई हैं, जिनकी मारक क्षमता लगभग 250 किलोमीटर (155 मील) तक होती है.

  5. ग़ज़ा: हमास का दावा, दो और बंधकों के शव इसराइल को सौंपे

    इसराइल को दो और बंधकों के शव मिले हैं, जिन्हें लेकर हमास का कहना है कि वे ग़ज़ा में बंदी बनाए गए इसराइली नागरिकों के हैं.

    इसराइल रक्षा बल ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय रेड क्रॉस समिति ने इन दोनों ताबूतों को ग़ज़ा के भीतर मौजूद इसराइली सैनिकों को सौंपा.

    सेना के एस्कॉर्ट में शवों को सीमा पार कर तेल अवीव लाया गया, जहां उनकी औपचारिक पहचान प्रक्रिया पूरी की जाएगी.

    इसराइली सेना के अनुसार, यदि पहचान की पुष्टि हो गई, तो इसराइल को मिले बंधकों के शवों की संख्या 15 हो जाएगी.

    यह हस्तांतरण अमेरिकी मध्यस्थता वाले संघर्षविराम समझौते के पहले चरण का हिस्सा है, जिसके तहत 20 जीवित बंधकों की रिहाई पहले ही पूरी हो चुकी है.

    इसराइल ने दो दिन पहले चेतावनी दी थी कि यदि शेष शवों को शीघ्र नहीं लौटाया गया, तो वह ग़ज़ा में मानवीय सहायता की आपूर्ति सीमित कर सकता है.

  6. नमस्कार!

    बीबीसी हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता आनंद मणि त्रिपाठी अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    हमारे पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

  7. यूक्रेन में रूस का मिसाइल और ड्रोन हमला, चार लोगों की मौत

    यूक्रेन के उत्तरी शहर चेर्निहिव पर हुए रूसी मिसाइल और ड्रोन के 'व्यापक हमलों' के बाद पूरा शहर अंधेरे में डूब गया है. स्थानीय अधिकारियों के मुताबिक, इस हमले से लाखों लोग प्रभावित हुए हैं.

    नोवहोरॉड-सिवर्स्की कस्बे में आवासीय इलाकों पर हुए हमलों में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि दस अन्य घायल हुए, जिनमें एक 10 वर्षीय बच्ची भी शामिल है.

    यूक्रेन के ऊर्जा मंत्रालय ने बताया कि रूस के रातभर चले हमलों में शहर की मुख्य ऊर्जा ग्रिड को निशाना बनाया गया है, जिससे बिजली और पानी का संकट पैदा हो गया है.

    रूस ने दावा किया कि उसके ‘सटीक हमले’ यूक्रेन की सैन्य और औद्योगिक क्षमताओं पर केंद्रित थे, लेकिन यूक्रेनी अधिकारियों का कहना है कि यह नागरिकों को आतंकित करने की कोशिश है.

    चेर्निहिव और इसके आसपास के इलाके हाल के हफ्तों में रूस की नई हमलावर रणनीति के प्रमुख निशाने पर रहे हैं. इसमें ऊर्जा ग्रिड, रेल नेटवर्क और नागरिक आवासों को बार-बार निशाना बनाया जा रहा है.