लाइव, चलती ट्रेन में धार्मिक अनुष्ठान का वीडियो वायरल, रेलवे ने क्या बताया

सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेज़ी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक चलती हुई ट्रेन के कोच के अंदर धार्मिक अनुष्ठान किया जाता हुआ दिखाई दे रहा है.

सारांश

छोड़कर वीडियो आगे बढ़ें
  • रेने हिगुइता
  • मेहरान करीमी
  • Maharashtra cylinder
  • gaza football
  • trump Iran
  • प्रशांत किशोर
  • ज़िनेदिन ज़िदान

लाइव कवरेज

रौनक भैड़ा, शिवांगी जायसवाल

  1. चलती ट्रेन में धार्मिक अनुष्ठान का वीडियो वायरल, रेलवे ने क्या बताया

    रेलवे

    इमेज स्रोत, Raju Shinde/Hindustan Times via Getty Images

    इमेज कैप्शन, एक चलती ट्रेन की कोच में धार्मिक अनुष्ठान किए जाने का वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोग प्रतिक्रिया दे रहे हैं (प्रतीकात्मक फ़ोटो)

    सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेज़ी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक चलती हुई ट्रेन के कोच के अंदर धार्मिक अनुष्ठान किया जाता हुआ दिखाई दे रहा है.

    इस वीडियो को शेयर करते हुए कई सोशल मीडिया यूजर सवाल पूछ रहे हैं कि क्या ऐसे अनुष्ठान चलती ट्रेन के अंदर किए जा सकते हैं?

    वीडियो के वायरल होने के बाद उत्तर रेलवे ने एक्स पर पोस्ट करके बताया है कि यह अनुष्ठान एक निजी तौर पर बुक किए गए सैलून कोच में हुआ था, जिसे तीन लाख रुपये में बुक किया गया.

    "यह कोच आईआरसीटीसी के ज़रिए कमर्शियल बुकिंग के तहत एलॉट किया गया था. इसकी बुकिंग बीती आठ जुलाई को 3,08,580 रुपये की एडवांस राशि के साथ हुई"

    साथ ही, उत्तरी रेलवे ने कहा है कि "यात्रियों की सुरक्षित यात्रा उसकी जिम्मेदारी है. इस घटना में किसी भी व्यक्ति को चोट नहीं आई है. वीडियो में जो पुजारी अभिषेक करते हुए दिखाई दे रहे हैं, वह पूजा एक सैलून कोच के अंदर की जा रही थी, जिसे संबंधित पक्ष ने बुक कराया था."

    सैलून कोच ट्रेन का एक निजी और अत्याधुनिक डिब्बा होता है, जिसे आमतौर पर वरिष्ठ अधिकारियों और वीआईपी लोगों के लिए बनाया जाता है.

    इसमें एक बेडरूम, छोटी रसोई, बैठक और डायनिंग रूम के अलावा अटैच वॉशरूम जैसी सुविधाएं होती हैं.

  2. ईरान का आरोप- अमेरिका लगातार अपने वादे तोड़ रहा है, समझौता ख़तरे में

    इस्लाइल बक़ाई

    इमेज स्रोत, LightRocket via Getty Images

    इमेज कैप्शन, इस्माइल बक़ाई ने कहा है कि अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी के महानिदेशक के अपने परमाणु ठिकानों तक पहुंच के अनुरोध को ईरान नहीं मानेगा.

    ईरानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बक़ाई ने कहा है कि अमेरिकी दबाव के कारण ईरान स्ट्रेट ऑफ़ होर्मुज़ में परिवहन व्यवस्था को लेकर ओमान के साथ सहमति तक नहीं पहुंच पाया है.

    सोमवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में इस्माइल बक़ाई ने बताया कि बीते शनिवार को ईरान और ओमान के विदेश मंत्रियों के बीच बैठक हुई थी.

    उन्होंने कहा, "शनिवार को मस्कट में हुई बातचीत में केवल होर्मुज़, विशेष रूप से समझौता ज्ञापन के अनुच्छेद पाँच पर ध्यान केंद्रित किया गया. हमें खेद है कि अमेरिका ने ओमान पर डाले जा रहे प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष दबाव के कारण मस्कट में अपेक्षित प्रगति नहीं हो सकी."

