You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

इन 22 देशों ने 'ईरान के हमलों' की आलोचना करते हुए क्या कहा?

संयुक्त अरब अमीरात के विदेश मंत्रालय ने 'स्ट्रेट ऑफ़ होर्मुज़ में जहाज़ों पर हुए हमलों' पर 22 देशों का एक संयुक्त बयान जारी किया है. इसमें उन हमलों की निंदा की गई, जो व्यापारिक जहाज़ों पर हुए.

सारांश

लाइव कवरेज

चंदन कुमार जजवाड़े, रौनक भैड़ा

  1. आईडीएफ़ ने किया दावा, ईरान ने इसराइल की ओर दाग़ी मिसाइलें

    इसराइल ने दावा किया है कि ईरान ने उसकी तरफ मिसाइलें दाग़ी हैं, जिनकी पहचान की गई है और उसके डिफेंस सिस्टम ख़तरे को रोकने के लिए काम कर रहे हैं.

    आईडीएफ़ ने एक एक्स पोस्ट में बताया, "पिछले कुछ मिनटों में, होम फ्रंट कमांड ने संबंधित इलाक़ों में मोबाइल फोन पर सीधे एक शुरुआती निर्देश जारी किया है."

    आईडीएफ़ ने लोगों से आग्रह किया है कि वे ज़िम्मेदारी से काम लें और निर्देशों का पालन करें, जो लोगों की जान बचा सकते हैं.

    इसमें कहा गया है कि अलर्ट मिलने पर लोगों को सुरक्षित जगहों पर जाना चाहिए और नई घोषणा होने तक वहीं रुके रहना चाहिए.

    आईडीएफ़ ने कहा है कि लोग सुरक्षित जगहों से तभी बाहर निकलें जब उन्हें इसके लिए स्पष्ट निर्देश दिए जाएं.

  2. इराक़ में इस्लामिक रेसिस्टेंस ने अमेरिकी ठिकानों पर कई हमले करने का किया दावा

    इराक़ में इस्लामिक रेसिस्टेंस ने कहा है कि उसने पिछले चौबीस घंटों में 27 ऑपरेशन किए हैं. इसमें "इराक़ और इस क्षेत्र में दुश्मन के ठिकानों के ख़िलाफ़" दर्जनों ड्रोन और मिसाइल हमले किए गए.

    यह ऐसे समय में हुआ है जब हमें बग़दाद इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पास एक अमेरिकी राजनयिक सुविधा पर फिर से ड्रोन हमलों की ख़बरें मिल रही हैं.

    सूत्रों ने समाचार एजेंसी एएफ़पी को बताया कि राजनयिक और लॉजिस्टिक्स हब पर कम से कम तीन हमले हुए, जिसके बारे में उनका कहना है कि वहां अमेरिकी सैनिक रहते हैं.

    एक अधिकारी ने एएफ़पी को पुष्टि की कि तीसरे हमले के बाद ठिकाने के पास आग लग गई.

    कुछ दिन पहले ही इराक़ के बग़दाद में अमेरिकी दूतावास पर कई ड्रोन और रॉकेट हमले हुए थे, जबकि पिछले हफ़्ते भी बग़दाद स्थित अमेरिकी दूतावास पर हमला हुआ था.

  3. अमेरिका ने ईरान के तेल पर लगी पाबंदी हटाई, अमेरिकी वित्त मंत्री ने और क्या कहा

    अमेरिका वित्त विभाग ने ईरानी तेल पर लगे प्रतिबंधों को अस्थायी तौर पर हटा रहा है. यह तेल अभी समुद्र में है और इसे ज़्यादातर देशों को बेचने की अनुमति दी जा रही है.

    अमेरिका के इस फ़ैसले का मक़सद वैश्विक बाज़ार में तेल की क़ीमतों को कम रखना है.

    अमेरिकी वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट ने एक्स पर एक बयान में कहा कि इस "अल्पकालिक अनुमति से लगभग 14 करोड़ बैरल तेल वैश्विक बाज़ारों में आ सकेगा."

    बेसेंट ने कहा कि ईरान को इस बिक्री से होने वाले किसी भी वित्तीय लाभ तक "पहुँचने में मुश्किल होगी."

    बेसेंट ने कहा, "यह अनुमति सख़्ती से केवल उस तेल तक सीमित है जो पहले से ही रास्ते में है और यह नई ख़रीद या उत्पादन की अनुमति नहीं देती है. असल में, हम तेल की क़ीमतें कम रखने के लिए ईरान के बैरल का इस्तेमाल उसके ख़िलाफ़ ही करेंगे."

    युद्ध शुरू होने के बाद से, और मध्य पूर्व में ऊर्जा इंफ्रास्ट्रक्चर पर ईरानी हमलों के बाद से, तेल और गैस की क़ीमतें तेज़ी से बढ़ी हैं.

    ब्रेंट क्रूड ऑयल की क़ीमत क़रीब 112 डॉलर प्रति बैरल पहुंच गई है. इसमें शुक्रवार को 3% और पिछले एक साल में 53% की बढ़ोतरी हुई है.

  4. नमस्कार!

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता चंदन कुमार जजवाड़े अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    हमारे पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.