You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

बिहार चुनाव: कांग्रेस ने जारी की 48 उम्मीदवारों की पहली लिस्ट

पार्टी ने अपने एक्स (पूर्व में ट्विटर) अकाउंट पर यह लिस्ट और इससे जुड़ी जानकारी साझा की है.

सारांश

लाइव कवरेज

सुरभि गुप्ता और आनंद मणि त्रिपाठी

  1. बिहार चुनाव: कांग्रेस ने जारी की 48 उम्मीदवारों की पहली लिस्ट, जानिए किसे, कहां से मिला टिकट

    बिहार विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने गुरुवार देर रात 48 उम्मीदवारों की अपनी पहली लिस्ट जारी कर दी है.

    पार्टी ने अपने एक्स (पूर्व में ट्विटर) अकाउंट पर यह लिस्ट और इससे जुड़ी जानकारी साझा की है.

  2. अब इस लाइव पेज को विराम देने का वक़्त आ गया है. बीबीसी संवाददाता आनंद मणि त्रिपाठी को दीजिए इजाज़त.

    कल सुबह एक नए लाइव पेज के साथ हम फिर हाज़िर होंगे.

    बीबीसी हिन्दी की वेबसाइट पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

  3. बिहार चुनाव : छपरा से आरजेडी के उम्मीदवार होंगे खेसारी लाल यादव

    भोजपुरी फ़िल्मों के अभिनेता और गायक खेसारी लाल यादव छपरा से आरजेडी प्रत्याशी के तौर पर विधानसभा चुनाव लड़ेंगे.

    उन्होंने फेसबुक पर इसकी जानकारी देते हुए लिखा है, "मैं, आप सभी का बेटा और भाई खेसारी लाल यादव, इस बार छपरा विधानसभा सीट से चुनाव लड़ रहा हूं."

    इससे पहले खेसारी लाल यादव ने पत्नी चंदा यादव के साथ गुरुवार को राष्ट्रीय जनता दल की सदस्यता ग्रहण की.

    इस मौके पर आरजेडी नेता तेजस्वी यादव सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे.

    खेसारी लाल यादव ने पत्रकारों से कहा, "मैं शुरू से ही विचारधारा (आरजेडी) और इस परिवार का हिस्सा रहा हूं. मेरी यही कोशिश है कि जिस तरह हमारे चाचा दुनिया को एक करके हमारी ताकत बने, उसी तरह हम पूरी दुनिया को एक ताकत की तरफ ले जाएं."

    उन्होंने कहा, "मेरी कोशिश रही है कि जिस प्रकार मैं अपने बच्चों को अच्छा स्कूल, अच्छा अस्पताल और परवरिश दे रहा हूं उसी तरह हमारे बिहार के बच्चों का भविष्य तय हो."

    "हमारे बच्चों को बाहर ना जाना पड़े. 17 महीने में आप सभी ने इनका काम देख ही लिया था. तो एक बार बदलने की जरूरत है और उस बदलाव में मेरा भी हिस्सा हो. एक बेहतर सरकार बनाने में मेरा योगदान हो उसके लिए ही मैं जुड़ा हूं."

    इस मौके पर तेजस्वी यादव ने कहा, "हम लोग नई सोच के हैं और हम लोगों को नया बिहार बनाना है. हम बिहार में पढ़ाई, कमाई, दवाई, सिंचाई, सुनवाई और कार्रवाई वाली सरकार चाहते हैं."

  4. साउथ एशियन यूनिवर्सिटी में यौन उत्पीड़न का आरोप, पद से हटाई गईं महिला हॉस्टल की वार्डन

    दिल्ली स्थित साउथ एशियन यूनिवर्सिटी में यौन उत्पीड़न के आरोपों के बाद प्रशासन ने छात्रावास प्रबंधन में कार्रवाई की है.

    विश्वविद्यालय प्रशासन ने बयान में कहा कि गर्ल्स हॉस्टल की वार्डन डॉ. रिंकू देवी गुप्ता को तत्काल प्रभाव से पद से हटा दिया गया है.

    इसके अलावा, गर्ल्स हॉस्टल असिस्टेंट-II अनुपमा अरोड़ा को जांच रिपोर्ट आने तक निलंबित किया गया है.

    अधिकारियों ने बताया कि यह निर्णय आंतरिक शिकायत समिति की प्राथमिक रिपोर्ट और छात्रों की शिकायतों के आधार पर लिया गया.