    उन्होंने आगे कहा कि "अमेरिका ने समझौता ज्ञापन की 14 धाराओं को तोड़-मरोड़ कर पेश किया. इसमें कोई संदेह नहीं है कि अब यह दस्तावेज़ संकट के दौर में प्रवेश कर चुका है. ईरान ने कभी भी अपने वादों का उल्लंघन करने की पहल नहीं की है. लगातार अपने वादे तोड़ने वाला देश अमेरिका है."

    इस्माइल बक़ाई ने कहा, "अमेरिका अपना वादा तोड़ने में इतने जल्दबाज़ी में था कि उसने समझौता ज्ञापन के खंड पांच में शामिल एक महीने की अवधि को भी पूरा होने नहीं दिया."

    इस्माइल बक़ाई ने यह भी कहा कि ईरान अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी (आईएईए) के महानिदेशक के अपने परमाणु ठिकानों तक पहुंच के अनुरोध को नहीं मानेगा.

  3. अभी तक बीबीसी संवाददाता रौनक भैड़ा आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे. अब बीबीसी संवाददाता शिवांगी जायसवाल रात दस बजे तक आप तक ताज़ा ख़बरें पहुंचाएंगी.

    बीबीसी हिन्दी की कुछ अहम ख़बरों को आप उनके साथ दिए गए लिंक पर क्लिक कर विस्तार से पढ़ सकते हैं.- वैभव सूर्यवंशी ने बताया विंबलडन फ़ाइनल देखने के लिए किसने उन्हें कपड़े दिलाए?

  4. राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामला: सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र, यूपी सरकार और ट्रस्ट को नोटिस जारी किया

    सुप्रीम कोर्ट

    इमेज स्रोत, Sanchit Khanna/Hindustan Times via Getty Images

    इमेज कैप्शन, सुप्रीम कोर्ट ने विशेष जांच टीम (एसआईटी) को अब तक हुई जांच की रिपोर्ट दाखिल करने का निर्देश दिया है (फ़ाइल फ़ोटो)

    सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार को राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में केंद्र सरकार, उत्तर प्रदेश सरकार और श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट को नोटिस जारी किया है.

    इस मामले में सुप्रीम कोर्ट ने उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से गठित विशेष जांच टीम (एसआईटी) को अब तक हुई जांच की रिपोर्ट दाखिल करने का निर्देश दिया है.

    भारत के मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत, जस्टिस जॉयमाल्या बागची और जस्टिस वी मोहना की पीठ ने मामले की सुनवाई की.

    लाइव लॉ के मुताबिक़, केंद्र और उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से पेश हुए सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने अदालत को बताया कि जांच की रिपोर्ट सीलबंद लिफ़ाफ़े में दाखिल की जाएगी.

    इस मामले में एक याचिका नरेंद्र कुमार गोस्वामी ने दाखिल की है, जिसमें उन्होंने कथित चंदा चोरी की जांच सीबीआई से कराने की मांग की है. उन्होंने श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के वित्तीय लेन-देन की जांच सीएजी कराने की मांग भी की है.

    वहीं, अजय कुमार राय और दिनेश कुमार यादव की ओर से दायर एक याचिका में भी सीबीआई जांच की मांग की गई है. याचिका में केंद्र सरकार, उत्तर प्रदेश सरकार और श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट को दानदाताओं के हितों की सुरक्षा के लिए उचित कदम उठाने के निर्देश देने की मांग की गई है.

  5. 'ख़ान सर' को फ़ायरिंग केस में बड़ी राहत

    फ़ैसल ख़ान उर्फ़ ख़ान सर

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, फ़ैसल ख़ान उर्फ़ ख़ान सर (फ़ाइल फ़ोटो)

    बिहार के पटना की एक अदालत ने सोमवार को शिक्षक फ़ैसल ख़ान उर्फ़ ख़ान सर को कोचिंग संस्थान फ़ायरिंग मामले में अग्रिम ज़मानत दे दी.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, फ़ैसल ख़ान के वकील ने बताया कि कोचिंग संस्थान के तीन कर्मचारियों को भी अग्रिम ज़मानत मिल गई.

    वकील अरविंद कुमार ने पत्रकारों से कहा, "कुल छह लोगों को ज़मानत मिली है. जज ने सबसे पहले ख़ान सर की अग्रिम ज़मानत का ऐलान किया, इसके बाद उनके तीन कर्मचारियों की अग्रिम ज़मानत का भी ऐलान किया."

