You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

ज़ेलेंस्की पहुंचे सऊदी अरब, क्राउन प्रिंस से मिलेंगे

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान से मिलने के लिए सऊदी अरब की राजधानी रियाद पहुंच चुके हैं.

सारांश

  • ज़ेलेंस्की पहुंचे सऊदी अरब, क्राउन प्रिंस से मिलेंगे
  • यूक्रेन ने दावा किया है कि रूस के हमले में कम से कम 25 लोगों की मौत हुई है
  • ईडी की छापेमारी पर छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने दी प्रतिक्रिया
  • डीएमके सांसद कनिमोझी करुणानिधि ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री पर तमिलनाडु के सम्मान को ठेस पहुंचाने का लगाया आरोप
  • रविंद्र जडेजा ने इंस्टाग्राम पर स्टोरी शेयर करके रिटायरमेंट पर दिया बड़ा संकेत
  • मार्क कार्नी, जस्टिन ट्रूडो की जगह होंगे कनाडा के नए प्रधानमंत्री

लाइव कवरेज

इफ़्तेख़ार अली, कीर्ति रावत

  1. रोहित को 'अनफिट' बताने वालीं कांग्रेस नेता शमा ने भारत की जीत पर क्या कहा?

    कांग्रेस पार्टी की राष्ट्रीय प्रवक्ता शमा मोहम्मद ने भारतीय क्रिकेट टीम को आईसीसी चैम्पियंस ट्रॉफी जीतने पर बधाई दी और भारतीय बल्लेबाज़ रोहित शर्मा की सराहना की.

    उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, "चैंपियन्स ट्रॉफ़ी जीतने में शानदार प्रदर्शन के लिए टीम इंडिया को बधाई."

    उन्होंने कहा, "कप्तान रोहित को सलाम, जिन्होंने शानदार 76 रनों पारी खेल कर जीत की नींव रखी. श्रेयस अय्यर और केएल राहुल ने महत्वपूर्ण पारियां खेलकर भारत को जीत की ओर बढ़ाया."

    शमा मोहम्मद भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान रोहित शर्मा पर टिप्पणी करने के बाद से चर्चा में हैं.

    शमा मोहम्मद ने बीते 3 मार्च को भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान रोहित शर्मा को 'अनफिट' बताते हुए उन्हें वज़न कम करने की सलाह दी थी.

  2. चैम्पियंस ट्रॉफ़ी जीतने के बाद संन्यास को लेकर रोहित शर्मा ने क्या कहा?

    भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान रोहित शर्मा ने आईसीसी चैम्पियंस ट्रॉफ़ी जीतने के बाद उनके संन्यास को लेकर लगाई जा रही अटकलों को ख़ारिज किया है.

    रविवार को मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में रोहित ने साफ़ कर दिया है कि वह वनडे फ़ॉर्मेट से संन्यास नहीं ले रहे हैं.

    रोहित ने कहा, "मैं इस फ़ॉर्मेट से संन्यास लेने नहीं जा रहा हूं. मैं यह स्पष्ट करना चाहता हूं ताकि आगे कोई अफ़वाह नहीं फैलाई जाए."

    ऑस्ट्रेलिया दौरे के बाद से रोहित के टीम में भविष्य और कप्तान के रूप में उनकी स्थिति को लेकर अटकलें लगाई जा रही थीं.

    चैम्पियंस ट्रॉफ़ी के फ़ाइनल मैच में न्यूजीलैंड के ख़िलाफ़ रोहित ने 76 रनों की पारी खेली.

  3. मार्क कार्नी कौन हैं, जो जस्टिन ट्रूडो की जगह होंगे कनाडा के नए प्रधानमंत्री

    जस्टिन ट्रूडो के बाद कनाडा के नए प्रधानमंत्री मार्क कार्नी होंगे. वह ब्रिटेन और कनाडा के केंद्रीय बैंकों के प्रमुख रह चुके हैं.

    तीन प्रतिद्वंद्वियों के ख़िलाफ़ आसानी से नेतृत्व की दौड़ जीतने वाले कार्नी अगले आम चुनाव में कनाडा की लिबरल पार्टी की ओर से चुनाव लड़ेंगे.

    जस्टिन ट्रूडो पर अपनी ही पार्टी के भीतर से इस्तीफ़ा देने के लिए दबाव बढ़ रहा था, जिसके बाद नौ साल तक प्रधानंत्री पद पर रहने के बाद जनवरी में उन्होंने अपने इस्तीफे़ की घोषणा की थी.

    प्रधानमंत्री का पद स्वीकार करते हुए कार्नी ने कहा, "हमारा देश काले दिनों का सामना कर रहा है जो उस देश के कारण आए हैं जिस पर हम अब भरोसा नहीं कर सकते."

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को संदेश देते हुए कार्नी ने संकल्प लिया कि 'जब तक अमेरिकी हमें सम्मान नहीं देंगे, तब तक वे अमेरिकी वस्तुओं पर रेसिप्रोकल टैरिफ़ (जवाबी ) जारी रखेंगे.'

  4. इसराइल ने ग़ज़ा में बिजली की सप्लाई रोकी, बताई ये वजह

    इसराइल ने कहा है कि वो ग़ज़ा को हो रही बिजली की सप्लाई को तुरंत प्रभाव से बंद कर रहा है.

    उसका कहना है कि वो बचे 59 बंधकों की रिहाई चाहता है और इसके लिए हमास पर दबाव डालने के इरादे से यह कदम उठा रहा है.

    देश के ऊर्जा मंत्री एली कोहेन ने कहा उन्होंने इसराइल इलेक्ट्रिसिटी कॉर्पोरेशन को इलाक़े की सप्लाई रोकने का आदेश दिया है.

    एली कोहेन ने कहा, "मैंने ग़ज़ा पट्टी के लिए बिजली की सप्लाई तुरंत बंद करने के आदेश पर हस्ताक्षर कर दिए हैं. हम अपने पास मौजूद हर रास्ते का इस्तेमाल करेंगे ताकि बंधकों की रिहाई हो और ग़ज़ा से हमास का ख़ात्मा सुनिश्चित हो सके."

    बीते सप्ताह इसराइल ने ग़ज़ा में राहत सामग्री, तेल और दूसरी चीज़ें लेकर जाने वाली गाड़ियों का रास्ता रोक दिया था. उसका कहना था कि वो पानी सप्लाई बंद करने के बारे में भी विचार कर रहा है.

    इसराइल चाहता है कि हमास अपने युद्ध विराम के पहले चरण के विस्तार को स्वीकार कर ले.

    लेकिन हमास चाहता है कि युद्धविराम को लेकर दूसरे चरण की बातचीत शुरू हो.

  5. नमस्कार!

    बीबीसी हिंदी के लाइव पेज में आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता इफ़्तेख़ार अली अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं.

    फ़िलहाल, हमारे होम पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को आप नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करके पढ़ सकते हैं.