    विश्वविद्यालय ने कहा है कि मामले की विस्तृत जांच जारी है और अंतिम रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.

    साउथ एशियन यूनिवर्सिटी दक्षिण एशियाई देशों द्वारा संयुक्त रूप से स्थापित एक अंतरराष्ट्रीय शिक्षण संस्थान है, जो दिल्ली में स्थित है.

    इसे दक्षिण एशियाई क्षेत्रीय सहयोग संगठन (सार्क) के तहत साल 2010 में स्थापित किया गया था.

    विश्वविद्यालय में भारत सहित अफ़ग़ानिस्तान, नेपाल, भूटान, बांग्लादेश, श्रीलंका और पाकिस्तान के छात्र पढ़ते हैं.

  5. सीबीआई ने पंजाब के डीआईजी को रिश्वत मामले में पकड़ा, 5 करोड़ कैश के अलावा क्या-क्या मिला?

    सीबीआई ने पंजाब पुलिस के डीआईजी हरचरण सिंह भुल्लर और एक शख़्स को आठ लाख रुपये की रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ़्तार किया है.

    सीबीआई के मुताबिक, ''रूपनगर (रोपड़) रेंज के डीआईजी ने शिकायतकर्ता से उसके ख़िलाफ़ दर्ज एफ़आईआर “सुलझाने” और व्यापार पर पुलिस कार्रवाई रोकने के लिए रिश्वत मांगी थी.''

    सीबीआई के मुताबिक़ उसने जाल बिछाया और बिचौलिए को चंडीगढ़ के सेक्टर 21 में रंगे हाथों पकड़ा, जब वह शिकायतकर्ता से 8 लाख रुपये ले रहा था.

    छापों में डीआईजी के ठिकानों से 5 करोड़ रुपये नकद, 1.5 किलो सोना, दो लग्जरी कारें (मर्सिडीज और ऑडी), 22 महंगी घड़ियां, विदेशी शराब और हथियार मिले.

    बिचौलिए के घर से 21 लाख रुपये नकद बरामद हुए.

    दोनों अभियुक्तों को गिरफ़्तार कर शुक्रवार को अदालत में पेश किया जाएगा. सीबीआई ने कहा कि मामले की जांच जारी है.

  6. बिहार चुनाव : उपेंद्र कुशवाहा की पार्टी ने जारी की छह उम्मीदवारों की लिस्ट

    राष्ट्रीय लोक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा ने बिहार विधानसभा चुनाव के लिए अपनी पार्टी के सभी प्रत्याशियों की घोषणा कर दी है.

    मोर्चा ने अपने जातिगत समीकरण का ध्यान रखते हुए तीन सीटों पर कुशवाहा और एक-एक सीट पर भूमिहार, राजपूत और वैश्य जाति के उम्मीदवारों को टिकट दिया है.

    पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता नितिन भारती ने बताया, ''बाजपट्टी से रामेश्वर कुमार महतो, मधुबनी से माधव आनंद, पारू से मदन चौधरी, उजियारपुर से प्रशांत कुमार पंकज, सासाराम से स्नेहलता और दिनारा से आलोक कुमार सिंह को टिकट दिया गया है.''

    बिहार विधानसभा में पहले चरण के चुनाव के लिए नामांकन की आख़िरी तारीख़ 17 अक्तूबर है.

  7. बिहार चुनाव : चिराग पासवान की पार्टी ने जारी की 29 उम्मीदवारों की लिस्ट

    लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर सभी प्रत्याशियों की घोषणा कर दी है.

    पार्टी ने जातिगत समीकरण कर ध्यान रखते हुए 29 सीटों में से पांच सीटों पर राजपूत, पांच सीटों पर यादव, चार सीटों पर पासवान, चार सीटों पर भूमिहार जाति के उम्मीदवारों को टिकट दिया है.

    इसके अलावा ब्राह्मण, तेली, पासी, सूढ़ी, रौनियार, कानू, रजवार, धोबी, कुशवाहा, रविदास और मुस्लिम जाति के एक-एक उम्मीदवार को टिकट दिया है.

    चिराग पासवान ने सभी प्रत्याशियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा, ''आप सभी 'बिहार फर्स्ट, बिहारी फर्स्ट' के संकल्प को साकार करते हुए डबल इंजन वाली एनडीए सरकार की ऐतिहासिक जीत सुनिश्चित करेंगे.''