    उन्होंने बताया कि पटना सिविल कोर्ट ने मामले में गिरफ्तार किए गए दो सुरक्षा गार्डों को भी ज़मानत दे दी. आठ जुलाई को दोनों पक्षों की अंतिम दलीलें सुनने के बाद अदालत ने अपना फ़ैसला सुरक्षित रख लिया था.

    यह मामला इसी साल जून महीने की शुरुआत में हुई फ़ायरिंग की घटना से जुड़ा है.

    आरोप है कि कुछ लोगों ने ख़ान सर के कोचिंग संस्थान में तोड़फ़ोड़ की थी. इसी दौरान उनके दो सुरक्षा गार्डों पर भी आरोप लगा कि उन्होंने फ़ायरिंग की थी.

  6. 'जुरासिक पार्क' फ़ेम अभिनेता सैम नील का 78 साल की उम्र में निधन

    सैम नील

    इमेज स्रोत, Universal Studios

    इमेज कैप्शन, सैम नील ने साल 1993 में रिलीज़ हुई पहली 'जुरासिक पार्क' फिल्म में डॉ एलन ग्रांट का यादगार किरदार निभाया था (फ़ाइल फ़ोटो)

    हॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता सैम नील का सोमवार को 78 वर्ष की उम्र में निधन हो गया है. फिल्म 'जुरासिक पार्क' में निभाए गए किरदार के लिए वो दुनियाभर में मशहूर हुए थे.

    सैम नील के परिवार ने जानकारी देते हुए कहा कि उनका निधन अचानक और अप्रत्याशित रूप से हुआ. उन्होंने सिडनी में अपने परिवार के बीच अंतिम सांस ली.

    साल 2023 में सैम नील ने जानकारी दी थी कि उन्हें कैंसर होने का पता चला था. हालांकि, इसी साल अप्रैल में उन्होंने बताया था कि वह कैंसर मुक्त हो चुके हैं.

    सैम नील

    इमेज स्रोत, Chris Hyde/Getty Images for AFI

    इमेज कैप्शन, सैम नील ने द पियानो, द हंट फॉर रेड अक्टूबर और इवेंट होराइजन जैसी चर्चित फिल्मों में काम किया (फ़ाइल फ़ोटो)

    उत्तरी आयरलैंड में जन्मे सैम नील जब 7 साल के थे, तब उनका परिवार न्यूज़ीलैंड आ गया था. बाद में उन्होंने लोकप्रिय सिरीज़ 'पीकी ब्लाइंडर्स' में बेलफास्ट के एक पुलिस प्रमुख की भूमिका निभाई थी.

    सैम नील ने साल 1993 में रिलीज़ हुई पहली 'जुरासिक पार्क' फिल्म में डॉ एलन ग्रांट का यादगार किरदार निभाया था.

    इसके बाद उन्होंने इस किरदार को इसी फ्रेंचाइजी की आगे की फिल्मों में भी दोहराया. इसके अलावा वह द पियानो, द हंट फॉर रेड अक्टूबर और इवेंट होराइजन जैसी चर्चित फिल्मों में अपने अभिनय के लिए भी जाने जाते थे.

  7. ब्रेकिंग न्यूज़, चेन्नई सुपर किंग्स से 18 साल बाद अलग हुए हेड कोच स्टीफ़न फ़्लेमिंग

    स्टीफ़न फ़्लेमिंग

    इमेज स्रोत, Prakash Singh/Getty Images

    इमेज कैप्शन, स्टीफ़न फ़्लेमिंग 2009 से चेन्नई सुपर किंग्स के हेड कोच की ज़िम्मेदारी संभाल रहे थे (फ़ाइल फ़ोटो)

    चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) और इसके हेड कोच स्टीफ़न फ़्लेमिंग ने आपसी सहमति से एक-दूसरे से अलग होने का फ़ैसला किया है.

    चेन्नई सुपर किंग्स के आधिकारिक एक्स हैंडल पर इसकी जानकारी दी गई है.

    चेन्नई सुपर किंग्स की ओर से जारी किए गए बयान में बताया गया कि यह फ़ैसला स्टीफ़न फ़्लेमिंग और मैनेजमेंट के बीच कई बार हुई बातचीत लिया गया.

    फ़्लेमिंग आईपीएल के पहले सीज़न (2008) में खिलाड़ी के तौर पर चेन्नई सुपर किंग्स से जुड़े थे और 2009 में उन्होंने हेड कोच की ज़िम्मेदारी संभाली.

    फ़्लेमिंग की कोचिंग में सीएसके ने 5 आईपीएल ख़िताब और 2 चैंपियंस लीग टी-20 टूर्नामेंट जीते. टीम 12 बार प्लेऑफ़ में पहुंची और 10 आईपीएल फ़ाइनल भी खेले.

    चेन्नई सुपर किंग्स की मालिक रूपा गुरुनाथ ने कहा, "स्टीफ़न फ़्लेमिंग लगभग पूरी फ़्रेंचाइज़ी यात्रा के दौरान हमारी कोचिंग टीम की सबसे अहम कड़ी रहे हैं. क़रीब दो दशक तक उन्होंने हमारी पहचान, सोच और बेहतर प्रदर्शन की कोशिश को आकार दिया."

    स्टीफ़न फ़्लेमिंग ने कहा, "स्पोर्ट्स में 18 साल बहुत लंबा समय होता है और मैं यहां से सिर्फ़ आभार के साथ जा रहा हूं. चेन्नई सुपर किंग्स के साथ बिताया समय मेरे कोचिंग करियर का सबसे सबसे यादगार दौर रहा है. हमने जो कुछ हासिल किया, उस पर मुझे गर्व है."

  8. आईआरजीसी का दावा- अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर जवाबी हमले किए

    आईआरजीसी

    इमेज स्रोत, Morteza Nikoubazl/NurPhoto via Getty Images

    इमेज कैप्शन, आईआरजीसी ने दावा किया कि रविवार और सोमवार सुबह हुए अमेरिकी हमलों के जवाब में यह कार्रवाई की गई है (फ़ाइल फ़ोटो)

    ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर (आईआरजीसी) ने दावा किया है कि उसने बहरीन, कुवैत और जॉर्डन में अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर जवाबी हमले किए हैं.

    आईआरजीसी ने दावा किया कि रविवार और सोमवार सुबह हुए अमेरिकी हमलों के जवाब में यह कार्रवाई की गई है.

    बीबीसी फारसी ने आईआरजीसी के हवाले से बताया कि इन हमलों में कई महत्वपूर्ण ठिकानों और सैन्य संसाधनों को नुकसान पहुंचाया गया है.

    आईआरजीसी ने सोमवार सुबह जारी किए गए बयान में कहा, "जॉर्डन के प्रिंस हसन एयर बेस पर मौजूद बड़े मिसाइल भंडार और ईंधन टैंकों को मिसाइलों और ड्रोन हमलों से निशाना बनाया गया, जिससे वहां आग लग गई."

    आईआरजीसी ने बताया कि बहरीन स्थित शेख़ ईसा एयर बेस को निशाना बनाया.

    आईआरजीसी के अनुसार, इस हमले में अमेरिकी सेना के हेलिकॉप्टर रखरखाव केंद्र, पी-8 इलेक्ट्रॉनिक युद्धक विमान के हैंगर, ड्रोन कमांड और कंट्रोल सेंटर को निशाना बनाया गया.

  9. वियतनाम नाव हादसा: 15 भारतीयों की मौत के बाद बोट का कैप्टन गिरफ़्तार

    वियतनाम

    इमेज स्रोत, AFP via Getty Images

    इमेज कैप्शन, इस हादसे में तमिलनाडु के दस लोगों समेत कुल 15 भारतीयों की मौत हो गई

    वियतनाम के फु क्वोक द्वीप के पास एक स्पीडबोट हादसे के बाद पुलिस ने कैप्टन 'गुयेन होंग हाई' को गिरफ़्तार कर लिया है.

    कैप्टन पर समुद्री और जलमार्ग सुरक्षा नियमों के उल्लंघन का आरोप है और उसके ख़िलाफ़ आपराधिक जांच शुरू कर दी गई है.

    वियतनाम के रक्षा मंत्रालय के आधिकारिक अखबार 'पीपुल्स आर्मी न्यूज़पेपर' ने कैप्टन की गिरफ़्तारी की पुष्टि की है.

    अख़बार के मुताबिक़, हिरासत में लिए गए व्यक्ति की पहचान कैप्टन गुयेन होंग हाई (57) के रूप में हुई है. वह एन जियांग प्रांत के सोन कियेन कम्यून के थुआन तिएन गांव के रहने वाले हैं.