  8. माउंट एवरेस्ट फ़तह करने वाले पहले अभियान के आख़िरी सदस्य कांचा शेरपा का निधन

    माउंट एवरेस्ट की पहली सफल चढ़ाई में शामिल कांचा शेरपा का 92 वर्ष की उम्र में निधन हो गया.

    वे उस ऐतिहासिक 1953 अभियान के आख़िरी जीवित सदस्य थे, जिसने दुनिया की सबसे ऊंची चोटी पर पहली बार सफलता हासिल की थी.

    परिवार ने बताया कि कांचा शेरपा हाल के दिनों में बीमार चल रहे थे और वे नेपाल की राजधानी काठमांडू में रहते थे.

    कांचा शेरपा केवल 19 वर्ष के थे जब उन्होंने सर एडमंड हिलेरी और तेनजिंग नॉर्गे के नेतृत्व वाले अभियान दल में पोर्टर (वाहक) के रूप में हिस्सा लिया था.

    वे उन तीन शेरपाओं में शामिल थे जो 8,000 मीटर (26,247 फीट) से ऊपर तक पहुंचे थे.

    नेपाल के पर्वत मार्गदर्शकों ने उन्हें एक “दिग्गज और प्रेरणास्रोत” बताया है.

    एवरेस्ट अभियान के बाद कांचा शेरपा ने लगभग दो दशकों तक हिमालय की ऊंची चोटियों पर पोर्टर के रूप में काम किया. इसके बाद उन्होंने इन जोखिम भरी यात्राओं से दूरी बना ली.

  9. कार्टून: सब्सक्राइबर्स वाले नेता

    चुनावों में सिलेब्रिटीज़ को टिकट दिए जाने पर आज का कार्टून.

  10. 'ट्रंप और मोदी में नहीं हुई कोई बात' रूसी तेल पर ट्रंप के दावों पर विदेश मंत्रालय ने और क्या कहा

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा था कि भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रूस से तेल ख़रीदना बंद करने पर सहमति जताई है.

    भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने गुरुवार को इस पर विस्तार से प्रतिक्रिया दी थी. लेकिन गुरुवार शाम विदेश मंत्रालय की साप्ताहिक प्रेस कॉन्फ़्रेंस में यह मुद्दा एक बार फिर उठा.

    प्रेसवार्ता के दौरान जायसवाल ने कहा, "मेरी जानकारी के​ हिसाब से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच कल कोई बातचीत नहीं हुई."

    'उपभोक्ताओं के हित'

    इससे पहले तेल की ख़रीद से जुड़े मुद्दे पर रणधीर जायसवाल ने विस्तार से प्रतिक्रिया दी थी.

    उन्होंने कहा है, "भारत बड़ी मात्रा में तेल और गैस का आयात करता है. ऊर्जा के लगातार बदलने वाले माहौल में भारतीय उपभोक्ताओं के हितों की सुरक्षा हमारी प्राथमिकता है."

    "ऊर्जा की कीमतों को स्थिर बनाए रखना और इसकी सप्लाई सुनिश्चित करना हमारे दो मक़सद रहे हैं."

    रणधीर जायसवाल का कहना है, "जहां तक अमेरिका का सवाल है तो हम कई साल से अपनी ऊर्जा ख़रीद का दायरा बढ़ाने की कोशिश कर रहे हैं. पिछले एक दशक में इसमें लगातार प्रगति हुई है."

    "अमेरिका के मौजूदा प्रशासन ने भारत के साथ ऊर्जा सहयोग को और बढ़ाने में रुचि दिखाई है और इस पर बातचीत जारी है."

  11. विदेश मंत्रालय: अपनी आंतरिक विफलताओं के लिए पड़ोसियों को दोष देना पाकिस्तान की पुरानी आदत

    पाकिस्तान और अफ़ग़ानिस्तान के बीच चल रहे संघर्ष को लेकर भारत ने प्रतिक्रिया दी है. विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने एक सवाल के जवाब में कहा, "हम स्थिति पर कड़ी नज़र रखे हुए हैं. तीन बातें स्पष्ट हैं."

    "पाकिस्तान आतंकवादी संगठनों को पनाह देता है और आतंकवादी गतिविधियों को स्पॉन्सर करता है. अपनी आतंरिक विफलताओं के लिए पड़ोसी देशों को दोष देना पाकिस्तान की पुरानी आदत है."