    इस हादसे में तमिलनाडु के दस लोगों समेत कुल 15 भारतीयों की मौत हो गई.

    भारतीय दूतावास ने बताया कि मरने वालों में तमिलनाडु के दस, केरल के दो और आंध्र प्रदेश के तीन लोग शामिल हैं.

  10. थाईलैंड: बैंकॉक के बार में आग लगने के बाद तस्वीरें सामने आईं, हादसे में 27 लोगों की मौत

    बैंकॉक में आग

    इमेज स्रोत, Facebook/Reuters

    इमेज कैप्शन, बैंकॉक में चातुचक के एक बार में रविवार और सोमवार की दरम्यानी रात में भीषण आग लगी

    थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक में चातुचक के एक बार में भीषण आग लगने से 27 लोगों की मौत हो गई.

    रविवार और सोमवार की दरम्यानी रात में हुए इस हादसे में 60 से अधिक लोग घायल हो गए हैं.

    इस हादसे की कुछ तस्वीरें भी सामने आई हैं-

    आग लगने के बाद बार से बाहर भागते लोग

    इमेज स्रोत, Facebook/Reuters

    इमेज कैप्शन, फ़ायर ब्रिगेड को रविवार को आधी रात के बाद आग लगने की सूचना मिली. मौक़े पर पहुंची टीम ने देखा कि लोग आग और धुएं से बचने के लिए बार के मेन गेट से बाहर निकलने की कोशिश कर रहे थे
    आग

    इमेज स्रोत, Facebook/Reuters

    इमेज कैप्शन, सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर सामने आए कुछ वीडियो में बार से उठती आग की ऊंची लपटें और जान बचाकर भागते लोग दिखाई दे रहे हैं. वीडियो में कुछ लोग चीखते हुए और गिरते हुए नज़र आ रहे हैं
    रेस्क्यू कर्मचारी

    इमेज स्रोत, Reuters

    इमेज कैप्शन, स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, दमकल विभाग ने क़रीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर क़ाबू पा लिया, लेकिन तब तक बड़ा नुक़सान हो चुका था
    महिला

    इमेज स्रोत, Reuters

    इमेज कैप्शन, पब में आग लगने के बाद एक महिला ने बताया कि हादसे के बाद से ही उनका बेटा मिसिंग है
    बैंकॉक

    इमेज स्रोत, Anusak Laowilas/NurPhoto via Getty Images

    इमेज कैप्शन, प्रधानमंत्री ने बताया कि आग लगने के समय बार में प्रस्तुति दे रहे एक संगीतकार से भी पूछताछ की गई. संगीतकार के अनुसार, आग सबसे पहले बिजली के कट-आउट स्विच में लगी, जिसके बाद तेज़ धमाका हुआ और कुछ ही पलों में पूरे परिसर में आग और धुआं फैल गया
  11. महबूबा मुफ़्ती की बेटी इल्तिजा का दावा- हमें हाउस अरेस्ट किया गया है

    इल्तिजा मुफ़्ती

    इमेज स्रोत, Nasir Kachroo/NurPhoto via Getty Images

    इमेज कैप्शन, पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) की प्रमुख महबूबा मुफ़्ती की बेटी इल्तिजा मुफ़्ती (फ़ाइल फ़ोटो)

    पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) की नेता इल्तिजा मुफ़्ती ने दावा किया है कि उन्हें और उनके परिवार को मार्टर्स डे से पहले घर में नज़रबंद किया गया.

    कुछ रिपोर्टों के अनुसार महबूबा मुफ़्ती को भी नज़रबंद किया गया है.

    इस मामले पर पुलिस या प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया या पुष्टि नहीं मिली है.

    इल्तिजा मुफ़्ती ने एक्स पर लिखा, "हमें मार्टर्स डे से एक दिन पहले उन कारणों से नज़रबंद कर दिया गया है, जिन्हें जम्मू-कश्मीर पुलिस ही बेहतर जानती है. क्या यही वह सामान्य स्थिति है, जिसे वे कश्मीर में स्थापित करने का दावा करते हैं?"

    उन्होंने लिखा, "स्थानीय सरकार भी इसमें शामिल है. वह अपनी ज़रूरत के हिसाब से पुलिस का इस्तेमाल कर रही है."

    उनके मुताबिक़, सिधरा में पुलिस घरों को गिरा रही है और ज़रूरत पड़ने पर विरोधियों को हिरासत में लिया जा रहा है.