    उन्होंने कहा, "पाकिस्तान-अफ़ग़ानिस्तान द्वारा अपने इलाक़े पर संप्रभुता जताने से गुस्से में है. भारत अफ़ग़ानिस्तान की संप्रभुता, क्षेत्रीय अखंडता और स्वतंत्रता के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है."

    उन्होंने कहा, "डूरंड लाइन पर मासूम लोगों की जाने गई हैं, यह निंदनीय है. दोनों देशों के बीच जो चल रहा है उस पर हम नज़र बनाए हुए हैं."

    वहीं बुधवार रात जियो न्यूज़ के एक कार्यक्रम में ख़्वाजा आसिफ़ ने आरोप लगाया कि अफ़ग़ानिस्तान इस समय भारत के लिए छद्म युद्ध लड़ रहा है.

  12. अभिषेक शर्मा और स्मृति मंधाना बने आईसीसी 'प्लेयर ऑफ द मंथ'

    भारत के युवा सलामी बल्लेबाज़ अभिषेक शर्मा को सितंबर 2025 के लिए आईसीसी पुरुष प्लेयर ऑफ द मंथ चुना गया है.

    अभिषेक शर्मा ने हाल ही में हुए एशिया कप 2025 में सात टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 314 रन बनाए. वे टूर्नामेंट के सर्वाधिक रन बनाने वाले खिलाड़ी रहे.

    उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’ का पुरस्कार भी मिला.

    आईसीसी के मुताबिक अवॉर्ड मिलने पर अभिषेक ने कहा , “आईसीसी अवॉर्ड जीतना मेरे लिए बेहद खास है. ख़ुशी है कि मुझे यह उन मैचों के लिए मिला, जिनमें मैं टीम की जीत में योगदान दे सका.

    एशिया कप में अभिषेक शर्मा ने भारत की सेमीफाइनल में श्रीलंका पर जीत में भी अहम भूमिका निभाई थी.

    स्मृति मंधाना बनी महिला प्लेयर ऑफ द मंथ

    भारत की सलामी बल्लेबाज़ स्मृति मंधाना को सितंबर 2025 के लिए आईसीसी महिला प्लेयर ऑफ द मंथ के पुरस्कार से सम्मानित किया गया है.

    भारत की उप-कप्तान मंधाना को आईसीसी महिला क्रिकेट विश्व कप 2025 से पहले बल्ले से लगातार बेहतरीन फॉर्म में रहने के लिए यह सम्मान मिला है.

    स्मृति मंधाना ने कहा, "पाकिस्तान की सिदरा अमीन और दक्षिण अफ्रीका की तज़मिन ब्रिट्स को पछाड़कर यह प्रतिष्ठित पुरस्कार जीतना उनके लिए बेहद रोमांचक अनुभव है."

  13. भ्रष्टाचार के मामले में पंजाब पुलिस के डीआईजी हरचरण सिंह भुल्लर को सीबीआई ने किया गिरफ़्तार

    केंद्रीय जांच ब्यूरो ने गुरुवार को पंजाब पुलिस के डिप्टी इंस्पेक्टर जनरल (डीआईजी) हरचरण सिंह भुल्लर को भ्रष्टाचार से जुड़े एक मामले में गिरफ्तार किया है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई ने सूत्रों के हवाले से यह जानकारी दी है कि भुल्लर को मोहाली स्थित उनके दफ्तर से गिरफ़्तार किया गया.

    इस मामले से जुड़ी विस्तृत जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है.

  14. छत्तीसगढ़ में 170 नक्सलियों ने किया आत्मसमर्पण : अमित शाह

    केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा है कि छत्तीसगढ़ में 170 नक्सलियों ने सरेंडर किया है.

    एक्स पर एक पोस्ट में गृहमंत्री ने लिखा, "आज छत्तीसगढ़ में 170 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया है. कल राज्य में 27 नक्सलियों ने हथियार डाले थे. महाराष्ट्र में भी कल 61 नक्सली मुख्यधारा में लौटे."

    गृहमंत्री ने कहा है कि जो लोग आत्मसमर्पण करना चाहते हैं, उनका स्वागत है लेकिन जो हथियार नहीं डालेंगे उनके ख़िलाफ़ कार्रवाई जारी रहेगी.

    अमित शाह ने दोहराया कि 'हम 31 मार्च 2026 तक नक्सलवाद को पूरी तरह समाप्त करने के लिए प्रतिबद्ध हैं.'