    गौरतलब है कि जम्मू-कश्मीर में 13 जुलाई को मार्टर्स डे के रूप में मनाया जाता है. यह दिन साल 1931 में श्रीनगर की केंद्रीय जेल के बाहर डोगरा सेना की गोलीबारी में मारे गए 22 लोगों की याद में मनाया जाता है.

  12. वैभव सूर्यवंशी पहुंचे विंबलडन, बताया पसंदीदा टेनिस प्लेयर का नाम

    वैभव सूर्यवंशी

    इमेज स्रोत, Instagram/abhisheksharma_4

    इमेज कैप्शन, वैभव ने बताया कि वह बीते चार-पांच सालों से टेनिस को फ़ॉलो कर रहे (फ़ाइल फ़ोटो)

    भारतीय क्रिकेट टीम के 15 वर्षीय बल्लेबाज़ वैभव सूर्यवंशी रविवार को विंबलडन टेनिस टूर्नामेंट देखने पहुंचे. इस दौरान उनके साथ अभिषेक शर्मा और युवराज सिंह भी थे.

    वैभव ने बताया कि वह बीते चार-पांच सालों से टेनिस को फ़ॉलो कर रहे हैं. उन्होंने नोवाक जोकोविच और राफ़ेल नडाल को अपना पसंदीदा टेनिस खिलाड़ी बताया.

    वैभव ने कहा, "मैं यहां फ़ाइनल मैच देखने आया हूं. लाइव मैच देखना एक शानदार अनुभव है."

    उन्होंने कहा, "मैं नडाल और जोकोविच को बहुत देखता था. मुझे जोकोविच बहुत पसंद हैं, ये दो खिलाड़ी थे जिन्हें मैं सबसे ज्यादा फ़ॉलो करता था."

    वैभव ने कहा कि उन्हें इस टूर्नामेंट में यानिक सिनर का प्रदर्शन काफ़ी अच्छा लगा.

    गौरतलब है कि इटली के यानिक सिनर ने विंबलडन टेनिस टूर्नामेंट में पुरुष सिंगल्स का ख़िताब जीता है. उन्होंने फ़ाइनल में जर्मनी के अलेक्जेंडर ज़्वेरेव को हराया.

  13. अमेरिकी हमलों के बाद ईरान ने खाड़ी देशों को दी ये चेतावनी

    अब्बास अराग़ची

    इमेज स्रोत, Thomas Trutschel/Photothek via Getty Images

    इमेज कैप्शन, अमेरिका की ओर से हुए ताज़ा हमलों के बाद ईरान ने खाड़ी देशों को चेतावनी दी है (फ़ाइल फ़ोटो: ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अराग़ची)

    ईरान ने खाड़ी देशों को चेतावनी दी है कि अगर उन्होंने ईरान के ख़िलाफ़ किसी भी सैन्य कार्रवाई में सहयोग किया या अपनी ज़मीन का इस्तेमाल करने दिया, तो उन्हें निशाना बनाया जाएगा.

    बीबीसी फ़ारसी के मुताबिक़, अमेरिका की ओर से हुए ताज़ा हमलों के बाद ईरान के विदेश मंत्रालय ने सोमवार को ये चेतावनी जारी की है.

    ईरान के सरकारी मीडिया में जारी बयान में विदेश मंत्रालय ने कहा, "युद्धविराम समझौते पर हस्ताक्षर हुए अभी केवल 25 दिन ही हुए हैं, लेकिन अमेरिका ने खुले तौर पर समझौते के लगभग सभी प्रावधानों का उल्लंघन किया है."

    विदेश मंत्रालय का दावा है कि अमेरिकी हमलों में ईरान के परिवहन नेटवर्क, मछली पकड़ने वाली नौकाओं, मालवाहक जहाज़ों, मौसम विभाग की इमारतों और अन्य सरकारी सुविधाओं को निशाना बनाया गया. मंत्रालय ने इसे गंभीर युद्ध अपराध बताया.

    विदेश मंत्रालय ने आगे कहा कि पड़ोसी देशों की ज़िम्मेदारी है कि वे अंतरराष्ट्रीय क़ानून के तहत किसी भी हमलावर देश को अपनी ज़मीन या सैन्य ठिकानों का इस्तेमाल करने की अनुमति न दें.