  15. मानहानि मामले में राहुल गांधी को राहत,गुवाहाटी हाईकोर्ट ने रद्द किया निचली अदालत का आदेश

    कांग्रेस नेता राहुल गांधी को बड़ी राहत मिली है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़ गुवाहाटी हाईकोर्ट ने निचली अदालत के उस आदेश को रद्द कर दिया जिसमें उनके ख़िलाफ़ नौ साल पुराने आपराधिक मानहानि मामले में अतिरिक्त गवाहों को शामिल करने की अनुमति दी गई थी.

    यह मामला आरएसएस कार्यकर्ता अंजन कुमार बोरा की ओर से दायर किया गया था.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़ न्यायमूर्ति अरुण देव चौधरी की एकल पीठ ने आपराधिक पुनरीक्षण याचिका पर सुनवाई करते हुए कामरूप मेट्रोपॉलिटन के अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश के आदेश को खारिज कर दिया.

    निचली अदालत ने ट्रायल के दौरान और गवाहों को पेश करने की अनुमति दी थी, जिसे राहुल गांधी की ओर से चुनौती दी गई थी.

    मामले में पहले ही छह गवाहों के बयान दर्ज किए जा चुके थे.

    मार्च 2023 में ट्रायल कोर्ट के मजिस्ट्रेट ने तीन अतिरिक्त गवाहों को सूचीबद्ध करने की अनुमति देने से इनकार कर दिया था, लेकिन बाद में ऊपरी अदालत ने इस पर पुनर्विचार का आदेश दिया था.

    हाईकोर्ट के इस फ़ैसले के बाद ट्रायल अब पहले से दर्ज गवाहियों के आधार पर ही आगे बढ़ेगा.

  16. सीजेआई पर जूता फेंकने की कोशिश करने वाले वकील के ख़िलाफ़ होगी ये कार्यवाही

    भारत के अटॉर्नी जनरल आर वेंकटरमणि ने एडवोकेट राकेश किशोर के ख़िलाफ़ अदालत की आपराधिक अवमानना ​​की कार्यवाही शुरू करने के लिए अपनी सहमति दे दी है.

    एडवोकेट राकेश किशोर ने छह अक्टूबर को भारत के मुख्य न्यायाधीश (सीजेआई) बीआर गवई पर जूता फेंकने की कोशिश की थी.

    सुप्रीम कोर्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष सीनियर एडवोकेट विकास सिंह और भारत के सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने दूसरे सीनियर जज जस्टिस सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली बेंच से आपराधिक अवमानना ​​मामले को लिस्ट करने की मांग की थी.

    लाइव लॉ की रिपोर्ट के मुताबिक़ सिंह ने बेंच को अटॉर्नी जनरल की ओर से मंज़ूरी दिए जाने की जानकारी दी और सॉलिसिटर जनरल ने इसकी पुष्टि की.

    सिंह ने कहा, "मैंने अटॉर्नी जनरल की सहमति ले ली है और कल इस मामले की सुनवाई की मांग कर रहा हूं."

    सॉलिसिटर जनरल ने कहा, "अटॉर्नी जनरल ने सहमति दे दी है, मैं भी आपसे अपील करता हूं कि आप अवमानना ​​का मामला चलाएं. संवैधानिक अखंडता सवालों के घेरे में है."

  17. नमस्कार!

    अब तक बीबीसी संवाददाता सुरभि गुप्ता आप तक ख़बरें पहुंचा रही थीं.

    अब से रात 10 बजे तक बीबीसी संवाददाता आनंद मणि त्रिपाठी आप तक अहम ख़बरें पहुंचाएंगे.

    बीबीसी हिन्दी के पन्ने पर लगी कुछ अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

  18. अफ़ग़ानिस्तान भारत के लिए छद्म युद्ध लड़ रहा है: ख़्वाजा आसिफ़

    पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख़्वाजा आसिफ़ ने कहा है कि उन्हें नहीं लगता कि अफ़ग़ानिस्तान के साथ युद्धविराम लंबे समय तक बना रहेगा.

    पाकिस्तान और अफ़ग़ान तालिबान दोनों पक्षों ने बुधवार को 48 घंटे के युद्धविराम की जानकारी दी थी.