    ईरान ने कहा कि उसके ख़िलाफ़ हमलों में शामिल या मदद करने वाली हर जगह को उसकी सेना जवाबी कार्रवाई में निशाना बनाएगी.

  14. यानिक सिनर ने लगातार दूसरी बार जीता विंबलडन का ख़िताब

    यानिक सिनर

    इमेज स्रोत, Clive Brunskill/Getty Images

    इमेज कैप्शन, यानिक सिनर का यह लगातार दूसरा विंबलडन पुरुष सिंगल्स और पांचवां ग्रैंड स्लैम ख़िताब है

    इटली के यानिक सिनर ने विंबलडन टेनिस टूर्नामेंट में पुरुष सिंगल्स का ख़िताब जीता है. उन्होंने फ़ाइनल में जर्मनी के अलेक्जेंडर ज़्वेरेव को हराया.

    सिनर ने लंदन के सेंटर कोर्ट पर खेले गए रोमांचक फ़ाइनल मुक़ाबले में अलेक्जेंडर ज़्वेरेव को 6-7, 7-6, 6-3, 6-4 से शिकस्त दी.

    यानिक सिनर का यह लगातार दूसरा विंबलडन पुरुष सिंगल्स और पांचवां ग्रैंड स्लैम ख़िताब है. सिनर इससे पहले 2025 में विंबलडन चैंपियन रह चुके हैं.

    दूसरी ओर, चीन की गुओ हान्यू और फ्रांस की क्रिस्टीना म्लाडेनोविच की जोड़ी ने महिला डबल्स का ख़िताब अपने नाम किया है.

    इस जोड़ी ने फ़ाइनल मुकाबले में कनाडाई-ब्राजीलियाई जोड़ी गैब्रिएला डाब्रोव्स्की और लुइसा स्टेफानी को सीधे सेटों में 6-3, 7-5 से हराया.

  15. थाईलैंड: बैंकॉक के बार में आग लगने से 27 लोगों की मौत, 60 से ज़्यादा घायल

    बैंकॉक को

    इमेज स्रोत, chanakarn LAOSARAKHAM / AFP via Getty Images

    इमेज कैप्शन, बैंकॉक स्थित बार में आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है

    थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक के चातुचक इलाक़े में स्थित एक बार में रविवार और सोमवार की दरम्यानी रात भीषण आग लगने से 27 लोगों की मौत हो गई.

    इस हादसे में 60 से अधिक लोग घायल हो गए हैं. कई लोगों के अब भी लापता होने की आशंका जताई जा रही है.

    फ़ायर ब्रिगेड को रविवार को आधी रात के बाद आग लगने की सूचना मिली. मौक़े पर पहुंची टीम ने देखा कि लोग आग और धुएं से बचने के लिए बार के मेन गेट से बाहर निकलने की कोशिश कर रहे थे.

    सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर सामने आए कुछ वीडियो में बार से उठती आग की ऊंची लपटें और जान बचाकर भागते लोग दिखाई दे रहे हैं. वीडियो में कुछ लोग चीखते हुए और गिरते हुए नज़र आ रहे हैं.

    घटनास्थल पर पहुंचे थाईलैंड के प्रधानमंत्री अनुतिन चर्नविराकुल ने बताया कि अब तक 27 शव बरामद किए जा चुके हैं और घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. उन्होंने कहा कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है.

    स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, दमकल विभाग ने क़रीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर क़ाबू पा लिया, लेकिन तब तक बड़ा नुक़सान हो चुका था. शुरुआती जानकारी के मुताबिक़, मृतकों में नौ पुरुष और 18 महिलाएं शामिल हैं.

    प्रधानमंत्री ने बताया कि आग लगने के समय बार में प्रस्तुति दे रहे एक संगीतकार से भी पूछताछ की गई. संगीतकार के अनुसार, आग सबसे पहले बिजली के कट-आउट स्विच में लगी, जिसके बाद तेज़ धमाका हुआ और कुछ ही पलों में पूरे परिसर में आग और धुआं फैल गया.

    प्रधानमंत्री ने बताया कि कई लोग बाहर निकलने के बजाय इमारत के पीछे की ओर चले गए और शौचालयों में छिप गए. उन्होंने कहा कि अधिकांश शव वहीं से बरामद किए गए.

  16. बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता रौनक भैड़ा अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    बीबीसी हिन्दी की अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए लिंक्स पर क्लिक करें.