    हालांकि, पाकिस्तान का कहना था कि युद्धविराम अफ़ग़ान तालिबान के अनुरोध पर लागू किया जा रहा है, जबकि अफ़ग़ान तालिबान के प्रवक्ता ने एक्स पर अपनी पोस्ट में कहा कि युद्धविराम पाकिस्तान के अनुरोध पर लागू किया जा रहा है.

    वहीं बुधवार रात जियो न्यूज़ के एक कार्यक्रम में ख़्वाजा आसिफ़ ने आरोप लगाया कि अफ़ग़ानिस्तान इस समय भारत के लिए छद्म युद्ध लड़ रहा है.

    काबुल में पाकिस्तान द्वारा कथित हवाई हमले के बारे में पूछे गए एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा, "मैं इसके बारे में ज़्यादा बात नहीं करूंगा, लेकिन हमारे पास अफ़ग़ानिस्तान के किसी भी हिस्से पर बमबारी करने की क्षमता है."

    ख़्वाजा आसिफ़ ने कहा, "अगर वे इस युद्ध को बढ़ाते हैं, तो हम पूरी ताकत से उनका जवाब देंगे."

  19. भारत में रूस के राजदूत बोले, "रूसी तेल आपूर्ति भारत के लिए फ़ायदेमंद"

    भारत में रूस के राजदूत डेनिस अलीपोव ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के भारत को लेकर किए गए दावे पर प्रतिक्रिया दी है.

    ट्रंप ने कहा कि भारत, रूसी तेल की ख़रीद बंद करने को लेकर सहमत हो गया है.

    डेनिस अलीपोव ने कहा, "भारत को रूसी तेल की आपूर्ति के मामले में निरंतर सहयोग चल रहा है. मुझे लगता है कि हम भारत के साथ इस क्षेत्र में सहयोग पर चर्चा जारी रखेंगे."

    उन्होंने कहा, "जहां तक भारत और अमेरिका के संबंधों का सवाल है, हम उनमें हस्तक्षेप नहीं करते. यह भारत और अमेरिका के बीच द्विपक्षीय संबंध हैं. भारत का हमारे साथ द्विपक्षीय संबंध है."

    डेनिस अलीपोव ने कहा कि रूस की तेल आपूर्ति भारतीय अर्थव्यवस्था और भारतीय लोगों के बहुत फ़ायदेमंद है.

    डोनाल्ड ट्रंप ने व्हाइट हाउस में पत्रकारों से बात करते हुए दावा किया था, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि भारत रूसी तेल ख़रीदना बंद कर देगा."

  20. जेडीयू ने जारी की दूसरी लिस्ट, कुल प्रत्याशियों में कितनी महिलाएं और कितने मुस्लिम?

    बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के लिए जनता दल (यूनाइटेड) यानी जेडीयू ने गुरुवार को अपनी दूसरी लिस्ट जारी की. इसमें पार्टी ने 44 सीटों पर अपने उम्मीदवारों के नाम की घोषणा की है.

    इससे पहले, बुधवार को जेडीयू ने अपनी पहली लिस्ट जारी की थी, जिसमें 57 सीटों पर प्रत्याशियों के नाम का एलान किया गया था.

    जेडीयू 101 सीटों पर चुनाव लड़ रही है और पार्टी ने सभी सीटों पर अपने प्रत्याशियों की घोषणा कर दी है.

    जेडीयू के 101 प्रत्याशियों में चार मुस्लिम प्रत्याशी हैं, 37 पिछड़ा वर्ग, 22 अति पिछड़ा, 22 सामान्य, 15 अनुसूचित जाति और एक अनुसूचित जनजाति के प्रत्याशी हैं.

    जेडीयू ने 13 महिलाओं को टिकट दिया है.

    राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) ने 12 अक्तूबर को सीट शेयरिंग की घोषणा की थी. बताया गया था कि बीजेपी 101, जेडीयू 101 और चिराग पासवान की लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) 29 सीटों पर चुनाव लड़ेगी.

    वहीं अन्य सहयोगी दल जैसे- जीतन राम मांझी की हिन्दुस्तानी आवाम पार्टी (सेक्युलर) और उपेंद्र कुशवाहा की राष्ट्रीय लोक मोर्चा को छह-छह सीटें दी गई हैं. दोनों ही पार्टियों ने अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है.

    बीजेपी भी तीन लिस्ट जारी कर अपने सभी 101 प्रत्याशियों के नाम का एलान कर चुकी है. वहीं लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) ने 14 सीटों पर अपने उम्मीदवारों की घोषणा की है.